Showing posts with label best Hindi blogs. Show all posts
Showing posts with label best Hindi blogs. Show all posts

Saturday, December 13, 2014

अपराधों की रोकथाम में 100 नंबर का योगदान

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (10 मई 2014)


इंदौर पुलिस के अधिकारियों ने रात्रिकालीन शिफ्ट करने वाले जवान गणपत सिंह को निलंबित कर दिया है। जांच के बाद यह काम किया गया। गणपत सिंह पर आरोप यह था कि उसने अपराधों की रोकथाम में मदद की थी। गणपत सिंह जैसे और भी पुलिसकर्मी हो तो इंदौर में अपराध पूरी तरह खत्म हो सकते है। 

पिछले हफ्ते की बात है। बायपास के पास 60 लाख रुपए की ऑडी में एक शख्स अपनी पत्नी के साथ जा रहा था। रात के करीब डेढ़ बजे थे और उन सज्जन की कार पंक्चर हो गई। उन सज्जन ने वहां से गुजर रहे दो पुलिसकर्मियों को रोकने के कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके, क्योंकि कोई अपराध नहीं हुआ था। थोड़ी देर बाद वहां से 7-8 युवकों का झुण्ड मोटरसाइकिल पर निकला। कार वाले दम्पत्ति को लगा कि उनके साथ लूट हो सकती है। उन्होंने 100 नंबर पर फोन लगाया। पहले तो रिकॉर्डेड संदेश बजा कि इंदौर पुलिस आपका स्वागत करती है, लेकिन जब समस्या बताई गई तब पुलिसवाले ने कहा कि हां, बताइए। 

‘‘मैं बायपास के पास से बोल रहा हूं। मेरी वाइफ मेरे साथ है और मेरी गाड़ी पंक्चर हो गई है।’’ ‘‘तो क्या आपकी गाड़ी में स्टेपनी नहीं है? 8-8, 10-10 लाख गाड़ी में घूमते हो और स्टेपनी नहीं रखते हो?’’ ‘‘स्टेपनी तो है, लेकिन यहां बहुत अंधेरा है और डर भी लग रहा है’’ ‘‘अच्छा, टार्च क्यों नहीं रखते तुम? क्या चाहते हो?’’ ‘‘यहीं चाहते है कि कोई आ जाए तो हम अपनी गाड़ी की स्टेपनी बदल लें’’ ‘‘अच्छा, मैं अभी भेजता हूं, हमारे एसपी को। वह आकर तुम्हारी गाड़ी की स्टेपनी बदल देंगे’’ ‘‘नहीं मेरा मतलब यह नहीं है, यहां हमारे साथ कुछ हो जाए तो...’’ ‘‘नहीं-नहीं, एसपी साहब आ रहे है, स्टेपनी बदल देंगे’’। ‘‘कृपया आप अपना नाम बता दीजिए साहब?’’ ‘‘मेरा नाम जानना है तो 10 रुपए का रेवेन्यू स्टेम्प खरीद लो और सूचना के अधिकार में अर्जी लगा दो पता चल जाएगा। आ जाते है न जाने कहां-कहां से।’’

इस तरह के वार्तालाप के बाद कार चालक महोदय को एहसास हुआ कि वे भारत के इंदौर नामक शहर में है। जहां पुलिस का काम अपराध होने के बाद उसका पंजीकरण करना होता है। बहरहाल वह सज्जन प्रभावशाली थे। उनके मोबाइल में ऑटो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था थी। उन्होंने वह रिकॉर्डिंग कुछ पत्रकारों को भेजी जिन्होंने उसके आधार पर खबरें प्रकाशित कर दी। बाद में पुलिस के आला अधिकारियों ने जब रिकॉर्डिंग सुनी तो उन्हें लगा कि पुलिसकर्मी का जवाब न केवल असहयोगात्मक था बल्कि अभद्र और गैरजिम्मेदाराना भी। उसे निलंबित कर दिया गया। 

शिकायतकर्ता के मित्र कहते है कि उन्होंने कई गलतियां की। पहली तो यह कि पुलिस को फोन क्यों किया? क्या उनको यह नहीं पता था कि इंदौर पुलिस का रवैया वैâसा होता है? क्या उनको यह नहीं पता था कि आधी रात को पुलिस मुख्यालय में 100 नंबर के कॉल अटेंड करने वाला जागृत अवस्था और होश में रहता है? उन्होंने 100 नंबर फोन करके सहयोग की अपेक्षा ही क्यों की? वह यह कहते कि मेरे साथ लूट हो रही है, तब शायद पुलिस मामले को गंभीरता से लेती?

१०० नंबर एक ऐसा नंबर है जिसके बारे में गांव-गांव का बच्चा-बच्चा जानता है। अब कोई भी आदमी यहां फोन कर दें तो पुलिस का काम कितना बढ़ जाए। उस पुलिसकर्मी ने ठीक ही किया। अगर आपके पास कार है, तो स्टेपनी रखिए, टार्च भी रखिए। अगर आप का मकान है और आपको चोरी का डर है तो बंदूक रखिए और चौकीदार रखिए। अगर आपके घर में बहु-बेटियां है और उनकी सुरक्षा की चिंता आपको है तो उन्हें पर्दे में रखिए, घर के अंदर रखिए। एक जमाना था जब इंदौर में सराफा बाजार में पूरी रात रोनक रहती थी। अब पुलिस वाले ग्यारह-साढ़े ग्यारह बजे सराफा बंद कराने पहुंच जाते है। दुकान बंद, लोग बाग घरों में। पुलिस का काम आसान। अब अगर सिनेमाघर भी दस बजे बंद हो जाएं, रेले, बसें भी रात को चलना बंद हो जाए, तो पुलिस का काम कितना आसान हो जाएगा। जिसका माल, हिफाजत का जिम्मा उसी का। सीधा सा उसूल है। 
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (12 अप्रैल 2014)

चुनाव और मोहब्बत में सब जायज 

मोहब्बत और चुनाव सत्य है।  शादी तथा सरकार मिथ्या !

चुनाव और मोहब्बत में बहुत समानता है। दोनों के लिए वयस्क होना ज़रूरी है।  दोनों में कामयाबी पाना  आसान नहीं। दोनों में आदमी  संयोग से ही घुसता है।  दोनों में आदमी अपनी इच्छा से नहीं पड़ता, दोनों ही गले पड़नेवाली चीजें हैं; और गले पड़  जाए तो छूटती नहीं। दोनों में लोगों को नींद कहाँ आती है? दोनों में लोग तमाशाई होते हैं, मददगार नहीं। दोनों में सफलता स्थायी  नहीं होती। दोनों में पराजित होकर तो लोग दुखी होते ही हैं, जीतकर भी दुखी होते हैं। दोनों बहुत बड़ी जिम्मेदारी हैं। दोनों में अपने और पराये का भेद समझ में आ जाता है।  दोनों में चाँद तारे तोड़कर लाने की बात होती है  दोनों में वादों और दावों  का जोर होता है।  दोनों में वादाखिलाफी आम बात है। गर्ल फ्रेंड को भी फ़ोकट में मोबाइल चाहिए और वोटर को भी। चुनाव में हाथ की अंगुली पर पक्की स्याही लगाने का चलन है और सुहागन स्त्री की स्याही उसका सिन्दूर होता है जो मस्तक पर लगा रहता है। शादी के बिना मोहब्बत अधूरी और मतदान के बिना चुनाव। मोहब्बत के बाद शादी हो जाए तो घर में झगड़े होना कम्पलसरी होता है; वैसे ही चुनाव में सरकार बनानेवाली पार्टी के अंदर भी जूतमपैजार चलाती रहती है।  दोनों में डिप्लोमेसी चलती है और सबसे बड़ी बात --दोनों में हाँ का मतलब तो हाँ होता ही है; नहीं का मतलब भी हाँ होता है। 

जब प्रेमी कहता है - मैं तुम्हें यूं ही जीवन  भर प्रेम करूंगा तब उसका मतलब भी वैसा ही होता है जैसा चुनाव के घोषणा पत्र में लिखा होता है। किया तो किया, नहीं तो क्या कर लोगे? जब प्रेमी कहता है कि मैं तुम्हें ताउम्र  रानी बनाकर रखूंगा तो क्या उसका सचमुच यही मतलब होता है? जब  सरकार बनाने के लिए लाइन में लगी पार्टी कहती है कि है  कि हम  गरीबी हटाएंगे तो क्या उसका यही तात्पर्य होता है? जब कोई पार्टी कहती है कि आचार संहिता के कारण हम  घोषणा नहीं कर पा रहे हैं तो यह वैसा ही है जब लड़केवाले कहते हैं कि हमें दहेज़ में कुछ नहीं चाहिए। चाहते दोनों हैं, पर घोषणा नहीं करते।  यह 'नहीं' ही 'हाँ' होती है। 

चुनाव में उम्मीदवार जहाँ तहां से धन जुटाकर खर्च करता है. मोहब्बत में दीवाना सबके आगे कटोरा लिए खड़ा रहता है और मौका आने पर चोरी से भी बाज़ नहीं आता। चुनाव में कानाफूसी आम है, मोहब्बत में भी। चुनाव में जीत का सेहरा किसी के बजाए किसी और को बांध जाता है; मोहब्बत में यह आम बात है। चुनाव लोकतंत्र के लिए अहम् है और मोहब्बत जिंदगानी के लिए। 


मोहब्बत और चुनाव सत्य है।  शादी तथा सरकार मिथ्या !
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (5 अप्रैल 2014  को प्रकाशित)



ये चुनाव भी कोई चुनाव है लल्लू?

इंदौर में लोकसभा के लिए मतदान में तीन हफ्ते भी हैं, लेकिन अखबार और टीवी चैनल के अलावा कहीं माहौल ही नहीं है। एक वह जमाना था जब चुनाव के महीने-डेढ़ महीने पहले शोर-गुल शुरू हो जाता था। तांगे- ऑटो पर लाउड स्पीकर लग जाते थे, दिन-रात प्रचार चलता रहता था।  जीतेगा भाई जीतेगा...फलानेजी  संघर्ष करो, हम आपके साथ हैं... देश का नेता कैसा हो .... जैसा हो.... जैसे नारे जगह-जगह सुनने को मिलते थे।  बच्चे चुनाव प्रचार में ज्यादा धूम मचाते। तरह-तरह की टोपियां, बिल्ले, चुनाव चिह्न के कटआउट बंटते। घरों पर पार्टियों के झंडे लहराते दिखते। पार्टी कार्यकर्ताओं की इज्जत होती थी, उन्हें किंग मेकर समझा जाता था। पान की दुकानों और चाय की गुमटियों पर राजनैतिक ज्ञान की गंगा बहती रहती। काका जोगिन्दर सिंह (धरतीपकड़), कर्नाटक के एचपी रंगास्वामी, डॉ. सुबुद्धि की चर्चा हर जगह होती। इन महानुभावों ने कभी चुनाव नहीं जीता, उल्टे दर्जनों बार हर चुनाव में जमानत जब्त कराकर नाम कमाया था। जैसे इंदौर में सुमित्रा महाजन ने सात बार से हर बार चुनाव जीतकर रिकॉर्ड बनाया, वैसे ही डॉ. सुबुद्धि ने तो लगातार 23 बार लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़कर हर बार जमानत जब्त कराने का रेकॉर्ड बनाया। उनका चुनाव एजेंडा हर बार एक ही होता था- 60 साल से बड़े नेताओं के चुनाव लडऩे पर रोक और दो जगह से किसी भी उम्मीदवार के लडऩे पर प्रतिबंध।
   अब तो लग ही नहीं रहा कि आम चुनाव होने वाले हैं। चुनाव आयोग ने लाउड स्पीकरों पर प्रचार पहले ही बंद करा दिया था, अब तो हर गतिविधि पर उसकी निगाहें रहती हैं। टीवी देखो या और अखबार पढ़ो तभी लगता है कि चुनाव आने वाले हैं। होर्डिंग पर रोक, प्रचार पर रोक, रैलियों पर नियम, शराब बांटने पर रोक, वोटरों को घुमाने-फिराने पर रोक, अखबारों में विज्ञापनों पर रोक, पार्टी खिलाने पर कंट्रोल... अब क्या खाक मजा बचा चुनाव में? बची-खुची कसर इंदौर में बीजेपी की उम्मीदवार ने पूरी कर दी।  अब ये विरोधी पार्टी वाले उनको चुनाव में टक्कर देने की जगह बलि का बकरा तलाशेंगे तो वोटरों को क्या खाक मजा आएगा? सुमित्रा ताई की जीत तय मानी जा रही है और उधर इंदौर के सट्टा बाजारी मुंह लटकाए बैठे हैं। और तो और बेचारे कार्टूनिस्ट भी बोर हो गए हैं और पिछले चुनाव के कार्टून ही रिपीट कर रहे हैं। जब चुनाव में ही कुछ नया नहीं है तो नया कार्टून क्या बनाना? चुनाव आयोग का नारा है सारा काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। आपके वोट से सरकार बनती है। हां भाई बनती है, पर सरकार के लिए विरोधी पार्टी यानी विपक्ष का होना भी तो जरूरी है।  किसको जीतना है, ये तो तय है है फिर काहे को करें मारामारी? चुनाव आयोग ने कितना जनविरोधी काम किया है- मतदान रखवाया है 24 अप्रैल को, यानी गुरुवार को।  शनि या सोम को मतदान होता तो सलंग छुट्टी मिल जाती। 
--प्रकाश हिन्दुस्तानी ©2014
(5 अप्रैल 2014  को प्रकाशित)

ये मतवाले सलाहकार !

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (21 मई 2014)




कुछ दिन से ज्ञानचंद लोग बहुत बिज़ी हैं. चुनाव के आसपास उनका सीजन रहता है। वे ही सवाल खड़ा करते हैं और वे ही जवाब भी तैयार रखते हैं. जो पहले कहते थे कि एनडीए को बहुमत नहीं मिलेगा, अब कह रहे हैं--देखा ले आये न मोदी अपने  बूते पर भाजपा का बहुमत.
आजकल वे मोदी जी की चिंताओं को लेकर परेशान हैं. आज़ादी के बाद पैदा हुए सांसद ही मंत्री बनेंगे तो हमारी ताई का क्या होगा?  क्या वे स्पीकर के लिए मान  जायेंगी? पर वहां तो लालकृष्ण आडवाणी जी का नाम चल रहा है! अरे! सुषमा  स्वराज का नाम भी स्पीकर के वास्ते चल रहा है? ऐसा करना चाहिए कि पहले आडवाणी जी को स्पीकर बना देना चाहिए और बाद में प्रणब दा की जगह राष्ट्रपति !
अब ये ज्ञानचंद मोदी जी के टेंशन घर तक ले जा रहे हैं.  मोदी को मंत्रीमंडल में किस किस को लेना चाहिए और किस को नहीं. कुछ ज्ञानचंदों ने तो मंत्री बनाकर उनके विभागों का बंटवारा भी कर डाला.  जेटली वित्त मंत्रालय के लायक हैं या नहीं, राजनाथ को होम डिपार्टमेंट ठीक ही है। गडकरी को सडकों का अच्छा अनुभव है, भूतल परिवहन ठीक रहेगा. अमित शाह को यूपी में ही बिठाए रखना चाहिए, बन्दे में दम है.नहीं नहीं, शाह को तो होम मिनिस्टर बना दो
एक और ज्ञानचंद मंडली मोदी के विदेश मंत्रालय की कमान सभाले हुए है। पाकिस्तान के साथ यूं निपटना चाहिए। चीन को सुधारने का रास्ता ये है. ओबामा अबअफी मांगने आया समझो। जापान से तो मोदी जी के पुराने अच्छे सम्बन्ध हैं , पता है कि नहीं?
एक और ज्ञानचंद गंगा की सफाई पर चिंतित है। मोदी जी ने ज्यादा बोल दिया यार. गंगा साबरमती कैसे बन सकती है? गंगा की सफाई करने जायेंगे तो कानपुर के चमड़ा फैक्टरी वाले नाराज हो जायेंगे। वे कहेंगे कि मोदी ने  अल्पसंख्यकों को सताना शुरू कर दिया है। मोदी में  पोलिटिकल विल तो है पर वोट बैंक भी बड़ा मसाला है।
अब 26 को मोदी जी की शपथ हो जाएगी। मंत्री चुन लिए जाएंगे. ज्ञानचंद फिर नया टेंशन लेकर बिज़ी हो जायेंगे. अगली बार, फिर अगली अगली बार मोदी सरकार। बार बार मोदी सरकार।
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

Friday, December 12, 2014


कार्निवाल के देश में गुरिल्ला राष्ट्रपति



Posted by Picasa



जवानी में उन्होंने गुरिल्ला लड़ाई लड़ी, पकड़ी गयीं और सेना के टॉर्चर को सहा. तीन साल जेल में रहीं, रिहा हुई तो पढ़ाई करने की कोशिश की. पीएचडी करना चाही, पर न कर सकीं. अर्थशास्त्र की पढ़ाई की,
पर पीजी की डिग्री भी नहीं ले सकीं. ग्रीक थियेटर और डांस का शौक था, अधूरा रह गया. राजनीति में सक्रिय रहीं. एनर्जी मिनिस्टर बनीं. अच्छा काम किया. पहली दफा राष्ट्रपति पद की दावेदार रहीं और संघर्ष के बाद जीत गयीं. जी हाँ, आपने सही सोचा -- ये हैं ब्राज़ील की डिल्मा रौसेफ़. बुल्गारिया के प्रवासी की बेटी. चौदह की आयु में पिता को खो दिया, सोलह की होते-होते मार्क्सिस्ट एक्टिविस्ट बनीं. बीस की उम्र में शादी कर डाली. माँ बन सकीं तीस में, और शादी चल नहीं सकी. ब्राज़ील में फौजी तानाशाही के खिलाफ संघर्ष में जवानी खर्च कर डाली. तरह-तरह के जुल्म सहें, संघर्ष किये, घर-परिवार दांव पर लगा दिया और अंत में राजनीति में शिखर को छू लिया. वे अब फुटबाल और कार्निवाल, अमेजान और साम्बा के देश ब्राज़ील की पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में पहली जनवरी को शपथ लेंगी.

ब्राज़ील की राष्ट्रपति चुनी जानेवाली डिल्मा रौसेफ़ के बारे में उनके विरोधी कहते हैं कि तानाशाही के खिलाफ लड़नेवाली वे खुद तानाशाह जैसी हैं. --''वे बेहद लोकतांत्रिक हैं अगर आप उनसे सौ फीसदी सहमत रहें!'' यह कहा है उनके एक करीबी राजनैतिक सहयोगी ने. उनके मूड के बारे में कहा जाता है कि वे पल में तोला, पल में माशा हो जाती हैं. ''ऐसा लगता है कि वे हर हफ्ते अपने दिमाग की डिस्क की फार्मेटिंग करती है". तभी तो उन्होंने ब्राज़ील के अबोर्शन कानूनों का समर्थन किया, लेकिन कहा कि मैं 'प्रो-लाइफ' एक्टिविस्ट हूँ. उन्होंने 'गे मैरेज' का विरोध किया, लेकिन कहा कि वे समलैंगिक सिविल राइट्स की हिमायत करती हैं क्योंकि यह मानव अधिकारों से जुदा मामला है!

एकॉनमिस्ट के रूप में डिल्मा रौसेफ़ की चुनौतियां भी कम नहीं. अर्थ व्यवस्था मज़बूत करना है. जीडीपी ऊपर ले जाना है, गरीबी-अमीरी की खाई कम करना है, ब्राज़ील में भी बिजली की भारी कमी है, चीनी महंगी हैं, स्लम्स बढ़ गए हैं, शिक्षा-स्वास्थ्य-शांति की दरकार है. देशी-विदेशी क़र्ज़ का बोझ है, अपराध बहुत ज्यादा हैं. सरकार में अभी वे एकछत्र नेता नहीं हैं. पूरा चुनाव ही उन्होंने 'गरीब, कामगार और युवा' वोटरों को रिझाते हुए लड़ा और जीता है, अब वे उनकी ओर आस लगाये हैं.

डिल्मा रौसेफ़ का चुनाव लड़ना भी दिलचस्प रहा. उन्होंने युवा वोटरों को रिखाने के लिए सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट्स का जमकर उपयोग किया. रोजाना लाखों ट्विट्स उन के पक्ष में होते रहे. टेलीफोन पर वियतनाम वार पर फ़िल्म बनानेवाले अमेरिकी फिल्मकार ओलिवर स्टोन सहित अनेक देशों के पत्रकार, कलाकार, लेखक प्रचार में मदद करते रहे. ओलिवर स्टोन की टेप की गयी आवाज़ लोगों को डिल्मा रौसेफ़ के पक्ष में वोट डालने की अपील कर रही थी.

१४ दिसंबर १९४७ को जन्मी डिल्मा रौसेफ़ ने जीवन में कभी हार नहीं मानी. वे एक बेटी की माँ और बच्चे की नानी हैं. परिवार की चाहत में उन्हें दो बार शादी करना पड़ी. जीवन के उत्तरार्ध में उन्हें एक्सीलर लिम्फोमा नामक कैंसर से भी लड़ना पड़ा. कीमोथेरेपी के कारण उन्हें महीनों इलाज कराना पड़ा. जिस कारण उनके सर के बाल झड़ गए और वे विग के सहारे काम चलाती रहीं. हेयर रिप्लेसमेंट और कॉस्मो डेन्टेस्ट्री करानेवालीं डिल्मा रौसेफ़ का दिल फौलाद का है और यही उनकी खूबी है.
---प्रकाश हिन्दुस्तानी

(दैनिक हिन्दुस्तान, 07 नवंबर 2010 को प्रकाशित)

Tuesday, October 28, 2014

न्यूज़ चैनलों के प्रस्तावित नये नाम

'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम (25 अक्तूबर 2014)


....................................................................................................................................................................

जब सभी लोग सच जानते ही हैं तो फिर दिखावा किस बात का?
मेरी राय है कि भारतीय न्यूज़ चैनलों के नाम ऐसे होने चाहिए -- 
सच्चाई के करीब. 
  --अम्बानी न्यूज़   
  --अडाणी नाऊ 
  --बिड़ला टाइम 
  --लाइव लूट 
  --न्यूज़ एंटरटेनमेंट 
  --फेकू न्यूज़ 
  --चापलूस वर्ल्ड 
  --चरणस्पर्श टीवी 
  --नफे की दुनिया 
  --खाने तक 
   --चमचा इण्डिया 
  --ग्रेट 420 
   --लूट फोकस 
  --चोर एक्सप्रेस 
  --फ्रॉड ओके 
  --जोकर न्यूज़ 
  --भक्त चैनल 
  --फेक नेशन 
  --दलाल इण्डिया 
  --बिंदास चोर 
  --पॉलिटिकल प्लानेट 
  --टेंशन टीवी 
  --स्याह जगत 
  --खाना - पचाना 
  --वोट शॉप 18 

 --चोरी ओके 
.....................................................................................................................................................................
दो कारणों से न्यूज़ चैनलों के नाम बदलने की ज़रूरत है : 1. चैनलों के मालिक नियमित रूप से बदलने लगे हैं और 2. न्यूज़ चैनलों पर न्यूज़ के नाम पर जो तमाशा दिखाया जा रहा है, उस कारण भी नाम बदल दिए जाने चाहिए. अगर आप नियमित न्यूज़ चैनल देखते हों तो यह बताने और समझाने की कोई ज़रूरत नहीं है कि किस तरह की खबरों को कौन सा चैनल किस तरह से दिखाएगा. पुरानी फिल्मों में जैसे जगदीश राज और ए के हंगल इंस्पेक्टर के रोल में 'टाइप्ड' हो गये थे, वैसे ही हमारे पत्रकार और मीडिया के पंच लोग भी 'टाइप्ड' हो गये हैं, और उनके मुँह खोलने से पहले ही बताया जा सकता है कि किस मुद्दे पर कौन सा व्यक्ति क्या बोलेगा। ये मीडियाकर्मी सच्चाई से ज़्यादा अपनी वफ़ादारी को तरजीह देते हैं. एक दौर था जब प्रिंट मीडिया के एक हिस्से के लिए 'जूट प्रेस' शब्द का प्रयोग होता था क्योंकि उन अखबार समूह के मालिकों की जूट मिलें थीं और वे वहां से हुई कमाई को मीडिया के धंधे में लगा देते थे. अब ज्यादातर बड़े न्यूज़ चैनल चिट फण्ड कंपनियों द्वारा किये जा रहे हैं. इस तरह इसे 'चिट फण्ड मीडिया' कहा जा सकता है। ज्यादातर न्यूज़ चैनलों के नाम में 'इण्डिया', न्यूज़, टीवी, लोक, जन आदि शब्द जुड़े हैं और कई के नाम में 24, 7, 18 आदि। होना यह चाहिए था कि इण्डिया, लोक, जन, न्यूज़ सीधे सीधे पर चैनल होते जैसे -- अम्बानी टीवी, अडाणी टीवी, बिड़ला टीवी, भक्त चैनल आदि आदि और 24, 7, 18 आदि की जगह एक ही शब्द होना था 420 चैनल। मैं अपनी निजी योग्यता, अनुभव और दायित्व के आधार पर न्यूज़ चैनलों के कुछ नए नाम प्रस्तावित कर रहा हूँ. (जरूरी नहीं कि आप उससे सहमत हों ही.) --अम्बानी न्यूज़ --अडाणी नाऊ --बिड़ला टाइम --लाइव लूट --न्यूज़ एंटरटेनमेंट --फेकू न्यूज़ --चापलूस वर्ल्ड --चरणस्पर्श टीवी --नफे की दुनिया --खाने तक --चमचा इण्डिया --ग्रेट 420 --लूट फोकस --चोर एक्सप्रेस --फ्रॉड ओके --जोकर न्यूज़ --भक्त चैनल --फेक नेशन --दलाल इण्डिया --बिंदास चोर --पॉलिटिकल प्लानेट --टेंशन टीवी --स्याह जगत --खाना - पचाना --वोट शॉप 18 --चोरी ओके ........ अगर आप कोई नया न्यूज़ चैनल शुरू करने जा रहे हों तो इनमें से कोई भी नाम रजिस्टर करा सकते हैं. मेरा दावा है कि ये नाम सच्चाई करीब होने से जल्दी ही टीआरपी बटोरकर ले जाएंगे। Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

Tuesday, October 21, 2014

जिनको खड़ा नहीं होना चाहिए था ...... !

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (26 अप्रैल 2014)

जिनको खड़ा नहीं होना चाहिए था ...... !




इस चुनाव में बड़ी गड़बड़ी हो गई है. जिनको खड़ा नहीं होना चाहिए था, वे खड़े हो गए और जिनको घर बैठना था, वे दर दर वोट मांग रहे। यह हाल पूरे देश का है. अगर मेरे मनपसंद ये उम्मीदवार मैदान में होते तो चुनाव कितना दिलचस्प, रोमांटिक और ग्लैमरस हो जाता। अब आप ही बताइये--मैं ऐसी कौन सी गलत अपेक्षा रख रहा हूँ?

टोंक -सवाई माधोपुर से अजहरुद्दीन मैदान में क्यों हैं? संगीता बिजलानी क्यों नहीं? मथुरा से बसंती यानी हेमा क्यों चुनाव लड़ रही हैं-ऐशा या आहना क्यों नहीं? मुनमुन सेन क्यों  काली होने के लिए धूप में धूम रही हैं, जबकि उनकी दो दो जवान बेटियां यह काम अच्छी तरह कर सकती थीं। राइमा सेन आ जातीं, रिया सेन आ जातीं। राहुल गांधी मैदान संभाले हुए हैं; कल्पना कीजिये अगर उनकी बहन प्रियंका मैदान में होतीं तो माहौल कैसा होता! राखी सावंत चुनाव लड़ सकती हैं तो बेचारी सनी नियोनी ने क्या बिगाड़ा था? सनी को ज्यादा वोट मिल जाते, इसकी गारंटी महेश भट्ट ले सकते हैं।शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा के उम्मीदवार हैं, जो बीते 20 साल से अफवाह उड़वाते  रहते हैं कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री वे ही होंगे। 20 साल में तो उनकी बेटी सोनाक्षी हीरोइन बन गई और तमाम बुड्ढे हीरो जैसे अक्षय कुमार, सलमान खान,अजय देवगन आदि की फिल्मों में टेका लगा रही हैं।बेचारे शत्रुघ्न को भी सहारा मिल जाता . अगर शत्रुघ्न की जगह सोनाक्षी का नाम उम्मीदवारी में होता तो मजा आ जाता। स्मृति ईरानी अब बहू से आंटी बन गई हैं, अगर टीवी कलाकार को ही लड़ना था तो सारा खान आ जातीं, प्रत्यूषा बनर्जी आ जातीं,करिश्मा तन्ना आ जातीं।  और कोई नहीं तो तारक मेहता वाली बबिताजी  यानी मुनमुन दत्ता आ जातीं, या फिर श्वेता साल्वे या मंदिरा बेदी क्या बुरी थीं? पर क्या कहें इन नेताओं को? इनमें कोई एस्थेटिक सेंस बचा है क्या? 

गुल पनाग को खड़ा कर डाला, बोले भूतपूर्व मिस इण्डिया है। तो फिर भूतपूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या पर दांव लगाते. उसके तो सास - ससुर सब सांसद रह चुके हैं, बहू भी संसद में घूम आतीं। किसी का क्या चला जाता? यूं  भी सास से बनती नहीं है, बहस करना तो सीख ही गई होंगी।  सही रहता।  मनोज तिवारी, हेमंत बिरजे, कमाल खान कमाल, पिछली शताब्दी के हीरो विश्वजीत, किरण खेर, जावेद जाफरी,बप्पी लाहिड़ी, विनोद खन्ना आदि फुस्सी बमों की जगह एटम बमों, फुलझड़ियों, खिलते अनारों को मौका मिलता तो हमारा यह महान लोकतंत्र कहाँ जा पहुंचता? 

ये बात ठीक है कि  शाजिया इल्मी के पास मर्सीडीज़ गाड़ी है, पर टीवी  में तो एक से बढकर हीरोइन हैं।  किसी को भी दे    देते अंबिका आनंद या आभा सराफ़; श्वेता सिंह या सिक्ता देव; अफशा अंजुम या अवन्तिका सिंह; आरती पाठक या आफरीन क़िदवाई; अंजना कश्यप या शिरीन भान;बरखा दत्त या अलका सक्सेना; मिताली मुखर्जी या निधि राज़दान; निधि कुलपति या पाल्की उपाध्याय; रितुल  जोशी या ऋचा अनिरूद्ध; सुरभि भूटानी या अंकिता बेनर्जी; ऋतु वर्मा या आरफ़ा ख़ानम; ज्योतिका ग्रोवर या मोनीषा ओबेरॉय; सागरिका घोष या सोनिया वर्मा;सलमा सुल्तान या अविनाश कौर सरीन; सरला माहेश्वरी या वीना सहाय; कोई भी बेहतर ही होता। अगर किसी रेडियो  जॉकी  को भी मौका दे देते तो सोने  होता!

मेरी चिंता ग़लत  लोगों को टिकट को  है। लेकिन मैं  भी पक्का लोकतंत्रवादी हूँ। आशा छोड़नेवाला नहीं।  हूँ कि लोकसभा के  लोगों और लुगाइयों को ही मिलेंगे. आमीन !
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

कहां मध्यप्रदेश, कहां हरियाणा?

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (05 जुलाई 2014)



हमारा मध्यप्रदेश उस बीपीएल परिवार की तरह है, जिसमें खाने के लाले पड़ते हैं, लेकिन शादी-ब्याह का जश्न बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। प्रदेश की हालत चाहे जो हो, सरकारी आयोजनों में करोड़ों रुपए खर्च करना सामान्य बात है। प्रतिव्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से कम होने के बावजूद मध्यप्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों पर सर्वाधिक टैक्स है। बजट पेश करते हुए वित्तमंत्री जयंत मलैया इस पर कुछ नहीं कहते और बाद में जब पत्रकार पूछते हैं तब कहते हैं कि केन्द्र सरकार के बजट के बाद इस पर विचार होगा। शब्दों पर गौर करें 'इस पर विचार होगाÓ। उन्होंने यह नहीं कहा कि मध्यप्रदेश में पेट्रो पदार्थ सस्ते किए जाएंगे। विचार होगा और विचार तो किया ही जाता है, यह थोड़ी कहा कि बजट के बाद मध्यप्रदेश में भी गोवा जैसे टैक्स कम कर दिए जाएंगे। 

मध्यप्रदेश सरकार का सारा तामझाम प्रचार-प्रसार और आयोजनों में ही नजर आता है। आम आदमी तक सरकारी योजनाएं कितनी पहुंचती होंगी, इसका अंदाज भी हमारे नेताओं को शायद नहीं है। मध्यप्रदेश कल्याणकारी राज्य तो शायद नहीं बन पाया, लेकिन प्रचार बहुत हो रहा है। पिछले दिनों हरियाणा जाना हुआ, तो यह जानकर आश्चर्य हुआ कि अकेले हरियाणा में 250 से ज्यादा एमएनसी (मल्टी नेशनल कॉर्पोरेशन) हैं। हरियाणा में किसानों को 10 पैसे यूनिट में बिजली मिलती है। कोई किसान या मजदूर दुर्घटना में मर जाए तो उसके परिवार को 5 लाख रुपया मिलता है। शहरों की तरह गांवों में भी सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं। मध्यप्रदेश से लगभग 3 गुना ज्यादा प्रतिव्यक्ति आय वहां पर है। पिछले 5 साल में 6 नई रेल लाइनें बिछना शुरू हुईं। एक रेलवे कोच फैक्टरी भी बन रही है। साइबर सिटी, मेडिसिटी, मॉल हरियाणा की पहचान बन गए हैं। पिछले पांच साल में नौगुना निवेश इस राज्य में बढ़ा। 2 साल में पंद्रह हजार करोड़ डॉलर का निवेश उद्योग धंधों में हुआ। देश में बनने वाले 50 प्रतिशत ट्रैक्टर, करीब 60 प्रतिशत कारें, 60 प्रतिशत दोपहिया वाहन, 50 प्रतिशत फ्रिज हरियाणा में बनते हैं। हरियाणा में महिलाओं का एक मेडिकल कॉलेज है। एज्युकेशन सिटी इस प्रदेश में है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हरियाणा में 96 प्रतिशत लोग पक्के घरों में रहते हैं, केवल 4 प्रतिशत लोग ही हैं, जिन्हें पक्के मकानों की छत उपलब्ध नहीं है। देश का सबसे ज्यादा बासमती चावल यही राज्य उत्पादित करता है और निर्यात करता है। प्रतिव्यक्ति दूध की उपलब्धता पौन लीटर है। दुधारू पशु की मौत हो जाए तो सरकार 50 हजार रुपए तक मुआवजा देती है। पिछले दिनों यहां एक दुधारू मुर्राह भैंस 25 लाख रुपए में बिकी थी। वहां सड़कों के किनारे गुजरो तो बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज और ऑडी कारें नजर आना सामान्य बात है। सड़क किनारे के ढाबों पर आप दाल-मखानी से लेकर पिज्जा-बर्गर तक खा सकते हैं। लोटो और एडीडास के जूते गुमटियों से खरीद सकते हैं। 

हरियाणा में वृद्धों को 1000 रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलती है (मध्यप्रदेश में 300 रुपए देने का प्रावधान है)। अगर आप सेना में हैं और परमवीर चक्र जीतते हैं तो हरियाणा सरकार 2 करोड़ रुपए देती है। हरियाणा में भोजन का अधिकार सबसे पहले लागू किया गया है। हरियाणा में 20 लाख बच्चे 600 रुपए महीना पेंशन पाते हैं। खेलों में 'पदक लाओ, पद पाओÓ योजना लागू है। यानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपने कोई पदक जीता, तो सरकारी नौकरी पक्की। करीब 500 खिलाडिय़ों को इस योजना में नौकरी मिली हुई है। अजा-अजजा के लोगों को पानी मुफ्त में दिया जाता है और 200 लीटर की टंकी भी मुफ्त दी गई है। विधवा की बेटी की शादी पर सरकार 31000 रुपए की मदद करती है। किसानों के सारे कर्ज माफ हैं। किसानों की गिरफ्तारी नहीं हो सकती और न ही किसी किसान को हथकड़ी लग        सकती है। 

मध्यप्रदेश वाले अभी भी आदिवासी राज्य का ही रोना रोते हैं, जबकि बात नीयत की है। इतनी जमीन, इतने खनिज, इतने वन मध्यप्रदेश में हैं और हम उनका दोहन नहीं कर पा रहे हैं। विकास से ज्यादा विकास का दिखावा करना हमारा शगल है। कृषि प्रधान मध्यप्रदेश में हर जिले में कृषि विश्वविद्यालय क्यों नहीं खोले जाना चाहिए? जिले को छोड़ो, संभाग में ही खोल दो। यही हाल पशु चिकित्सा महाविद्यालय का है। हम अपने पशु धन का संवर्धन नहीं कर पा रहे हैं। मानव आबादी बढ़ती जा रही है और पशु धन घटता जा रहा है। कृषि में हमारी ग्रोथ इन्द्र देवता और नर्मदा मैया के भरोसे ज्यादा है। हमारे अपने बाहुबल और इच्छाशक्ति में कहीं कमजोरी है।
मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश की बातें करने वाले जरा आस-पास के राज्यों में भी देख लें। गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान तो हमारे पड़ोसी हैं। वहां भी यही कानून है, जो हमारे प्रदेश में है। फिर ऐसा क्यों कि वहां विकास ज्यादा तेज हो रहा है? गोवा, हिमाचल, केरल, पंजाब जैसे राज्यों से भी मध्यप्रदेश बहुत कुछ सीख सकता है। बस, एक बार पुनरावलोकन जरूरी है। 
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (05 जुलाई 2014)

Saturday, September 20, 2014

वेबदुनिया के सौ टंच खरे 15 साल



23 सितंबर को हिन्दी का पहला पोर्टल www.webdunia.com 15 साल का हो रहा है. इसके संस्थापक-संपादक के रूप में मेरी शुभकामनाएँ. 





वेबदुनिया और हिन्दी एक दूसरे के पर्याय- प्रकाश हिन्दुस्तानी





शुक्रवार, 19 सितम्बर 2014 (18:58 IST)




वरिष्ठ पत्रकार और वेबदुनिया के पहले संपादक प्रकाश हिन्दुस्तानी ने कहा कि 23 सितंबर 1999 को शुरु हुआ इसका सफर अपने आप में विलक्षण रहा है। वेबदुनिया ने अपने 15 साल के सफर में बहुत उपलब्धियां भी हासिल की हैं। आज के दौर में यह पोर्टल कई देशों में हिन्दी का पर्याय बन गया है।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट वह माध्यम है, जिसमें प्रिंट की भी खूबियां हैं और टेलीविजन की भी। हालांकि शुरुआती दौर में तो इंटरनेट की कनेक्टिविटी बहुत कम होती थी। मोबाइल भी गिने-चुने थे। मोबाइल पर इंटरनेट होता नहीं था। मगर चीजें तेजी से बदली हैं। इसका फायदा वेबदुनिया को और उसके पाठकों को भी होगा।

वीडियो देखने के लिए क्लिक करें...
http://www.youtube.com/watch?v=2B6xS59D5Yc

हिन्दुस्तानी ने कहा कि अब आश्चर्य होता है कि जो काम आज अमेजोन कर रहा है, वह वेबदुनिया पहले ही कर चुका है। इस दौर में बहुत सारे दबाव और लाचल भी रहे कि आप हिन्दी या अन्य भारतीय भाषाएं छोड़ दें और अंग्रेजी को अपना लें या दूसरी यूरोपीय भाषा अपना लें तो ज्यादा कमाई सकते हैं, लेकिन वेबदुनिया के प्रबंधकों की यह नीति सराहनीय कही जाएगी कि उन्होंने हिन्दी और अन्य भारतीय भाषाओं का दामन नहीं छोड़ा। आज दुनिया के कई देशों में वेबदुनिया और हिन्हीं एक दूसरे के पर्याय हैं।

वेबदुनिया ने अपने 15 साल के सफर में बहुत उपलब्धियां हासिल की हैं और अभी और भी करना है। वेबदुनिया एक सशक्त मंच बनकर उभरा है, जो भारतीय भाषाओं का झंडाबरदार है। मैं वेबदुनिया और उसके लाखों पाठकों को इसके लिए शुभाकामनाएं देता हूं।

Saturday, September 13, 2014

सेलेब्रिटी लोगन का आइस बकेट का 'खेल' !

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (13 सितम्बर   2014)

आम अमेरिकी खुद को मस्त मौला और लोगों की मदद करनेवाला दिखाता है, लेकिन ऐसा है नहीं। भारतीयों ने उनके 'आइस बकेट चैलेन्ज' को 'राइस बकेट चैलेन्ज ' बनाकर इस फर्जी सेवा अभियान की हवा निकाल दी। ए. एल. एस. ( अम्योट्रोफिक लेटरल स्क्लेरोसिस ) नामक बीमारी के खिलाफ अभियान चलाने के नाम पर  'एएलएस  आइस बकेट' की धूम मच रही थी। पिछले साल तक 'कोल्ड वाटर बकेट' नाम  चल रहा था जिसका मकसद कैंसर रोगियों की मदद का था पर 30 जून 2014 से यह खेल मीडिया के प्रभाव में आकर आइस वाटर बकेट बन गया।  

खेल  का नियम यह था कि  कोई भी शख़्स खेल को खेलने ( अपने सर पर बर्फीले  पानी की बाल्टी उंडेलने) की चुनौती स्वीकार करेगा और उसका वीडियो रेकार्ड बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर किसी दूसरे को चुनौती देगा कि वह  ऐसा ही करे। चुनौती स्वीकारी तो 10 डॉलर और नहीं स्वीकारी तो 100 डॉलर के बराबर धनराशि अमेरिका के  एएलएस फाउंडेशन को दान देगा। बिल गेट्स, मार्क जकरबर्ग, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला,  हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट डाउनी जूनियर, टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच, लेडी गागा,  जस्टिन बीबर और फुटबॉलर रोनाल्डो जैसी हस्तियां जब यह कर चुकी तो हमारे यहाँ भी नक़ल होने लगी.  सनी लिओनी, सानिया मिर्ज़ा, महेश भूपति, रितेश देशमुख, युवराज सिंह, अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, पुलकित सम्राट आदि  ने यह खेल खेला। जब दक्षिण भारत  के कुछ युवाओं को इसकी सचाई पता चली तब उन्होंने इसे 'राइस बकेट' नाम देकर चावल दान देना शुरू कर दिया।  'आइस बकेट' की हवा निकल गयी। 

'आइस बकेट चैलेन्ज' के नाम पर अब तक 100 मिलियन डॉलर (10 करोड़ डॉलर अथवा 600 करोड़ रुपए से अधिक) जमा हो चुके हैं. 

यह सारी धनराशि  एएलएस फाउंडेशन को मिली है।  लेकिन  सोच रहे  हैं कि इसका लाभ  एएलएस मरीजों को होनेवाला है, तो आप गलत हैं। अमेरिकी एनजीओ भी फैशन और दिखावे पर  खर्च ज्यादा करते हैं। इस पूरे धन का  चौथाई यानी 27 प्रतिशत ही बीमारी के लिए जाएगा, 73 प्रतिशत दूसरे मद में खर्च होंगे। 

31 जनवरी 2014 को समाप्त हुए वर्ष में एएलएस फाउंडेशन का  खर्च चौंकानेवाला है। इस संस्था ने  73 प्रतिशत धन गैर चिकित्सा  लगाया है। जितना धन इसने मरीजों के लिए खर्च किया लगभग उतना ही (21 प्रतिशत) प्रशासकीय और धन संग्रह के मद में उड़ा  दिया। कम्युनिटी सेवा के नाम पर 19 प्रतिशत और शिक्षा व जागृति के बहाने 32 प्रतिशत धन हवा कर दिया। इसके सीईओ को 2 करोड़ सालाना दिए जा रहे हैं और उसके  बाद के 10 अधिकारीयों को  75 लाख से 125 लाख रुपए मिल रहे हैं। इनके नीचे सैकड़ों कर्मचारी हैं, जिनमें से कई तो शायद ही कोई काम करते हों, लेकिन वेतन के नाम पर लाखों वसूल रहे हैं। पी आर, फाइनेंस, प्लानिंग, पब्लिसिटी, लीगल आदि विभाग हैं, जिनके दफ्तर का खर्च करोड़ों में है। 

भारत का हाल तो हमें पता ही है, लेकिन अमेरिका में भी हाल अच्छा  नहीं है। यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल ऐड और ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल ने ऐसे भ्रष्टाचार को रोकने के लिए एंटी फ्रॉड ऑनलाइन सेवा शुरू की है. इसकी ज़रुरत पड़ी होगी? भारत में ऐसे करीब 15 एनजीओ हैं जिन्हें 60 करोड़ से 230 करोड़ की मदद हर साल विदेश से मिलती है। इनमें ज्यादातर केरल, तमिलनाडु, सीमांध्र, पश्चिम  बंगाल और दिल्ली के हैं। ऐसा लगता है की सेवा के नाम पर मेवा खानेवाले पूरी दुनिया में बराबरी से फैले  हैं। 
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (13 सितम्बर   2014)

Monday, August 25, 2014

39 साल से धधक रहे हैं शोले


वीकेंड पोस्ट (23 अगस्त  2014)
.................................................................................................................................................













15 अगस्त1975 को रिलीज हुई शोले ढाई साल में बनी। 3 अक्टूबर1973 से इस फिल्म की शूटिंग शुरु हुई थी और यह अपने समय की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल थी। उस समय इस फिल्म की लागत करीब ३ करोड़ रुपए आई थी और इसने रिकॉर्ड कारोबार किया। पांच साल तक एक ही थिएटर में लगातार प्रदर्शन का रिकॉर्ड भी इस फिल्म के नाम है। इस फिल्म के कई कलाकार अब इस दुनिया में नहीं है। कई कलाकारों के बच्चे फिल्मी दुनिया पर राज कर रहे है। कई कलाकारों ने इस फिल्म से पहचान बनाई और कई कलाकार केवल इस फिल्म के कारण ही जाने-पहचाने जा रहे है।

हर फिल्म की तरह शोले की भी अलग कहानी है। यह कहानी फिल्म की कहानी नहीं बल्कि इस फिल्म के निर्माण की कहानी है। अंग्रेजी से अनेक फिल्मों से प्रेरित इस फिल्म की कहानी बेहद दिलचस्प है और इसकी खास बात यह है कि फिल्म का हर चरित्र अपने आप में बेमिसाल है। यह फिल्म अपने संवादों के कारण तो चर्चा में रही ही है। हिंसा, कॉमेडी और ट्रेजडी के दृश्यों के लिए भी यादगार मानी जाती है। डाकूप्रधान फिल्म होते हुए भी इसमें रोमांस का पुट था। शोले को अंग्रेजी की फिल्में वन्स ए टाइम इन द वेस्ट, द गुड द बेड एण्ड द अगली, ए फिस्ट फुल ऑफ डॉलर्स, फॉर ए फ्यू डॉलर्स आदि से प्रेरित बताया जाता है। कुल मिलाकर यह फिल्म चूँ चूँ का मुरब्बा थी, जिसे बेहतरीन निर्देशन, अभिनय, डायलॉग, गीतों और प्रस्तुति ने यादगार बना दिया। 

बहुत छोटी-सी कहानी थी इस फिल्म की। रामगढ़ के ठाकुर बलदेव सिंह ने एक डाकू सरगना को पकड़ जेल में डलवाया, जो जेल से फरार होने के बाद ठाकुर परिवार को बर्बाद करने पर आमादा था। उसने ठाकुर के परिवार के पुरुष सदस्यों को जान से मार दिया और खुद ठाकुर के दोनों हाथ काट दिए। ठाकुर डाकू से बदला लेने के लिए दो चोरों की मदद लेता है और अंत में डावूâ को पुलिस के हवाले करने में सफल होता है।

शोले की जो मूल कहानी लिखी गई थी उसमें ठाकुर पुलिस इंस्पेक्ेटर न होकर सैनिक अधिकारी रहता है और वह अपने परिवार पर हुए हमले का जवाब दो रिटायर्ड फौजी जवानों की मदद से देता है, लेकिन इस कहानी और फिल्म बनाने में दिक्कत थी, क्योंकि फौजियों के दृश्य शूट करना मुश्किल काम था और इसके लिए बहुत सी अनुमतियां जरुरी थी। मूल कहानी मेंं अंत में ठाकुर डावूâ को तड़पा-तड़पा कर मार डालता है। शोले में भी यहीं क्लाइमेक्स शूट किया गया था, लेकिन सेंसर बोर्ड की आपत्ति के कारण डावूâ गब्बर को पुलिस के हवाले कर दिया जाता है। विदेश में प्रदर्शित फिल्म शोले भारत में प्रदर्शित फिल्म से थोड़ी अलग थी, क्योंकि वहां गब्बर की मौत के दृश्य फिल्म में दिखाए गए थे। 

जब शोले रिलीज हुई थी तब शुरु के तीन-चार दिनों में दर्शकों का रिस्पांस अच्छा नहीं था। फिल्म के निर्माता निर्देशक रमेश सिप्पी चिंता में पड़ गए। लगा कि 70 एमएम का प्रचार, करोड़ों की फिल्म, मल्टी स्टार कास्ट, फिल्म के संवादों के कैसेट्सकी बिक्री, पूरे देश में धुआंधार प्रचार आदि के बाद भी फिल्म को रिस्पांस नहीं मिला, तो जरूर कुछ गड़बड़ रही होगी। 1975 में ही लगी अमिताभ बच्ची की दीवार सुपरहिट रही थी। दीवार फिल्म में अमिताभ बच्चन की मौत हो जाती है और शोले में भी। सिप्पी साहब को लगा कि शायद दर्शकों को अमिताभ की मौत पसंद नहीं आई। विचार किया गया कि फिल्म का क्लाइमेक्स बदला जाए और अमिताभ बच्चन को अंत तक जीवित ही दिखाया जाए। जब इस बारे में फिल्म के लेखक सलीम और जावेद से बात की गई तो पहले वे नहीं माने, लेकिन बाद में किसी तरह तैयार हुए। फिल्म की शूटिंग आनन-फानन में करके फिल्म का अंत बदलने की योजना बनी, लेकिन उस पर अमल हो पाता इसके पहले ही बॉक्स ऑफिस पर भीड़ जुटने लगी और इससे फिल्म के निर्माता, निर्देशक का हौंसला बढ़ा। फिल्म का क्लाइमेक्स बदलने का इरादा टाल दिया गया और ाqफर जो कुछ भी हुआ वह इतिहास है। 

शोले को फिल्मफेअर के 9 अवॉर्ड एकसाथ मिले। बीबीसी इंडिया ने शोले को शताब्दी की महान फिल्म करार दिया। साथ ही इसे बॉलीवुड की टॉप 10 फिल्मों में शामिल किया। पंचासवें फिल्म पेâयर अवार्ड समारोह में 50 वर्ष की फिल्मों में से एक सबसे चर्चित फिल्म को ईनाम दिया गया और वह फिल्म थी शोले। एचएमवी  ने शोले फिल्म के संवादों की वैâसेट बेचकर लाखों रुपए कमाए। इसके पहले किसी फिल्म के संवादों केकैसेट्स इस तरह न तो बने और न बिके। शोले को कितने अवार्ड मिले इसका हिसाब लगाना ही एक कठिन काम है। इस फिल्म में हर विधा में अवार्ड जीते है। 

कर्नाटक में बैंगलोर के पास रामनगर में आज भी पर्यटकों को घूमाने ले जा रहे गाइड यह बताने से नहीं हिचकते कि रामनगर की इन्हीं पहाड़ियों में शोले फिल्म की शूटिंग हुई थी। शोले का रामगढ़ रामनगर के पास ही बसाया गया था। शूटिंग के लिए रामगढ़ तक सड़क बना दी गई थी। शोले में दिखाए गए जेल के दृश्य मुंबई के राजकमल स्टुडियों में फिल्माए गए। रामनगर के फिल्मी सेट को लोग अब तक सिप्पी नगर के रूप में याद करते है। जिन चट्टानों के आसपास गब्बर सिंह का डेरा था उसे लोग शोले रोक्स के नाम से जानते है। 

शोले फिल्म का पहला शॉट अमिताभ बच्चन और जया बच्चन के साथ फिल्माया गया था। तब जया बच्चन गर्भवती थी और श्वेता उनके पेट में थी। इसीलिए जया के लिए ऐसे दृश्य लिखे गए थे जिनमें उन्हें ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़े और कैमरा  उनके चेहरे पर ज्यादा समय केन्द्रित रहे। शोले में राधा बनी जया बच्चन के दो दृश्य है जिनमें वे शाम होने पर लालटेन जलाती है। इन दो दृश्यों को फिल्माने में निर्देशक को 20 दिन लग गए, क्योंकि रात होने के पहले लालटेन जलाना जरूरी था और दिन में लालटेन जलाई नहीं जा सकती थी। निर्माता व निर्देशक ने परफैक्ट  बनाने के लिए दृश्यों पर बहुत मेहनत की। जैसे पांच मिनिट का गाना ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे तीन सप्ताह में फिल्माया गया। गब्बर बने अमजद खान द्वारा इमाम बने एके हंगल की हत्या का दृश्य 21 दिन में फिल्माया गया। फिल्म में दिखाया गया शुरुआती ट्रेन लूटने का दृश्य मुंबई-पुणे रेलवे रूट पर पनवेल के पास फिल्माया गया, जिसमें7 सप्ताह लगे। 

जब शोले बनना शुरू हुई थी, तब किसी को अंदाज नहीं था कि यह एक ऐतिहासिक फिल्म होगी। इस फिल्म को लेकर कलाकारों के मन में भी एक जैसा उत्साह नहीं था। कहते है कि केवल अमिताभ बच्चन ही इस फिल्म की कामयाबी के बारे में आश्वस्त थे और अमिताभ ने काफी तिकड़में करने के बाद इस फिल्म का रोल पाया था। इस फिल्म में बने गब्बर सिंह का रोल अमजद खान के बजाय डेनी डेंग्जोप्पा को दिया गया था, लेकिन वे फिरोज खान की फिल्म धर्मात्मा की शूटिंग में अफगानिस्तान में व्यस्थ थे और उन्हें लगा कि धर्मात्मा शोले से बेहतर और सफल फिल्म साबित होगी। धर्मेन्द्र को इस फिल्म में ठाकुर का रोल दिया गया था और संजीव कुमार को धर्मेन्द्र की जगह वीरू बनना था। धर्मेन्द्र किसी भी कीमत पर वीरू का रोल छोड़ना नहीं चाहते थे। आखिर उन्होंने किसी तरह वीरू का रोल पा लिया। जय की भूमिका में अमिताभ की जगह शत्रुघ्न सिन्हा का नाम था। यहां अमिताभ ने किसी तरह यह रोल अपनी झोली में डाला, यहां शत्रुघ्न सिन्हा ने बहुत उत्साह नहीं दिखाया था। शोले के पहले मुझे जीने दो नामक डावूâ प्रधान फिल्म बहुप्रचारित की गई थी, लेकिन उसे दर्शकों का रिस्पांस नहीं मिला। शत्रुघ्न सिन्हा को लगा कि यह भी डावूâ की ही एक ओर फिल्म होगी। इस फिल्म में खलनायक प्राण के लिए भी  एक रोल रखा गया था। पहले यह माना गया कि ठाकुर का रोल प्राण बेहतर कर पाएंगे, लेकिन संजीव कुमार ने किसी तरह यह भूमिका अपने खाते में की। ठाकुर की भूमिका महत्वपूर्ण इसलिए थी कि इसमें एक्टिंग के जौहर दिखाने का पूरा मौका था। दोनों हाथ कटे ठाकुर को जो कुछ कहना था अपने चेहरे के हाव-भाव से ही कहना था। संजीव कुमार इस भूमिका में एकदम खरे उतरे। ठाकुर का रोल एक उम्रदराज व्यक्ति का रोल था और यहीं कारण था कि हेमा मालिनी के पीछे लट्टू हुए धर्मेन्द्र ने ठाकुर के बजाय वीरू का रोल पाने में पूरी ताकत लगा दी थी। 

शोले फिल्म को दर्शकों ने बहुत पसंद किया। शोले के साथ ही एक ही फिल्म को बार-बार देखने का ट्रेंड चला। ऐसे लाखों दर्शक है जिन्होंने शोले को कई-कई बार देखा। लाखों दर्शकों को शोले के डायलॉग जस के तस याद है। निर्देशक ने भी एक-एक प्रेâम को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। डाकूप्रधान फिल्म होते हुए भी इस फिल्म में नाटक, रोमांस, ट्रेजडी, कॉमेडी और हिंसा का पुट मिलता है। फिल्म के एक दृश्य को फिल्माने के लिए निर्देशक रमेश सिप्पी ने 19 दिन तक मेहनत की। यह दृश्य था इमाम की हत्या का। हत्या के पाशविक दृश्य में पृष्ठभूमि में बनी मस्जिद से अजान की ध्वनि सुनाई देती है जो उस पूरे दृश्य का प्रभाव कई-कई गुना बढ़ा देती है। परपेâक्शन की कोशिश में ३ शब्दों का एक डायलॉग ‘कितने आदमी थे?’ 40 रीटेक के बाद फायनल किया गया। फिल्म में संजीव कुमार, धर्मेन्द्र, अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, जया बच्चन, अमजद खान आदि के तो मुख्य रोल थे ही। सहयोगी कलाकार के रूप में सचिन, जगदीप, लीला मिश्रा, असरानी, मेकमोहन, विजू खोटे, केस्ट्रो मुखर्जी आदि ने भी अपनी भूमिका में जान डाल दी। 


सलीम और जावेद के लिखे ये डायलॉग शोले में यादगार रहे।
- अरे ओ साम्भा, कितने आदमी थे?
- वो दो थे और तुम दिन, फिर भी खाली हाथ लौट आए।
- कितना ईनाम रखे है सरकार हम पर?
- यहां से 5- -50 कोस दूर, गांव में जब बच्चा रोता है, तो मां कहती है सो जा बेटा नहीं तो गब्बर आ जाएगा।
- बहुत नाइंसाफी है।
- बहुत याराना लगता है, क्यों?
- इतना सन्नाटा क्यों है भाई?
- बसंती, तेरा नाम क्या है रे?
- वहीं तो कर रहा हूं भैय्या जो मजनू ने लैला के लिए किया था, रांझा ने हीर के लिए किया था, रोमियों ने जूलियट के लिए किया था... सुसाइड।
- साला नौटंकी, घड़ी-घड़ी ड्रामा करता है।
- अब तेरा क्या होगा रे कालिया?
- यह हाथ नहीं फांसी का पंâदा है।
- यह हाथ मुझे दे दे ठाकुर।
- तेरे लिए तो मेरे पैर ही काफी है।
- बसंती इन कुत्तों के सामने मत नाचना।
- हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर है।
- आधे दाएँजाओ, आधे बाएँ  बाकी मेरे पीछे आओ।

सलीम जावेद ने इस फिल्म के डायलॉग लिखते समय इस बात का ध्यान रखा कि सभी प्रमुख कलाकारों को महत्वपूर्ण डायलॉग बोलने का मौका मिले। एके हंगल से लेकर असरानी तक को इस फिल्म में अच्छे डायलॉग बोलने का मौका मिला। डायलॉग लिखने पर इतनी बारीकी से काम किया गया कि असरानी का प्रसिद्ध डायलॉग ‘हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं अहा’ का ‘अहा’ तक डायलॉग के रूप में शामिल था। अंग्रेजों के जमाने के जेलर के रूप में असरानी का गेटअप वैâसा होगा यह भी स्क्रिप्ट में लिखा गया था। असरानी को जेलर के रूप में हिटलर जैसी आधी मूछें रखने का सुझाव स्क्रिप्ट में ही था। 

फिल्म की स्क्रिप्ट में हिंसा के साथ ही रोमांस और कॉमेडी के लिए भी पूरी जगह थी। धर्मेन्द्र और हेमा मालिनी ने रोमांस के दृश्यों को वास्तविक दृश्यों में बदल दिया था। अंग्रेजों के जमाने के जेलर के रूप में असरानी ने बेहतरीन कॉमेडी की थी। साथ ही अमिताभ बच्चन का जय के रूप में वीरू बने धर्मेन्द्र के लिए बसंती यानि हेमा मालिनी का हाथ मांगने जाना दर्शकों को आज भी गुदगुदाता है। धर्मेन्द्र ने भी टंकी पर चढ़कर सुसाइड की धमकी वाले दृश्य में कॉमेडी के जलवे बिखेरे। बंदूकों की धाय धाय और घोड़े  और तांगे की रेस ने रोमांच के दृश्य भी निर्मित किए। अमजद खान ने डावूâ के रूप में खूंखार छवि पेश की। उसके एक-एक डायलॉग और हरकत को सलीम-जावेद ने लिपीबद्ध कर रखा था। गब्बर कब खैनी बनाएगा, कितने देर हथैली पर रगड़ेगा, जुबान के नीचे किस तरह चुटकी में खैनी रखेगा और कब थूकेगा। एक-एक बात बारीकी से लिखी गई थी। धर्मेन्द्र के बचकाने हास्य प्रसंग, बसंती की बक-बक, गब्बर का दहाड़ मारकर चीखना-चिल्लाना और हंसना, जय का वीरू पर तन्ज कसना, सब अपने आप में विलक्षण था। 

शोले की एक खूबी उसके गाने भी थे। इन गानों में भावनात्मक बातें भी थी और मजाकिया बातें भी। उत्तेजना के दृश्य भी थे और भाव प्रणयता के भी। होली के दिन दिल मिल जाते है, ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे और जब तक है जान जाने जहां मैं नाचूंगी जैसे गाने दर्शकों को मन को छू लेते थे। तो कोई हसीना जब रुठ जाती है और मेहबूबा-मेहबूबा जैसे गाने आम दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार किए गए थे। आनंद बक्षी ने इस फिल्म के गाने लिखे थे और एक दिलचस्प कहानी है कि शोले के बनने के भी कई साल पहले उन्होंने कोई हसीना जब रुठ जाती है तो और भी हसीन हो जाती है गाना लिखा था। जब वे यह गाना लेकर जीपी सिप्पी से मिले तब जीपी सिप्पी ने इस गाने का मजाक उड़ाया और आनंद बक्षी को विदा कर दिया। बरसों बाद जब शोले के गाने लिखने की बात हुई तब आनंद बक्षी ने फिर वही गाना पेश कर दिया। शोले की सिच्युएशन ऐसी थी कि गाना पसंद आ गया। शोले का महबूबा-महबूबा गाना राहुल देव बर्मन ने खुद गाया। इसे हेलन और जलाल आगा पर फिल्माया गया था। १९७५ की बिनाका गीतमाला में यह गाना २४वें पायदान पर था जो १९७६ में पांचवें पायदान पर आ गया। बिनाका गीतमाला उन दिनों श्रीलंका रेडियो का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम माना जाता था और इस कार्यक्रम में शोले के दो और गाने जबर्दस्त हिट रहे। ये दोनों गाने है कोई हसीना जब रुठ जाती है तो और ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे। दूसरा वाला गाना ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे किशोर कुमार ने दो बार गाया एक बार खुशी के मौके पर एक बार गमगीन मौके पर। 

जय का वीरू के लिए बसंती का हाथ मांगना, बसंती के लिए वीरू का पानी की टंकी पर चढ़ना, हेलन का मेहबूबा-मेहबूबा गाने को फिल्माने के दृश्य ऐसे है जो आज भी किसी न किसी रूप में फिल्मों में घुमा फिराकर दिखाए जाते है। दिलचस्प बात यह है कि खूंखार डावूâ का रोल करने वाले अमजद खान को भी लोगों ने उतना ही प्यार दिया जितना इमाम बने एके हंगल को। इस फिल्म में जय बने अमिताभ बच्चन ने दर्शकों को सबसे ज्यादा रिझाया। उनकी जेब में दो सिक्कों को घीसकर आपस में चिपकाकर बनाया गया एक सिक्का, जिसके दोनों तरफ हेड था, दर्शकों के दिल को छू गया। इस सिक्के का उपयोग जय अपनी जरुरत के हिसाब से करता था। इस फिल्म में मैकमोहन ने एक ही डायलॉग बोला था और इस एक डायलॉग के बूते ही वो फिल्म में छा गए। 

शोले भारतीय फिल्म इतिहास की पहली फिल्म है जिसने100 से ज्यादा सिनेमा घरों में सिल्वर जुबली मनाई। मुंबई के मिनरवा टॉकिज में इस फिल्म ने लगातार 5 साल का रिकॉर्ड बनाया। अगर आज के दौर में रुपए और उसकी कीमत की तुलना की जाए तो यह फिल्म 1500 करोड़ से भी ज्यादा का व्यवसाय कर चुकी है। 
 प्रकाश हिन्दुस्तानी
वीकेंड पोस्ट (23 अगस्त  2014)

Saturday, August 16, 2014

परफैक्ट फेमिली पिक्चर 'शोले' !

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (16 अगस्त  2014)



39 साल से है जादू बरकरार 
................................................................................................................................................................
15 अगस्त 1975 को शोले रिलीज़ हुई थी और तब से लगातार उसका जादू बरकरार है. कई बार 'शोले जैसी' दूसरी फिल्म बनाने की कोशिशें हुईं, पर 'शोले' जैसी कोई और फिल्म नहीं बन सकी. शोले में हिंसा, कॉमेडी, एक्शन, संगीत, इमोशन का ऐसा तालमेल था जो बेमिसाल था. यहाँ मैने 'शोले' पर एक अलग मजाकिया लहजे में लिखा है ......................................................................................................................................................................................................


ये मेरी नई  रिसर्च है। 'शोले' परफैक्ट फेमिली पिक्चर थी. परदे पर तो फेमिली थी ही, पीछे  भी फेमिली ही फेमिली थी. कुछ पहले से थी, कुछ बाद में बनी. लोग ग़लत कहते हैं  कि 'शोले' हिंसा प्रधान फिल्म थी। 'शोले' को रिलीज़ हुए 39 साल पूरे हुए। अब यह फ़िल्म 40 वें साल में पहुँच  गई है.  कई रूप में 40 वें का अपना महत्व  है.  'शोले' ने  कई रेकॉर्ड बनाए  और  पुराने रेकॉर्ड तोड़े  थे। लेकिन आज के दौर में कई लोगों को इस फिल्म की जानकारी नहीं है।  उनकी सुविधा  के लिए मैं यहाँ कुछ जानकारी दे रहा हूँ. शपथपूर्वक कह रहा हूँ कि यह सभी जानकारियाँ सही हैं. मेरी रिसर्च का नतीजा !

'शोले' फिल्म के मुख्य किरदार थे सनी देओल-बॉबी देओल  के पापा यानी धर्मेन्द्र और   अभिषेक बच्चन के डैडी अमिताभ बच्चन ! इस फिल्म में हीरोइनें भी दो दो थी--ईशा देओल की मम्मी और अभिषेक बच्चन की मम्मी जया भादुड़ी बच्चन.  ईशा की मम्मी इसमें बसंती बनी थीं, और अभिषेक की माँ ने  ठाकुर की विधवा बहू राधा का रोल किया था, जिन पर अभिषेक के बापू लाइन मारते रहते थे।  इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही सनी-बॉबी के पापा ने हीरोइन पर काफ़ी लाइन मारी थी, जिसमें सफलता के बाद ही उन्होंने दिलावर ख़ान बनकर हेमा मालिनी से शादी की थी और बाद में हेमा मालिनी को ईशा देओल जैसी कन्या मिली जो हीरोइन बनने के बाद अब अपने ससुराल में हैं . जहाँ तक अभिषेक की बात है, वह भी इस फिल्म में  थे ज़रूर, लेकिन नज़र नहीं आ रहे थे. जब इस फिल्म की शूटिंग चालू हुई तब तक अमिताभ और जया का विवाह हो चुका था और 3 अक्तूबर 1973 को जब 'शोले' शूटिंग शुरू हुई तब अभिषेक की बहन श्वेता अपनी मान के गर्भ में थीं. शूटिंग के दौरान ही श्वेता का जन्म हुआ और अभिषेक उनके बाद आए. पूरी फिल्म में जया बच्चन के दृश्य छुई मुई से ही रहे.


' शोले' की कहानी  लिखी थी --सलमान ख़ान के बापू सलीम ख़ान और फरहान अख़्तर के अब्बा जावेद अख़्तर ने.  दोनों के बाप लोग मिलकर स्टोरियाँ बनाते थे. उनकी 'शोले' सुपर हिट रही, पर इसके पहले भी वे कई हिट फिल्में दे चुके थे जिनमें अंदाज़, अधिकार, हाथी मेरे साथी, सीता और गीता, यादों की बारात, ज़ंजीर, मजबूर, हाथ की सफाई, दीवार प्रमुख हैं .

'शोले' के डायरेक्टर थे जी. पी. (गोपालदास परमानंद) सिप्पी के छोरे रमेश सिप्पी, जिन्होंने जिन्होंने 'बुनियाद' सीरियल की 'वीरावाली' यानी किरण जुनेजा को दूसरी बीवी बनाया था और जिनकी बेटी शीना की शादी कपूर खानदान के शशि कपूर के बेटे कुणाल कपूर से हुई है.

'शोले' का म्यूजिक दिया था आर डी बर्मन ने, जो सचिन देव बर्मन के बेटे थे. इस फिल्म का एक गाना -- ''हाँ, जब तक है जाँ, मैं नाचूंगी'' अपनी बड़ी साली लता मंगेशकर से गवाया था. 'शोले' का म्यूजिक दिया था आर डी बर्मन ने, जो सचिन देव बर्मन के बेटे थे. इस फिल्म का एक गाना -- ''हाँ, जब तक है जाँ, मैं नाचूंगी'' अपनी बड़ी साली लता मंगेशकर से गवाया था. इसी फिल्म का एक गाना 'महबूबा महबूबा' गाया तो था आर. डी. बर्मन ने खुद ही, पर इसको फिल्माया गया था  हेलेन पर, जिन्होंने बाद में  सलमान ख़ान के पापा यानी  सलीम ख़ान को लाइफ पार्टनर बनाया .

फेमिली पिक्चर होने के कारण  ही शुरू के तीन-चार दिन पिक्चर को अच्छा रेस्पांस नहीं मिला।  बाद में जब यह प्रचारित किया गया कि यह हिंसा प्रधान, डाकू प्रधान, कॉमेडी प्रधान, रोमांस प्रधान, ट्रेजेडी प्रधान, नाटक प्रधान आदि आदि है , तब कहीं लोगों ने इस फिल्म को देखना शुरू किया। वरना इस फिल्म में फेमिली ही फेमिली थी -- यहाँ तक कि  हीरोइन बसंती बार बार बोलती है -- चल हट साले !

अब भी अगर आपको भरोसा न आये तो इसे मत मानिये फेमिली पिक्चर ! …पर मेरी रिसर्च तो इसे फेमिली फिल्म ही बताती है !
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (16 अगस्त  2014)