Showing posts with label best Hindi blogers. Show all posts
Showing posts with label best Hindi blogers. Show all posts

Wednesday, December 24, 2014

pk हर पात्र चरित्रहीन, हर कैरेक्टर ढीला

.... लेकिन फिल्म चल पड़ी है मार्केटिंग के सहारे 

pk का हर पात्र चरित्रहीन !  हर कैरेक्टर ढीला  !!

एलियन  (आमिर) -- पहली लड़की देखी, फिदा हो गया; 
जग्गू (अनुष्का) -- एक लड़का मिला, सो गई; 
सरफ़राज़ (सुशांत सिंह) -- एक दिन फिदा, अगले दिन जुदा;
न्यूज़ चैनल  हेड (बोमन ईरानी )  -- फट्टू और बेअक्ल; 
तपस्वी महाराज(सौरभ शुक्ल) --  चोर-ढोंगी;
जग्गू का पिता( परीक्षित साहनी) -- धर्मांध भक्त;
फुलझड़िया (रीमा) -- वेश्या; 
ब्रुगेस का बुड्ढ़ा (राम सेठी) -- 4 डॉलर का चोट्टा, 
भैरोंसिंह (संजय दत्त) -- बेअक्ल.

गानों के नमूने : ''नंगा पुंगा दोस्त''; ''लव इज़  वेस्ट ऑफ टाइम'', ''टर्की छोकरो...''

हिन्दूवादी संगठन फिल्म पीके का जितना विरोध करेंगे उतनी ही उसकी दर्शक संख्या बढ़ेगी। पीके कोई बहुत महान फिल्म है ऐसी तो कोई बात नहीं, लेकिन सही मार्केटिंग के कारण पीके 4 दिन में ही 100 करोड़ के क्लब में पहुंच गई। भारत के लोग धर्मप्राण लोग है और उदार भी। 'जय संतोषी मां' जैसी छोटे से बजट की फिल्म भारत में सुुपर डुपर हिट हो जाती है और 'ओह मॉय गाड' जैसी फिल्म भी चल पड़ती है। ऐसे में 'पीके' का चलना कोई बहुत आश्चर्य की बात नहीं है। 

धर्म पर बनी फ़िल्में खूब चलती  हैं। धर्म के विरोध  में बनी फ़िल्में भी खूब चलती हैं। लगता है कि धर्म आस्था और विश्वास से ज्यादा मनोरंजन का विषय बन गया है। 

पीके की कामयाबी का सबसे बड़ा कारण उसकी मार्केटिंग रणनीति है। राजकुमार हिरानी, विधुविनोद चौपड़ा और आमिर खान, फिल्म की वितरक यूटीवी मोशन पिक्चर्स की रणनीति के कारण फिल्म को अच्छा बिजनेस मिलना ही था। पीके एक साथ करीब 4 हजार सिनेमाघरों में भारत में और 844 सिनेमाघरों में विदेश में रिलीज हुई। पीवीआर समूह के 80 प्रतिशत सिनेमाघर में पीके एक साथ प्रदर्शित हुई। ये 80 प्रतिशत सिनेमाघर सवा चार लाख सीटों की क्षमता रखते है। इसके अलावा सिनेपोलिस के 110 सिनेमाघरों में यह फिल्म प्रदर्शित की गई। जिसकी क्षमता करीब 100,000 से अधिक है। इस तरह प्रतिदिन के शो में 25,00,000 दर्शक देख सकते है। इसी के साथ यह फिल्म छोटे शहरों में और सिंगल स्क्रीन थिएटरों में भी प्रदर्शित की गई। 


भारत के अलावा यह फिल्म उन 40 देशों में भी प्रदर्शित हुई जहां भारतीय मूल के लोग रहते है। इन 844 सिनेमाघरों में लगने वाली पीके में 10 भाषाओं में सबटाइटल  भी दिए गए थे। मध्यपूर्व, उत्तरीय अमेरिका, ब्रिटेन और नीदरलैण्ड में यह किसी भी भारतीय फिल्म का सबसे बड़ा प्रदर्शन था। सूरीनाम में करीब 500,000 भारतीय मूल के लोग है, जो भोजपुरी बोलते है, उन्होंने इस फिल्म का अच्छा प्रतिसाद दिया। ब्रिटेन में यह फिल्म 198 सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई। ब्रिटेन में पहली बार किसी हिन्दी फिल्म के लिए 3 हफ्ते पहले से एडवांस बुकिंग  शुरू की गई थी। उत्तर अमेरिका में 75 स्थानों के 300 सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई। यहां तक की पाकिस्तान में भी यह फिल्म हिन्दी और अंग्रेजी में 70 सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई। पाकिस्तान में इस फिल्म के शो सुबह 9 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक लगातार दिखाए जाते रहे। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने पाकिस्तानी प्रेमी युवक का रोल किया है। इसके अलावा आस्ट्रेलिया में 35 सिनेमाघरों में यह फिल्म प्रदर्शित हुई। इस बात का ध्यान रखा गया कि उन्हीं सिनेमाघरों में फिल्म लगे जहां 1000 सीटों से अधिक सीटें उपलब्ध हो। सिंगापुुर जैसे छोटे से देश में पीके 19 सिनेमाघरों में एक साथ रीलिज हुई। सिंगापुर के सबसे बड़े सिनेमाघर शृंखला ‘जीवी’ में पीके दिखाई जा रही है. 



पीके के प्रदर्शन की तैयारी महीनों पहले ही की जा चुकी थी। दिसंबर के महीने में तीसरा हफ्ता चुनने का कारण विद्यार्थियों की छुट्टियों का रहा। फिल्म के प्रचार में भी नए नए तरीके आजमाए गए। 31 जुलाई 2014 को,  फिल्म के रिलीज होने के साढ़े पांच महीने पहले ही आमिर खान का विवादास्पद पोस्टर बाजार में लाया गया। इसे बड़े अखबारों में पूरे पृष्ठ के विज्ञापन के रूप में प्रकाशित किया गया। आमिर खान को जिस ट्रांजिस्टर के साथ दिखाया गया उसकी नीलामी की भी खबरें प्रचारित की गई और यह कहा गया कि उसे डेढ़ करोड़ रुपए में खरीदने की बोली लग चुकी है। उसके बाद आमिर खान के नए-नए पोस्टर बाजार में आए, जिनमें उन्हें कभी बैंड वाले की पोशाक में तो कभी परंपरागत राजिस्थानी पोशाक में दिखाया गया। फिल्म बनी तो उसके सेटेलाइट अधिकार ही 85 करोड़ रुपए में बिक गए। फिल्म का संगीत 15 करोड़ में बिक गया। इस तरह 100 करोड़ रुपए तो फिल्म रिलीज होने के वक्त ही कमा लिए गए थे। 

कई लोगों का मानना है कि इसी विषय पर बनी ओह मॉय गाड (ओएमजी)  इससे बेहतर फिल्म थी। पीके में भले ही दिलचस्प विषय उठाया गया हो, यह बात तय है कि ऐसी फिल्म केवल भारत में ही बन सकती है और हिन्दू देवताओं के बारे में ही बन सकती है। इस फिल्म में कॉमेडी का तड़का इतना ज्यादा हो गया कि कॉमेडी के चक्कर में गंभीर मुद्दा गौण हो गया। फिल्म को देखकर निकले एक दर्शक ने कहा कि यह ऐसी फिल्म है जिसके किसी भी पात्र का कोई वैâरेक्टर नहीं है। यह फिल्म चरित्रहीन पात्रों को लेकर बनाई गई है। इस फिल्म में एलियन (आमिर) है, जो पहली लड़की को देखते ही फिदा हो जाता है। हीरोइन जग्गू (जगत जननी- अनुष्का शर्मा) है। जो किसी नौजवान लड़के से मिलती है और पहले ही दिन बिस्तर पर चली जाती है। सरफराज (सुशांत सिंह) ऐसे बंदा है जो एक दिन फिदा होता है और अगले ही दिन जुदा। चैनल का न्यूज हेड (बोमन ईरानी) डरपोक और बेअक्ल आदमी है। तपस्वी महाराज (सौरभ शुक्ला) एक चोर और ढोंगी है। जग्गू का पिता (परीक्षित सहानी) धर्मांध भक्त है।फुलझड़िया (रीमा) वैश्या है। बुलगारिया के बुग्रेस का बुड्ढा (राम सेठी) ४ डॉलर का चोट्टा है। भैरव सिंह (संजय दत्त) मूर्ख और लंपट व्यक्ति है। फिल्म के गानों की लाइनें भी यह बताती है कि हिन्दी फिल्मों के गीतों से भावनाएं और प्रेम के इजहार की बातें गायब है। एक गाने को बोल है नंगा-पुंगा दोस्त, दूसरा है ठरकी छोकरो और तीसरा है लव इज वेस्ट ऑफ टाइम...।

PK फिल्म का हर पात्र चरित्रहीन है! हर कैरेक्टर ढीला !!
--प्रकाश हिन्दुस्तानी 
24 दिसंबर 2014 





Friday, December 12, 2014


कार्निवाल के देश में गुरिल्ला राष्ट्रपति



Posted by Picasa



जवानी में उन्होंने गुरिल्ला लड़ाई लड़ी, पकड़ी गयीं और सेना के टॉर्चर को सहा. तीन साल जेल में रहीं, रिहा हुई तो पढ़ाई करने की कोशिश की. पीएचडी करना चाही, पर न कर सकीं. अर्थशास्त्र की पढ़ाई की,
पर पीजी की डिग्री भी नहीं ले सकीं. ग्रीक थियेटर और डांस का शौक था, अधूरा रह गया. राजनीति में सक्रिय रहीं. एनर्जी मिनिस्टर बनीं. अच्छा काम किया. पहली दफा राष्ट्रपति पद की दावेदार रहीं और संघर्ष के बाद जीत गयीं. जी हाँ, आपने सही सोचा -- ये हैं ब्राज़ील की डिल्मा रौसेफ़. बुल्गारिया के प्रवासी की बेटी. चौदह की आयु में पिता को खो दिया, सोलह की होते-होते मार्क्सिस्ट एक्टिविस्ट बनीं. बीस की उम्र में शादी कर डाली. माँ बन सकीं तीस में, और शादी चल नहीं सकी. ब्राज़ील में फौजी तानाशाही के खिलाफ संघर्ष में जवानी खर्च कर डाली. तरह-तरह के जुल्म सहें, संघर्ष किये, घर-परिवार दांव पर लगा दिया और अंत में राजनीति में शिखर को छू लिया. वे अब फुटबाल और कार्निवाल, अमेजान और साम्बा के देश ब्राज़ील की पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में पहली जनवरी को शपथ लेंगी.

ब्राज़ील की राष्ट्रपति चुनी जानेवाली डिल्मा रौसेफ़ के बारे में उनके विरोधी कहते हैं कि तानाशाही के खिलाफ लड़नेवाली वे खुद तानाशाह जैसी हैं. --''वे बेहद लोकतांत्रिक हैं अगर आप उनसे सौ फीसदी सहमत रहें!'' यह कहा है उनके एक करीबी राजनैतिक सहयोगी ने. उनके मूड के बारे में कहा जाता है कि वे पल में तोला, पल में माशा हो जाती हैं. ''ऐसा लगता है कि वे हर हफ्ते अपने दिमाग की डिस्क की फार्मेटिंग करती है". तभी तो उन्होंने ब्राज़ील के अबोर्शन कानूनों का समर्थन किया, लेकिन कहा कि मैं 'प्रो-लाइफ' एक्टिविस्ट हूँ. उन्होंने 'गे मैरेज' का विरोध किया, लेकिन कहा कि वे समलैंगिक सिविल राइट्स की हिमायत करती हैं क्योंकि यह मानव अधिकारों से जुदा मामला है!

एकॉनमिस्ट के रूप में डिल्मा रौसेफ़ की चुनौतियां भी कम नहीं. अर्थ व्यवस्था मज़बूत करना है. जीडीपी ऊपर ले जाना है, गरीबी-अमीरी की खाई कम करना है, ब्राज़ील में भी बिजली की भारी कमी है, चीनी महंगी हैं, स्लम्स बढ़ गए हैं, शिक्षा-स्वास्थ्य-शांति की दरकार है. देशी-विदेशी क़र्ज़ का बोझ है, अपराध बहुत ज्यादा हैं. सरकार में अभी वे एकछत्र नेता नहीं हैं. पूरा चुनाव ही उन्होंने 'गरीब, कामगार और युवा' वोटरों को रिझाते हुए लड़ा और जीता है, अब वे उनकी ओर आस लगाये हैं.

डिल्मा रौसेफ़ का चुनाव लड़ना भी दिलचस्प रहा. उन्होंने युवा वोटरों को रिखाने के लिए सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट्स का जमकर उपयोग किया. रोजाना लाखों ट्विट्स उन के पक्ष में होते रहे. टेलीफोन पर वियतनाम वार पर फ़िल्म बनानेवाले अमेरिकी फिल्मकार ओलिवर स्टोन सहित अनेक देशों के पत्रकार, कलाकार, लेखक प्रचार में मदद करते रहे. ओलिवर स्टोन की टेप की गयी आवाज़ लोगों को डिल्मा रौसेफ़ के पक्ष में वोट डालने की अपील कर रही थी.

१४ दिसंबर १९४७ को जन्मी डिल्मा रौसेफ़ ने जीवन में कभी हार नहीं मानी. वे एक बेटी की माँ और बच्चे की नानी हैं. परिवार की चाहत में उन्हें दो बार शादी करना पड़ी. जीवन के उत्तरार्ध में उन्हें एक्सीलर लिम्फोमा नामक कैंसर से भी लड़ना पड़ा. कीमोथेरेपी के कारण उन्हें महीनों इलाज कराना पड़ा. जिस कारण उनके सर के बाल झड़ गए और वे विग के सहारे काम चलाती रहीं. हेयर रिप्लेसमेंट और कॉस्मो डेन्टेस्ट्री करानेवालीं डिल्मा रौसेफ़ का दिल फौलाद का है और यही उनकी खूबी है.
---प्रकाश हिन्दुस्तानी

(दैनिक हिन्दुस्तान, 07 नवंबर 2010 को प्रकाशित)

Tuesday, December 02, 2014

देश का सबसे अक्ल (दौलत) मंद टाइम्स मीडिया समूह

देश की सबसे ज्यादा कमाऊ मीडिया कंपनी  है  - बैनेट, कोलमैन एंड कंपनी । यह कंपनी टाइम्स ऑफ इंडिया, इकॉनोमिक्स टाइम्स, महाराष्ट्र टाइम्स, नवभारत टाइम्स, फेमिना, फिल्मफेयर जैसे अनेक प्रकाशनों के अलावा भी कई धंधों में है। 

टाइम्स ऑफ इंडिया जो काम करता है,  उसी की नकल देश के दूसरे प्रमुख प्रकाशन समूह भी करते है। यह कंपनी अनेक भाषाओं के दैनिक अखबार छापना शुरू करती है, तो दूसरे अखबार मालिक भी नकल शुरू कर देते है। दैनिक भास्कर समूह, दैनिक जागरण समूह, अमर उजाला समूह, राजस्थान पत्रिका समूह जैसे ग्रुप ‘फॉलो द लीडर’ फॉर्मूले के तहत चलते है। टाइम्स ने मुंबई टाइम्स शुरू किया, भास्कर ने सिटी भास्कर चालू कर दिया। टाइम्स ऑफ इंडिया ने जैकेट एड चालू किए, दूसरे अखबारों ने भी कर दिए। टाइम्स ऑफ इंडिया ने  8  की बजाय 10 कॉलम शुरू किए। दूसरे अखबारों ने भी विज्ञापनों में 10  कॉलम चालू कर दिए। टाइम्स ऑफ इंडिया रंगीन हुआ, तो दूसरे अखबार भी रंग-बिरंगे हो गए। टाइम्स ऑफ इंडिया ने क्लासीफाइड सेक्शन के फोन्ट का साइज छोटा किया तो दूसरे अखबारों ने भी नकल शुरू कर दी। टाइम्स ऑफ इंडिया ने जितने पुलआउट शुरू किए है, धीरे-धीरे हिन्दी के प्रमुख अखबारों ने भी किसी न किसी रूप में उससे मिलते-जुलते पुलआउट शुरू कर दिए। टाइम्स ऑफ इंडिया ने टीवी चैनल, इंटरनेट संस्करणों, नए पोर्टल, मोबाइल एप, रेडियो आदि शुरू किए, तो सब की निगाहें इस तरफ चली गई। टाइम्स ऑफ इंडिया देश के तमाम मीडिया घरानों के लिए ‘प्रॉफिट मेकिंग मीडिया कंपनी का मॉडल’ है। टाइम्स ऑफ इंडिया समूह के हिन्दी अखबारों में भाषा की दुर्गति शुरू हुई, तो दूसरे हिन्दी प्रकाशनों ने भी उसे अपना लिया। टाइम्स ऑफ इंडिया के प्रिंट और इंटरनेट संस्करणों में सेमी पोर्नो कंटेंट शुरू हुआ, तो सभी ने इसे सक्सेसफुल  बिजनेस फॉर्मूले की तरह अपना लिया। 

मैंने 15 साल से भी ज्यादा इस समूह में काम किया है। दावे से कह सकता हूं कि नौकरी करने के लिए इससे अच्छी कंपनी अभी तक नहीं मिली। यहां सरकारी कानूनों का अधिकतम पालन होता है। पत्रकारों को दूसरे जगह की तुलना में ज्यादा आजादी है। वेतन के बारे में इतना कहना ही काफी होगा कि इस कंपनी के 100  प्रतिशत कर्मचारी आयकर दाता है। टाइम्स ऑफ इंडिया प्रकाशन समूह में काम करने वाले चपरासी भी आयकर दाता है। एक जमाना था जब यह ग्रुप टाइम्स आई फाउंडेशन के नाम से एक संस्था चलाता था और नेत्रदान को बढ़ावा देने का काम करता था। पुस्तकों के विज्ञापन इसके प्रकाशनों में 50  प्रतिशत छूट पर छपते थे। विधवा महिलाओं के वैवाहिक विज्ञापन नाम मात्र की कीमत पर छापे जाते थे। अब न तो टाइम्स आई फाउंडेशन की गतिविधियां है और न ही पुस्तकों को बढ़ावा देने की कोई पहल। भारतीय ज्ञानपीठ के पीछे इसी समूह का प्रमुख योगदान रहा है।

अब जो टाइम्स ऑफ इंडिया या बैनेट, कोलमैन एंड कंपनी बची है, वह ऐसी कंपनी के रूप में जानी जाती है, जिसका एक मात्र और केवल एक मात्र लक्ष्य अधिक से अधिक मुनाफा कमाना है। इस कंपनी के वार्षिक मुनाफे का आकार हजार करोड़ से ऊपर है। अभी भी इसके प्रकाशन मुनाफा कमाने की दृष्टि से शीर्ष प्रकाशन की श्रेणी में रखे जा सकते है। इस कंपनी की चेयरमैन है श्रीमती इंदु जैन। जो एक परम विदुषी महिला है और जिनका दुनियाभर में बहुत सम्मान है। उनके बड़े बेटे समीर जैन इस कंपनी के वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। समीर के छोटे भाई विनीत जैन इस कंपनी के एमडी हैं। इसके अलावा समीर जैन की बेटी-दामाद भी कंपनी के डायरेक्टरों में शामिल हैं। भारत की इस सबसे कमाऊ मीडिया कंपनी के सर्वे-सर्वा इन दिनों जमकर माल कूट रहे हैं। कंपनीज एक्ट 1956 के सेक्शन 217 (2ए) के अनुसार किसी भी कंपनी के उन सभी कर्मचारियों और डायरेक्टरों के नाम उजागर करना आवश्यक है, जिनका वेतन 5 लाख रुपए या उससे अधिक प्रतिमाह है। 

बैनेट, कोलमैन एंड कंपनी की सालाना 2013-14  की रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी 81 लोगों को इस श्रेणी में रखती है, जो पांच लाख रुपए प्रतिमाह से अधिक पाते है। दिलचस्प बात यह है कि इन 81 लोगों में से तीन लोग ऐसे है जो इसका आधे से भी ज्यादा हिस्सा पा रहे है। ये तीन लोग 58 प्रतिशत राशि पा रहे है और बचे हुए 78 लोग 46 प्रतिशत। इन बचे हुए 78 लोगों में से भी कंपनी के वाइस चेयरमैन विनित जैन की बेटी तृष्ला जैन और उनके पति सत्यन गजवानी भी शामिल है। 



सन् 2013-14 में कंपनी की चेयरमैन श्रीमती इंदु जैन ने 15 करोड़ 53 लाख रुपए मेहनताना पाया। उनके बड़े बेटे और वाइस चेयरमैन समीर जैन ने 37 करोड़ 52 लाख रुपए पाए। इन दोनों से ज्यादा कमाई कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन की रही जिन्होंने 31 मार्च 2014 को खत्म हुए वित्तीय वर्ष में 46 करोड़ 38 लाख रुपए वेतन पाया। विनीत जैन को इसके अलावा 17 करोड़ 50 लाख रुपए ‘वन टाइम स्पेशल बोनस’ रुपए भी दिए गए। इस तरह विनीत जैन की कमाई 63 करोड़ 88 लाख रुपए रही। समीर जैन की बेटी ने इस वित्तीय वर्ष में 69 लाख रुपए पाए। जबकि उनके पति ने 51 लाख। बैनेट, कोलमैन एंड कंपनी पब्लिक लिमिटेड कंपनी है, जिसे अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक करना ही पड़ती है, जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया समूह की कई कंपनियां ऐसी है जो प्रायवेट लिमिटेड कंपनी है। 

विनीत जैन का मेहनताना कंपनी ने लगातार बढ़ाया है। 2010-11 की तुलना में 2013-14 में उन्होंने 184 प्रतिशत ज्यादा वेतन पाया है। 2010-11 में समीर जैन सबसे ज्यादा तनख्वाह पाने वाले संचालक थे, जिन्होंने 18 करोड़ 70 लाख रुपए कमाए थे। उनके छोटे भाई विनीत ने 16 करोड़ 30 लाख और उनकी माता श्रीमती इंदु जैन ने 15 करोड़ 39 लाख रुपए मेहनताना पाया था। 2010-11 में समीर जैन के दामाद सत्यन गजवानी ने 93 लाख रुपए वेतन पाया था, तब वे कंपनी के सीईओ रवीन्द्र धारीवाल के एक्जीक्यूटिव आसिस्टेंट थे। 

यह जरूरी नहीं कि इस रिपोर्ट में दिखाया गया धन ही  सी2सी (यानि कॉस्ट टू कंपनी) हो। बैनेट, कोलमैन एंड कंपनी में करीब 11 हजार कर्मचारी काम करते है। जिनमें सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले गैर जैन अधिकारी है। कंपनी के सीईओ रवीन्द्र धारीवाल। उन्हें कुल मिलाकर 2013-14 में पांच करोड़ 58 लाख रुपए मिले। 4 साल पहले उनका वेतन 3 करोड़ 8 लाख रुपए था। इस कंपनी के अन्य हाइली पैड अधिकारियों में अरुणाभदास शर्मा (ईडी एंड प्रेसीडेंट) है. जिन्हें 3 करोड़ 66 लाख वेतन मिला है। सीओओ श्रीजीत मिश्रा को 2 करोड़ 91 लाख, आर. सुन्दर को 2 करोड़ 64 लाख, जॉय चक्रवर्ती को 2 करोड़ 29 लाख रुपए वेतन मिला। 

इन 81 उच्चतम वेतन पाने वालों में संपादकीय विभाग के 10 लोग भी नहीं है। 11वें नंबर पर टाइम्स ऑफ इंडिया के एडिटोरियल डायरेक्टर जयदीप बोस है, जिन्हें 1 करोड़ 94 लाख रुपए मिले, जबकि सन 2010-11 में उनका वेतन 4 करोड़ 24 लाख रुपए था। इस बारे में बताया गया है कि उनका मेहनताना लगभग आधा नहीं किया गया, बल्कि पूर्व के वेतन भत्तों में से कुछ एडजस्ट किया गया है। इकोनॉमिक्स टाइम्स के एडिटोरियल डायरेक्टर राहुल जोशी, इकोनॉमिक्स टाइम्स के ही आर. श्रीधरण, निकुंज डालमिया सीनियर एडिटर, शैलेन्द्र स्वरूप भटनागर चीफ एडिटर मार्केट एंड रिसर्च, संतोष रामचंद्र मेनन असिस्टेंट एक्जीक्यूटिव एडिटर, बोधीसत्व गांगुली डेप्यूटी एक्जीक्यूटिव एडिटर, ओमर कुरैशी सीनियर वीपी और नबील मोहिद्दीन उन लोगों में शामिल है, जिन्हें कंपनी ने सबसे ज्यादा वेतन पाने वालों में गिना है। इन 81 लोगों में हिन्दी-मराठी के किसी भी प्रकाशन का कोई भी व्यक्ति नहीं है। 


यह कोई छोटी बात नहीं है कि जब दुनियाभर में अखबार प्रकाशित करने वाली कंपनियां मुनाफे के लिए संघर्ष कर रही है, तब टाइम्स ऑफ इंडिया समूह  देश का सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले समूह के रूप में अपनी धाक जमा रहा है। इस पूरी कंपनी पर जैन परिवार का ही नियंत्रण है। कंपनी की वित्तीय स्थितियों के बारे में जानकारियां कम ही बाहर आ पाती है। अब इस कंपनी के शेयर देश के शेयर बाजारों में लिस्टेड है। इस समूह में बैनेट, कोलमैन एंड कंपनी के अलावा 63 कंपनियां शामिल है। 

इस कंपनी की तरक्की की तेजी की शुरूआत 1987 में हुई जब अशोक कुमार जैन से उनके बेटे समीर जैन ने कामकाज संभाला। समीर जैन ने आक्रामक तरीके से समूह के कारोबार को फैलाया आदर्शवादी नीति को उन्होंने दरकिनार कर दिया और मुनाफे, केवल मुनाफे पर ध्यान केन्द्रित किया। वे सारे प्रकाशन, जो समूह के कुल मुनाफे का 2 प्रतिशत या उससे कम देते थे, बंद कर दिया गया। इलेस्ट्रेटेट वीकली ऑफ इंडिया, इवनिंग न्यूज ऑफ इंडिया, धर्मयुग, पराग, सारिका, यूथ टाइम्स, दिनमान,  टाइम्स ईयर बुक आदि बंद कर दिए गए।

अपने दृष्टिहीन युवा बेटे की मृत्यु के बाद समीर जैन कुछ-कुछ आध्यात्मिक हो गए और हरिद्वार में एक कोठी बनवाकर गंगा किनारे काफी समय बिताने लगे, लेकिन वे आध्यात्मिक तभी होते है जब उनका ठिकाना हरिद्वार में हो। हरिद्वार छोड़ते ही वे एकदम हार्डकोर बिजनेसमैन बन जाते है। अब उम्र के छह दशक पूरे करने वाले समीर जैन ने अपने छोटे भाई विनीत को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंप दी है। विनीत जैन भी बिजनेस के मामले में अपने पिता या मां पर नहीं, बड़े भाई पर गए है। 

समीर जैन से भी ज्यादा आक्रामक और तेजी से फैसले लेने वाले विनीत जैन ने एक अमेरिकी पत्रिका को इंटरव्यू में कहा कि हम कोई मीडिया या न्यूज के बिजनेस में नहीं है, हम है विज्ञापन के बिजनेस में। अगर हमारी इनकम का 90 प्रतिशत हिस्सा विज्ञापनों से आता है तो हमें यह कहने में हर्ज नहीं होना चाहिए कि हम विज्ञापन की दुनिया के लोग हैं। 

Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी

Thursday, November 27, 2014

धंधा, भीख मांगने और वेश्यावृत्ति का

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस एच.एल. दत्तू ने कहा है कि भीख मांगने और वेश्यावृत्ति करने को अपराध मानना ठीक नहीं। इसका अर्थ यहीं हुआ कि भीख मांगना और वेश्यावृत्ति करने को कानूनी रूप से मान्यता मिल जाए और यह भी एक धंधा मान लिया जाए। कहा जाता है कि कोई भी व्यक्ति मजबूरी में ही यह धंधे करने के लिए बाध्य होता है। अब यह बात अलग है कि यह दोनों ही धंधे मुनापेâ के धंधे बन गए है। अच्छे खासे ह्रष्ट-पुष्ट लोग भीख मांगते या मंगवाते पाए गए है और वेश्यावृत्ति भी योग्यता से अधिक आसानी से कमाई का जरिया बन चुकी है।
शुक्र है कि दत्तू साहब ने यह नहीं कहा कि इन धंधों के लिए सरकारी बैंकों से कम ब्याज पर लोन मिलना चाहिए। जरा कल्पना तो कीजिए कि इन दोनों को धंधा बना लिया जाए और सरकारी बैंकों के आदेशित किया जाए कि इन धंधों के लिए आसान शर्तों और कम ब्याज दरों पर लोन दिया जाए। ताकि इस धंधे का कल्याण हो सवेंâ। अगर ऐसा हुआ तो सरकारी बैंकों के दरवाजे पर कर्ज लेने वालों की भारी भीड़ जमा हो जाएगी। हो सकता है कि भिखारियों को दिया गया पैसा कभी वापस न आए और वेश्यावृत्ति के लिए दिया गया पैसा कम पड़ जाए।
सरकारी बैंकों में इन कर्जों के लिए अलग से विभाग खोले जा सकते है। इन विभागों को जो आवेदन मिल सकते है वे भी कोई कम दिलचस्प नहीं होंगे। जैसे भिक्षावृत्ति के लिए दिए गए आवेदनों में तमाम यह जानकारी हो सकती है कि उसके कितने बच्चे है और वह कितने बच्चे और पैदा करने की वूâवत रखता है। उन बच्चों को को इस धंधे में लगाकर कितना पैसा कमाया जा सकता है। नए बच्चों को कौन-कौन सी शारीरिक विकलांगता पैदा की जाएगी, ताकि लोग द्रवित होकर ज्यादा भीख दे सके। हो सकता है कि आवेदक के लिए एक कॉलम यह भी हो कि वह किस क्षेत्र में भिक्षावृत्ति करेगा और क्या उसके लिए उसने स्थान बुक कर रखा है। यह स्थान पुâटपॉथ, मंदिर के सामने या आजू-बाजू की जगह, शहर का व्यस्त इलाका अथवा मॉल के सामने की जगह इस धंधे में कितनी फायदेमंद हो सकती है। हो सकता है कि इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी गरमा जाए और अलग-अलग जातियों के लोग अपनी जाति के लिए अधिक से अधिक आरक्षण कराने के लिए संघर्ष करने लगे। जिसका नतीजा हो सकता है चुनाव परिणामों पर भी पड़े। 
वेश्यावृत्ति के लिए कर्ज मांगने वाले अपने आवेदन में बता सकता है कि उनके परिवार में कितनी लड़कियां या महिलाएं है, जो इस धंधे को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकती है। हो सकता है कि सौंदर्य स्पर्धाओं की तरह यहां भी आवेदन के साथ शरीर से संबंधित विभिन्न फिगर्स लिखे जाएं। अलग-अलग एंगल से लिए गए फोटो आवेदकों को चिपकाना पड़ेंगे, जिसका उपयोग बैंक के अधिकारी कर्ज देते वक्त कर सवेंâगे। हो सकता है कि यहां बैंक के अधिकारियों को रिश्वत तो मिले, लेकिन वह नकद रुपयों में न हो। अगर ज्यादा आवेदन आए तो बैंकों के भीतर भी अराजकता हो सकती है, क्योंकि तमाम अधिकारी इस विभाग में आने के लिए तिकड़में भिड़ा सकते है। 
बहुत सारे बुद्धिजीवियों को इसमें कोई आपत्ति नजर नहीं आती। उनका कहना है कि जब सरकार भिक्षावृत्ति और वेश्यावृत्ति को खत्म नहीं कर पा रही है, तो उसे कानूनी रूप दे देने में क्या बुराई है। उन लोगों के लिए एक यहीं तर्वâ काफी है कि सरकार रिश्वतखोरी, चोरी, डवैâती, बलात्कार जैसे अपराधों को भी रोकने में कामयाब नहीं हो पा रही है, तो क्या इसका अर्थ यह कि इन सब अपराधों को कानूनी मान्यता दे दी जाए। रिश्वत के रेट तय कर दिए जाए, चोरी-डवैâती को रोजगार मान लिया जाए। जिन चीजों को सरकार नहीं रोक पा रही है, उन्हें रोकने की कोशिश तो जरूर करनी चाहिए। यहां बात सही और गलत की है। क्या हो रहा है और क्या होना चाहिए, इसकी है। अपराध रुक नहीं पा रहे है, तो उन्हें कम से कम होने देने की कोशिश करना प्राथमिकता होनी चाहिए। यह बात वैâसे हो सकती है कि अगर अपराधों पर अंकुश नहीं लगा सके तो उन्हें वैध कर दिया जाए।
Copyright © प्रकाश हिन्दुस्तानी
27 nov.2014

Monday, September 15, 2014

एबीपी न्यूज की तरफ से हिन्दी के 10 ब्लॉगर सम्मानित

नई दिल्ली। हिन्दी दिवस  पर एबीपी न्यूज ने हिन्दी के 10 चुनिंदा ब्लॉग लेखकों को सम्मानित किया गया। इस आयोजन में प्रकाश हिन्दुस्तानी के साथ ही 9 अन्य प्रमुख ब्लॉग लेखक सम्मानित किए गए।  ब्लॉग लेखकों का चयन प्रसून जोशी, कुमार विश्वास,  सुधीश पचौरी और  मिश्र ने किया था। इंदौर के प्रकाश हिन्दुस्तानी को समसामयिकी विषयों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया।



हिन्दी के विकास में इन ब्लॉग लेखकों के योगदान को रेखांकित करने के लिए यह आयोजन किया गया। सम्मान समारोह में खास मेहमान के तौर पर गीतकार प्रसून जोशी, कवि कुमार विश्वास, मीडिया विशेषज्ञ सुधीश पचौरी और रेडियो के प्रस्तुतकर्ता नीलेश मिश्र मौजूद थे। इस अवसर पर हिन्दी जगत के अनेक नामचीन साहित्यकार और पत्रकार भी मौजूद थे। सम्मानित होने वालों में पांच ब्लॉग लेखक दिल्ली के है और १ अनिवासी भारतीय। प्रकाश हिन्दुस्तानी को उनके इसी ब्लॉग के लिए सम्मानित किया गया।






............................


दिल्ली के पंकज चतुर्वेदी को पर्यावरण के मुद्दों पर लिखने के लिए सम्मानित किया गया. पंकज पर्यावरण से जुड़े मुद्दे पर लगातार लिखते रहे हैं।
...................

अलवर राजस्थान के  शशांक द्धिवेदी  को विज्ञान के मुद्दे पर लिखने के लिए सम्मानित किया गया।
...................................

दिल्ली के प्रभात रंजन को हिंदी साहित्य और समाज पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया।
............................

दिल्ली की रचना को महिलाओं के मुद्दे पर लिखने के लिए सम्मानित किया गया। 
.....................................

दिल्ली की फिरदौस ख़ान को साहित्य के मुद्दों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया।
...........................

फतेहपुर (यूपी) के प्रवीण त्रिवेदी को स्कूली शिक्षा और बच्चों के मुद्दों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया।
.....................................


दिल्ली के पंकज तिवारी को राजनीतिक मुद्दों पर लिखने के लिए सम्मानित किया गया।  
किन्हीं कारणों से लंदन से शिखा वार्ष्णेय और मुंबई से अजय ब्रह्मात्मज समारोह में उपस्थित नहीं हो सके.

समाचार का वीडियो लिंक :

..............................................................................................................

एबीपी न्यूज ने किया हिंदी के 10 सर्वश्रेष्ठ ब्लॉगरों को सम्मानित


'हिंदी दिवस' के अवसर पर खबरिया चैनल 'एबीपी न्यूज' ने रविवार को नई दिल्ली में 10 ब्लॉगरों का सम्मान किया। एबीपी न्यूज द्वारा पुरस्कृत किए जाने वाले इन 10 ब्लॉगरों का चयन एबीपी के खास मेहमान सुधीश पचौरी, डॉ. कुमार विश्वास, प्रसून जोशी और नीलेश मिश्र ने किया। 
एबीपी न्यूज ने हिंदी के जिन सर्वश्रेष्ठ ब्लॉगरों को सम्मानित किया वे निम्न हैं :
·     मुंबई के अजय ब्रह्मात्मज को सिनेमा व लाइफस्टाइल पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया। फिल्म पत्रकार अजय ब्रह्मात्मज ने पत्र पत्रिकाओं में निरंतर लेखन से अपना विशेष स्थान बनाया है। लोकप्रिय हिंदी सिनेमा के प्रति गंभीर दृष्टिकोण रखते हुए उसके विपुल प्रभाव को समझने की कोशिश में वे फिल्मी हस्तियों के संपर्क में आए। संप्रति वे दैनिक जागरण में फिल्म–प्रभारी हैं। (http://chavannichap.blogspot.in/)

·    दिल्ली की फिरदौस खान को साहित्य के मुद्दों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया। वह युवा पत्रकार हैं। उन्होंने दूरदर्शन और देश के प्रतिष्ठित समाचार-पत्रों में कई साल तक अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने अनेक साप्ताहिक समाचार-पत्रों का संपादन भी किया और ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन के लिए एंकरिंग भी की। वे देश-विदेश के विभिन्न समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं और समाचार व फीचर्स एजेंसी के लिए लेखन भी करती हैं। उन्होंने 'गंगा-जमुनी संस्कृति के अग्रदूत' नामक एक किताब भी लिखी है। इसके अतिरिक्त डिस्कवरी चैनल सहित अन्य टेलिविजन चैनलों के लिए स्क्रिप्ट लेखन भी किया है। (http://firdausdiary.blogspot.in/)
·    दिल्ली के मुकेश तिवारी को राजनीतिक मुद्दों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया। मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले मुकेश ने गाजियाबाद में रहकर शिक्षा और पत्रकारिता के सफर को आगे बढ़ाया। इस क्षेत्र में चार साल से अधिक कार्य करने के बाद वे अपने अनुभवों को लोगों से'आजाद लब' कॉलम के जरिए बांटने की कोशिश करते हैं, जोकि नवभारत टाइम्स की डिजिटल वेबसाइट पर प्रकाशित होता है।(http://blogs.navbharattimes.indiatimes.com/mukeshtiwari)   

·   दिल्ली के पंकज चतुर्वेदी को पर्यावरण मुद्दों के लेखन के लिए सम्मानित किया गया। वह हिंदी के प्रसिद्ध लेखक हैं। वह बच्चों के लिए तो लिखते रहते हैं, या यूं कहिए वह बाल मन के विशेषज्ञ हैं,परंतु देश की ज्वलंत समस्याओं पर भी उनकी लेखनी का पैनापन सबको अपना बना लेने की क्षमता रखता है। शायद ही कोई अखबार हो,जिसके पृष्ठों पर पंकज के आलेख नजर न आते हों। वह नेशनल बुक ट्रस्ट में सहायक संपादक के पद पर हैं। (http://pankajbooks.blogspot.in/)

·    दिल्ली के प्रभात रंजन को हिंदी साहित्य और समाज पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया। युवा कथाकार, संपादक, डॉ. प्रभात रंजन, दिल्ली विश्वविद्यालय के जाकिर हुसैन कॉलेज में अध्यापक और चर्चित ई-पत्रिका ‘जानकी पुल’ के संपादक हैं।(http://www.jankipul.com/)

·    इंदौर के प्रकाश हिन्दुस्तानी को समसामयिकी विषयों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया। प्रकाश हिन्दुस्तानी का ब्लॉग समसामयिक मुद्दों के अलावा पत्रकारिता के अनुभव और लेखन पर आधारित है। प्रकाश हिन्दुस्तानी को हिंदी के पहले वेब पोर्टल के संस्थापक-संपादक होने का गौरव प्राप्त है, उन्होंने अपनी पी.एच.डी. का शोध प्रबंध भी हिंदी की इंटरनेट पत्रकारिता पर लिखा है और हिंदी की नेट पत्रकारिता पर उनके कई शोध प्रबंध भी प्रकाशित हो चुके हैं।(http://prakashhindustani.blogspot.in/)
·   लंदन की शिखा वार्ष्णेय को महिला और घरेलू विषयों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया। इन्होंने मोस्को स्टेट यूनिवर्सिटी से टीवी जर्नलिज्म में परास्नातक करने के बाद कुछ समय भारत में एक टीवी चैनल में न्यूज प्रोडूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह लंदन में स्वतंत्र पत्रकारिता और लेखन में साक्रिय भूमिका निभा रही हैं। (http://www.shikhavarshney.com)

·   उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के प्रवीण त्रिवेदी को स्कूली शिक्षा और बच्चों के मुद्दों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया।  वह बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत प्राइमरी के मास्टर के रूप मे कार्यरत हैं। वह ब्लॉगिंग की दुनिया में हमेशा सक्रिय रहते हैं। दैनिक जागरण के जागरण जंक्शन पर ‘प्राइमरी का मास्टर’ नाम से उनका एक कॉलम भी है। (http://blog.primarykamaster.com)

·    दिल्ली की रचना को महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने‘नारी’ के नाम से 5 अप्रैल 2008 को बनाया था। नारी ब्लॉग एक कम्युनिटी ब्लॉग है, जिसकी सदस्या वे नारी हैं जो ब्लॉग लिखती हैं। नारी ब्लॉग हिंदी ब्लॉग जगत का पहला ब्लॉग था, जहां महिला ब्लॉगर ही लिखती थीं।  15 अगस्त 2011 को ये ब्लॉग साझा मंच नहीं रहा लेकिन इसके बाद फिर 15 अगस्त 2012 को ये ब्लॉग साझा मंच बन गया। (http://indianwomanhasarrived.blogspot.in/)

·   अलवर के शशांक द्विवेदी के विज्ञान के मुद्दों पर लेखन के लिए सम्मानित किया गया। शशांक विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में देश के प्रमुख अखबारों के लिए नियमित रूप से स्वतंत्र लेखन के कार्य से भी जुड़े हुए हैं। पिछले 12 वर्षों से स्वतंत्र लेखन कर रहे शशांक आम आदमी तक विज्ञान की उपलब्धियों को सरल भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इनके लेख कई राष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वे राजस्थान के अलवर जिले के नीमराना स्थित सेंट मार्गेट इंजीनियरिंग कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। (http://www.vigyanpedia.com)

हिंदी दिवस के प्रमुख कार्यक्रम का संचालन संगीता तिवारी ने किया। वे एबीपी न्यूज में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं। उन्हें करीब एक दशक के बाद एंकरिंग की भूमिका में देखा गया। संगीता ने भारतीय जन संचार संस्थान नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की और इस वक्त वे एबीपी न्यूज में निर्णायक भूमिका अदा कर रही हैं।  
हिंदी दिवस के खास मौके पर एबीपी न्यूज द्वारा आयोजित किए गए हिंदी उत्सव कार्यक्रम में हिंदी के जरिए सिनेमा और समाज में अपनी खास पहचान बनाने वाले बॉलिवुड के लेखक प्रसून जोशी, रेडियो पर जाना-पहचाना नाम नीलेश मिश्र, अपनी कविताओं के जरिए युवाओं में खास जगह बना चुके कवि डॉ. कुमार विश्वास और जाने माने मीडिया विश्लेषक सुधीश पचौरी ने अपनी बात कही।
साभार :  समाचार4मीडिया ब्यूरो

http://samachar4media.com/10-hindi-bloggers-have-been-awarded-by-abp-news.html#comments