Showing posts with label Prakash Hindustani Anti column. Show all posts
Showing posts with label Prakash Hindustani Anti column. Show all posts

Saturday, December 13, 2014

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (12 अप्रैल 2014)

चुनाव और मोहब्बत में सब जायज 

मोहब्बत और चुनाव सत्य है।  शादी तथा सरकार मिथ्या !

चुनाव और मोहब्बत में बहुत समानता है। दोनों के लिए वयस्क होना ज़रूरी है।  दोनों में कामयाबी पाना  आसान नहीं। दोनों में आदमी  संयोग से ही घुसता है।  दोनों में आदमी अपनी इच्छा से नहीं पड़ता, दोनों ही गले पड़नेवाली चीजें हैं; और गले पड़  जाए तो छूटती नहीं। दोनों में लोगों को नींद कहाँ आती है? दोनों में लोग तमाशाई होते हैं, मददगार नहीं। दोनों में सफलता स्थायी  नहीं होती। दोनों में पराजित होकर तो लोग दुखी होते ही हैं, जीतकर भी दुखी होते हैं। दोनों बहुत बड़ी जिम्मेदारी हैं। दोनों में अपने और पराये का भेद समझ में आ जाता है।  दोनों में चाँद तारे तोड़कर लाने की बात होती है  दोनों में वादों और दावों  का जोर होता है।  दोनों में वादाखिलाफी आम बात है। गर्ल फ्रेंड को भी फ़ोकट में मोबाइल चाहिए और वोटर को भी। चुनाव में हाथ की अंगुली पर पक्की स्याही लगाने का चलन है और सुहागन स्त्री की स्याही उसका सिन्दूर होता है जो मस्तक पर लगा रहता है। शादी के बिना मोहब्बत अधूरी और मतदान के बिना चुनाव। मोहब्बत के बाद शादी हो जाए तो घर में झगड़े होना कम्पलसरी होता है; वैसे ही चुनाव में सरकार बनानेवाली पार्टी के अंदर भी जूतमपैजार चलाती रहती है।  दोनों में डिप्लोमेसी चलती है और सबसे बड़ी बात --दोनों में हाँ का मतलब तो हाँ होता ही है; नहीं का मतलब भी हाँ होता है। 

जब प्रेमी कहता है - मैं तुम्हें यूं ही जीवन  भर प्रेम करूंगा तब उसका मतलब भी वैसा ही होता है जैसा चुनाव के घोषणा पत्र में लिखा होता है। किया तो किया, नहीं तो क्या कर लोगे? जब प्रेमी कहता है कि मैं तुम्हें ताउम्र  रानी बनाकर रखूंगा तो क्या उसका सचमुच यही मतलब होता है? जब  सरकार बनाने के लिए लाइन में लगी पार्टी कहती है कि है  कि हम  गरीबी हटाएंगे तो क्या उसका यही तात्पर्य होता है? जब कोई पार्टी कहती है कि आचार संहिता के कारण हम  घोषणा नहीं कर पा रहे हैं तो यह वैसा ही है जब लड़केवाले कहते हैं कि हमें दहेज़ में कुछ नहीं चाहिए। चाहते दोनों हैं, पर घोषणा नहीं करते।  यह 'नहीं' ही 'हाँ' होती है। 

चुनाव में उम्मीदवार जहाँ तहां से धन जुटाकर खर्च करता है. मोहब्बत में दीवाना सबके आगे कटोरा लिए खड़ा रहता है और मौका आने पर चोरी से भी बाज़ नहीं आता। चुनाव में कानाफूसी आम है, मोहब्बत में भी। चुनाव में जीत का सेहरा किसी के बजाए किसी और को बांध जाता है; मोहब्बत में यह आम बात है। चुनाव लोकतंत्र के लिए अहम् है और मोहब्बत जिंदगानी के लिए। 


मोहब्बत और चुनाव सत्य है।  शादी तथा सरकार मिथ्या !
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

Saturday, November 30, 2013

वीकेंड पोस्ट के 30  नवम्बर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम




सोशल मीडिया या अनसोशल मीडिया ?

जिसे सोशल मीडिया कहा जाता है उसमें ज़्यादातर सामग्री  या तो पर्सनल   है अथवा एंटी सोशल। सोशल तो दो-चार फीसद भी नहीं।  पर सोशल मीडिया का   जिक्र ऐसे होता है मानो ज्ञान की गंगोत्री वहीँ से हो रही हो। लोग-लुगाइयां लिखते हैं  ''फीलिंग स्लीपी, फीलिंग हंग्री, फीलिंग वावो !'' या फिर ''आज पोहे का आनंद लिया, आज पित्ज़ा खाया, आज बियर पी ''. तुम्हें कुछ महसूस हो रहा है वह समाज के लिए, दूसरों के लिए नहीं है.  मुझे क्या फर्क पड़ता है अगर किसी ने पोहे खाये, लड्डू बाफले सूते या फिर वह 2 नंबर जाने  के लिए तड़प रहा है। सोशल साइट्स चोट्टों का अंतर्राष्ट्रीय अड्डा बन चुका; जहाँ आप दुष्यंत कुमार से लेकर त्रिलोचन शास्त्री तक की पंक्तियाँ किसी के भी नाम से देख सकते हैं।  कई लोग तो इसी आस में रहते हैं कि कब कोई शानदार पोस्ट दिखे और वे उसे कट पेस्ट कर  के अपने नाम से चेंपें। एक ही 'अनमोल वचन ' (या कुविचार) के अनेकानेक जनक वहाँ मिल जाते हैं। जैसे जंगल में सांप-बिच्छू और लोमड़ी-सियार ही नहीं, खरगोश-हिरन भी होते हैं, वैसे ही सोशल  साइट्स पर भले और बुद्धिमानों के साथ  कम्युनल, जातिवादी, धर्मांध, मर्दवादी , औरतवादी, गालीबाज़ भी  मिल जाते हैं। यहाँ नकली विचारोत्तेजना है, छद्म ज्ञान का संसार और  कच्चे विचारों का जमावड़ा है।   यहाँ के कई पुरुषों को मुगालता है कि वे दुनिया के सबसे हैंडसम मर्द हैं और कई लुगाइयों को लगता है कि उन्होंने  इस धरती पर आकर सम्पूर्ण सृष्टि पर महान एहसान कर डाला है। 

नयी शोधों में यह बात खुलकर सामने आई हैं कि ये साइट्स नार्सिसिज़म, यौनाचार, अहंकारी भाव औररोतलेपन  को तो बढ़ा ही रही हैं , लोगों को वास्तव में घुलने-मिलने  से भी रोक रही हैं।  ये सोशल साइट्स वास्तव में सोशल नहीं, असत्य घटनाओं के प्रचार का भी मुख्य जरिया है. इस साइट्स का अत्यधिक उपयोग करनेवाले लोगों के सामने मनसियक परेशानियां बढ़ जाती हैं. कई लोगों को इस बात का अंदाज़ ही नहीं है कि सोशल साइट्स पर आपका कुछ भी निजी नहीं होता, सारी  जानकारियां सार्वजनिक होती हैं और कोई भी पोस्ट हटा देने मात्र से जानकारियां गायब नहीं हो जातीं। यूएसए में  ऐसी साइट्स  अभियान चलते रहते हैं।  31 मई को बाकायदा  'फेसबुक छोड़ो दिवस' मनाया गया और  करीब 40 हज़ार से भी ज्यादा  लोगों ने इसकी शुरुआत भी कर दी . पाश्चात्य देशों में लोगों के जीवन में खुलापन अवश्य है,  लेकिन अपनी निजता की रक्षा करना वे हमसे बेहतर समझते हैं .


अब भारत में सोशल वेबसाइट्स में दी गयी जानकारियों का कानूनी पहलू देखने में आने लगा है।  विवाहेतर सम्बन्धों के मामले में यहाँ दी गयी जानकारियों को कोर्ट में सबूतों के रूप में रखा जा चुका  है. फेसबुक पर दी गई जानकारियों की मदद से धोखाधड़ी के मामले भी आ चुके हैं और आत्महत्या तक हो चुकी है।  सोचकर अपनी निजी जानकारियों को सोशल साइट्स पर प्रकाशित करने का प्रशिक्षण भारत में दिया जाना ज़रूरी है, क्योंकि कई लोग बगैर नियम पढ़े ही अपनी जानकारी वहाँ दे देते हैं और बाद में  दुखी होते हैं। फेसबुक के करीब 25 प्रतिशत यूजर्स उसको प्राइवेसी सेटिंग्स को नहीं मानते और बड़ी संख्या में ऐसे यूजर्स हैं जिन्हें फेसबुक जैसी सोशल साइट्स पर अपनी प्राइवेसी को छुपाने की तकनीक नहीं आती। 85 प्रतिशत महिला यूजर्स फेसबुक के पुरुष मित्रों से परेशान हैं। पोर्नोग्राफी को बढ़ावा देने में भी फेसबुक का अहम् योगदान है क्योंकि यहाँ सेक्स से  की संख्या अन्य साइट्स से 90 प्रतिशत ज़यादा है। सोशल मीडिया के दुरूपयोग का भुक्तभोगी पूरा जम्मू और कश्मीर है, जहाँ आतंकवादी इनका उपयोग हिंसा  के लिए कर रहे हैं।  मुज़फ्फ़रनगर में भड़की हिंसा की  आग में घी डालने का काम भी इसी सोशल मीडिया ने किया था।  इस माध्यम से हिंसा को बढ़ावा देनेवालों को क्या दंड मिला? अगर दंड मिल भी गया तो क्या दंगे में मरनेवाले वापस आ जायेंगे?  
--प्रकाश हिन्दुस्तानी 
(वीकेंड पोस्ट के 30  नवम्बर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम)

Saturday, November 23, 2013

वीकेंड पोस्ट के 23  नवम्बर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम



… बट,व्हाय  शुड आइ डू ?


शिव खेड़ा  से लेकर  नरेन्द्र मोदी तक  एक ही डॉयलॉग सिखा हैं, --यस, आइ कैन, वी कैन। यानी मैं कर सकता हूँ, हम  कर सकते हैं। कर तो  सकते  हैं , पर मेरा सवाल है  … बट, व्हाय शुड आइ डू ? कर सकते हैं , पर करें क्यों? नहीं करना, हमारी मर्ज़ी ! करने को तो हम बहुत कुछ कर सकते हैं, पर करते हैं क्या? आप  कर सकते हो तो कर डालो , हमें नहीं करना, करना होता तो अब तक कर नहीं डालते?  हमारे पिताजी, दादाजी और  उनके भी पिताजी-दादाजी भी बहुत कुछ कर सकते थे, उन्होंने  करने लायक नहीं समझा होगा, नहीं किया;  तो हम भी नहीं ही करेंगे।

यस, आइ कैन , तो क्या कर डालूं ? मैं किसी की जेब काट सकता हूँ, किसी को चाकू मार  सकता हूँ, रास्ते चलती किसी स्त्री  को आँख मार सकता हूँ, फ़र्ज़ी वोट डाल सकता हूँ, चुनाव लड़ सकता हूँ , कार  से किसी को भी ठोक सकता हूँ , जेल जा सकता हूँ, गटर साफ़ कर सकता हूँ, हज़ारों अच्छे काम भी कर सकता हूँ और बुरे भी। यस, आइ कैन.… बट, क्यों करूँ ? इफ़ आइ कैन, डजन्ट मीन आइ शुड डू ! हर काम, जो आप कर सकते हो, करो क्यों ? नफा-नुकसान देखो, आगे-पीछे देखो, ऊँच-नीच देखो, अपना-पराया देखो;  फिर ये देखो कि उसको करने से झांकी कितनी जमती है, कैसी जमती है, और फिर आपको जमे तो कर डालो। 

कलाम साहब ने कहा, वे करते हैं; नरेन्द्र मोदी ने कहा, एक हद तक उन्होंने  भी कर दिखाया।  पर ये शिव खेड़ा जी और उनकी देखा-देखी हर कोई ये बात सिखाने  पर ही अड़ा  है कि तुम कर सकते हो, कर डालो।  शिव खेड़ा साहब, आप तो खड़े हुए थे ना चुनाव में , क्या तीर मार लिया? और क्या हुआ आपकी भारतीय राष्ट्रवादी समानता पार्टी का? आपके पिताजी बिजनेस मैं थे ना, आप भी बिजनेसमैन बन सकते थे , बन जाते।  बने क्यों नहीं? एलआईसी के एजेंट का काम भी किया था, और काम करते, अच्छा काम करते तो बन जाते वहाँ मैनेजर? तब कहते यस आइ कैन। खेड़ा जी 'यू कैन विन' की काफी सामग्री यहाँ वहाँ से ले सकते थे, तो उसके  ७३ प्रतिशत चुटकुले एवं सूक्तियाँ अमृत लाल की किताब 'एनफ़ इज़ एनफ़'  से ले  ली।  यू  कैन,एंड यू  डिड ! 

आम  हिन्दुस्तानी की तरह मेरा फार्मूला है --यस, आइ कैन , एंड ओनली समटाइम्स आइ डू।  कोई ज्ञान बांटने आता है तो मैं कहता हूँ, मैं हज़ारों काम कर सकता हूँ, पर करता नहीं, क्योंकि मैं हर काम के बारे में सोचता हूँ और सही लगता है तो करता हूँ।  यहाँ तक कि कई बार तो मैं यह भी सोचता हूँ कि इस बाते में सोचूँ या नहीं। 

आप क्या करते हैं?

--प्रकाश हिन्दुस्तानी 

(वीकेंड पोस्ट के 23 नवम्बर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम)


Saturday, November 02, 2013

एक लाइन लिखने की ज़िम्मेदारी

वीकेंड पोस्ट के 02 नवम्बर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम

2013-11-02 16.13.19.png

इस देश में अधिकांश लोगों के सिर पर बड़ी भारी ज़िम्मेदारी है। सिर्फ एक लाइन लिखवाने  की ज़िम्मेदारी। बस, एक लाइन लिखवा  दो, हो गई  ज़िम्मेदारी  ख़त्म !  यही स्टाइल है हमारा।  काम कितना भी बड़ा और महत्वपूर्ण हो, पल्ला झाड़ने का ये तरीका हमारी जीवन शैली बन चुका है। हर जगह आपको इसका नमूना देखने को मिलेगा :

--''यात्री अपने सामान की सुरक्षा के लिए खुद जवाबदार होगा''. लक्ज़री बसों तक में लिखा होता है. सामान को बस का कंडक्टर छत पर या नीचे बनी डिक्की में रखवा  देता है और यात्री बैठता है बस के भीतर।  अब वह कैसे संभालेगा सामान? पर लिख दिया तो लिख दिया और मुक्त हो गए सामान की सुरक्षा की जवाबदारी से. 

--''वाहन  की सुरक्षा चालक खुद करे.'' यह ब्रह्मवाक्य भी तमाम इमारतों के बाहर लिखा दिखता है। आप भले ही किसी काम से उस बिल्डिंग में गए हों, वहां चौकीदार  हो, उसने आपको टोकन दिया हो, पर ज़िम्मेदारी आपकी ही है. बिल्डिंग के मैनेजमेंट की, चौकीदार की कोई ज़िम्मेदारी नहीं। 

--''टूट-फूट की हमारी कोई जवाबदारी नहीं।'' यह अनमोल वचन भी यातायात पुलिस की 'रिकवरी' गाड़ियों पर लिखा होता है. यानी यातायात पुलिस का काम केवल चालान बनाना (और वसूली यानी 'रिकवरी' करना) ही है. पार्किंग की जगह पर अतिक्रमण क्या वाहन चालक हटवाएगा?  सड़कों से आवारा ढोर हटाने की नगर निगम की कोई ज़िम्मेदारी  नहीं?

--''पाठक इस समाचार पत्र में छपे विज्ञापनों की सत्यता की पड़ताल के बाद ही  कोई निर्णय करे, इस पर हमारी कोई ज़िम्मेदारी नहीं होगी।'' आजकल अखबारों में यह भी छपने लगा है। पहले तो मुझे लगा कि  शायद प्रिंटिंग की त्रुटि हो गई है और खबरों के बजाय विज्ञापन छप  गया है, होना भी यही चाहिए था क्योंकि आजकल अखबारों में जैसी खबरें छप  रही हैं, उससे तो यही लगता है. पर जब यही सूचना हर पेज पर छपी देखी  तो सवाल उठा कि विज्ञापन तुम छापो, करोड़ों रुपये की कमाई तुम करो और पुष्टि हर करें।  अखबार खरीदें भी और पढ़ने की यातना भी झेलें और विज्ञापनों  की सच्चाई की पड़ताल भी हम ही करें। …तो फिर आप क्या करोगे?

इलाज कराने अस्पताल में जाओ तो वहाँ इलाज के पहले दो काम कराये जाते हैं : 1.  इलाज के पैकेज का एडवान्स जमा और 2.  इलाज का डिक्लेयरेशन , जिस पर लिखा होता है कि अगर मरीज़ खुदा न खास्ता, खुदा  को प्यारा हो जाए जो इस अस्पताल के डॉक्टरों की, स्टाफ की, मालिकों की कोई ज़िम्मेदारी नहीं होगी। जान मरीज़ की जोखिम में, लाखों चुकाएगा वह, तकलीफ भी भोगेगा वही और उसके घरवाले, लेकिन मोटी वसूली के बाद भी ज़िम्मेदारी अस्पतालवालों की नहीं। 

इस देश में सारी की सारी ज़िम्मेदारी हम नागरिकों की है. शुक्र इसी बात का है कि पुलिस थानों में जो भी होता हो, यह लिखने का चलन नहीं आया है  कि आपकी ज़िन्दगी की ज़िम्मेदारी आपकी खुद की है. स्कूलों-कॉलेजों में अभी ये लिखना बाकी है कि यहाँ आकर पढ़ना आप ही को है, हमारी कोई ज़िम्मेदारी नहीं। …और  हाँ, नोटों पर अभी यह नहीं लिखा जा रहा है कि रिश्वत लेना और देना अपराध है, अपनी जोखिम से ही आप ये काम करें। 

यानी इस देश का आम  नागरिक अगर आज दुखी, शोषित, पीड़ित, ठगाया हुआ, उपेक्षित, व्यथित और लुटा-पिटा है तो इसके लिए कोई और ज़िम्मेदार नहीं है. हर जगह तो लिखा है कि ज़िम्मेदारी उसी की है. 

--प्रकाश हिन्दुस्तानी 
(वीकेंड पोस्ट के 02 नवम्बर 2013 के अंक में  मेरा कॉलम)