Saturday, October 19, 2013

ये रहे मेरे फेसबुक कमेंट्स

('वीकेंड पोस्ट' के 5 अक्तूबर 2013 के अंक में प्रकाशित)


ये रहे मेरे फेसबुक कमेंट्स 

फेसबुकी दोस्तों का सन्देश था कि बहुत दिनों से फेसबुक पर दिखाई नहीं दे रहे हो, क्या सब ठीक तो है? बिलकुल ठीक है भय्या। पर क्या करूँ , दोस्त लोग जैसे फोटो चिपकाते हैं, जैसे कमेन्ट लिखते हैं, अगर मैं उसके जवाब में  मन की बातें लिखने लग जाऊं तो  एक भी मित्र फेसबुक पर बचेगा नहीं।  मैं ये रिस्क लेने से डरता रहा और    गैरहाज़िर रहा।  अब कुछ हिम्मत जुटाकर फिर  आया हूँ। कम लिखे को ज़्यादा समझना .
दो अकाउंट हैं जिनमें मेरे करीब दस हज़ार मित्र हैं फेसबुक पर. हरेक की पोस्ट पर कमेन्ट लिखना संभव नहीं है.  कहीं सच्ची बात न निकल जाए इसलिए भी डरता हूँ।  अपनी सुविधा और सम्मान के लिए मैं यहाँ कुछ कमेन्ट लिख रहा हूँ, कृपया अपनी पसंद और सुविधा के अनुसार यह कमेन्ट कॉपी पेस्ट कर लीजिएगा। फिर मेरी टाइमलाइन में या मैसेज बॉक्स में मत लिखना कि मैं आपसे मुखातिब नहीं।  ये रहे मेरे ईमानदार कमेंट्स, मेरे इन कमेंट्स में से जिसे भी चाहो अपनी पोस्ट के नीचे चिपका लो :

--ये सब टीपा-टीपी का धंधा बन्द  करो यार। 

--तुम घूमने  विदेश गए हो तो मैं क्या करूं बे?

--क्या चीज़ मारी है।  कहाँ से चोरी की?

--हरामी, फर्जी कॉमरेड ! मुझे तेरी औकात मालूम नहीं क्या?

--तू क्या रजनीकांत का बाप है?

--वाह, क्या फोटो है यार! क्या साथ में खड़ी वो सुन्दर सी औरत आपकी बीवी है? नहीं, भाभी जी 
तो नहीं है ये।  कोई चक्कर है क्या?

--फोटो देख लिया।  पता चल गया कि तुमने नयी गाड़ी खरीद ली है। 

--ये गाड़ी क्या तुमने अपनी कमाई से खरीदी है? बाप की कमाई पर कब तक इतरायेगा बच्चू?

--तू तो स्साले, है ही बड़ा कम्यूनल !

--घुस जा पप्पू के पेंट में। 

--मोहतरमा, आपने कविता किसी और की मारी है और फोटो हीरोइन का चिपका दिया है. कोशिश अच्छी है, किसी बहाने तो लोगों ने लाइक किया। 

--फेसबुक पर आकर प्रवचन लिख रहा है हरामखोर ! क्या मुझे पता नहीं कि तेरी औकात क्या है?

--कितने  रुपये में नेताजी के लिए रोज रोज कमेन्ट लिख है?

--मुझे पता है नेताजी, कि कंप्यूटर और  इंटरनेट  के मामले में आप निहायत गधे हैं, लेकिन दुकान  सजाने की कोशिश में आपने गधों की ही सेवा लेना शुरू कर दी है। 

--मुझे पता है ये फोटो कैटरीना है और तुम जो भी हो कैटरीना कैफ तो नहीं ही हो। अपना असली फोटो लगाने में तेरे को शर्म आती है क्या? या तू सूर्पनखा है?

--मैडम जी, आप ये जो रोजाना फेसबुक पर आकर मर्दों को गरियाती रहती हैं, इसीलिये तो कोई फंसता नहीं तुमसे। तुम तो आजीवन प्यासी आत्मा ही रहोगी। 

--तुम कैसा लेखन करती हो  देवी? मुझे लगता है कि विभूतिनारायण राय ने जो कमेन्ट किया था वो आपके और आप जैसों के लिए ही था. 

--अच्छी नौकरी है, मोटी तनख्वाह है, माल कमा रहे हो, ऐश कर रहे हो और यहाँ आकर ज्ञान बाँट रहे हो?

--मुझे पता है कि तुम एक नंबर के नीच, कमीने, घटिया, तुच्छ, हेय, गिद्द हो. यहाँ फेसबुक पर मुंह मारने  की कोशिश कर रहे हो. तेरे को तो सुअरिया  भी घास न डाले।

--पाखंडी, तेरा सच्चाई और धर्म से क्या लेना देना है?

(फेसबुक के सभी  सच्चे मित्रों से क्षमायाचना सहित )

--प्रकाश हिन्दुस्तानी 
('वीकेंड पोस्ट' के 12 अक्तूबर 2013 के अंक में प्रकाशित)

http://www.prakashhindustani.com/

Wednesday, October 09, 2013

जो कष्ट उठा उठा कर मरे, वो कस्टमर !!!

मेरा  'एंटी कॉलम' फिर से शुरू  हो  गया 





('वीकेंड पोस्ट' के पहले अंक से मेरे बहुचर्चित रहे स्तंभ 'एंटी कॉलम' की शुरुआत फिर हो गयी . यह कॉलम दैनिक भास्कर में पहले हिन्दी में लिखा करता था बाद में इसे टाइम्स ऑफ इंडिया के इंदौर संस्करण ने लंबे समय तक प्रकाशित किया. दैनिक हिन्दुस्तान के सभी संस्करणों में हर रविवार को 'जीने की राह' शीर्षक से कॉलम लिखने और अन्य कारणों से यह लेखन नहीं हो पा रहा था, लेकिन श्री रमण रावल के संपादन में शुरू हुए 'वीकेंड पोस्ट' में संपादक के आग्रह पर इसे फिर से लिखना शुरू कर दिया है.

 अब आप इसे हर हफ्ते मेरे इस ब्लॉग पर भी देख सकेंगे.)


दीपावली के पहले घर की पुताई शुरू हुई ही थी कि श्रीमतीजी ने कहा  --दीवार पर लगा टीवी सेट उतरवा दो, वर्कर लोग गन्दा न कर दें ; पुताई के बाद फिर लगा देना। आज्ञाकारी पति के रूप में मैंने  तत्काल हाँ भरी और लगा टीवी सेट को उतारने. पर यह क्या, वो तो दीवार में नट - बोल्ट से पक्का फिट किया हुआ था. मैं समझ गया कि अपने बूते की बात नहीं है. मौका मुआयना करने के बाद मैंने जवाब दिया -- बहुत भारी  है, कुछ टूट फूट  गया तो फालतू नुक्सान हो जाएगा,  इलेक्ट्रिकवाले को ही बुलाना पड़ेगा।

--तो बुला लो।  फिर आदेश। 

मैंने स्कूटर उठाया और निकल गया इलेक्ट्रिकवाले के यहाँ।  पहली दुकान पर ही जवाब मिला -- हम ये काम नहीं करते, लोगबाग बाद में गले पड़  जाते हैं। कोई और जगह ढूंढो। तीन-चार दुकान पर पूछताछ की, पर मुआ कोई भी राजी नहीं हुआ इस छोटे से काम के लिए. इसी बीच घर से मोबाइल  पर पूछताछ हुई कि कहाँ घूम रहे हो, घर में पुताई चल रही है और उस एक कमरे का काम रुका  पड़ा है।  एक ही काम तो कहा था, वह भी   नहीं हो पा रहा है तुमसे.     मैंने सफाई दी कि इलेक्ट्रिकवाले राजी नहीं हो रहे.… झल्लाई हुई आवाज़ आई कि टीवी शोरूम से ही किसी को बुला लो , सौ-दो सौ लेगा,  पर टीवी तो उतारकर लगा देगा।  मैंने हामी भरी और घुमाया स्कूटर  टीवी शो रूम की तरफ़. पर यह क्या! यहाँ तो ताला पड़ा था. पूछताछ की तो पता चला कि आज गणेश विसर्जन हो रहा है, शोरूम बंद है. मैंने कहा --भैया, झांकी तो रात को निकलेगी, अभी  काहे  की छुट्टी? जाहिर है मैं गलत व्यक्ति से गलत बहस कर रहा था. खैर, तीन चार शोरूम के चक्कर लगाने के बाद मुझे टीवी का एक शो रूम खुला मिल ही गया। उसे देख मुझे वैसा ही खुश  हुआ जिसे मुहावरों में 'बांछें खिलना' कहते हैं। 

शो रूम में झटके से घुसते हुए मैंने कहा -- दीवार से टीवी उतारना और लगाना है, क्या कोई  टेक्निकल बन्दा है?

--ओह, टीवी शिफ्ट करना है? कहाँ से कहाँ ले जाना है? किस लोकेशन में?

--कोई लोकेशन वोकेशन नहीं, पुताई हो रही है, पुताई के बाद फिर लगा देना है। 

--मतलब दो विजिट लगाना  पड़ेगी।  एक विजिट के 500, दो के 1000  लगेंगे। 

--1000 रुपये …मेरी आँखें फटी की फटी रह गई -- मैं कोई पुराना टीवी खरीदने नहीं, उसी टीवी को, उसी सामान के साथ, उसी जगह फिट करना है, बस। दीवार पर पुताई होते ही। 

शो रूम मैंनेजर  सज्जन लगा रहा था, मेरे अचरज पर उसे कोई अचरज नहीं हुआ। सामान्य से अंदाज़ में पूछने लगा --कौन सा टीवी है ?

--सोनी कंपनी का ब्राविया।  

--पर ये तो सैमसंग का शो रूम है सर.  सोनी कंपनी के शो रूम में जाइये. 

--आप ये काम नहीं करवा सकते?

--बिलकुल नहीं।  जिस कंपनी का माल खरीदा, सर्विस भी तो उसी की लगेगी ना। 

मैं खिसिया गया. अपनी समझ पर बगैर झेंपे पूछ ही लिया कि  सोनी का शो रूम कहाँ है?

 ये एयर कंडीशंड   शो रूम वाले बड़े ही सज्जन प्रोफेशनल लोग होते हैं बेचारे।  काम करें या न करें , बोलते बहुत अच्छा है,  उन्होंने विनम्रता से पता बताया , यह भी कहा कि हमारे लायक कोई सेवा हो तो बताएं।  हमारे ग्राहक होते तो तत्काल सेवा देने की 'सोचते', वगैरह वगैरह।  मैंने भी शरीफ ग्राहक की तरह धन्यवाद दिया और  ढूँढते-ढूँढते  सोनी टीवी शो रूम पहुंचा।  जान में जान आई। अपनी मूर्खता पर तरस भी आया कि जिस कंपनी का टीवी खरीदा उसी कंपनी के पास जाना था ना। इतना सा कॉमन सेन्स तो होना ही चाहिए। सोनी के शो रूम में  जाकर मैंने  फिर अपना टेप बजाया। टीवी दीवार से उतारना और फिर फिट करना है आदि आदि। 

मैंने पहले  ही लिखा है न कि  ये एयर कंडीशंड  शो रूम वाले बड़े ही सज्जन प्रोफेशनल लोग होते हैं बेचारे।  काम करें या न करें , बोलते बहुत अच्छा है, मैनेजर ने  विनम्रता से कहा -- हो जाएगा, पर आप शो रूम आ गए हैं , आपको हमारे सर्विस सेंटर पर जाना पड़ेगा जो ए बी रोड पर है, इंडस्ट्री हाउस के पास. उन्होंने मेरा ज्ञान यह कहकर भी बढ़ाया कि सोनी बहुत ही बढ़िया और बड़ी कंपनी है और आफ्टर सेल्स सर्विस भी लाजवाब देती है. क्वालिटी मेंटेन करने के लिए और मुझ जैसे दुखियारों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है।  


थोड़ा  दुखी, थोड़ा क्षुब्ध और थोड़ा विचलित मैं सोनी सर्विस सेंटर की तरफ रवाना  हुआ। वहां पहुंचकर देखा कि हाट  बाजार जैसा नज़ारा था. कोई किसी को नहीं पूछ रहा था. कुछ लोग थे, जो बहुत बिजी थे. कुछ लडके-लड़कियाँ टाइप कर्मचारी भी थे, जो हंसी- ठठ्टा कर रहे थे, एसएमएस, फेसबुक, वाट्सअप में संघर्ष कर रहे थे और दिखावा कर रहे थे कि वे भी बिज़ी हैं। खैर किसी तरह मुझे एक कर्मचारी ने समय दिया।  मैंने फिर अपनी पूरी बात उससे कही। वह मुस्कराया और फिर बोला -- सर, आप यहाँ क्यों आये? आपका काम तो एक फोन से ही हो जाता।  आपको यहाँ आने की  ज़रुरत ही नहीं थी।  मेरा मनोबल टूट सा गया, बहुत स्मार्ट समझते हो अपने आप को, मैंने मन ही मन खुद को कोसा. इतना सा भी नहीं पता कि अंतर्राष्ट्रीय  स्तर की सेवा कैसी होती है !

फिर उस कर्मचारी में मुझे एक विजिटिंग कार्ड दिया और ज्ञान बढ़ाया  कि इस पर एक टोल फ्री नंबर है -- 1800 103 7799 .मैंने पूछा  कि क्या मोबाइल  से यहाँ कॉल हो सकता है? मेरी नासमझी पर वह मुस्कराया और बोला -- हाँ, हो सकता है.  उसने यह भी दोहराया कि  इस नंबर  पर फोन कर देने मात्र से ही काम हो जाता है. पैसे भी नहीं लगते फोन के. मैंने उससे पूछा कि मेरा टीवी दीवार से कब तक उतार दिया जाएगा ? उसने कहा --इस टोल फ्री नंबर पर कॉल कर दीजिए। मैंने कहा -- सर्विस सेंटर पर आ ही गया हूँ तो कॉल की क्या ज़रुरत?

उसने कहा--ज़रुरत है। आप यहाँ कॉल करके केस दर्ज कराएँगे फिर हमें यहाँ से ईमेल आएगा फिर ही हम काम कर सकते हैं। हम यहाँ अपनी मर्ज़ी से कोई सर्विस नहीं दे सकते. हर काम का हिसाब रखना पड़ता है. हर काम का शुल्क तय है। 

मेरी नैतिकता जवाब दे गयी थी।  मैंने कहा --यार, तुम टीवी दीवार से उतरवा दो, जो भी शुल्क है, ले लेना।  बिल वगैरह की हमें ज़रुरत नहीं।  

 -- ऐसा कैसे हो सकता है? उसने भी यह कहकर मुंह फेर लिया कि सोनी बहुत ही बढ़िया और बड़ी कंपनी है और आफ्टर सेल्स सर्विस भी लाजवाब देती है. क्वालिटी मेंटेन करने के लिए और मुझ जैसे ग्राहकों  की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहती है।  

झल्लाया सा मैं सर्विस सेंटर से बाहर आया. सोचा था कि फोन ही करना है तो बाहर से फोन करके शिकायत दर्ज करा देनी चाहिए। इसी बीच श्रीमती जी का फोन बार बार आ यहाँ था, जिसने झल्लाहट और बढ़ा  दी थी। इतने से काम के लिए इतने घंटे लगा दिये. खरी खोटी सुनाने के मूड में आकर मैंने  टोल फ्री नंबर  -- 1800 103 7799 पर फोन लगाया।  सोचा था सर्विस मैनेजर से बात करके सारी दिक्कतें बताकर ही दम लूँगा।  मैंने कॉल किया उधर से काफी देर बाद जवाब आया --वेल्कम टु सोनी कस्टमर सर्विस सेंटर। थैंक यू फॉर कालिंग। योर कॉल में बी रेकार्डेड फॉर बेटर  सर्विसेस।   इफ यू आर कस्टमर, डॉयल वन, इफ यू आर डीलर, डॉयल टू. 

मैंने 1 प्रेस किया। फिर आवाज़ आई --फॉर इंग्लिश, प्रेस 1, फॉर हिन्दी प्रेस 2, फॉर बांग्ला प्रेस 3 …… मैंने  2  नंबर दबाया. सोचा --अब हड़का कर ही दम लॊङ्ग. हिंदी में मुंहजोरी की आदत भी है ही। इधर से फिर टेप बजा --डीलर का पता जानने के लिए 1 , तकनीकी सेवा के लिए 2 ,  डेमो रजिस्ट्रेशन के लिए 3 , उत्पादों की जानकारी के लिए 4 , दुबारा  विकल्प जानने  के लिए 5  और मेन  मैन्यु में जाने के लिए 6  डायल करे. मैं भी बहुत स्मार्ट हूँ, मैंने  तकनीकी सेवा के लिए  फट से 2  नंबर डायल कर दिया। फिर टेप चालू ---वायवो नोट के लिए फलाना, हैंडीकैम के लिए फलाना, होम थियेटर के लिए फलाना, प्ले स्टेशन के लिए फलाना, एल सी डी के लिए फलाना, कोई भी उत्पाद के लिए  फलाना , दुबारा विकल्प सुनाने के लिए फलाना और मेन मैन्यु में आने के लिए ढिकाना नंबर प्रेस करें। 

आठ-दस मिनिट संघर्ष के बाद मैं किसी तरह सम्बंधित विभाग में बात कर पाया। उस ऑपरेटर ने कहा कि  आप गलत जगह पर जुड़ गए हैं लेकिन चिंता की बात नहीं, मैं आपकी  सही विभाग में सही व्यक्ति से बात करा रहा हूँ. वह भी यह बताना नहीं भूला कि  सोनी बहुत ही बढ़िया और बड़ी कंपनी है और आफ्टर सेल्स सर्विस भी लाजवाब देती है. क्वालिटी मेंटेन करने के लिए और मुझ जैसे दुखियारों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है। 

उसने कृपा की।  मैं सही व्यक्ति से जुड़ गया था. मैंने खीजते हुए पूछा --मुझे मेरा वाल माउंटेड  टीवी दीवार से उतारना है, उतरवा दोगे ?

--बिल्कुल सर। कौन सा टीवी है?
--सोनी का ही है. 
--वो तो सही है, एल सी डी है या डी  वी दी ?
--एल सी डी है. 
--कितने साइज़ का है? कौन सा मॉडल  है?
--३२ इंच का है, मॉडल पता नहीं 
--कहाँ से खरीदा था ?
--यहीं, इंदौर से ही.
--डीलर कौन था?
--सोनी का टीवी है है तो  सोनी के ही डीलर से लिया होगा। 
--वो तो ठीक है कब खरीदा था?
मेरा पारा चढ़ गया ---कब खरीदा, पता नहीं, किससे खरीदा पता नहीं, बिल कहाँ है पता नहीं। …. --क्या मेरा काम हो सकता है?
उसने फिर पुलिसिया अंदाज़ में पूछताछ शुरू की -- आपका नाम , कहाँ रहते हैं, वगैरह वगैरह। 
खीजकर मैंने कहा की मेरा नाम ये है, पता ये, पिता का नाम, डेट ऑफ़ बिर्थ ये, पेन कार्ड-ड्राइविंग लाइसेंस आदि का नंबर पता नहीं।  …और भी कुछ पूछना  है --मेरी हाईट, मेरे बच्चों के बर्थ डे ? मज़ाक बना दिया आपने यार ?

--नाराज़ न हों, अगर वारंटी या गारंटी पीरियड में हो तो बेहतर होता।  कोई बात नहीं, हमारा सर्विस इंजीनियर आपका काम कर देगा. उसकी फीस होगी 400  रुपये प्लस सर्विस टैक्स। करीब 500 रुपये का खर्च आयेगा. 
--कितना भी आये, काम तो कर ही दो।  दे देंगे 500  रुपये और। 
उसने मुझे एक नंबर बताया जो 15728278 था।  उसने यह भी कहा कि यह मेरा 'कस्टमर सर्विस रिक्वेस्ट नंबर' है. उसी के विजिटिंग कार्ड पर मैंने उधार के पेन से नंबर नोट किया फिर शराफत से पूछा --- काम कब होगा?
--जैसे ही हमारा सर्विस  इंजीनियर फ्री होगा, लेकिन आप श्योर रहें 48 घंटे के भीतर हो जाएगा। 
--48 घंटे और वह भी 500  खर्च के बाद?
--कोशिश करेंगे की कल रात तक आपका काम हो जाए; उसने एहसान करने के अंदाज़ में कहा. 
--प्लीज़ जल्दी करा दीजिए।  मैंने कहा। मेरे सामने बेबसी थी।  इंटरनेशनल ब्रांड का माल वापरनेवाले की.  इसी  दौरान श्रीमती जी के कॉल बार-बार आते रहे. मैंने रिसीव नहीं किये. सोचा --घर जाकर ही अपनी कामयाबी की दास्तान बताऊंगा।   

…तेज़ गति से गाड़ी दौड़ाता हुआ मैं घर पहुंचा। श्रीमती जी बोलीं -- कहाँ उलझ गए थे? तुमसे तो एक  छोटा सा काम भी नहीं होता…. कब से छुट्टे के लिए परेशान हो रही हूँ।  50 रुपये मनीष को देना है। 
-कौन मनीष?
-- इलेक्ट्रिशियन।  इसी को बुलावा लिया और इसी ने  टीवी दीवार से उतारा है और फिर लगा भी देगा. आप तो पता नहीं कहाँ गायब थे। 

मैं अवाक खड़ा रह गया।  इंटर नॅशनल ब्राण्ड के सर्विस इंजीनियर का काम इस मनीष ने कर दिया।  50 रुपये में।  मेरी चिंता यह थी कि सोनी कंपनी के इंजीनियर को मैं क्या जवाब दूंगा ? उनके टोल फ्री नंबर पर दुबारा  कॉल करने की   हिम्मत अब मुझमें नहीं बची थी। 
---प्रकाश हिन्दुस्तानी 
('वीकेंड पोस्ट' के 5 अक्तूबर 2013 के अंक में प्रकाशित)

http://www.prakashhindustani.com/

Wednesday, July 17, 2013

हिंदी के क्षेत्रीय समाचार चैनलों की प्रेत बाधा

 ......................................................
 नवंबर में चार हिंदीभाषी राज्यों में विधानसभा चुनाव होंगे. 2014 में लोकसभा और फिर कुछ राज्यों में नगर पालिका-नगर निगम के वोट डलना हैं. इसीलिये तमाम बिल्डर, 'चीटफंडी', खनन माफिया चैनल लेकर आ रहे हैं.  मध्यप्रदेश में हिंदी के रीजनल चैनल दर्जन भर से ज्यादा हो गए हैं और और भी आते ही जा रहे हैं. अच्छा होता अगर इससे पत्रकारिता और पत्रकारों का कुछ भला होता लेकिन ऐसा नज़र नहीं आ रहा है  
......................................................... 

हिंदी के क्षेत्रीय समाचार चैनलों की प्रेत बाधा 

क्या हिंदी में क्षेत्रीय न्यूज़ चैनल का सञ्चालन हो सकता है?  मेरा मानना है नहीं . केवल नहीं .  आप कहेंगे कि अभी हो ही  रहा है तो मैं   नहीं क्यों कह रहा ? मेरा जवाब है कि जो भी न्यूज़ चैनल संचालित हो रहे हैं वे वास्तव में संचालित नहीं हो रहे हैं, बल्कि घिसट - घिसट कर जैसे तैसे चल रहे हैं .  अभी हिंदी भाषी राज्यों में हिंदी के अपने न्यूज़ चैनल हैं ज़रूर , लेकिन उनकी दशा क्या है ? उन पर क्या दिखाया जा रहा है ? कितनी खबरें हैं वहां ? कितने न्यूज़ बेस्ड प्रोग्राम हैं ? इन तथाकथित क्षेत्रीय हिंदी न्यूज़ चैनल ने वहां के लोगों के जीवन को कितना  प्रभावित किया ? क्या इन चैनल पर खबरें देखकर लोग जागरूक हुए? क्या इन्होंने पत्रकारिता की धार को बदला? क्या इन चैनल ने नया टीवी पत्रकारिता का  दौर शुरू किया या फिर नए नए सोच को बढ़ावा देने वाले टीवी पत्रकारों की फ़ौज खड़ी  की? कितने पत्रकार इन चैनलों से देश को दिए? समाज में बदलाव की कोई कोशिश भी इन्होंने  की क्या?


हिंदी वाले क्षेत्रीय हो ही नहीं सकते 

आप कहेंगे कि अभी भी उत्तरप्रदेश,उत्तराँचल, बिहार, झारखण्ड, मध्य प्रदेश, छत्तीस गढ़, एन सी आर, मुंबई , राजस्थान, हिमाचल प्रदेश आदि में क्षेत्रीय न्यूज़ चैनल खूब धडल्ले से चल रहे हैं और एक दो को छोड़कर  लगभग सभी डटे  हैं मैदान में . जी हाँ , 'डटे ' तो हैं लेकिन किस तरह ? ताश के पत्तों की तरह इन चैनलों (जी हाँ, चैनलों क्योंकि यह भी हिंदी का ही शब्द बन गया है स्कूल या स्कूलों की तरह) के हेड या एडिटर्स फैंटे जा रहे हैं, कुकुरमुत्तों की तरह उग आये इन चैनलों में टीवी  पत्रकारों के नाम पर कमीशन एजेंटों और दलालों की भर्तियाँ हो रही हैं .ऐसे एजेंटों और दलालों को पत्रकारिता के ठेके पर पत्रकार बनाने की धारा बह रही है कि  यह यकीन कर सकना  मुश्किल हो रहा है . दुखद बात यह है कि यह सब कोई चुपचाप नहीं हो रहा है . यह हो रहा है दिनदहाड़े , राजी मर्जी से . सबकी आँखों के सामने .

हिंदी अच्छी भाषा है या बुरी;  समर्थ है या असमर्थ;  इस मुद्दे पर यहाँ बात करने के बजाय मैं यह कहना चाहता हूँ कि हिंदी भाषा में क्षेत्रीय भावनाओं  का ज्वार उठाने का माद्दा कभी नहीं रहा, हिंदी भाषी कितन भी कमतर क्यों न हो, इस बात को मानने को कतई  राजी नहीं हो  सकता कि उसकी सोच क्षेत्रीय  है. मुझे लगता है की हिंदी में क्षेत्रीय अपील है ही नहीं , या है भी तो नाममात्र की . कारण यह है कि हम हिंदीवाले तो वसुधैव कुटुम्बम को माननेवाले है, हमारे लिए तो सम्पूर्ण विश्व ही हमारा परिवार है . विश्व नहीं  तो भारत तो है ही . अगर हम हिन्दीवाले नीचे से नीचे के पायदान पर भी आयें तो भी भारत देश से कम की बात हम सोच नहीं सकते.  हम हिंदी भाषियों में क्षेत्रीयता के वे जीवाणु हैं ही नहीं , जो बांग्ला , मराठी, तमिल, तेलुगु , मलयालम आदि में हैं . इसे आप इस तरह भी मान सकते हैं कि  हाँ, हमारे भीतर हमारी  अपनी प्रिय भाषा के बारे में वह स्वाभिमान या दर्प नहीं हैं , या कि  हम हीनता की ग्रंथि में फंसे हैं , हिंदी भाषा में बात करने में हमें गर्व होता हो या  न होता हो , शर्म आती हो या नहीं आती हो, जो भी हो  पर हमें यह मंज़ूर नहीं कि हम  अपने छोटे से दायरे में जीयें . हम या तो देश की बात करते हैं या फिर अपने मालवा , निमाड़, बुन्देल खंड , बघेलखंड, मेवाड़ , मारवाड़, अवध, या भोजपुर आदि की . हिंदी भाषी व्यक्ति की सोच ही क्षेत्रीय नहीं है , वह एक बंगाली, मराठी, तमिल आदि भाषी की तरह एक छोटे से क्षेत्र के बारे मन सोच ही नहीं  सकता . यही कारण है कि क्षेत्रीय हिंदी न्यूज़ चैनलों  को अलग से दर्शक नहीं मिल पाते हैन. जो दर्शक ग्वालियर की खबर देखना चाहता है वह झांसी और आगरा की खबर में भी दिलचस्पी रखता है और जो रायपुर की खबरें जानने का इच्छुक है वह अकेले रायपुर की खबरों से संतुष्ट नहीं . हिंदी भाषी के साथ ख़ास बात यह है की वह अपने आप को इंदौर या नागपुर या रायपुर या झांसी  या इलाहाबाद से ही नहीं जोड़ता, बल्कि पूरे देश से जोड़कर देखता है. इसीलिये श्रीनगर में हुआ आतंकी हमाल भी उनके लिए महत्वपूर्ण खबर है और झाबुआ के किसी इलाके में होने वाली घटना भी .

सरकारी तंत्र के पिछलग्गू 


हम जिन्हें क्षेत्रीय न्यूज़ चैनल कहते  हैं वे वास्तव में हैं क्या ? क्या वे अपने  इलाके का सही सही प्रतिनिधत्व करते हैं ? क्या वे सच्ची तस्वीर दिखाते हैं अपने इलाके की ? हिंदी के ही राष्ट्रीय न्यूज़ चैंनलों की तरह  ?  इन चैनलों में भी समाचार के प्रति  उनका नजरिया साफ़ नज़र आता है .--वह यह कि  वहां कोई भी नजरिया है ही नहीं.  ये चैनल  खास तौर पर अपने अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रहन रखे नज़र आते हैं .  इनका एकमात्र काम है अपने राज्य के मुख्यमंत्री की जय जय कार करना और करते ही रहना . धार में भोजशाला  का विवाद चल रहा था . पुलिस लोगों पर लाठियां भांज  रही थी, लेकिन एक चैनल को छोड़कर सभी क्षेत्रीय हिंदी समाचार चैनल मुख्यमंत्री की स्तुति गान  वाले पेड न्यूज़ के पैकेजेस (जी हाँ, यही कहा जाता है इन्हें) दिखा रहे थे. इसमें भी कुछ  क्षेत्रीय चैनल मस्ती की पाठशाला जैसे कार्यक्रम दिखा रहे थे क्योंकि प्रमुख मनोरन्जन चैनलों से टीपा गया ऐसा प्रोग्राम मुफ्त का पड़ता है .और धर्श्नीय भी होता ही है.

दरअसल इन चैनलों के मालिकों  के अजेंडे में ज़मीनें, खदानें, पावर प्लांट, बड़े उद्योग-धंधे आदि होते हैं  और इनके पत्रकारों को हिदायत कि अगर सरकार के खिलाफ भी कोई खबर दिखानी हो तो कभी भी मुख्यमंत्री को निशाना न बनाने दे. सरकार पर प्रहार कारण ही पड़े तो संबंधित विभाग के मंत्री को निपटाया जाए और मुख्यमंत्री को बताया जाए की हम आपके प्रतिस्पर्धी को निपटा रहे हैं.मुख्यमंत्री का एजेंडा ही इन चैनलों का एजेंडा है. सरकारी कृपा के अमृतपान से ही ये चैनल चल रहे हैं. यही कारण है की इन चैनलों का कोई भी सकारात्मक प्रभाव अभी तक किसी भी राज्य में नहीं देखा गया.

अन्य भाषा के रीजनल चैनलों के दशा अलग है. वहाँ कई चैनल तो सत्तासीन लोगों के अपने ही हैं.  जो उनके नहीं है, वे खुलकर सत्ता के खिलाफ हैं. वहाँ या तो  चैनल सत्ता  के पक्ष में हैं या फिर खुलकर विपक्ष में. हिन्दी में विपक्ष में तो होने का सवाल ही नही.


निम्नस्तरीय कंटेंट 

साल में कुछ मौके ऐसे होते हैं जब हमारे ये चैनल गाँव-कस्बों के केबल टीवी को भी मात  दे देते हैं. ये मौके होते हैं स्वतंत्रता दिवस, दीपावली और गणतंत्र दिवस. इन उत्सवों के दौरान हर स्ट्रींगर चैनल का कमीशन एजेंट बन जाता है. उन्हें टारगेट दे दिए जाते हैं की उन्हें पूरा नहीं किया तो नौकरी' गयी समझो. इन दिनों लगभग सभी स्ट्रिंगरों के एक हाथ में माइक आइडी होता है और दूसरे हाथ में कटोरा. इन त्योहारों के मौके पर ये तथाकथित टीवी पत्रकार जनपद अध्यक्षों, जिला पंचायत के अफ़सरों, पार्षदों, डिप्टी कलक्तरों की चमचागीरी करते नज़र आते हैं. आजकल  इन पत्रकारों को कूपन देने का रिवाज है. चिट फंड कंपनियों के बड़े पद वाले   अपने टीवी पत्रकारों को ये कूपन बेचने  के लिए दे देते हैं. लालच भी दिया जाता है कि  तुम्हें इस पर पंद्रह फीसदी कमीशन मिलेगा. यानी अगर दीपावली के दिनों में दस लाख के कूपन बेच दिए तो तुम्हारे डेढ़ लाख पक्के. यह ऑफिशियल कमाई है. मैं ऐसे कई अफ़सरों को जानता हूँ, जिन्होंने ये कूपन खरीदे हैं, या बिकवाए हैं और कई ऐसे हैं जिन्होंने कहा --'' भाई, हमसे पैसे ले जाओ पर कूपन की हमें कोई ज़रूरत नहीं है.''

आम तौर पर ये चैंनल अपने पत्रकारों को पारिश्रमिक  भी  वक़्त पर  नहीं देते. जो कुछ भी देते हैं वह नाममात्र का होता है.   प्रसारित हो चुकी  खबरों के आधार पर मिलनेवाला यह मेहनताना ज़रूर मामूली होता है , लेकिन आम तौर पर बहुधन्धी  पत्रकार इन खबरों के प्रसारण पर ही जीवित होते हैं.  इसी से उनकी 'ख्याति' या लोकप्रियता होती है. आप किसी भी कस्बे के ऐसे ही पत्रकार को 'फेसबुक' पर तनकर  खड़े होकर माइक आई डी के साथ देख सकते हैं.  मध्यप्रदेश के तो छोटे - छोटे शहरों में इन टीवी पत्रकारों की सख्या 50 -60 होना मामूली बात हो गयी है. इनमें से कई चैनल तो ऐसे हैं जो प्रसारित ही नहीं होते. इनमें से कई पत्रकार तो ऐसे हैं जिनकी महीने में एक खबर भी दिखाई नहीं जाती, लेकिन ये अपने आप को  महान पत्रकार कहने में ज़रा भी गुरेज़ नहीं करते. एक पत्रकार ने तो अपने बैग में रखी चूड़ियाँ बताकर कामयाबी का सूत्र बताया कि  जब भी कहीं आंदोलन होता दिखता है,  मैं वहाँ पहुँच जाता हूँ और प्रदर्शनकारियों से कहता हूँ कि  ज़रा किसी को ये चूड़ियाँ भेंट कर दो, जिससे  विज़ुअल्स अच्छे बन जाएँ. पानी की कमी के आंदोलनों में कई बार विज़ुअल्स के लिए हम ही मटके मंगवाकर फुडवा देते हैं, कई बार दूध महँगा होने पर हमें ही दूध भी बहाकर विरोध कारण पड़ता है. यहाँ तक कि  एक बार तो शिवरात्रि के दिन मैं एक सपेरे को शिव मंदिर ले गया और वहाँ शिव लिंग के सामने  कुछ देर साँप छोड़कर विज़ुअल्स बना कर चैनल पर खबर बना दी --'' शिवरात्रि का चमत्कार!''  नाग देवता पहुँच गये शिव की आराधना में. बाद में तो मंदिर वालों का 'कारोबार' बहुत चमक गया और  वे खुद ऐसे चमत्कार दिख वाने  लग गये.
कुल मिला कर भूत भभूत, लोटा लंगोट , सिनेमा क्राइम, बाबा और बॉबी के सहारे ये चैनल चल रहे है. कोई भी बौद्धिक शो यहाँ नहीं, केवल खानापूरी है. सिनेमा का शो यहाँ फिलर है . जब चैनल का ही कैमरामैन इंटरवल में ही लोगों से पूछकर आ जाता है कि फिल्म कैसी लगी.. राष्ट्रीय मुद्दों पर लाइव प्रोग्राम में रिपोर्टर के साथ खड़े लोग वहीँ के कर्मचारी, ड्राइवर, लिफ्टमैन या स्टाफर होते है. कुल मिलकर ये राष्ट्रीय चैनलों  की झूठन और झूठ के सहारे जीते हैं, जिन्हें देखने  या नहीं देखने से दर्शकों को कोई सूचना नहीं मिलती, कोई ज्ञान नहीं मिलता और यहाँ तक की उनका कोई मनोरंजन नहीं होता . यहीं कारण है कि  तमान चैनल फ्लाप हो रहे हैं  और उन्हें अपने खर्च निकालना ही मुश्किल हो रहा है।


राष्ट्रीय और क्षेत्रीय का फर्क 


जिन क्षेत्रीय न्यूज़ चैनलों के साथ राष्ट्रीय चैनल भी हैं, वहाँ संकट  और भी गहरा है क्योंकि वहाँ तमाम अच्छे पत्रकारों को तो नेशनल चैनल में जगह मिल जाती है और दूसरे  दर्जे के लोगों को रीजनल में रख दिया जाता है . जहाँ वे इनके पीर , बाबर्ची , भिस्ती,  खर -- सभी होते हैं. उनकी ख़ास योग्यता यही होती है कि  अपने वरिष्ठों  ( और उनके रिश्तेदारों ) की सेवा में कोई कसर न रखी जाए. जब साहब लोग दौरा करें तो उनकी सेवा में किसी भी तरह की कोई कसर न रखे. टीआरपी के खेल में भी ये अपने दर्शकों और विज्ञापनदाताओं  को मूर्ख बना रहे हैं . दस लाख से बड़े शहर में टीआरपी में नंबर वन, एक लाख तक के शहरों में टीआरपी में नंबर वन, इतने बड़े शहरों में जीआरपी  में नंबर वन, यहाँ जीआरपी में नंबर वन -- ये इस तरह दर्शकों को भरमाते हैं कि  हर चैनल पर यही दावा नज़र आता. दरअसल इन चैनलों के सामने समस्या यह है की वे किसे अपने दर्शकों को दिखाएँ और किसे न दिखाएँ . उन्हें यह भी नहीं समझ में आ रहा की उनका दर्शक जीआरपी और टीआरपी का चक्कर नहीं समझता . मजेदार बात तो यह है कि इन चैनलों के करता धर्ता भी नहीं जानते कि यह क्या है?

-- प्रकाश हिंदुस्तानी 

(लोहिया अध्ययन केन्द्र, नागपुर से प्रकाश  दुबे द्वारा सम्पादित
 'सामान्यजन संदेश' के  विशेष सौवें अंक में प्रकाशित)

-------------------------------------------------------------------------

Bhadas4media.com पर भी यही लेख देखा जा सकता है :
http://bhadas4media.com/print/13132-2013-07-17-20-40-52.html


इसी लेख पर एक वरिष्ठ पत्रकार की  टिप्पणी मेरे लिए अहम् है जो मेरी कई बातों की पुष्टि करती है:
http://www.bhadas4media.com/print/13409-2013-07-30-09-17-17.html 
शिवराज की जनआशीर्वाद यात्रा के आगे नतमस्तक हुआ मप्र का मीडिया, क्या ये पेड न्यूज नहीं?

यशवंत जी पिछले दिनों भड़ास पर एक लेख पढ़ा था, प्रकाश हिंदुस्तानी ने लिखा था, शीर्षक था- हिंदी के रीजनल न्यूज चैनलों का एकमात्र काम अपने राज्य के मुख्यमंत्री की जय जय कार करना पिछले दिनों मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज की जनआशीवार्द यात्रा के दौरान इसकी याद आ गई....

मध्यप्रदेश का पूरा मीडिया शिवराज की यात्रा के सामने नमस्तक हो गया..... इस तरह लाइव चला रहा था कि मानों प्रदेश की सबसे बड़ी खबर यहीं हो.... चुनाव आयोग पेड न्यूज की बात करता है, ये जो 5-6 घंटे लगातार लाइव चल रहा था बिना बात के राज्य सरकार की जय जयकार की जा रही थी... क्या ये पेड न्यूज की श्रेणी में नहीं आता....

सहारा...ईटीवी...जी मध्यप्रदेश और इंडिया न्यूज मध्यप्रदेश जैसे बड़े रीजनल चैनलों ने मुख्यमंत्री और 5-6 नेताओं का भाषण लाइव चलाया... बंसल न्यूज और ऐसे ही कुछ छोटे चैनलों ने कुर्सी और टेंट लगने से लेकर यात्रा खत्म होने तक ..शिवराज के रथ का पिछवाड़ा भी लाइव दिखाया.....सवाल यही है कि ये पत्रकारिता का कौन सा रूप है.....मध्यप्रदेश में सारे न्यूज चैनल शिवराज का गुणगान कर रहे हैं....साफ है कि इन्हे जनसंपर्क से पैसा मिल रहा है....खूब विज्ञापन दिए जा रहे है पर क्या इसका मतलब ये हो गया है कि रीजनल चैनल प्रदेश सरकार के गुलाम हो जाए....सिर्फ वही दिखाया जाए जो प्रदेश के मुख्यमंत्री को पसंद हो....

ट्राई कितने ही नियम बना ले कि 30 घंटे में 9 मिनट से ज्यादा विज्ञापन नहीं होना चाहिए पर मध्यप्रदेश के न्यूज चैनल कई बार इस तरह के आयोजन में मुख्यमंत्री के भाषण को घंटों लाइव चलाता है....तो क्या ये ट्राई ने नियमों का उल्लघन है....शिवराज की जन आशीर्वाद रैली को जिस तरह मप्र की मीडिया ने प्रस्तृत किया है वो बहुत शर्मनाक है....ये मजबूरी हो गई है रीजनल चैनल की अगर बीजेपी की जगह कांग्रेस की सरकार होती तो वी यही होता जो आज हुआ.... जिस तरह से रीजनल चैनलों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है उसी तरह से राज्यों में चाटुकारिता बढ़ती जा रही है....

अब चैनल का न्यूज हैड सरकार के प्रवक्ता जैसी बाते करता नजर आता है...सिर्फ राज्य सरकार के मंत्रियों के इंटव्यू लेना.. IAS और IPS से अफसरनामा करना...राज्य सरकार की तारीफ करना ये चैनल के न्यूज हैड का काम रह गया है....बाकी क्या चल रहा है चैनल में...कहां जा रही है पत्रकारिता इससे कोई लेना देना नहीं....

अभी मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में थोड़ा समय बाकी है....पर चुनाव आते आते ये न्यूज चैनल पत्रकारिता को और शर्मसार करेंगे....ऐसे में चुनाव आयोग को चाहिए कि वो देखे किस नेता को कौन सा चैनल कितनी देर तक दिखा रहा है....क्यों कि यही पेड न्यूज है ....पैसे देकर टीवी पर दिखना...पैसे देकर मुख्यमंत्री का भाषण या आयोजन लाइव चलवाना.....राज्यों में पत्रकारिता के गिरते स्तर को अगर रोकना है तो सख्ती से इस चाटुकारिता को बंद करना होगा नहीं तो राज्यों में भूल ही जाओ पत्रकारिता नाम की कोई चीज होती है....सिर्फ चाटुकारिता ही नजर आएगी....

                                                                       मध्यप्रदेश के पत्रकार द्वारा भेजे गये पत्र पर आधारित.

Monday, June 03, 2013

ऋतु दा या ऋतु दी....? 
 
ऋतुपर्णो घोष या ऋतु दा(?) बहुत महान फिल्मकार थे.   इसमें दो मत नहीं. लेकिन वे जो 'व्यक्ति' थे, जैसे 'शख्स' थे, उसके लिए हिन्दी में शब्द ही नहीं है. जेंडरनिरपेक्ष शायद! {जातिनिरपेक्ष यानी जाति से निरपेक्ष, धर्मनिरपेक्ष यानी धर्म से निरपेक्ष} शायद इसलिए कि वे जेंडर से निरपेक्ष, उससे ऊपर पहुँच चुके थे. लिपस्टिक,काजल,फाउन्डेशन,रूज़,खिज़ाब का उपयोग समझ में आता है, स्त्रीयोचित ज़ेवर, सलवार-कुर्ता-दुपट्टा के शौकीन होना भी उनकी अपनी पसंद थी. ठीक है. ...पर राखी सावंत बनने की ज़िद में ब्रेस्ट इम्प्लान्ट और हार्मोंस लेना जेंडरनिरपेक्षता नहीं, कुछ और ही है. उन्हें कई बीमारियों ने घेर लिया था, लेकिन हार्मोन्स का शौक जारी था. चाहते क्या थे, शायद उन्हें खुद पता नहीं था.

बेचारे बच्चे कंफ्यूज़ा जाते थे कि उन्हें अंकल कहें या आंटी;   सह कलाकार चाहकर भी ऋतु दा को ऋतु दी नहीं बोल पाते थे कि बरसों से ऋतु दा बोल रहे हैं तो अब 'दी' कैसे कहें? वह भी तब, जब वे दी हैं भी या नहीं, पता नहीं हो.

प्रकृति ने जैसा बनाया, जो भी बनाया; ठीक है.   उससे क्यों पंगेबाज़ी? मर्द बनाया हो या स्त्री; खुद को बेहतर इंसान बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए. वैसे हर मर्द में एक औरत छुपी है और हर स्त्री में एक पुरुष रह रह कर कुलाँचे मारता है. इसीलिए पिता में ममत्व और माता में पिता का सख़्त अनुशासन प्रकट होता है. वैचारिक स्तर पर तसलीमा नसरीन हैं और भौतिक स्तर पर बिग बॉस फेम इमाम.

ऋतुपर्णो घोष LGBT अथवा GDS community अथवा थर्ड जेंडर के लिए समर्पित व्यक्ति भी नहीं थे.
उनके माता पिता नहीं रहे, भाई ने नाता तोड़ लिया, यार कुछ और चाहते थे और वे खुद कुछ और ! उन डॉक्टरों के खिलाफ जाँच क्यों नहीं हो जिन्होंने उनके ओपरेशन किए और ख़तरनाक दवाइयाँ दीं?



ऋतुपर्णो महान फिल्मकार थे, इसमें कोई शक नहीं, लेकिन ये महान लोग भी कैसे कैसे काम कर लेते थे ! जैसे गाँधीजी महान राष्ट्रनायक थे, लेकिन लोगों के विरोध के बावजूद उन्होंने 'सत्य के प्रयोग' कर डाले. तब टीवी चैनल्स नहीं थे. पर अब तो है....किसी ने खुलकर चर्चा नहीं किया.

  ...सचमुच साधारण इंसान होना कितना अच्छा है! कितना सार्थक और कितना आसान भी!!!
--प्रकाश हिन्दुस्तानी 

Monday, July 02, 2012







उसके दुश्मन हैं बहुत, आदमी अच्छा होगा  !!!







यशवंत सिंह ने क्या किया, यह तो पता नहीं, लेकिन उनके खिलाफ मामला बनाकर जिस तरह पेश किया गया, उसे ध्यान से देखने -समझाने के बाद ये कुछ बातें  तो साफ़ हुई .
मुलाहिजा फरमाएं :

यशवंत सिंह ने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की, किसी को एक चांटा तक नहीं मारा, न ही किसी को भी जान से मारा या मारने की कोशिश की. उनके किसी भी कृत्य से किसी को भी खरोंच तक नहीं आई. वरना उन पर दफा 302 , 307 , 323 या 326 लगतीं या लगवाई जातीं.. ये धाराएँ नहीं लगी या लगाईं  नहीं जा सकीं. यानी बन्दे ने किसी के साथ कोई ऐसी हरकत नहीं की है.

यशवंत  सिंह ने किसी की मानहानि भी  नहीं की, जो वे अपने मीडिया पोर्टल के जरिये कर सकते थे, यानी उन्होंने अपने मीडिया पोर्टल भड़ास पर जो कुछ भी प्रकाशित किया, उससे किसी कि मानहानि नहीं हुई, यानी मीडिया पोर्टल पर सारी बातें सही ही प्रकाशित होती रहीं होंगी. अगर उन्होंने किसी की इज्ज़त उतारी होती तो वह शख्स यशवंत के खिलाफ दफा 499 , 500 या 501 का मामला दर्ज कराता. यह नहीं हुआ, यानी उन्होंने जिसजिस के भी खिलाफ जो जो लिखा, सही लिखा.

यशवंत सिंह क्या  रूपर्ट मर्डोक बनना चाह रहे होंगे और इसके लिए रंगदारी यानी एक्स्टार्शन पर उअतर आये होंगे और वह भी किसी और से नहीं, इसी मीडिया के किसी शख्स से? कौन यकीन करेगा?

आजकल अगर आप थोड़े रिसोर्सफुल हैं और थोड़ा खर्चा करने की कूवत रखते हों तो किसी के भी खिलाफ थाने में पव्वा लगाकर केस दर्ज करा दीजिये कि इन्होंने मेरा रास्ता रोका, धमकाया, गाली गलौज किया, दुष्प्रचार किया, बस आपका काम हो गया. कोई सरकारी कर्मचारी तो कुछ कर ही नहीं पायेगा, अगर कोई आजादखयाल इंसान हो तो ऐसी हरकतों से उस व्यक्ति को परेशान किया जा सकता है.

ऐसे लोग क्यों भूल जाते हैं कि वे किसी थाने में सेटिंग कर सकते हैं, किसी अफसर को पता सकते हैं, न्यायपालिका को नहीं बरगला सकते. न्यायालय के सामने सारे तथ्य पहुँचाने दीजिये, यशवंत सिंह की ज़मानत तत्काल हो जायेगी. उनके निंदकों का आभार मानना चाहिए कि इससे बन्दे के दम ख़म का पता बाकी लोगों को भी चल जाएगा. यह पता चल जाएगा कि मीडिया के समंदर में ही कितने बड़े बड़े शार्क हैं जो रोजाना छोटी मछलियों को निगल रहे हैं.  ये लोग चाहते हैं कि शोषित - पीड़ित, दूरस्थ मीडियावालों की बात कहने वाला कोई सामने न आ सके और अगर वह आये तो उसे इतना परेशान कर दो कि दूसरों के लिए नजीर बन जाए. ऐसे व्यक्ति को बदनाम कर दो, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर दो ताकि वह फिर किसी और की तो क्या अपनी बात भी कहने का साहस न कर सके.

.....पर ऐसा नहीं होगा, और जो होगा  ऐसा लगता है कि मीडिया जगत में कुछ अच्छा, बहुत ही अच्छा होगा. यह उसका पूर्व पाठ है. पुलिस ने जिस वहशियाना तरीके से यशवंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की , उसकी जितनी  निंदा की जाये, कम है.  पुलिस को इतनी जल्दी क्या थी एफ आई आर की? सुना है कि यूपी में तो एफ आई आर करने में ही जान निकल जाती है और फिर यशवंत सिंह के खिलाफ शिकायत हुई तो उन्हें भी क्रास कंप्लेन का मौका दिया जाना था. जिस तरह की धाराएं  उनके खिलाफ लगाईं गयी हैं, वैसे केस तो नॉएडा - दिल्ली में रोजाना हजारों लिखे जा सकते हैं, मगर जिस तेजी से यशवंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गयी, वह चौंकानेवाली बात है.

निदा फ़ाज़ली की एक ग़ज़ल की पंक्तियाँ हैं :

उसके दुश्मन हैं बहुत, आदमी अच्छा होगा
वो भी 'तेरी'  तरह इस शहर में तन्हा होगा

इतना सच बोल कि होंठों का तबस्सुम न बुझे
रोशनी   ख़त्म   न   कर   आगे   अंधेरा   होगा





---प्रकाश हिन्दुस्तानी
2  / 7 / 2012














Sunday, May 20, 2012

हीरोइन बहुत परेशान है बेचारी

हीरोइन बहुत परेशान है बेचारी



http://www.youtube.com/watch?v=BOvytd3xbK0&feature=related

फिल्मेरिया का पुराना रोगी हूँ. लगभग सभी हिन्दी फ़िल्में देखता हूँ. ताज़ा फिल्म 'इशकज़ादे' में प्रेम को नये ही रूप में दिखाया गया है. एकदम हिंसक और उत्तेजना वाला रूप. नयी पीढ़ी के निर्देशक को शायद यही पसंद हो, पर मैं यहाँ इस फिल्म के एक गाने के बारे में बात कर रहा हूँ. बरसों बाद किसी फिल्म का कोई रोमांटिक गाना पसंद आया.

    इस फिल्म की हीरोइन बहुत परेशान है बेचारी.
   परेशानी में भी खुश होती है और गाना गाती है.

 बरसों बाद कोई इतना रोमांटिक गाना आया है. जिसकी हीरोइन का दिल फूलों से झड़ता है और काँटों में मन लगता है. गलियाँ  गश खाकर मुड जाती हैं, मीलों के मारे चौबारे पता पूछते हैं, हीरोइन (बेचारी) बे बात खुद पे मरती है और बेबाक आहें भरने लगती हैं. उसका दिल फितरत से बदलता है और किस्मत बदलने लगता है. बेचारी बहुत परेशान है..


ये-नये नैना मेरे ढूँढे हैं
दर-बदर क्यूँ तुझे
नये-नये मंज़र यह तकते  हैं
इस कदर क्यूँ मुझे
ज़रा-ज़रा फूलों पे झड़ने लगा दिल मेरा
ज़रा-ज़रा काँटों से लगने लगा दिल मेरा


Why do my like-new eyes
look for you everywhere..
why do these new sceneries look at me so much..
my heart started falling on flowers little by little..
my heart started to feel love for thorns a little..

मैं परेशान परेशान  परेशान परेशान
आतिशें वो कहाँ
रंजिशें हैं धुआँ


I'm disturbed, confused,
where are those fireworks..
I'm disturbed, confused,
The animosity is (gone in) smoke..

गश खा के गलियाँ मुड़ने लगी हैं,
राहों से तेरी जुड़ने लगी हैं.
चौबारे सारे ये मीलों के मारे से पूछे ये तेरा   पता
ज़रा ज़रा  उड़ने  को करने लगा ये मन  मेरा


The streets, fainting, have started to turn,
they've begun getting connected to your paths,
all these squares (crossroads), as if tired of distances,
ask for your address..
My heart has begun getting tired of walking a little..
my heart wants to fly now, little by little..

मैं परेशान परेशान  परेशान परेशान
आतिशें वो कहाँ
मैं परेशान परेशान  परेशान परेशान
रंजिशें हैं धुआँ ..


I'm disturbed, confused,
where are those fireworks..
I'm disturbed, confused,
The animosity is (gone in) smoke..

बे-बात खुद पे मरने लगी हूँ
मरने लगी हूँ
बेबाक आहें भरने लगी हूँ
भरने लगी हूँ
चाहत के छीटें  है, खारे भी, मीठे है
मैं क्या से क्या हो गयी


ज़रा-ज़रा फ़ितरत बदलने लगा दिल मेरा
ज़रा-ज़रा किस्मत से लड़ने लगा दिल मेरा
मैं परेशान परेशान  परेशन परेशान

कैसी मदहोशियाँ
मस्तियाँ
मस्तियाँ


For now reason, I have started loving myself,
falling for myself..
I've begun to sigh openly, freely..
These are splatters/drops of love,
even though salty, they feel as if sweet,
What has become of me..
My heart has begun to change intentions little by little..
My heart has begun to fight against fate, little by little..

What intoxications..
Joys, joys...


मैं परेशान परेशान परेशान
आतिशें वो कहाँ
मैं परेशान परेशान परेशान परेशान
रंजिशें हैं धुआँ...


I'm disturbed, confused,
where are those fireworks..
I'm disturbed, confused,
The animosity is (gone in) smoke..
(गायिका :   शाल्मली खोल्गाड़े / गीत : कौसर मुनीर / संगीत : अमित त्रिवेदी / फ़िल्म : इशकजादे)

प्रकाश हिन्दुस्तानी
20 मई, 2012




 




Sunday, January 15, 2012

जिंदगी में हर जगह है इम्तिहान

रविवासरीय हिन्दुस्तान (15-01-2012)के एडिट पेज पर मेरा कॉलम



जिंदगी में हर जगह है इम्तिहान


जिनकी मदद से आप कामयाब हुए हैं, उन्हें क्या आपने श्रेय दिया है? सबसे बड़ी बात यह है कि आपमें विजय या कामयाबी के बाद मानवीयता का अंश बढ़ा है या नहीं? अगर सफलता से मानवीयता का अंश नहीं बढ़ता, तो वह उपयोगी नहीं रह जाएगी।


नंदन नीलेकणि फिर परीक्षा दे रहे हैं। संसद की स्थायी समिति ने उस परियोजना को खत्म करने की सिफारिश की है, जिसके तहत देश के हरेक नागरिक के लिए ‘आधार’ नाम से विशिष्ट पहचान प्रणाली के कार्ड दिए भी जा रहे थे। केंद्र सरकार यूनीक आइडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया की इस योजना को लोगों को, खासकर गरीबों को मिलने वाली कई सुविधाओं से जोड़ा जाना था।
योजना की तकनीकी जटिलता और इसके लिए इनोवेशन की जरूरत को देखते हुए यह जिम्मेदारी नंदन नीलेकणि को सौंपी गई थी। लेकिन अब इस पर ब्रेक लग गया है। इस झटके के बावजूद वह अपने काम में व्यस्त हैं और भविष्य की योजनाएं बना रहे हैं। नीलेकणि इतनी जल्दी हार मानने वाले नहीं हैं। उनके पास भारत की और उसके भविष्य की एक परिकल्पना है। इन्हें उन्होंने अपनी किताब इमेजिंग इंडिया नाम की किताब में विस्तार से दिया है।
स्पष्ट लक्ष्य, ध्यान निशाने पर
नंदन नीलेकणि मानते हैं कि उनकी कामयाबी का एक प्रमुख कारण यह रहा है कि उन्होंने इन्फोसिस की स्थापना के पहले अपना लक्ष्य तय कर रखा था और उसी पर अपना सारा ध्यान केंद्रित भी कर लिया था। ‘हम सभी इस बात पर एकमत और दृढ़ थे कि हमें किस इंडस्ट्री में जाना है और उसके किस क्षेत्र पर ध्यान टिकाना है। हमारा बिजनेस मॉडल क्या होगा और हम किस वैल्यू सिस्टम को अपनाएंगे। हमारे मुखिया कौन होंगे, उनके क्या अधिकार होंगे और किन बातों का फैसला वह अपने सहयोगियों से पूछे बिना नहीं करेंगे।
...स्पष्ट लक्ष्य के कारण ही इन्फोसिस नास्दाक में लिस्टेड पहली भारतीय कंपनी बनी। अपने कर्मचारियों को स्टॉक ऑप्शन देने वाली पहली कंपनी भी बनी। अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने के कारण ही केवल दस हजार रुपये और एक फ्लैट के ड्रॉइंग रूम से शुरू होने वाली यह कंपनी 2004 में एक अरब डॉलर के कारोबारी लक्ष्य तक पहुंच सकी।’
जीत के लिए मैदान में होना जरूरी
‘मैदान में डटे रहो, डटे रहो, डटे रहो। जब आप कोई भी महत्वपूर्ण कार्य करने के लिए मैदान पकड़ते हैं, तो सबसे बड़ी चुनौती होती है मैदान में बने रहने की।कई लोग आपकी स्पर्धा में आ जाते हैं, कई लोगों को आपके काम से बाधा पहुंचती है और कई किसी और को खुश करने के इरादे से आपको नुकसान पहुंचाने के लिए मैदान में आकर खड़े हो जाते हैं। ऐसे में अगर जीत हासिल करना है, तो मैदान में बने रहना जरूरी है। अगर मैदान ही छोड़ दिया, तो जीत की आस ही नहीं रहती। इसलिए आप किसी भी कार्यक्षेत्र में हों, मैदान छोड़कर न हटें।
फिल्मों के अलावा कोई भी चमत्कार मिनट या घंटों में नहीं होता, उसके लिए संघर्ष व साधना करनी पड़ती है। इन्फोसिस को ही लें, उसे पब्लिक कंपनी बनाने में 12 वर्ष लग गए। एक अरब डॉलर का कारोबारी लक्ष्य पाने में 23 वर्ष लग गए, पर एक बार अगर आपने लक्ष्य को पा लिया तो, अगला लक्ष्य पाना आसान होता है। एक अरब डॉलर तक पहुंचने में भले 23 साल लगे हों, दस अरब डॉलर का लक्ष्य पाने में 23 महीने भी नहीं लगे।’
झटकों से घबराएं नहीं
‘आप जीवन में कुछ भी करें, झटके लगना लाजिमी है। याद रखिए, कामयाबी का सफर हमेशा ही सुखकर नहीं होगा। उसमें झटके आएंगे व नाकामियां भी मिलेंगी। सारा सफर हाइवे-सा ही हो, जरूरी नहीं। कोई भी कार्य करने के पहले संतुष्ट हो जाएं कि इसे करने में कुछ न कुछ दिक्कतें आनी ही हैं। इससे निपटने का बढ़िया तरीका यह है कि हर झटके से सबक सीखते रहें, ताकि अगली बार वैसा ही झटका न सहना पड़े। यह भी जरूरी है कि आप हर झटके के लिए मानसिक तैयारी रखें। हर झटके के बाद की शिक्षा को गांठ बांधना न भूलें।
सबसे बड़ी बात यह कि सफर छोड़े नहीं। अगर मंजिल तक पहुंचना है, तो सफर जारी रखना एकमात्र उपाय है। अपनी नाकामी के लिए किसी और को जिम्मेदार मत ठहराइए, क्योंकि आपकी विफलता के लिए कोई और जिम्मेदार हुआ, तो आपकी सफलता का श्रेय भी उसे ही देना होगा। अपनी नाकामी का जिम्मा लें और कामयाबी का जश्न मानते चलें।’
सफलता में दिमाग ठीक रखें
‘खुद को उन लोगों में शुमार होने से बचाएं, जो कामयाबी हजम नहीं कर पाते। ...तेनजिंग नोर्गे ने एवरेस्ट पर, नील आर्मस्ट्रांग ने चांद पर झंडा गाड़ा, तो क्या वे वहीं बस गए? याद रखिए, जो ऊपर जाता है, कभी न कभी नीचे भी आता है। सफलता स्थायी नहीं होती। अत: उसे कभी दिमाग खराब मत करने दो। याद करो कि क्या किया, जो सफल रहे और अगली बार उसे किस तरह दोहराओगे कि फिर सफलता मिले। विफल होनेवालों का उपहास न करो, उनकी नाकामी की भी समीक्षा करो। जिस कार्य के लिए आप सफल हुए हैं, जरा सोचो कि क्या उसका कोई और बड़ा लक्ष्य भी हो सकता है। जिन लोगों की मदद से आप कामयाब हुए हैं, उन्हें क्या आपने श्रेय दिया है? सबसे बड़ी बात यह है कि आपमें विजय या कामयाबी के बाद मानवीयता का अंश बढ़ा है या नहीं? अगर सफलता से मानवीयता का अंश नहीं बढ़ता, तो वह उपयोगी नहीं रह जाएगी।’
नए नजरिये की जरूरत
नीलेकणि मानते हैं कि 60 व 70 के दशक में हम आबादी को चिंता के रूप में देखते थे। आज हमें लगता है कि वह मानव संपदा है। ‘आज चीन व जापान सहित दुनिया के कई देशों में बुजुर्गों की संख्या बहुत ज्यादा है। भारत ही ऐसा देश है, जो युवाओं का देश है। हम उद्यमियों को अब शंका की निगाह से नहीं, विकास के सारथी के रूप में देखते हैं। अब हम अंग्रेजी को साम्राज्यवाद की भाषा नहीं कहते, बल्कि दुनिया से जुड़ने का औजार मानते हैं। आजादी के बाद बरसों तक हम अपने अधिकारों के प्रति उतने सजग नहीं थे, पर आज हैं। टेक्नोलॉजी ने हमें पूरी तरह बदलकर रख दिया है।
जरा देखिए तो, देश के करोड़ों लोगों ने टेलीफोन का उपयोग नहीं किया था, पर आज वे मोबाइल क्रांति का लाभ ले रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल भी एक क्रांतिकारी कदम है। आज भारत का जो वैश्विक नजरिया है, कितने लोगों ने इसकी कभी कल्पना की थी?’

प्रकाश हिन्दुस्तानी

Sunday, January 08, 2012

ताउम्र सीखने की ईमानदारी बरतें

रविवासरीय हिन्दुस्तान (08-01-2012) के एडिट पेज पर मेरा कॉलम


ताउम्र सीखने की ईमानदारी बरतें



‘याद रखिए, आप केवल अपने लिए ही नहीं, अपने घर-परिवार और समाज के लिए भी काम करते हैं। आप जो भी पाते हैं, इसी समाज से शेयर करते हैं। इसलिए आपका समाज के लिए भी कुछ दायित्व बनता है।’

मेट्रो मैन के नाम से विख्यात ई. (ईलात्तूवल्पिल) श्रीधरन साल 1990 में ही भारतीय रेल सेवा से रिटायर हो गए थे, लेकिन दिल्ली मेट्रो के एमडी पद से वह करीब एक सप्ताह पहले सेवानिवृत्त हुए हैं। केरल के मुख्यमंत्री चाहते हैं कि श्रीधरन अब कोच्चि मेट्रो का कामकाज संभाल लें।
12 जून, 1932 को जन्मे ई. श्रीधरन को अस्सी साल में भी लोग नई जिम्मेदारियां सौंपना चाहते हैं। दरअसल, रेल सेवा से रिटायर होने के बाद उन्होंने कोंकण रेलवे की जिम्मेदारी संभाली थी और उसे पूरा करने के बाद बेहद चुनौतीपूर्ण दिल्ली मेट्रो का दायित्व संभाला।
पद्म विभूषण से सम्मानित श्रीधरन का मानना है कि जीवन में वही लोग कामयाब हो पाते हैं, जो हमेशा सीखने को तैयार रहते हैं। आईआईएलएम इंस्टिटय़ूट ऑफ हायर एजुकेशन के समारोह में साल 2008 में उन्होंने अपने अनुभव इस प्रकार बांटे थे :
हर जगह सीखें
मित्रो, सीखना जीवन भर चलने वाली प्रक्रिया है। आप कहीं भी हों, उम्र के किसी भी पड़ाव पर हों, सीखने का कोई मौका नहीं छोड़ें। पढ़ाई के बाद आप जहां कार्य करेंगे, वहां भी सीखने के अनेक अवसर आपको मिलते रहेंगे। प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के तरीके की बात करें, तो मुझे लगता है कि दिल्ली मेट्रो में हमने कुछ ऐसी शैली अपनाई, जो प्रेरणादायी हो सकती है।
दिल्ली मेट्रो देश की कोई पहली मेट्रो नहीं है, पहली मेट्रो का श्रेय कोलकाता को है, जहां 17 किलोमीटर लंबी रेल लाइन है और वह भी ज्यादातर अंडरग्राउंड। लेकिन कोलकाता का अनुभव सुखद नहीं रहा, न तो कोलकाता के लिए और न ही देश के लिए। 17 किलोमीटर की लाइन डालने में 22 साल लग गए और इस बीच लागत भी करीब 14 गुना बढ़ गई। यह कोलकाता का ही सबक था कि हमने दिल्ली मेट्रो के लिए अलग शैली अपनाई। हमने वहां 10,500 करोड़ रुपये की 65.1 किलोमीटर की लाइन रिकॉर्ड सवा सात साल में बिछाई।
जब यह प्रोजेक्ट हमें सौंपा गया था, तब दस साल में इसे पूरा करने का लक्ष्य था, हमने पौने तीन साल पहले ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया और वह भी तय बजट के भीतर। मैनेजमेंट के छात्रों के लिए यह एक सबक है। हमने दिल्ली मेट्रो को वर्ल्ड क्लास बनाया है, और वह भी मुख्य रूप से उधार के धन से। 10,500 करोड़ में से दो तिहाई धनराशि कर्ज की है और एक तिहाई सरकार की।
दिल्ली मेट्रो पर यह जवाबदारी है कि वह कर्ज ली गई राशि लौटाए। आज हम न केवल अपने मेट्रो परिचालन के खर्चें निकाल पा रहे हैं, बल्कि कर्ज चुकाने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था कर रहे हैं। हमने इस बात का पूरा खयाल रखा कि मेट्रो निर्माण के दौरान दिल्ली के लोगों को कम से कम असुविधा हो। इसके लिए मेट्रो के कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया था। लेकिन कोलकाता में ऐसा नहीं हो सका था।
वक्त की पाबंदी का महत्व
दिल्ली मेट्रो में वक्त की पाबंदी का अर्थ है, एकदम ठीक वक्त पर। हमें इस बात का इल्म था कि अगर हमें अपना प्रोजेक्ट वक्त पर पूरा करना है, तो हम में से हर एक को वक्त का पाबंद होना पड़ेगा। यह एक बुनियादी जरूरत थी। मुझे गर्व है कि दिल्ली मेट्रो में हम वक्त की पाबंदी मिनटों में नहीं, सेकंडों में मापते हैं। अगर कोई ट्रेन 60 सेकंड्स देर से चल रही है, तो हमारी नजर में वह विलंब से है। टोक्यो, सिंगापुर, हांगकांग जैसी जगहों पर भी तीन मिनट तक की देरी को ‘विलंब’ नहीं माना जाता।
मुझे यह बताते हुए खुशी है कि 1997-98 में हमारी 99.78 प्रतिशत मेट्रो ट्रेनें वक्त की पाबंद रहीं। मुझे लगता है कि वक्त की पाबंदी और कुछ नहीं, दूसरों के प्रति आपकी शालीनता है। आप लोगों को सेवा के लिए इंतजार नहीं करा सकते।
ईमानदार होने का मतलब
दिल्ली मेट्रो की दूसरी खूबी यह है कि वह अपने कर्तव्य के प्रति सत्यनिष्ठ है। सत्यनिष्ठ यानी सत्य के प्रति निष्ठा रखने वाला, जिसके नैतिक मूल्य ऊंचे हैं। सत्य के प्रति यही निष्ठा अच्छे चरित्र का आधार है। इसलिए करियर शुरू करते ही युवाओं को यह छवि अजिर्त करनी चाहिए। ईमानदार और सत्यनिष्ठ होने की छवि एक पासपोर्ट की तरह है। आप जहां भी जाएंगे, इनकी बदौलत अपनी छाप छोड़ते जाएंगे। हां एक और बात। अपने व्यवसाय में आगे बढ़ने के लिए आपको एक और चीज चाहिए और वह है ज्ञान यानी नॉलेज। आपको अपने विषय का श्रेष्ठ ज्ञाता होना ही चाहिए। अगर आप अपने विषय के ज्ञाता हैं, तो आपको कोई चोट नहीं पहुंचा सकता। अगर आप अपना काम ठीक से करना जानते हैं और उसे ठीक से करते हैं, तो लोग आपकी इज्जत करेंगे। आपके वरिष्ठ अधिकारी जहां आपके काम की सराहना करेंगे, वहीं जूनियर साथी आपके प्रशंसक बन जाएंगे।
तीन बातों का रखें ध्यान
दिल्ली मेट्रो परिवार में हमने एक बात का खास ध्यान रखा है और वह है सेहत। जी हां, मेरा कहना है कि आप अपनी सेहत का खास ध्यान रखें, क्योंकि अगर आप जीवन में कुछ भी पाना चाहते हैं, तो इसके लिए आपका फिट रहना जरूरी है। अच्छी सेहत के बिना आप कुछ भी हासिल नहीं कर सकते। अगर आप मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं, तो आप में कार्य करने की अद्भुत क्षमता महसूस होगी। इसलिए आप अपने जीवन को व्यवस्थित कीजिए। दिल्ली मेट्रो के प्रशिक्षण विद्यालय में हमने इस बात का खास ध्यान रखा है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि दिल्ली मेट्रो वह संस्थान है, जहां मेडिकल बिल सबसे कम है।
दूसरी जरूरी बात यह है कि आप पौष्टिक भोजन और भोजन के वक्त का भी ध्यान रखें। यह बहुत कठिन काम नहीं है, पर आपकी सेहत के लिए जरूरी है। तीसरी और सबसे बड़ी बात यह है कि आपको व्यायाम जरूर करना चाहिए। आप एयरोबिक्स, वॉकिंग, जॉगिंग और योगासन में कोई या एकाधिक तरीका चुन सकते हैं। आप स्वस्थ होंगे, तभी तो आपका दिमाग चौकन्ना रहेगा।
याद रखिए, आप केवल अपने लिए ही नहीं, अपने घर-परिवार और समाज के लिए भी काम करते हैं। आप जो भी पाते हैं, इसी समाज से शेयर करते हैं। इसलिए आपका समाज के प्रति भी कुछ दायित्व है।
प्रकाश हिन्दुस्तानी

हिन्दुस्तान (08-01-2012) के एडिट पेज पर प्रकाशित

Sunday, January 01, 2012

भविष्य को देखें और समझें

रविवासरीय हिन्दुस्तान (1 -1- 2012) के एडिट पेज पर मेरा कॉलम


भविष्य को देखें और समझें

रतन टाटा ग्रुप दुनिया के शीर्ष 50 व्यवसाय समूह में गिना जाता है. यह समूह 96 तरह के व्यवसाय करता है और कहा जाता है कि उनकी संपत्ति बिल गेट्स और वारेन बफेट से भी ज्यादा है, लेकिन फ़ोर्ब्स की सूची में उनका नाम बाद में इसलिए है कि इस समूह की 28 प्रमुख कम्पनियाँ दुनिया के अलग अलग शेयर मार्केट में विभिन्न नामों से लिस्टेड है. सामाजिक जवाबदेही के कारण टाटा का नाम एक अलग ही इज्ज़त से लिया जाता है. उनके कर्मचारियों ने भी हमेशा अपने दायित्व का पालन किया. 26 /11 के आतंकी हमले के दौरान मुंबई के ताज होटल के स्टाफ ने बहादुरी और समझदारी का ऐतिहासिक परिचय दिया और होटल के सैकड़ों मेहमानों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने से नहीं चूके. उस दिन होटल में एक शादी समारोह था, यूनीलीवर के सी ई ओ की अंतरराष्ट्रीय मीटिंग थी और दो प्रमुख कार्पोरेट बैठकें भी थीं जिनमें अनेक विदेशी मेहमान भी थे. टाटा ने आतंकी हमले में हताहत उस हरेक कर्मचारी को 36 लाख से 85 लाख रुपये तक की मदद की, चाहे उस कर्मचारी ने एक दिन ही काम क्यों न किया हो. टाटा अपने स्टाफ के ज़िम्मेदार व्यवहार के लिए उनकी ट्रेनिंग को श्रेय देते हैं. हैदराबाद के इंडियन स्कूल ऑफ़ बिजनेस में 8 अप्रैल 2006 को दिया गया उनका भाषण विद्यार्थियों के लिए इसी मायने में महत्वपूर्ण था कि उसमें सही नेतृत्व को परिभाषित किया गया था और बजाय दूसरों का अनुसरण करने के, खुद नेतृव करने पर जोर दिया गया था.
चेयरमैन का महत्व
रतन टाटा कहा करते हैं "मैं सही निर्णय लेने का दावा कतई नहीं करता. मैं तो निर्णय ले लेता हूँ और फिर काम करके उसे करके सही साबित कर देता हूँ." अपने भाषण की शुरुआत में रतन टाटा ने एक कहानी सुनायी, जो कुछ ऐसी थी.
एक आदमी तोता खरीदने दुकान में गया और एक तोते की कीमत पूछी. दुकानदार ने दाम बताया पांच हज़ार डॉलर.
''यह तो बहुत ज्यादा है. ऐसा क्या करता है वह ?'' उस ग्राहक ने पूछा.
''वह अपनी चोंच से अंग्रेज़ी में टाइप कर लेता है''
''यह तो बहुत ज्यादा है. दूसरे की कितनी कीमत है?''
''दूसरा दस हज़ार डॉलर का है क्योंकि वह तीन या चार भाषाओँ का जानकार है और वह एसएपी में भी माहिर है.''
''नहीं, यह भी नहीं चाहिए, उस तीसरे के बारे में बताइए.''
"वह तीस हज़ार का है.''
''वह क्या करता है?"
दुकानदार ने कहा --''मुझे नहीं मालूम, लेकिन बाकी उसे चेयरमैन कहते हैं''
रतन टाटा कहते हैं कि मेरे संगठन में लोग ऐसा समझते हैं.
इंडियन स्कूल ऑफ़ बिजनेस के सभी विद्यार्थियों के बारे में मैं इत्मीनान से कह सकता हूँ कि यहाँ के विद्यार्थी शीर्ष पदों पर कार्य करेंगे और उनकी अपनी पहचान देश में होगी. व्यवसाय का नेतृत्व करते हुए ये विद्यार्थी दुनिया भर में जायेंगे जहाँ देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
यह स्वर्ण काल है
"मैं यहाँ आपके बीच खड़े होकर अपने अफसोस का इजहार कर रहा हूँ कि मैं इस हर्षित करनेवाले वास्तविक समय में मैं आपकी उम्र का नहीं हूँ . मुझे पता है कि आप में से ज़्यादातर लोगों के आने वाले साल पूर्ण संतुष्टि के होंगे जब आप देश के विकास के लिए खड़े होंगे और उसमें हिस्सेदारी निभा रहे होंगे. आपमें कई आनेवाले वर्षों में देश का नेतृत्व भी करेंगे. आपके कंधों पर एक महान जवाबदारी है. आपके कन्धों पर जो भी जवाबदारी दी गयी है वह बहुत बड़ी है मुझे पता है किया आपमें से ज़्यादातर लोगों के आनेवाले साल सफलता और संतुष्टि के होंगे क्योंकि तब आप देश के विकास के लिए खड़े होंगे. आनेवाले वर्षों में आपमें से कई इस देश का नेतृत्व कर रहे होंगे. इस भूमिका में आपको केवल श्रेष्ठतम कार्य ही करना है. मैं आश्वस्त हूँ कि आप में से कई अपने आसपास के लोगों के बीच, अपने नियोक्ताओं के बीच और अपने समुदाय और बिरादरी के सामने अपनी शानदार नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करेंगे.
नेतृत्व करो, पीछे न चलो
मैं आशा करता हूँ कि आपमें से ज़्यादातर लोग सिद्धांतों पर आधारित नेतृत्व के लिए मूल्यों की स्थापना के लिए प्रयास करेंगे. क्योंकि यही तो वह बुनियाद है जिसकी ज़रुरत इस देश को है ताकि वह दुनिया में अपनी जगह बना सके. मैं आशा करता हूँ कि आपमें से हर एक एक उदहारण प्रस्तुत करेगा. मैं यह भी अपेक्षा करता हूँ कि आपमें से हर एक अपने जीवन मूल्यों के लिए जीएगा आप जिसके साथ जीवन भर के बंधन में बाँधे हैं. ...मैं उम्मीद करता हूँ कि आप में से हर एक में भविष्य का ज्ञानबोध होगा क्योंकि जिस बात की इस देश में कमी है वह यही है-- भविष्य को देख और समझ पाने की क्षमता. इसी के माध्यम से आप देश को एक दिशा दे सकते हैं. यह हमारी कमजोरी है कि हमारे बिजनेस लीडर नेतृत्व करने की जगह अनुसरणकर्ता बन जाते हैं.
दृढ़ निश्चयी होना आवश्यक
"नेतृत्व करने के लिए आपमें दृढ़ निश्चयी होना आवश्यक है. इसके लिए आपमें यह विश्वास होना चाहिए कि आपका यही इरादा भी है. मैं यह मानता हूँ कि कई बार ऐसे मौके आयेंगे जब आप के मान में संशय की स्थिति उत्पन्न होगी. ऐसे में आपको सही पथ चुनना होगा और लगातार उसी का अनुसरण दृढ़ता पूर्वक करना होगा. मुझे यकीन है कि आप कामयाब होंगे. इस सभी में आपकी एक विशेष भूमिका रहेगी. इस तरीके से सही राह पर दृढ़तापूर्वक चलकर ही आप यह साबित कर सकते हैं कि आपने, आपके अभिभावकों ने आपकी शिक्षा में जो कुछ निवेश किया है वह जीवन का सबसे बेशकीमती निवेश है. इसी ने आपका जीवन संवारा है.
"मैं यकीन करता हूँ कि वे लोग जो कुलीन पदों पर पहुंचेंगे वे देश के कुलीन वर्ग में होंगे, और आप उन सभी के प्रति मानवीय और संवेदनापूर्ण काम करेंगे जो चाहे आपके साथ काम कर रहे हों या न कर रहे हों. आप जो भी काम करेंगे, जिस भी क्षेत्र में काम करेंगे, पूरे जोश और जुनून के साथ, उत्कंठा के साथ ही करेंगे. आपके काम में आपको संतुष्टि मिले, कार्य का उचित प्रतिसाद भी मिले, जो न्यायपूर्ण हो. आपको जो भी भूमिका निभानी हो, छोटी या बड़ी, उससे लोगों का जीवन स्तर सुधरे, खासकर गाँव के लोगों का. वे एक हो या अनेक, ६ हों या ७० करोड़. मैं आशा करता हूँ कि आप जो कुछ भी करें,उससे लोगों का जीवन स्तर किसी न किसी रूप में ज़रूर सुधरे, प्रत्यक्ष तरीके से या अप्रत्यक्ष तरीके से. और इसी से देश विकास की राह पर आगे जा सकेगा.

"आपमें से अधिकांश लोग भविष्य में अपने काम में पूरी तरह डूब हो जायेंगे और व्यवसाय जगत में अत्यधिक तल्लीन हो जायेंगे. लेकिन याद रखिये कि आप केवल व्यवसाय जगत में ही नहीं जा रहे हैं,केवल उद्योग जगत के सहकर्मियों में ही नहीं, आप जा रहे हैं भारत भर में, दुनिया भर में. यहाँ आपको अपनी अमित छाप छोड़नी होगी ताकि दुनिया आपके दिए अभिदान को, आपके सहयोग को, आपके यो गदान को आनेवाली पीढियां भी देख सकें कि आपने उनके लिए क्या किया है"

साबुन से लेकर स्टील तक और नमक से लेकर नेनो तक बनानेवाले रतन टाटा का ख्वाब है कि उनके समूह में महिलाओं की भागीदारी बढाई जाए, खासकर इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्र में, और इसके लिए युवावस्था में ही उन्हें प्रबंधन में जगह देकर ट्रेनिंग दी जाए जिससे वे शीर्ष पदों पर पहुंचकर अपनी प्रतिभा का सिक्का जमा सके.
प्रकाश हिन्दुस्तानी


हिन्दुस्तान (1 -1- 2012) के एडिट पेज पर प्रकाशित