Showing posts with label Anti column. Show all posts
Showing posts with label Anti column. Show all posts

Saturday, December 13, 2014

अपराधों की रोकथाम में 100 नंबर का योगदान

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (10 मई 2014)


इंदौर पुलिस के अधिकारियों ने रात्रिकालीन शिफ्ट करने वाले जवान गणपत सिंह को निलंबित कर दिया है। जांच के बाद यह काम किया गया। गणपत सिंह पर आरोप यह था कि उसने अपराधों की रोकथाम में मदद की थी। गणपत सिंह जैसे और भी पुलिसकर्मी हो तो इंदौर में अपराध पूरी तरह खत्म हो सकते है। 

पिछले हफ्ते की बात है। बायपास के पास 60 लाख रुपए की ऑडी में एक शख्स अपनी पत्नी के साथ जा रहा था। रात के करीब डेढ़ बजे थे और उन सज्जन की कार पंक्चर हो गई। उन सज्जन ने वहां से गुजर रहे दो पुलिसकर्मियों को रोकने के कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके, क्योंकि कोई अपराध नहीं हुआ था। थोड़ी देर बाद वहां से 7-8 युवकों का झुण्ड मोटरसाइकिल पर निकला। कार वाले दम्पत्ति को लगा कि उनके साथ लूट हो सकती है। उन्होंने 100 नंबर पर फोन लगाया। पहले तो रिकॉर्डेड संदेश बजा कि इंदौर पुलिस आपका स्वागत करती है, लेकिन जब समस्या बताई गई तब पुलिसवाले ने कहा कि हां, बताइए। 

‘‘मैं बायपास के पास से बोल रहा हूं। मेरी वाइफ मेरे साथ है और मेरी गाड़ी पंक्चर हो गई है।’’ ‘‘तो क्या आपकी गाड़ी में स्टेपनी नहीं है? 8-8, 10-10 लाख गाड़ी में घूमते हो और स्टेपनी नहीं रखते हो?’’ ‘‘स्टेपनी तो है, लेकिन यहां बहुत अंधेरा है और डर भी लग रहा है’’ ‘‘अच्छा, टार्च क्यों नहीं रखते तुम? क्या चाहते हो?’’ ‘‘यहीं चाहते है कि कोई आ जाए तो हम अपनी गाड़ी की स्टेपनी बदल लें’’ ‘‘अच्छा, मैं अभी भेजता हूं, हमारे एसपी को। वह आकर तुम्हारी गाड़ी की स्टेपनी बदल देंगे’’ ‘‘नहीं मेरा मतलब यह नहीं है, यहां हमारे साथ कुछ हो जाए तो...’’ ‘‘नहीं-नहीं, एसपी साहब आ रहे है, स्टेपनी बदल देंगे’’। ‘‘कृपया आप अपना नाम बता दीजिए साहब?’’ ‘‘मेरा नाम जानना है तो 10 रुपए का रेवेन्यू स्टेम्प खरीद लो और सूचना के अधिकार में अर्जी लगा दो पता चल जाएगा। आ जाते है न जाने कहां-कहां से।’’

इस तरह के वार्तालाप के बाद कार चालक महोदय को एहसास हुआ कि वे भारत के इंदौर नामक शहर में है। जहां पुलिस का काम अपराध होने के बाद उसका पंजीकरण करना होता है। बहरहाल वह सज्जन प्रभावशाली थे। उनके मोबाइल में ऑटो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था थी। उन्होंने वह रिकॉर्डिंग कुछ पत्रकारों को भेजी जिन्होंने उसके आधार पर खबरें प्रकाशित कर दी। बाद में पुलिस के आला अधिकारियों ने जब रिकॉर्डिंग सुनी तो उन्हें लगा कि पुलिसकर्मी का जवाब न केवल असहयोगात्मक था बल्कि अभद्र और गैरजिम्मेदाराना भी। उसे निलंबित कर दिया गया। 

शिकायतकर्ता के मित्र कहते है कि उन्होंने कई गलतियां की। पहली तो यह कि पुलिस को फोन क्यों किया? क्या उनको यह नहीं पता था कि इंदौर पुलिस का रवैया वैâसा होता है? क्या उनको यह नहीं पता था कि आधी रात को पुलिस मुख्यालय में 100 नंबर के कॉल अटेंड करने वाला जागृत अवस्था और होश में रहता है? उन्होंने 100 नंबर फोन करके सहयोग की अपेक्षा ही क्यों की? वह यह कहते कि मेरे साथ लूट हो रही है, तब शायद पुलिस मामले को गंभीरता से लेती?

१०० नंबर एक ऐसा नंबर है जिसके बारे में गांव-गांव का बच्चा-बच्चा जानता है। अब कोई भी आदमी यहां फोन कर दें तो पुलिस का काम कितना बढ़ जाए। उस पुलिसकर्मी ने ठीक ही किया। अगर आपके पास कार है, तो स्टेपनी रखिए, टार्च भी रखिए। अगर आप का मकान है और आपको चोरी का डर है तो बंदूक रखिए और चौकीदार रखिए। अगर आपके घर में बहु-बेटियां है और उनकी सुरक्षा की चिंता आपको है तो उन्हें पर्दे में रखिए, घर के अंदर रखिए। एक जमाना था जब इंदौर में सराफा बाजार में पूरी रात रोनक रहती थी। अब पुलिस वाले ग्यारह-साढ़े ग्यारह बजे सराफा बंद कराने पहुंच जाते है। दुकान बंद, लोग बाग घरों में। पुलिस का काम आसान। अब अगर सिनेमाघर भी दस बजे बंद हो जाएं, रेले, बसें भी रात को चलना बंद हो जाए, तो पुलिस का काम कितना आसान हो जाएगा। जिसका माल, हिफाजत का जिम्मा उसी का। सीधा सा उसूल है। 
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

Friday, November 21, 2014

इंदौर के ट्रैफिक रूल्स और बाकी इंडिया के

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (03 मई 2014)

इंदौर इंडिया का अनूठा शहर है। यह वैसे तो इंडिया में ही है, लेकिन यहां के अपने ट्रैफिक रूल्स हैं। अगर आपको नहीं मालूम हों तो कृपया नोट कर लें या इस कॉलम को काटकर अपने पर्स में रख लें। 


अगर आपने अपनी गाड़ी पर 'प्रेस' नहीं लिखवाया है तो अभी लिखवा लें।  इससे कोई फायदा-वायदा नहीं होता, पर यहां पर यही चलन में है। अगर आप ऑटो रिक्शा, टेम्पो या ट्रक भी चलाते हैं, तो यह लिखवाने में कोई हर्ज नहीं। 90 प्रतिशत वाहनों पर यह लिखा होता है। 

यहां सबसे ज्यादा जल्दी में मोटरसाइकिल चालक होते हैं। इंदौर में उनके लिए यातायात का कोई भी नियम लागू नहीं है। वे चाहें तो तीन या चार लोगों को बैठाएं, अकारण हॉर्न बजाएं, प्रेशर हॉर्न फिट करा लें, दुपहिया को ट्रक बनाकर सामान लाद लें, गलत लेन में चलें, कैसे भी ओवरटेक करें,  सड़कों पर बाइक से स्टंट करें, पान-गुटका ऐसे थूकें कि दूसरों के मुंह पर जाकर गिरे, दोनों कानों में ईयरफोन लगाकर घूमें आदि-आदि की छूट घोषित की गई है। हेल्मेट की खोज अभी नहीं की गई है उनके लिए। 

इंदौर में अंध गति से केवल कारें, बसें, ट्रक, डम्पर आदि ही चलते हैं। कभी भी  मीडिया में खबर देखी है कि अंध गति से आ रही मोटरसाइकल टकरा गई।

पूर्ण स्वराज इंदौर में केवल ऑटो रिक्शा वालों को ही प्राप्त है। वे यात्री को कहीं लेकर जाएं, न जाएं, उनकी मर्जी। मनमाना भाड़ा मांगें,  उनकी मर्जी। कहीं भी सांई बाबा का मंदिर बनाने का कॉपीराइट उन्हीं के पास है। उनकी मर्जी कि कहां गाड़ी लगाएं। अगर आपके पास मोबाइल है (जैसा कि हरेक के पास है ही) तो उसका उपयोग वाहन चलाते समय ही करें, क्योंकि फोन ही मोबाइल है! अगर वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग  नहीं करेंगे तो कब करेंगे।

वन वे बने ही इसलिए हैं कि कोई भी रांग साइड का  उपयोग करके शार्ट काट मार सके।  जो लोग नियमों का पालन करते हैं वे निहायत ही मूर्ख हैं। 

इंदौरियों का नियम है कि वे नौकरी ऐसे करते हैं मानो उनके लिए रुपया बिलकुल जरूरी नहीं, सड़कों पर डांस ऐसे करते हैं मानो डीआईडी के लिए नाच रहे हों और वाहन ऐसे चलाते हैं जैसे उनका इस संसार में कोई है ही नहीं। 

और अंतिम नियम -आप खुद भी कोई नियम बना सकते हैं। आजाद देश के आजाद नागरिक हैं आप!
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

चुनाव की आपाधापी में भूले एक जन्मदिन

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (17 मई 2014)
11 मई को मदर्स डे मनाया गया था और 12 मई को नौ चरणों वाले लोकसभा चुनाव का आख़िरी दिन का मतदान था और फिर शुरू हो गये एक्ज़िट पोल और उनका विश्लेषण. ऐसी आपाधापी में भी पत्रकार अपनी भूमिका कैसे भूल जाते? ज़्यादा नहीं तो एक अख़बार ने तो पहले पेज पर ऐसी खबर छापी, जिससे मन को अपार सुकून मिला. विश्वास हो गया कि गणेश शंकर विद्यार्थी, माखनलाल चतुर्वेदी, राजेंद्र माथुर आदि महान पत्रकारों की परंपरा अवश्य जारी रहेगी. खबर भी यहाँ-वहाँ नहीं, बल्कि पहले पेज पर. वह भी चित्र सहित! पूरी खबर एक झटके में पढ़ गया. खबर क्या थी पूरी जीवनी ही थी, महान शख्सियत की उपलब्धियों का बयान भी था.


खबर में लिखा था--उन्होंने आज 13 मई के दिन ही  1981 में जन्म लिया था. बचपन से हॉकी खेलने का शौक था,  आइस स्केटिंग में भी उनकी रूचि थी. यह भी बताया गया था  कि  उन्होंने अपना करीयर एक बेकरी से शुरू किया था. साथ ही यह भी लिखा था कि केवल 11 साल की उम्र में उन्होंने पहला चुंबन लिया था और 16 साल की उम्र में उन्होने एक बॉस्केटबॉल खिलाड़ी के लिए अपनी वर्जीनिटी खो दी थी. वे मॉडल हैं, पॉर्न स्टार हैं और बिजनेस वूमन हैं.  अख़बार ने उस महान आत्मा का फोटो भी छापा था, इसलिए किसी को भी खबर का मर्म समझने में दिक्कत नहीं हुई होगी. शीर्षक भी था ही -   सनी लिओनी का जन्मदिन आज। 

पत्रकारिता में महान योगदान के लिए देश उस अख़बार का आभारी रहेगा. अगर वह खबर नहीं छापता तो? क्या देश को पता चल पाता कि नग्नता की साक्षात मूर्ति श्रीमती सनी लिओनी का बर्थ डे आज है. अख़बार ने यह नहीं बताया कि 13 मई के इस  पावन पर्व पर देश भर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं; जैसे मदर टेरेसा, इंदिरा गाँधी आदि के जन्मदिन मनाते  हैं. लोग उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं. कसमें खाई जाती है महान हस्तियों के नाम पर. लेकिन यह क्या? इतनी महान शख्सियत की खबर तो पहले पेज पर, लेकिन उनकी जलाई मशाल को आगे बढ़ाने वाला कोई नहीं ! धिक्कार है इस देश की अहसानफ़रमोश जनता पर. बेचारी ने कितने बड़े बड़े त्याग किए है. 11 साल की होते ही त्याग शुरू हो गये, जो आज तक चल रहे हैं .

मुझे तो लगा कि बिग बॉस दिखानेवाला चैनल इस हस्ती पर स्पेशल प्रोग्राम दिखाएगा. उनकी तमाम धार्मिक फिल्मों के अंश दिखाए जाएँगे. कुछ नहीं दिखाया सालों ने. अख़बार से प्रेरणा ले लेते थोड़ी तो! नहीं ली कम्बख़्तों ने. और तो और महेश भट्ट भी उनको हार फूल चढ़ाने  नहीं गये. उनकी पिक्चर की हीरोइन थी. इतना फ़र्ज़ तो बनता ही  था.  पर क्या किया जाये इन अवसरवादियों का? 

किसी ने इस हस्ती  में 
के बारे में लिखा था कि  वे पॉर्न स्टार हैं , कोई प्रास्टीट्यूट नहीं. उन्होंने भी 
कहीं 

 इंटरव्यू में कहा था कि मैं कोई ऐसी वैसी नहीं हूँ. मेरी 'तमाम फिल्मों' में मैने अपने पति के साथ ही काम किया है.!

ऐसी महान पतिव्रता का जन्मदिन केवल एक ही अख़बार ने मनाया, इसका मुझे दुख है. अगले साल फिर 13 मई को उनकी जयंती आएगी. तब कृपया ध्यान रखिएगा !!! 

पत्रकारिता के उसूलों को मत भूलना .
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

Saturday, November 15, 2014

‘चुम्बनिस्टों’ का अखिल भारतीय गाल सलाम

'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम ((15 नवंबर  2014) 





पिछले हफ्ते पूरे देश में ‘किस ऑॅफ लव’ के चर्चे रहे। केरल के कोच्चि शहर में आपस में चुम्मा-चाटी करते हुए युवक-युवती को पीटने वाले लोगों के खिलाफ यह अभियान था। इस अभियान को चलाने वाले लोगों का मानना है कि उन्हें चुम्मा-चाटी करना पसंद है और वे इसे खुलेआम करना बुरा नहीं मानते। इन लोगों का कहना है कि चूमना एक निजी प्रक्रिया है और इससे किसी को कोई खतरा नहीं है। नफरत पैâलाने वालों को रोकना चाहिए, मोहब्बत करने वालों को नहीं। ये लोग आईपीसी के अनुच्छेद २९४(ए) के तहत अभद्र हरकतों में चूमने को नहीं मानते। इन लोगों का कहना है कि सोशल पोलिसिंग के बहाने आरएसएस के लोग युुवाओं को तंग करते है। गुस्से में इन लोगों ने पेâसबुक पर पेज बना डाला और देशभर में चुम्बन प्रेमियों को यह संदेश दे डाला कि मोहब्बत खतरे में है। लिहाजा देशभर के नौजवान आरएसएस के खिलाफ लामबंद हो गए और अंतत: उन्होंने दिल्ली के झंडेवालान स्थित आरएसएस कार्यालय के सामने खुलेआम चुम्मा-चाटी की। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इन लोगों की आत्मा को शांति मिली। अब ये आगे और भी बड़े कार्यक्रम की योजना बना रहे है। 

कुछ साल पहले तक फिल्मों में चुम्बन के दृश्यों की इजाजत नहीं थी। चुम्बन की जगह अठखेलियां करते दो पूâलों को साथ-साथ दिखाकर काम चला लिया जाता था। जब से फिल्मों में चुम्बन की अनुमति मिली है तब से चुम्बन पर गाने भी आने लगे है। हिन्दी में ‘जुम्मा-चुम्मा दे दे’ और ‘एक चुम्मा तु मुझको उधार दे दे’ जैसे गाने चल पड़े, तो भोजपुरी में चुम्मा गीतों की बहार आ गई। इन्तेहा यह हो गई कि भोजपुरी में ‘लहंगा उठा के चुम्मा ले जा राजाजी’ जैसे गाने तक चल पड़े। बॉलीवुड वालों की तो हिम्मत ही नहीं है कि वे उसकी नकल कर सवेंâ। वैसे बॉलीवुड में अब श्लील-अश्लीलता की कोई सीमा बची नहीं है और फिल्में समाज का दर्पण है इसलिए आप आम जन-जीवन में भी ऐसे दृश्य देख सकते है। 

आमतौर पर एयरपोर्ट इलाके में और मुंबई के मेरिन ड्राइव, बांद्रा रिक्लेमेशन, वर्ली सी पेâस और दिल्ली के लोधी गार्डन जैसे इलाकों में प्रेमी-प्रेमिकाओं को गलबहिया और चुम्बन करते आसानी से देख सकते है। मध्यप्रदेश जैसे पिछड़े इलाकों में ऐसे नजारे देखने हो तो सुनसान पार्वâ में जाना पड़ता है। ‘चुम्बनिस्टों’ ने जनता की भावना को समझा है और उनके दीदार के लिए यह सुविधा अखिल भारतीय स्तर पर उपलब्ध कराने की ठानी है, जिसका स्वागत किया जाना चाहिए। 

अभी भी भारत के कई इलाके बहुत पिछड़े है। लोगों की सोच आगे नहीं बढ़ रही। दोनों प्रेमी-प्रेमिका हैं और वे किस करना चाहते है तो करने दो। उनको भी मजे लेने दो और आप भी मजे लो। लेकिन नहीं। यह विघ्नसंतोषी लोग मोहब्बत के दुश्मन बने है। इनकी छाती पर क्यों सांप लौटता है? यह बात जगजाहिर है कि इन विघ्नसंतोषियों में से अधिकतर अविवाहित है और भारतीय संस्कृति का झंडा लेकर चल रहे है। 

ऐसा नहीं है कि ‘किस ऑफ लव’ जैसे अभियानों के पहले भारत में कोई और ‘शालीन’ आंदोलन नहीं हुए है। लोकतंत्र का पूरा मजा भारत के लोग उठा रहे है। पहले भी पब जाने वाले युवक-युवती ‘पिंक चड्डी’ आंदोलन कर चुके है। तहलका वाली निशा सूजन इस आंदोलन की अगुवाई कर चुकी है और तहलका के संपादक किस दौर से गुजर रहे है यह तो किसी को बताने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा देशभर में जगह-जगह ‘बेशर्मी मोर्चा’ के आंदोलन भी हो चुके है। महिला आजादी की दीवानी औरतें ब्रा जलाने के अभियान भी चौराहों-चौराहों पर कर चुकी है। आजादी के यह अभियान अभी महानगरों तक ही सीमित है। 

आप किसी से प्रेम करते हो यह अच्छी बात है, लेकिन इसका दिखावा करना कौन-सी शान की बात है? कोई भी मां अपने बच्चे से बेइंतेहा मोहब्बत करती है तो क्या यह जरूरी है कि वो उसका सार्वजनिक प्रदर्शन करें? लोग अपने पालतू जानवरों से भी बेपनाह प्यार करते है। कई लोग उसका दिखावा भी करते है। निश्चित ही यह एक निजी मामला है, लेकिन अगर प्यार करना ही है तो उन लोगों से करो, जो शोषित-उपेक्षित हैं। उन बेजुबानों से करो जो यहां-वहां भटक रहे है और कोई उन्हें देखने वाला नहीं। अंत में यहीं कहना चाहूंगा कि सभी ‘चुम्बनिस्टों’ को गाल सलाम। 
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
................

Friday, November 07, 2014

15 लाख की प्लॉनिंग

'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम ((08 नवंबर  2014) 
एक साल से 15 लाख रुपए की प्लॉनिंग कर रहा हूं। 15 लाख कहां-कहां खर्च हो
सकते है, इससे किस-किस का कर्जा पटाया जा सकता है, घर में क्या सामान आ
सकता है, बीवी को कितने गहने दिला सकता हूं, बच्चों को कौन-सी गाड़ी सूट
करेगी, बुढ़ापे के लिए कितने पैसे बचाकर रखना मुनासिब होगा आदि-आदि में
उलझा हुआ हूं। मुझ जैसे मध्यवर्गीय आदमी के लिए 15 लाख बहुत मायने रखते
हैं। कभी 15 लाख रुपए इकट्ठे देखे नहीं। हां, बैंक में जरूर देखे है,
लेकिन वो अपने कहां। अने १५ लाख नगद हो तो बात ही क्या। कुछ न करो 15 लाख
रुए खाते में ही रखे रहने दो, तो 12 - 13  हजार रुपए के आसपास ब्याज ही आ
जाएगा। एक तरह से पेंशन समझो और मूल धन तो अपना है ही। यह पंद्रह लाख
रुपए तो मेरे अपने है। बीवी, बच्चों सबके अपने-अपने पंद्रह लाख होंगे पर
बीवी बच्चों के पैसे पर मैं निगाह क्यों डालूं। मेरा अपना भी तो
स्वाभिमान है।


लोकसभा चुनाव के पहले जब यह पता चला कि विदेश में भारत का इतना काला धन
जमा है कि अगर वह भारत लाया जाए तो हर आदमी को 15 लाख रुपए मिल सकते है।
मेरे घर में कुल 5 सदस्य है, तो इस हिसाब से मेरे घर के लोगों को मिलाकर
75 लाख रुपए होते है। पर मैं ठहरा लोकतांत्रिक आदमी। बीवी, बच्चों को
करने दो उनका हिसाब-किताब। मैं तो अपने 15 लाख पर ही अडीग रहूंगा। न किसी
को पैसा दूंगा, न किसी से पैसा लूंगा।


हिसाब लगा-लगाकर कई रजिस्टर फाड़ चुका हूं। 3-4 लाख रुपए की एक कार आ
जाएगी। 1 लाख रुपए से घर का सामान खरीद लूंगा। 50 हजार रुपए में अपने लिए
शानदार वार्ड रोब बनवाउंगा। डिजाइनर घड़ी 20-25 हजार की। 50 हजार रुपए का
शानदार मोबाइल। 1 लाख रुपए घर की रंगाई-पुताई पर खर्च। इस सब के बाद भी
अच्छा खासा पैसा बचा रहेगा। बचे हुए पैसे को अगर में बैंक में रख दूं और
उसके ब्याज से काम चलाऊं, तो भी ज्यादा तकलीफ नहीं होने वाली। 


बीवी से इन सब बातों पर चर्चा करने का कोई मतलब है नहीं क्योंकि वह ठहरी बचत की
प्रवृत्ति वाली। जिंदगी जीना उसे कहां आता है? पाई-पाई का हिसाब तो पूछती
रहती है। पर मैं उससे उसके पंद्रह लाख रुपए के बारे में कुछ भी नहीं
पूछुंगा। लोकतंत्र है सबको अपने पैसे खर्च करने का हक है और मैं कोई इतना
गयागुजरा नहीं कि दूसरे के पैसे पर नजर डालूं। इतना डरपोक भी नहीं कि
अपने पैसे किसी और को उड़ाने दूं।
रजिस्टर पर रजिस्टर, डायरी पर डायरी भरी पड़ी है। कईयों को तो फाड़-फाड़कर
पेंâक चुका हूं। रोज रात को सपने में 15 लाख रुपए दिखाई देते है। सुबह
पंद्रह लाख रुपए की कल्पना में बीत जाती है। आते-जाते सोते-उठते गरीबी
दूर होने का विचार ही जिंदगी को नई ऊर्जा से भर देता है। जिंदगी में इतनी
खुशियां पहले कभी नहीं देखी। अब जाकर जीवन धन्य हुआ है।
कई नासमिटे कहते है कि पंद्रह लाख तो मिलेंगे, पर उसमें से टीडीएस कट
जाएगा। भई आपको इतने पैसे मिलेंगे, तो सरकार का भी हक है कि उससे इनकम
टैक्स काट लें। अधिकतम इनकम टैक्स है 30 प्रतिशत। अब अगर सरकार ये मानें
कि हम ३० प्रतिशत के ब्रेकेट में है, तो भी 4.50 लाख काटकर 10 लाख 50
हजार रुपए तो बनते ही है। वैसे अपन 30 प्रतिशत के ब्रेव्रेâट में नहीं
है, पर अगर सरकार चाहें तो देश के लिए साढ़े चार लाख रुपए का सहयोग करने
के लिए भी तैयार है। एक जागरुक नागरिक होने के नाते हमें पता है कि हमारे
पैसे से ही सरकार चलती है। मंत्रियों के हवाईजहाज हमारे टैक्स के पैसे से
उड़ते है। करोड़ों के शपथ समारोह में हमारे खून-पसीने की कमाई उड़ाई जाती
है। सब ठीक है। खूब घूमो हवाईजहाज में, ताजपोशी के शानदार प्रोग्राम करो,
महंगी-महंगी कारों में घूमो, सेवन स्टार होटलों में ऐश करो, कोई बात
नहीं। बस हमारे15 लाख रुपए हमें लौटा दो। चाहो तो उसमें से भी टैक्स काट
लो।


हिसाब बनाते-बनाते काफी वक्त बीत गया है। एक सीए कह रहे है कि यह 15 लाख
रुपए सरकारी खजाने में जमा हो जाएंगे। आपको एक पैसा भी मिलेगा नहीं। आपने
जब कमाया ही नहीं है, तो सरकार आपको यह पंद्रह लाख रुपए क्यों दें। राहु
लगे ऐसे सीए को। हमारे पैसे हमको देने में उसकी नानी मर रही है। सीए न
हुआ, अरुण जेटली हो गया। हमारा पूरा पैसा ही खाने के मूड में है। पर वह
खा नहीं पाएंगे। हमारी बद्दुआ लगेगी। चुनाव के पहले इतना ज्ञान देते थे
कि भैया हमारा इतना पैसा विदेश के बैंकों में है कि हरेक को पंद्रह लाख
रुपए मिल सकते है। 5-10 प्रतिशत कम ज्यादा कर लो, पर पैसे तो लौटाओ।
भरोसा है कि अगले चुनाव तक मेरे 15 लाख रुपए का हिसाब हो जाएगा।


Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

Tuesday, October 28, 2014

न्यूज़ चैनलों के प्रस्तावित नये नाम

'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम (25 अक्तूबर 2014)


....................................................................................................................................................................

जब सभी लोग सच जानते ही हैं तो फिर दिखावा किस बात का?
मेरी राय है कि भारतीय न्यूज़ चैनलों के नाम ऐसे होने चाहिए -- 
सच्चाई के करीब. 
  --अम्बानी न्यूज़   
  --अडाणी नाऊ 
  --बिड़ला टाइम 
  --लाइव लूट 
  --न्यूज़ एंटरटेनमेंट 
  --फेकू न्यूज़ 
  --चापलूस वर्ल्ड 
  --चरणस्पर्श टीवी 
  --नफे की दुनिया 
  --खाने तक 
   --चमचा इण्डिया 
  --ग्रेट 420 
   --लूट फोकस 
  --चोर एक्सप्रेस 
  --फ्रॉड ओके 
  --जोकर न्यूज़ 
  --भक्त चैनल 
  --फेक नेशन 
  --दलाल इण्डिया 
  --बिंदास चोर 
  --पॉलिटिकल प्लानेट 
  --टेंशन टीवी 
  --स्याह जगत 
  --खाना - पचाना 
  --वोट शॉप 18 

 --चोरी ओके 
.....................................................................................................................................................................
दो कारणों से न्यूज़ चैनलों के नाम बदलने की ज़रूरत है : 1. चैनलों के मालिक नियमित रूप से बदलने लगे हैं और 2. न्यूज़ चैनलों पर न्यूज़ के नाम पर जो तमाशा दिखाया जा रहा है, उस कारण भी नाम बदल दिए जाने चाहिए. अगर आप नियमित न्यूज़ चैनल देखते हों तो यह बताने और समझाने की कोई ज़रूरत नहीं है कि किस तरह की खबरों को कौन सा चैनल किस तरह से दिखाएगा. पुरानी फिल्मों में जैसे जगदीश राज और ए के हंगल इंस्पेक्टर के रोल में 'टाइप्ड' हो गये थे, वैसे ही हमारे पत्रकार और मीडिया के पंच लोग भी 'टाइप्ड' हो गये हैं, और उनके मुँह खोलने से पहले ही बताया जा सकता है कि किस मुद्दे पर कौन सा व्यक्ति क्या बोलेगा। ये मीडियाकर्मी सच्चाई से ज़्यादा अपनी वफ़ादारी को तरजीह देते हैं. एक दौर था जब प्रिंट मीडिया के एक हिस्से के लिए 'जूट प्रेस' शब्द का प्रयोग होता था क्योंकि उन अखबार समूह के मालिकों की जूट मिलें थीं और वे वहां से हुई कमाई को मीडिया के धंधे में लगा देते थे. अब ज्यादातर बड़े न्यूज़ चैनल चिट फण्ड कंपनियों द्वारा किये जा रहे हैं. इस तरह इसे 'चिट फण्ड मीडिया' कहा जा सकता है। ज्यादातर न्यूज़ चैनलों के नाम में 'इण्डिया', न्यूज़, टीवी, लोक, जन आदि शब्द जुड़े हैं और कई के नाम में 24, 7, 18 आदि। होना यह चाहिए था कि इण्डिया, लोक, जन, न्यूज़ सीधे सीधे पर चैनल होते जैसे -- अम्बानी टीवी, अडाणी टीवी, बिड़ला टीवी, भक्त चैनल आदि आदि और 24, 7, 18 आदि की जगह एक ही शब्द होना था 420 चैनल। मैं अपनी निजी योग्यता, अनुभव और दायित्व के आधार पर न्यूज़ चैनलों के कुछ नए नाम प्रस्तावित कर रहा हूँ. (जरूरी नहीं कि आप उससे सहमत हों ही.) --अम्बानी न्यूज़ --अडाणी नाऊ --बिड़ला टाइम --लाइव लूट --न्यूज़ एंटरटेनमेंट --फेकू न्यूज़ --चापलूस वर्ल्ड --चरणस्पर्श टीवी --नफे की दुनिया --खाने तक --चमचा इण्डिया --ग्रेट 420 --लूट फोकस --चोर एक्सप्रेस --फ्रॉड ओके --जोकर न्यूज़ --भक्त चैनल --फेक नेशन --दलाल इण्डिया --बिंदास चोर --पॉलिटिकल प्लानेट --टेंशन टीवी --स्याह जगत --खाना - पचाना --वोट शॉप 18 --चोरी ओके ........ अगर आप कोई नया न्यूज़ चैनल शुरू करने जा रहे हों तो इनमें से कोई भी नाम रजिस्टर करा सकते हैं. मेरा दावा है कि ये नाम सच्चाई करीब होने से जल्दी ही टीआरपी बटोरकर ले जाएंगे। Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

Tuesday, October 21, 2014

ज्ञानचंदों का बिज़ी सीजन

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (28 मई 2014)




कुछ दिन से ज्ञानचंद लोग बहुत बिज़ी हैं. चुनाव के आसपास उनका सीजन रहता है। वे ही सवाल खड़ा करते हैं और वे ही जवाब भी तैयार रखते हैं. जो पहले कहते थे कि एनडीए को बहुमत नहीं मिलेगा, अब कह रहे हैं--देखा ले आये न मोदी अपने  बूते पर भाजपा का बहुमत.
आजकल वे मोदी जी की चिंताओं को लेकर परेशान हैं. आज़ादी के बाद पैदा हुए सांसद ही मंत्री बनेंगे तो हमारी ताई का क्या होगा?  क्या वे स्पीकर के लिए मान  जायेंगी? पर वहां तो लालकृष्ण आडवाणी जी का नाम चल रहा है! अरे! सुषमा  स्वराज का नाम भी स्पीकर के वास्ते चल रहा है? ऐसा करना चाहिए कि पहले आडवाणी जी को स्पीकर बना देना चाहिए और बाद में प्रणब दा की जगह राष्ट्रपति !
अब ये ज्ञानचंद मोदी जी के टेंशन घर तक ले जा रहे हैं.  मोदी को मंत्रीमंडल में किस किस को लेना चाहिए और किस को नहीं. कुछ ज्ञानचंदों ने तो मंत्री बनाकर उनके विभागों का बंटवारा भी कर डाला.  जेटली वित्त मंत्रालय के लायक हैं या नहीं, राजनाथ को होम डिपार्टमेंट ठीक ही है। गडकरी को सडकों का अच्छा अनुभव है, भूतल परिवहन ठीक रहेगा. अमित शाह को यूपी में ही बिठाए रखना चाहिए, बन्दे में दम है.नहीं नहीं, शाह को तो होम मिनिस्टर बना दो
एक और ज्ञानचंद मंडली मोदी के विदेश मंत्रालय की कमान सभाले हुए है। पाकिस्तान के साथ यूं निपटना चाहिए। चीन को सुधारने का रास्ता ये है. ओबामा अबअफी मांगने आया समझो। जापान से तो मोदी जी के पुराने अच्छे सम्बन्ध हैं , पता है कि नहीं?
एक और ज्ञानचंद गंगा की सफाई पर चिंतित है। मोदी जी ने ज्यादा बोल दिया यार. गंगा साबरमती कैसे बन सकती है? गंगा की सफाई करने जायेंगे तो कानपुर के चमड़ा फैक्टरी वाले नाराज हो जायेंगे। वे कहेंगे कि मोदी ने  अल्पसंख्यकों को सताना शुरू कर दिया है। मोदी में  पोलिटिकल विल तो है पर वोट बैंक भी बड़ा मसाला है।
अब 26 को मोदी जी की शपथ हो जाएगी। मंत्री चुन लिए जाएंगे. ज्ञानचंद फिर नया टेंशन लेकर बिज़ी हो जायेंगे. अगली बार, फिर अगली अगली बार मोदी सरकार। बार बार मोदी सरकार।
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

जिनको खड़ा नहीं होना चाहिए था ...... !

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (26 अप्रैल 2014)

जिनको खड़ा नहीं होना चाहिए था ...... !




इस चुनाव में बड़ी गड़बड़ी हो गई है. जिनको खड़ा नहीं होना चाहिए था, वे खड़े हो गए और जिनको घर बैठना था, वे दर दर वोट मांग रहे। यह हाल पूरे देश का है. अगर मेरे मनपसंद ये उम्मीदवार मैदान में होते तो चुनाव कितना दिलचस्प, रोमांटिक और ग्लैमरस हो जाता। अब आप ही बताइये--मैं ऐसी कौन सी गलत अपेक्षा रख रहा हूँ?

टोंक -सवाई माधोपुर से अजहरुद्दीन मैदान में क्यों हैं? संगीता बिजलानी क्यों नहीं? मथुरा से बसंती यानी हेमा क्यों चुनाव लड़ रही हैं-ऐशा या आहना क्यों नहीं? मुनमुन सेन क्यों  काली होने के लिए धूप में धूम रही हैं, जबकि उनकी दो दो जवान बेटियां यह काम अच्छी तरह कर सकती थीं। राइमा सेन आ जातीं, रिया सेन आ जातीं। राहुल गांधी मैदान संभाले हुए हैं; कल्पना कीजिये अगर उनकी बहन प्रियंका मैदान में होतीं तो माहौल कैसा होता! राखी सावंत चुनाव लड़ सकती हैं तो बेचारी सनी नियोनी ने क्या बिगाड़ा था? सनी को ज्यादा वोट मिल जाते, इसकी गारंटी महेश भट्ट ले सकते हैं।शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा के उम्मीदवार हैं, जो बीते 20 साल से अफवाह उड़वाते  रहते हैं कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री वे ही होंगे। 20 साल में तो उनकी बेटी सोनाक्षी हीरोइन बन गई और तमाम बुड्ढे हीरो जैसे अक्षय कुमार, सलमान खान,अजय देवगन आदि की फिल्मों में टेका लगा रही हैं।बेचारे शत्रुघ्न को भी सहारा मिल जाता . अगर शत्रुघ्न की जगह सोनाक्षी का नाम उम्मीदवारी में होता तो मजा आ जाता। स्मृति ईरानी अब बहू से आंटी बन गई हैं, अगर टीवी कलाकार को ही लड़ना था तो सारा खान आ जातीं, प्रत्यूषा बनर्जी आ जातीं,करिश्मा तन्ना आ जातीं।  और कोई नहीं तो तारक मेहता वाली बबिताजी  यानी मुनमुन दत्ता आ जातीं, या फिर श्वेता साल्वे या मंदिरा बेदी क्या बुरी थीं? पर क्या कहें इन नेताओं को? इनमें कोई एस्थेटिक सेंस बचा है क्या? 

गुल पनाग को खड़ा कर डाला, बोले भूतपूर्व मिस इण्डिया है। तो फिर भूतपूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या पर दांव लगाते. उसके तो सास - ससुर सब सांसद रह चुके हैं, बहू भी संसद में घूम आतीं। किसी का क्या चला जाता? यूं  भी सास से बनती नहीं है, बहस करना तो सीख ही गई होंगी।  सही रहता।  मनोज तिवारी, हेमंत बिरजे, कमाल खान कमाल, पिछली शताब्दी के हीरो विश्वजीत, किरण खेर, जावेद जाफरी,बप्पी लाहिड़ी, विनोद खन्ना आदि फुस्सी बमों की जगह एटम बमों, फुलझड़ियों, खिलते अनारों को मौका मिलता तो हमारा यह महान लोकतंत्र कहाँ जा पहुंचता? 

ये बात ठीक है कि  शाजिया इल्मी के पास मर्सीडीज़ गाड़ी है, पर टीवी  में तो एक से बढकर हीरोइन हैं।  किसी को भी दे    देते अंबिका आनंद या आभा सराफ़; श्वेता सिंह या सिक्ता देव; अफशा अंजुम या अवन्तिका सिंह; आरती पाठक या आफरीन क़िदवाई; अंजना कश्यप या शिरीन भान;बरखा दत्त या अलका सक्सेना; मिताली मुखर्जी या निधि राज़दान; निधि कुलपति या पाल्की उपाध्याय; रितुल  जोशी या ऋचा अनिरूद्ध; सुरभि भूटानी या अंकिता बेनर्जी; ऋतु वर्मा या आरफ़ा ख़ानम; ज्योतिका ग्रोवर या मोनीषा ओबेरॉय; सागरिका घोष या सोनिया वर्मा;सलमा सुल्तान या अविनाश कौर सरीन; सरला माहेश्वरी या वीना सहाय; कोई भी बेहतर ही होता। अगर किसी रेडियो  जॉकी  को भी मौका दे देते तो सोने  होता!

मेरी चिंता ग़लत  लोगों को टिकट को  है। लेकिन मैं  भी पक्का लोकतंत्रवादी हूँ। आशा छोड़नेवाला नहीं।  हूँ कि लोकसभा के  लोगों और लुगाइयों को ही मिलेंगे. आमीन !
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

कहां मध्यप्रदेश, कहां हरियाणा?

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (05 जुलाई 2014)



हमारा मध्यप्रदेश उस बीपीएल परिवार की तरह है, जिसमें खाने के लाले पड़ते हैं, लेकिन शादी-ब्याह का जश्न बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। प्रदेश की हालत चाहे जो हो, सरकारी आयोजनों में करोड़ों रुपए खर्च करना सामान्य बात है। प्रतिव्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से कम होने के बावजूद मध्यप्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों पर सर्वाधिक टैक्स है। बजट पेश करते हुए वित्तमंत्री जयंत मलैया इस पर कुछ नहीं कहते और बाद में जब पत्रकार पूछते हैं तब कहते हैं कि केन्द्र सरकार के बजट के बाद इस पर विचार होगा। शब्दों पर गौर करें 'इस पर विचार होगाÓ। उन्होंने यह नहीं कहा कि मध्यप्रदेश में पेट्रो पदार्थ सस्ते किए जाएंगे। विचार होगा और विचार तो किया ही जाता है, यह थोड़ी कहा कि बजट के बाद मध्यप्रदेश में भी गोवा जैसे टैक्स कम कर दिए जाएंगे। 

मध्यप्रदेश सरकार का सारा तामझाम प्रचार-प्रसार और आयोजनों में ही नजर आता है। आम आदमी तक सरकारी योजनाएं कितनी पहुंचती होंगी, इसका अंदाज भी हमारे नेताओं को शायद नहीं है। मध्यप्रदेश कल्याणकारी राज्य तो शायद नहीं बन पाया, लेकिन प्रचार बहुत हो रहा है। पिछले दिनों हरियाणा जाना हुआ, तो यह जानकर आश्चर्य हुआ कि अकेले हरियाणा में 250 से ज्यादा एमएनसी (मल्टी नेशनल कॉर्पोरेशन) हैं। हरियाणा में किसानों को 10 पैसे यूनिट में बिजली मिलती है। कोई किसान या मजदूर दुर्घटना में मर जाए तो उसके परिवार को 5 लाख रुपया मिलता है। शहरों की तरह गांवों में भी सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं। मध्यप्रदेश से लगभग 3 गुना ज्यादा प्रतिव्यक्ति आय वहां पर है। पिछले 5 साल में 6 नई रेल लाइनें बिछना शुरू हुईं। एक रेलवे कोच फैक्टरी भी बन रही है। साइबर सिटी, मेडिसिटी, मॉल हरियाणा की पहचान बन गए हैं। पिछले पांच साल में नौगुना निवेश इस राज्य में बढ़ा। 2 साल में पंद्रह हजार करोड़ डॉलर का निवेश उद्योग धंधों में हुआ। देश में बनने वाले 50 प्रतिशत ट्रैक्टर, करीब 60 प्रतिशत कारें, 60 प्रतिशत दोपहिया वाहन, 50 प्रतिशत फ्रिज हरियाणा में बनते हैं। हरियाणा में महिलाओं का एक मेडिकल कॉलेज है। एज्युकेशन सिटी इस प्रदेश में है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हरियाणा में 96 प्रतिशत लोग पक्के घरों में रहते हैं, केवल 4 प्रतिशत लोग ही हैं, जिन्हें पक्के मकानों की छत उपलब्ध नहीं है। देश का सबसे ज्यादा बासमती चावल यही राज्य उत्पादित करता है और निर्यात करता है। प्रतिव्यक्ति दूध की उपलब्धता पौन लीटर है। दुधारू पशु की मौत हो जाए तो सरकार 50 हजार रुपए तक मुआवजा देती है। पिछले दिनों यहां एक दुधारू मुर्राह भैंस 25 लाख रुपए में बिकी थी। वहां सड़कों के किनारे गुजरो तो बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज और ऑडी कारें नजर आना सामान्य बात है। सड़क किनारे के ढाबों पर आप दाल-मखानी से लेकर पिज्जा-बर्गर तक खा सकते हैं। लोटो और एडीडास के जूते गुमटियों से खरीद सकते हैं। 

हरियाणा में वृद्धों को 1000 रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलती है (मध्यप्रदेश में 300 रुपए देने का प्रावधान है)। अगर आप सेना में हैं और परमवीर चक्र जीतते हैं तो हरियाणा सरकार 2 करोड़ रुपए देती है। हरियाणा में भोजन का अधिकार सबसे पहले लागू किया गया है। हरियाणा में 20 लाख बच्चे 600 रुपए महीना पेंशन पाते हैं। खेलों में 'पदक लाओ, पद पाओÓ योजना लागू है। यानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपने कोई पदक जीता, तो सरकारी नौकरी पक्की। करीब 500 खिलाडिय़ों को इस योजना में नौकरी मिली हुई है। अजा-अजजा के लोगों को पानी मुफ्त में दिया जाता है और 200 लीटर की टंकी भी मुफ्त दी गई है। विधवा की बेटी की शादी पर सरकार 31000 रुपए की मदद करती है। किसानों के सारे कर्ज माफ हैं। किसानों की गिरफ्तारी नहीं हो सकती और न ही किसी किसान को हथकड़ी लग        सकती है। 

मध्यप्रदेश वाले अभी भी आदिवासी राज्य का ही रोना रोते हैं, जबकि बात नीयत की है। इतनी जमीन, इतने खनिज, इतने वन मध्यप्रदेश में हैं और हम उनका दोहन नहीं कर पा रहे हैं। विकास से ज्यादा विकास का दिखावा करना हमारा शगल है। कृषि प्रधान मध्यप्रदेश में हर जिले में कृषि विश्वविद्यालय क्यों नहीं खोले जाना चाहिए? जिले को छोड़ो, संभाग में ही खोल दो। यही हाल पशु चिकित्सा महाविद्यालय का है। हम अपने पशु धन का संवर्धन नहीं कर पा रहे हैं। मानव आबादी बढ़ती जा रही है और पशु धन घटता जा रहा है। कृषि में हमारी ग्रोथ इन्द्र देवता और नर्मदा मैया के भरोसे ज्यादा है। हमारे अपने बाहुबल और इच्छाशक्ति में कहीं कमजोरी है।
मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश की बातें करने वाले जरा आस-पास के राज्यों में भी देख लें। गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान तो हमारे पड़ोसी हैं। वहां भी यही कानून है, जो हमारे प्रदेश में है। फिर ऐसा क्यों कि वहां विकास ज्यादा तेज हो रहा है? गोवा, हिमाचल, केरल, पंजाब जैसे राज्यों से भी मध्यप्रदेश बहुत कुछ सीख सकता है। बस, एक बार पुनरावलोकन जरूरी है। 
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (05 जुलाई 2014)

Saturday, October 18, 2014

इंदौर में आपका स्वागत है

'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम (18 अक्टूबर 2014)



कुछ बरसों से इंदौर में होर्डिंग लगाने का चलन बहुत बढ़ गया है। होर्डिंग के ‘रचनाकारों’ ने अलग ही शब्दावली गढ़ दी है। इस शब्दावली में ‘मध्यप्रदेश के सबसे ... शहर में’ आपका स्वागत लिखा जाना पहली प्राथमिकता बन गया है। यह ... स्थायी है इसके बीच में कोई भी अपना मनचाहा शब्द लिखकर होर्डिंग लगवा सकता है। 

इंदौर में आपका स्वागत है। इस बात को यूं सीधे तरीके से लिखने पर शायद प्रभाव कम पड़ता है, इसलिए लिखा जाता है- मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा शहर इंदौर, मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा व्यावसायिक केन्द्र इंदौर, मध्यप्रदेश का सबसे आधुनिक शहर इंदौर, मध्यप्रदेश का सबसे चिंतनशील शहर इंदौर, मध्यप्रदेश की संगीत की राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश का मिनी मुंबई इंदौर, मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट हब इंदौर, मध्यप्रदेश की पैâशन की राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश की विज्ञापन जगत की राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा एज्युकेशन हब इंदौर, मध्यप्रदेश का सबसे सुव्यवस्थित शहर इंदौर, मध्यप्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश की पत्रकारिता की राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश की चिकित्सा की राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश की आधुनिक कला की राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी इंदौर, मध्यप्रदेश की धार्मिक राजधानी इंदौर में आपका स्वागत है। 

अब होर्डिंग्स लगाने का चलन है तो उस पर कुछ न कुछ तो लिखा ही जाएगा। सीधे-सीधे इंदौर में आपका स्वागत है लिखने पर वह प्रभाव नहीं पड़ता। कुछ न कुछ लिखना जरूरी है। चाहे इंदौर को मिनी मुंबई लिखा जाए या मध्यप्रदेश की फलां-फलां राजधानी या मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा शहर इंदौर। इन तमाम होर्डिंग्स में यह बताने की होड़ रहती है कि इंदौर मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा शहर है। साथ ही सबसे आधुनिक और उन तमाम बातों की राजधानी भी जो भोपाल नहीं है। जैसे मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक, औद्योगिक, व्यावसायिक, कला, साहित्य, संस्कृति आदि की राजधानी या प्रदेश का सबसे बड़ा केन्द्र। 

बतोलेबाजी करने में कोई भोपाल का एकाधिकार तो है नहीं, हम इंदौर के लोग उनसे क्या कम है? भोपाल होगा मध्यप्रदेश की राजधानी। इंदौर राजधानी नहीं, तो उससे कुछ कम भी नहीं। भोपाल जैसी झीलें यहां नहीं है, वैसी प्राकृतिक सुंदरता भी नहीं है, राजधानी के सारे लाव-लश्कर और दिखावा भी नहीं है, लेकिन इंदौर में जो है वह भोपाल में कहां? भोपाल में प्रदेश का सबसे बड़ा जैसा विशेषण लिखने का अधिकार कहां? भोपाल में आईआईटी और आईआईएम दोनों कहां? भोपाल रेलवे स्टेशन से भले ही २०० ट्रेनें रोज आती-जाती हो और इंदौर से इसकी २५ प्रतिशत ट्रेनें भी नहीं हो, लेकिन क्या भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट से देवी अहिल्या बाई एयरपोर्ट जैसी विमानसेवाएं उपलब्ध है? क्या भोपाल में पोहे-जलेबी, सेव-कचोरी, नमकीन का इंदौरी लुत्फ मिल सकता है? क्या भोपाल में सराफा और छप्पन दुकान जैसा माहौल किसी ने देखा है? इंदौर में जिस तरह पैâशन पहले-पहल आता है भोपाल तक जाने में उसे ३ घंटे नहीं ३ साल लग जाते है। 

ऐसा कोई कानून नहीं है कि होर्डिंग्स पर सच-सच बातें लिखी जाए। ये सच बातें अगर लिख दी जाए, तो वास्तव में इंदौर की असलियत मेहमानों के सामने आ जाएगी। अब हम होर्डिंग्स पर यह लिखने से तो रहे कि जंगल राज की राजधानी इंदौर, अपराध की राजधानी इंदौर, चंदाखोरों के लिए आदर्श शहर इंदौर, भ्रष्ट अफसरों के लिए खाने-कमाने की सबसे बड़ी खेड़ इंदौर, अतिक्रमणों की राजधानी इंदौर, भूमि घोटालों की राजधानी इंदौर, फर्जी वंâपनियों की राजधानी इंदौर, धोखेबाजों की राजधानी इंदौर, गुंडे-बदमाशों की राजधानी इंदौर, गंदगी की राजधानी इंदौर, आवारा पशुओं का स्वर्ग इंदौर, नौटंकी बाजों का शहर इंदौर, 'गी में अव्वल इंदौर, माफियाओं गतिविधियों का केन्द्र इंदौर, आतंकितयों की शरणस्थली इंदौर में आपका स्वागत है।

इंदौर की और भी बहुत सी खूबियां है, जिनके लिए लोग इंदौर आना पसंद करते है। अगर वे अपनी बात और मंतव्य सच-सच बता दें तो उनकी नाक कट जाएगी। इसीलिए इंदौर की जरी की चादर पर टाट के पैबंद लगा दिए गए है और हर कोई कहता फिरता है मध्यप्रदेश का सबसे अच्छा, सबसे बड़ा आदि-आदि। असलियत केवल इंदौर के लोग ही जानते है। 

Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम (18 अक्टूबर 2014)

Tuesday, October 14, 2014

'विलफुल डिफाल्टर' के 'अनुकरणीय' कार्य !

'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम (11 अक्टूबर 2014)

वैसे तो उनके हिन्दी में एक से बढ़कर एक शब्द हैं-चोर, चोट्टा, अमानत में खयानत करने वाला, गबनकर्ता, जेबकतरा, लुंठन, डाकू आदि-आदि। अंग्रेजी में भी इसके लिए एक से बढ़कर शब्द हैं, लेकिन जो मजा 'विलफुल डिफाल्टर' में है, वह कहीं नहीं ! विलफुल डिफाल्टर भी क्या गजब के 2  शब्द हैं। बेहद इज्जतदार!  विलफुल डिफाल्टर शब्दों में गरिमा है।  विलफुल डिफाल्टर बोलो तो लगता है कि टॉम क्रूज टाइप किसी महान इनसान की चर्चा हो रही है! भारत में विलफुल डिफाल्टर का जिक्र आते ही विजय माल्याजी का खयाल मन में आता है। 

विजय माल्या बेहद अनूठे कार्य करते हैं। वे दुनिया के तीसरे सबसे बड़े दारू भट्टीवाले हैं। बियर पिलाने वाले दुनिया के दूसरे सबसे बड़े उत्पादक। सुंदर कन्याओं के अर्ध या उससे ज्यादा नग्न कन्याओं के कैलेंडर छापते हैं। फार्मूला वन रेस और घुड़दौड़ में दिलचस्पी रखते हैं। मीडिया जगत में भी उनकी दिलचस्पी है। वे एशियन एज और सिने ब्लिट्ज के मालिक हैं। ब्रिटेन में एक नीलामी में वे टीपू सुल्तान की असली तलवार लगभग पौने दो लाख ब्रिटिश पाउंड में खरीद लाए। शराब के अलावा उनका फर्टिलाइजर का भी धंधा है उनका। किंग फिशर विमान कंपनी भी उन्होंने ही शुरू की थी, जिस पर बैंकों का अरबों रुपया बकाया है और कर्मचारियों की महीनों की तनख्वाह खाकर वे बैठे हैं। वे कर्नाटक से चुनकर राज्यसभा में जा चुके हैं, वह भी निर्दलीय। उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता के लिए करोड़ों खर्च किए थे। राज्यसभा में उन्होंने अपने सभी सदस्यों को गिफ्ट में अपनी कंपनी की शराब के बक्से भिजवो थे, जिस पर मप्र से गए सांसद अनिल माधव दवे ने आपत्ति की थी और उनका 'गिफ्ट' बैरंग वापस कर दिया था। 

ऐसा नहीं है कि विजय माल्या कड़कनाथ हो गए हैं। उनके पास दूसरी कंपनियों में खासा धन है, लेकिन उन्होंने तय किया कि वे अपनी दूसरी कंपनियों का पैसा भोग-विलास में खर्च करेंगे। उनका बेटा सिद्धार्थ भी उन्हीं के नक्शेकदम पर है और कुछ समय पहले तक दीपिका पादुकोण का खास ब्वॉयफ्रेंड था। कहते हैं उसने दीपिका को 16 करोड़ का मामूली-सा फ्लैट गिफ्ट किया था। ये वही सिद्धार्थ है, जिसकी मां एयर इंडिया में एयर होस्टेस थी और विमान के यात्री विजय माल्या से इश्क लड़ाकर विवाह रचा बैठी थी। बाद में विजय माल्या अपनी एक भूतपूर्व पड़ोसन पर फिदा हो गए तो होस्टेस वाली बीवी को त्यागकर पड़ोसी का फर्ज निभाने लगे। 

विलफुल डिफाल्टर घोषित होने के बाद माल्या कोर्ट में गए। अर्जी दी थी कि उन्हें 'विलफुल डिफाल्टर' ना कहा जाए। गाँधी जयंती के एक दिन पहले कोलकाता की कोर्ट ने माल्या की अर्जी पर सुनवाई करते हुए उन्हें टेम्परेरी रूप से विलफुल डिफाल्टर की लिस्ट से बाहर कर दिया गया है। इसका मतलब समझे  आप? कोर्ट भी चाहता है कि अब आप उन्हें विलफुल डिफाल्टर नहीं, सीधे-सीधे चोर या चोट्टा कह सकते हैं। पर याद रखिए यह आदेश टेम्परेरी है। विश्वास है कि वे जल्द ही अपनी विलफुल डिफाल्टर वाली गरिमामयी पदवी पर कामयाब होंगे। 
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम (11 अक्टूबर 2014)

Monday, October 06, 2014

आपकी निजी पत्नी कैसी हैं?

'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम (04 अक्टूबर 2014)



वह मित्र नाराज हुए जब मैंने उनका हाल पूछने के बाद उनसे पूछा- 'आपकी निजी पत्नी कैसी हैं?

कहने लगे - 'पत्नी तो निजी ही होती है।

मैंने कहा - 'आप ही तो कहते हो  'हमारी वाइफ ने हमें मिस किया। हमारी वाइफ हमारे बिना खाना नहीं खाती। हमारे बिना हमारी वाइफ बिस्तर पर नहीं जाती क्योंकि हमारे बिना उन्हें नींद नहीं आती है।  'हमारी वाइफ और हम पिक्चर देखने गए थे। 'हमारी वाइफ ने आज बहुत शॉपिंग की। 'हमारी वाइफ आज बहुत बिजी है। मैंने यह तो नहीं पूछा कि 'हमारी वाइफ कैसी हैं?

वह बिदक गए - 'बड़े बदतमीज हो यार! अपनी भाभी को ऐसे बोल रहे हो? ऊपर से कह रहे हो कि मैंने 'हमारी वाइफ नहीं कहा।  कह के तो देखो अभी तुम्हारा मुंह तोड़ देता हूं

मैंने दोहराया- 'मेरी आदरणीय भाभी कैसी हैं?

'साले, आज से मेरी-तेरी दोस्ती खत्म! ईडियट! उसने कहा

'ओके! मैंने कहा। फिर सोचने लगा कि कई लोग हर जगह 'मैं की जगह 'हम क्यों बोलते हैं? हमारा घर, मोहल्ला, शहर जैसी बात तो ठीक है, पर हमारी वाइफ! यह बात बिलकुल हजम नहीं होती। (मेरी निगाह में 'हमारी वाइफ कहने का अधिकार तो केवल पांडवों को था, जिनकी 'हमारी द्रोपदी थी। दुर्योधन ने शायद ही भानुमति को 'हमारी धर्मपत्नी कहा हो। 'हम फस्र्ट आ  गए। 'हमने अकेले ही काम कर डाला। 'हम गूसलखाने जा रहे हैं। भैया, गूसलखाने जाते हो तो अकेले ही जाते हो या पूरे मोहल्ले साथ? गूसलखाने नहीं,  स्टेशन के पास रेल की पटरी पर सामूहिक दिशा-मैदान के लिए जाते हो क्या? सामूहिक रूप से।  'हम फर्स्ट आ गए! तो क्या एक-दो लाख लोग फर्स्ट आते हैं?

कई लोग 'मैं और 'हम के बीच अंतर नहीं कर पाते। उन्हें लगता है कि अगर वे 'मैं की जगह 'हम कहेंगे तो उनकी बात का वजन बढ़ जाएगा और वे भी नवाबों-राजा-महाराजाओं की तरह सम्मान पाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि ये ही लोग अकसर 'हम की जगह 'मैं बोलने लगते हैं। कोई काम पूरी टीम कड़ी मेहनत के  बाद संपन्न करेगी तब बोलते हैं -'मैंने टास्क पूरा लिया।  मैंने  मेहनत की, मैंने रात-दिन काम किया, आदि आदि, जबकि असलियत यह होती है कि सारा का सारा काम पूरी टीम कर रही होती है और क्रेडिट लेने लग जाते हैं ऐसे लोग! राजनीति में यह हमेशा ही होता है, मेहनत कोई करता है और फल कोई और खा जाता है।

खुशी की बात है कि साहित्य में तो कम से कम ऐसा नहीं है। साहित्यकार मैं और हम का अर्थ खूब जानते हैं। तभी तो किसी कवयित्री ने लिखा है -मैं, मैं हूं और तुम, तुम! काश मैं और तुम मिलकर हम बन जाते!

Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
 'वीकेंड पोस्ट' में मेरा कॉलम (04 अक्टूबर 2014)

Saturday, September 27, 2014

जीतन राम मांझी के ७ बिंदास बचन


वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (27 सितम्बर   2014)


मुझे बिहार  मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की साफगोई पर फ़ख़्र  होता है।  कम से कम एक मुख्यमंत्री तो है जो सच बोलने की हिम्मत रखता  है. यह बात दीगर है कि लोग उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते और यह पापी मीडिया उनके ख़िलाफ़ ज़हर उगलता है।  अपने जीवन  में वे हमेशा खरे उतरे हैं। गौर कीजिए कि जिस बन्दे ने कड़ी  मेहनत के बाद  पढ़ाई की, फिर क्लर्क  नौकरी की और फिर राजनीति में पैर रखा, विधायक बना और जब मंत्री बना तो मुख्यमंत्री ने शपथ लेते ही आरोपों चलते कुछ ही घंटों में हकाल दिया. कोर्ट ने आरोप ख़ारिज कर दिए। आज वहीँ बंदा सीएम होकर भी सच बोलता है तो लोगों को तकलीफ क्यों?

बयान नंबर  एक : ''दारू को दवा समझकर थोड़ी-थोड़ी ले लेने में हर्ज़ नहीं।''  इसी बात को जब  पंकज उधास ने गाकर कहा --'महँगी बहुत हुई शराब तो थोड़ी थोड़ी पिया करो'  तो सारी  दुनिया के लोग इसे गाने लगे. पंकज उधास ने तो यहाँ तक कहा कि 'पियो लेकिन रखो हिसाब ! थोड़ी थोड़ी पिया करो' !! तब भी किसी को बुरा नहीं लगा। मांझी साहब ने तो केवल पीनेभर की बात कही। मैं मांझी साहब की साफगोई पर उनके बयां  समर्थन करने में कुछ गलत  नहीं समझता। महंगाई बहुत है, ऐसे में भरपेट पीना संभव भी नहीं है. 

बयान नंबर दो : ''चूहा मारकर खाना खराब बात नहीं है. मैं भी चूहा खाता था''.  श्री  मांझी शौकिया तौर पर चूहा खाने की बात कर रहे थे जबकि लोगों ने उन पर तोहमतें लगाना शुरू कर दिया। लोग बैंकाक, सिंगापुर, शंघाई, टोकियो और न कहाँ कहाँ जाते हैं और वहां हजारों खर्च करके क्या खाते हैं पता है आपको? केंकड़े, साँप, बन्दर, कीड़े-मकोड़े, घोंघे, कॉक्रोच  और समुद्री जीव-जंतु!  हमारे बॉलीवुड की दर्जनों हीरोइनें कहती हैं --आई लव सी फ़ूड ! ये सी फ़ूड क्या होता है कभी सोचा है? चूहे फ़ोकट में मिलते हैं. इस पर कहे की आपत्ति?

बयान नंबर तीन : ''बच्चों की पढ़ाई के लिए अगर व्यवसायी कालाबाजारी करते हैं तो इसमें कोई गलत बात नहीं है. दो-चार हजार करोड़ की कालाबाजारी करने वालों पर सख्ती की जरूरत है।'' अब आप ही बताइए क्या गलत कहा? पटवारी, इंजीनियर, डॉक्टर, क्लर्क के यहाँ छापा मारना और 'तीन करोड़ का क्लर्क' जैसी फालतू खबरें बनवाना केवल समय खोटी करना ही तो है।  जब दो दो हजार करोड़ के घोटालेबाज छूट जाते हैं तब ये भी छूट ही जाएंगे। टाइम बर्बाद करने का कोई औचित्य नहीं है। 

बयान नंबर चार :  ''कालाबाजारी  और टैक्स चोरी सही है, बशर्त है कि चोरी थोड़ी मात्रा में हो और नेक इरादे से की जाए।'' हर कोई तो कहता है कि आटे में नमक बराबर चोरी चलती है, नमक में आटे समान नहीं. फिर माननीय सी एम ने यह भी तो कहा कि यह नेक इरादे से की जाए तो....अब आप ही देखिए उन्होंने यह नहीं कहा कि बलात्कार सही है अगर नेक इरादे से हो तो। उन्हें पता है कि बलात्कार नेक इरादे से हो ही नहीं सकते, इसलिए यह कहा ही नहीं। 

बयान नंबर पांच :''घूस खानी है तो खुद खाओ, दूसरों को मत खिलाओ''. कितने पवित्र विचार ! हम सुधरेंगे युग सुधरेगा। हम बदलेंगे युग बदलेगा। सच है या नहीं?

बयान नंबर छह : ''अगर दलितों को राजनीतिक ताकत बनना है तो उन्हें जनसंख्या भी बढ़ानी  होगी।  हमें अपनी जनसंख्या को 16 से बढ़ाकर 22 फीसदी करनी पड़ेगी।'' ऐसी बात कहने के लिए कलेजा चाहिए क्योंकि इस ज़माने में जहाँ जमात, वहीँ करामात!

बयान नंबर सात : ''सरकारी स्कूल की हालत पब्लिक  ट्रांसपोर्ट की गाड़ी जैसी ''.  हमारे प्रदेश में भी तो यही हाल है।  आगे नाथ न पीछे.... 

मैं सोचता हूँ कि काश ! हमारे प्रदेश में भी कोई ऐसा ही सच्चा सीएम होता जो लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में जाकर भाषण पेल सकता। आजकल मांझी साहब  ब्रिटेन में विदेशी निवेश को आकर्षित करने गए  हैं। वे ब्रिटेन की संसद में भी जाएंगे। 
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (27 सितम्बर   2014)

Saturday, September 20, 2014

तू फोन क्यों नहीं करता?

वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (20 सितम्बर   2014)




अभी एक पुराने  मित्र का फ़ोन आया --- क्या हाल चाल है? यार, तुम तो  याद ही नहीं करते.

मैने कहा -- ग़लत ! हमेशा ही याद करता हूँ.

वह बोला --तो फिर कभी फ़ोन क्यों नहीं करते?

मैने पूछा -- तुम याद करते हो मुझे?

कहने लगा -- बिल्कुल रोजाना याद करता हू.

मैने कहा -- तो फिर फ़ोन क्यों नहीं करते?

उसने कहा -- यह सवाल तो मेरा है.

मैने कहा -- नहीं, अब यह सवाल मेरा है.

उसने कहा --मैने शिकायत की तो अब मुझसे ही सवाल कर रहे हो?

मैने जवाब दिया -- मैने प्रतिप्रश्न  किया ये  मुझ पर ही तोहमत क्यों ?

उसने कहा --पहले सवाल मैने पूछा था...

मैने कहा --तूने पूछा तो....

उसने कहा --हाँ, एक तो कभी फ़ोन नहीं करता, ऊपर से आरोप?

मैने कहा--मैने कोई आरोप नहीं लगाया. तुमने फ़ोन किया और पूछा कि फ़ोन क्यों नहीं करता? 

मैने तुमसे भी यही सवाल कर डाला. इसमें आरोप क्या है?

वह बोला -- तू साले खुद को मेरा दोस्त बोलता है और फ़ोन करने की बात पर हंगामा कर रहा है?

मैने कहा -- तू भी तो साले मेरा दोस्त बोलता है खुद को! तू ही फ़ोन कर लिया कर.

वह बिफरा -- साले मोबाइल में तो 10 डिज़िट भी डायल नहीं करने पड़ते....फिर भी तू मेरे को कॉल नहीं लगा सकता?

मैने साफ़ कहा -- यही तो मैं कह रहा हूँ बे; तू क्यों नहीं कर लेता कभी फ़ोन वोन?

वह तैश में आ गया --पहले मैने शिकायत की थी कि तू कॉल क्यों नहीं करता?

मैने कहा -- तूने कहा तो क्या तेरा इस पर कॉपीराइट हो गया?

वह बका -- तो...? 

मैने कहा --तो.....? तो....तो....तो का तो...?

वह बोला -- तेरी बात ज़रा भी जायज़ नहीं है. तू कभी फ़ोन नहीं करता.

मैं बोला -- तेरी भी शिकायत कहाँ जायज़ है? तू करता है फ़ोन? साल में चार बार भी कॉल करता है क्या?

वह बोला -- तू मेरा दोस्त है ना, फिर क्यों बात नहीं करता?
मैने कहा -- तू भी तो मेरा दोस्त है, तू क्यों नहीं करता बात?....तभी नेटवर्क की कुछ परेशानी आई और फ़ोन कट गया. मैने तत्काल कॉल लगाया, बिजी टोन. दो मिनट बात फिर लगाया, फिर बिजी टोन. री डॉयल किया तब भी यही हाल. फ़ोन एक तरफ रखकर मैं काम मे जुटा ही था कि फिर उसका फ़ोन आ गया --- साले तूने फ़ोन क्यों काट दिया मेरा?

मैने कहा -- मैंने नहीं काटा, तू ने ही काटा होगा?

वह उखड़ गया --एक तो बात नहीं करता, ऊपर से कॉल करो तो फ़ोन काट देता है?

मैने सफाई दी --शायद नेटवर्क की दिक्कत होगी!

वह भड़क गया -- अब नेटवर्क का बहाना बना रहा है तू?

मैने कहा--अब नेटवर्क में दिक्कत हो तो कोई क्या करे?

वह चीखा--क्या करे? तू तो बहुत बड़ा आदमी हो गया है! तेरे पास दोस्त को फ़ोन करने का वखत भी नही बचा?

मैने कहा -- तू भी तो प्राइम मिनिस्टर हो गया है साले.

वह बिगड़ गया -- तू क्या घर पर झगड़ा करके आया है साला? कोई बात का जवाब ठीक से नहीं देता?

मैने कहा -- मैं न तो घर पर झगड़ा करता हूँ, न बाहर.

वह बोला--तू मेरे पर तंज़ कर रहा है क्या? मैं सबसे झगड़ा ही करता हूँ?
मैने उसे शांत करने के अंदाज़ में कहा --नहीं नहीं, भैया, मेरा यह मतलब नहीं था. तू तो मेरा फास्टेस्ट फ्रैंड था, है और रहेगा, इतने दिन बाद तूने कॉल किया है, यह बता घर पर सब ठीक है? भाभी जी कैसी है? बच्चे मज़े में हैं? 

वह बोला - अब क्यों पूछ रहा है? कॉल मैने किया और हाल तू पूछ रहा है?

मैने दूर से ही हाथ जोड़े -- मेरे प्रभु, यह बता कि काल क्यों किया? कैसे याद किया? ....पर अभी यह बता कि फ़ोन करने का कोई ख़ास कारण?

वह बोला -- क्या मैं तेरे को बिना कारण के फ़ोन नहीं कर सकता? तू मेरा दोस्त, और कारण होना चाहिए फ़ोन करने के लिए?

मैने कहा --- नहीं नहीं महाप्रभु, आदेश  करो....क्यों फ़ोन किया?

उसने कहा -- इसीलिए कि तू फ़ोन क्यों नहीं करता?

मेरा धीरज जवाब दे चुका था. मैने फ़ोन दूर रख दिया और उसकी आवाज़ें सुनता रहा, बगैर काटे. भरोसा हो गया था कि जवाब दूँगा तो रिपीट टेलीकास्ट फिर चालू हो जाएगा. 
ये विज्ञापन वाले भी सचमुच कमाल करते हैं. 

....हर दोस्त कमीना होता है..... 

''फोन क्यों नहीं करता''.... इसका क्या जवाब दूँ मैं?
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
वीकेंड पोस्ट में मेरा कॉलम (20 सितम्बर   2014)