Showing posts with label amir khan. Show all posts
Showing posts with label amir khan. Show all posts

Wednesday, December 24, 2014

pk हर पात्र चरित्रहीन, हर कैरेक्टर ढीला

.... लेकिन फिल्म चल पड़ी है मार्केटिंग के सहारे 

pk का हर पात्र चरित्रहीन !  हर कैरेक्टर ढीला  !!

एलियन  (आमिर) -- पहली लड़की देखी, फिदा हो गया; 
जग्गू (अनुष्का) -- एक लड़का मिला, सो गई; 
सरफ़राज़ (सुशांत सिंह) -- एक दिन फिदा, अगले दिन जुदा;
न्यूज़ चैनल  हेड (बोमन ईरानी )  -- फट्टू और बेअक्ल; 
तपस्वी महाराज(सौरभ शुक्ल) --  चोर-ढोंगी;
जग्गू का पिता( परीक्षित साहनी) -- धर्मांध भक्त;
फुलझड़िया (रीमा) -- वेश्या; 
ब्रुगेस का बुड्ढ़ा (राम सेठी) -- 4 डॉलर का चोट्टा, 
भैरोंसिंह (संजय दत्त) -- बेअक्ल.

गानों के नमूने : ''नंगा पुंगा दोस्त''; ''लव इज़  वेस्ट ऑफ टाइम'', ''टर्की छोकरो...''

हिन्दूवादी संगठन फिल्म पीके का जितना विरोध करेंगे उतनी ही उसकी दर्शक संख्या बढ़ेगी। पीके कोई बहुत महान फिल्म है ऐसी तो कोई बात नहीं, लेकिन सही मार्केटिंग के कारण पीके 4 दिन में ही 100 करोड़ के क्लब में पहुंच गई। भारत के लोग धर्मप्राण लोग है और उदार भी। 'जय संतोषी मां' जैसी छोटे से बजट की फिल्म भारत में सुुपर डुपर हिट हो जाती है और 'ओह मॉय गाड' जैसी फिल्म भी चल पड़ती है। ऐसे में 'पीके' का चलना कोई बहुत आश्चर्य की बात नहीं है। 

धर्म पर बनी फ़िल्में खूब चलती  हैं। धर्म के विरोध  में बनी फ़िल्में भी खूब चलती हैं। लगता है कि धर्म आस्था और विश्वास से ज्यादा मनोरंजन का विषय बन गया है। 

पीके की कामयाबी का सबसे बड़ा कारण उसकी मार्केटिंग रणनीति है। राजकुमार हिरानी, विधुविनोद चौपड़ा और आमिर खान, फिल्म की वितरक यूटीवी मोशन पिक्चर्स की रणनीति के कारण फिल्म को अच्छा बिजनेस मिलना ही था। पीके एक साथ करीब 4 हजार सिनेमाघरों में भारत में और 844 सिनेमाघरों में विदेश में रिलीज हुई। पीवीआर समूह के 80 प्रतिशत सिनेमाघर में पीके एक साथ प्रदर्शित हुई। ये 80 प्रतिशत सिनेमाघर सवा चार लाख सीटों की क्षमता रखते है। इसके अलावा सिनेपोलिस के 110 सिनेमाघरों में यह फिल्म प्रदर्शित की गई। जिसकी क्षमता करीब 100,000 से अधिक है। इस तरह प्रतिदिन के शो में 25,00,000 दर्शक देख सकते है। इसी के साथ यह फिल्म छोटे शहरों में और सिंगल स्क्रीन थिएटरों में भी प्रदर्शित की गई। 


भारत के अलावा यह फिल्म उन 40 देशों में भी प्रदर्शित हुई जहां भारतीय मूल के लोग रहते है। इन 844 सिनेमाघरों में लगने वाली पीके में 10 भाषाओं में सबटाइटल  भी दिए गए थे। मध्यपूर्व, उत्तरीय अमेरिका, ब्रिटेन और नीदरलैण्ड में यह किसी भी भारतीय फिल्म का सबसे बड़ा प्रदर्शन था। सूरीनाम में करीब 500,000 भारतीय मूल के लोग है, जो भोजपुरी बोलते है, उन्होंने इस फिल्म का अच्छा प्रतिसाद दिया। ब्रिटेन में यह फिल्म 198 सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई। ब्रिटेन में पहली बार किसी हिन्दी फिल्म के लिए 3 हफ्ते पहले से एडवांस बुकिंग  शुरू की गई थी। उत्तर अमेरिका में 75 स्थानों के 300 सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई। यहां तक की पाकिस्तान में भी यह फिल्म हिन्दी और अंग्रेजी में 70 सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई। पाकिस्तान में इस फिल्म के शो सुबह 9 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक लगातार दिखाए जाते रहे। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने पाकिस्तानी प्रेमी युवक का रोल किया है। इसके अलावा आस्ट्रेलिया में 35 सिनेमाघरों में यह फिल्म प्रदर्शित हुई। इस बात का ध्यान रखा गया कि उन्हीं सिनेमाघरों में फिल्म लगे जहां 1000 सीटों से अधिक सीटें उपलब्ध हो। सिंगापुुर जैसे छोटे से देश में पीके 19 सिनेमाघरों में एक साथ रीलिज हुई। सिंगापुर के सबसे बड़े सिनेमाघर शृंखला ‘जीवी’ में पीके दिखाई जा रही है. 



पीके के प्रदर्शन की तैयारी महीनों पहले ही की जा चुकी थी। दिसंबर के महीने में तीसरा हफ्ता चुनने का कारण विद्यार्थियों की छुट्टियों का रहा। फिल्म के प्रचार में भी नए नए तरीके आजमाए गए। 31 जुलाई 2014 को,  फिल्म के रिलीज होने के साढ़े पांच महीने पहले ही आमिर खान का विवादास्पद पोस्टर बाजार में लाया गया। इसे बड़े अखबारों में पूरे पृष्ठ के विज्ञापन के रूप में प्रकाशित किया गया। आमिर खान को जिस ट्रांजिस्टर के साथ दिखाया गया उसकी नीलामी की भी खबरें प्रचारित की गई और यह कहा गया कि उसे डेढ़ करोड़ रुपए में खरीदने की बोली लग चुकी है। उसके बाद आमिर खान के नए-नए पोस्टर बाजार में आए, जिनमें उन्हें कभी बैंड वाले की पोशाक में तो कभी परंपरागत राजिस्थानी पोशाक में दिखाया गया। फिल्म बनी तो उसके सेटेलाइट अधिकार ही 85 करोड़ रुपए में बिक गए। फिल्म का संगीत 15 करोड़ में बिक गया। इस तरह 100 करोड़ रुपए तो फिल्म रिलीज होने के वक्त ही कमा लिए गए थे। 

कई लोगों का मानना है कि इसी विषय पर बनी ओह मॉय गाड (ओएमजी)  इससे बेहतर फिल्म थी। पीके में भले ही दिलचस्प विषय उठाया गया हो, यह बात तय है कि ऐसी फिल्म केवल भारत में ही बन सकती है और हिन्दू देवताओं के बारे में ही बन सकती है। इस फिल्म में कॉमेडी का तड़का इतना ज्यादा हो गया कि कॉमेडी के चक्कर में गंभीर मुद्दा गौण हो गया। फिल्म को देखकर निकले एक दर्शक ने कहा कि यह ऐसी फिल्म है जिसके किसी भी पात्र का कोई वैâरेक्टर नहीं है। यह फिल्म चरित्रहीन पात्रों को लेकर बनाई गई है। इस फिल्म में एलियन (आमिर) है, जो पहली लड़की को देखते ही फिदा हो जाता है। हीरोइन जग्गू (जगत जननी- अनुष्का शर्मा) है। जो किसी नौजवान लड़के से मिलती है और पहले ही दिन बिस्तर पर चली जाती है। सरफराज (सुशांत सिंह) ऐसे बंदा है जो एक दिन फिदा होता है और अगले ही दिन जुदा। चैनल का न्यूज हेड (बोमन ईरानी) डरपोक और बेअक्ल आदमी है। तपस्वी महाराज (सौरभ शुक्ला) एक चोर और ढोंगी है। जग्गू का पिता (परीक्षित सहानी) धर्मांध भक्त है।फुलझड़िया (रीमा) वैश्या है। बुलगारिया के बुग्रेस का बुड्ढा (राम सेठी) ४ डॉलर का चोट्टा है। भैरव सिंह (संजय दत्त) मूर्ख और लंपट व्यक्ति है। फिल्म के गानों की लाइनें भी यह बताती है कि हिन्दी फिल्मों के गीतों से भावनाएं और प्रेम के इजहार की बातें गायब है। एक गाने को बोल है नंगा-पुंगा दोस्त, दूसरा है ठरकी छोकरो और तीसरा है लव इज वेस्ट ऑफ टाइम...।

PK फिल्म का हर पात्र चरित्रहीन है! हर कैरेक्टर ढीला !!
--प्रकाश हिन्दुस्तानी 
24 दिसंबर 2014 





Sunday, July 10, 2011

प्रयोगधर्मी गालीबाज़ आमिर

रविवासरीय हिन्दुस्तान के एडिट पेज पर मेरा कॉलम
प्रयोगधर्मी गालीबाज़ आमिर




आमिर खान को मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहा जाता है. वे 'मेथड एक्टर' हैं. बॉलीवुड में वन मेन इंडस्ट्री हैं आमिर खान. उनके पुरखे हेरात, अफगानिस्तान से आये थे. वे मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और डॉ. जाकिर हुसैन के वंशजों में से हैं और नज्मा हेप्तुलाह उनके करीबी रिश्ते में हैं. 46 साल के आमिर 38 साल से फिल्मों में हैं. 1973 में रिलीज फ़िल्म यादों की बारात में आठ साल का रोल करनेवाले बाल कलाकार आमिर ग्यारह साल बाद केतन मेहता की फ़िल्म होली में आये. आमिर खान अभिनीत 39 फ़िल्में रिलीज़ हो चुकी हैं, और दो बड़ी फ़िल्में धूम-थ्री और धुंआ बन रही है. तारे ज़मीन पर उन्होंने निर्देशित भी की थी और सात फिल्मों के वे निर्माता हैं. दस साल पहले 2001 में उनकी कंपनी की पहली फ़िल्म लगान आई थी, जो सुपर हिट रही और अब आई है डेल्ही बेली, जिसके बारे में कहा जाता है कि इसने भाषा के कारण आमिर के दस साल के काम पर पानी फेर दिया है. आमिर को पहचान दिलानेवाली क़यामत से क़यामत तक थी और राख फ़िल्म को नेशनल फ़िल्म (स्पेशल जूरी) अवार्ड मिला था. उनको मिले सम्मानों की फेहरिश्त काफी लम्बी है. इस मुकाम तक आने के लिए आमिर खान ने कई तरह के पापड़ बेले और समझौते भी किये है. ज़रूरी नहीं कि आप उनसे इत्तफाक रखें पर ये हैं आमिर की सफलता के कुछ सूत्र :
परफेक्शन पर जोर
आमिर खान को बॉलीवुड में परफेक्शनिस्ट माना जाता है. जो भी करते हैं पूरी लगन और मेहनत से. अभिनय की बारीकी हो या निर्देशन की,फ़िल्म का प्रमोशन हो या विज्ञापन की शूटिंग.फ़िल्म के कलाकारों का एग्रीमेंट हो या फ़िल्म की बजटिंग, वे हर तरफ ध्यान रखते हैं. उनकी कोशिश रहती है कि हर काम पूरी परिपक्वता से हो हो और पूरी तरह से परिपूर्ण हो. थ्री इडियट फ़िल्म का एग्रीमेंट 25 पेज का था जिसमें हर तरह की बारीकी लिखी हुई थी.
बॉक्स ऑफिस पर निगाहें
बॉलीवुड समीक्षकों की नहीं, बॉक्स ऑफिस की ही भाषा जानता है. आमिर खान के लिए भी बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी ही सब कुछ है. इसके लिए वे सब कुछ करने को तैयार रहते हैं. हाल ही में समीक्षकों ने लिखा है कि लगान और तारे ज़मीन पर जैसी फ़िल्में बनानेवाले आमिर खान ने गालियों को अपनी यूएसपी बना लिया! इस फ़िल्म का काफी विरोध हुआ और एक वर्ग ने इसे पसंद भी किया. जो भी हुआ हो आमिर खान को इसका आर्थिक लाभ हुआ और फ़िल्म को अच्छी ओपनिंग मिली.खुद आमिर का कहना है कि यह फ़िल्म एक 'दुर्घटना' है. अपने ब्लॉग में उन्होंने चार मर्तबा सब हेड लिखा है -- शिट हेपंस !
प्रयोगधर्मिता आवश्यक
आमिर खान प्रयोगधर्मी कलाकार हैं. वे न केवल अपने अभिनय में नयापन खोजते रहते हैं, बल्कि अपने बालों और दाढ़ी मूंछों को लेकर भी प्रयोग करते रहते हैं. क़यामत से क़यामत तक वाले चिकने चुपड़े चाकलेटी आमिर ने गुलाम के लिए जबदस्त बॉडी बिल्डिंग की और फिर वापस छरहरे बदन के लिए जिम में वक़्त गुज़ारा. बरसों बाद वे फिर गजनी के लिए शरीर सौष्ठव में जुट गए. इसी तरह अपने बालों को लेकर भी प्रयोग करते रहते हैं. आमिर की भूमिकाओं में भी विविधता रही है. मंगल पांडे में क्रांतिकारी की भूमिका हो या इश्क का प्रेमी, लगान का किसान हो या फ़ना का आतंकवादी. सरफरोश का पुलिस अफसर, रंगीला का टपोरी, राजा हिन्दुस्तानी का गाइड,अकेले हम अकेले तुम का सिंगर, दिल, दिल चाहता है और क़यामत से क़यामत तक का आशिक, तारे ज़मीन पर का टीचर, रंग दे बसंती का विद्रोही, मन का कासानोवा जैसी अनेक भूमिका वे निभा चुके हैं. हर भूमिका में वे अपनी अलग छाप छोड़ते हैं.
व्यावसायिकता पर ध्यान
आमिर खान को इस बात का पूरा एहसास है कि फ़िल्म कलाकार फिल्मों से ज्यादा कमाई विज्ञापनों से करते हैं. उन्होंने परदे पर अपनी छवि से युवाओं को लुभाने पर ज्यादा जोर दिया इसी कारण उन्हें अच्छे विज्ञापन मिले. कोक, टाइटन, टाटा स्काय, अतिथि देवी भव, नमस्कार कोलकाता, टोयोटा इनोवा, मोनेको बिस्किट, सेमसंग मोबाइल, आदि मुख्य हैं. एक टेलीकाम कंपनी के विज्ञापन से उन्हें करीब ३५ करोड़ रुपये की आय हुई जो किसी मेगा बजट फ़िल्म की कमाई के बराबर मानी जा सकती है. आमिर खान अपनी एड फिल्मों की शूटिंग के लिए खासा वक़्त देते हैं, उस पर रिसर्च करते हैं और गंभीरता से उस पर काम करते हैं.
सही प्रमोशन, वक़्त पर
आमिर खान जानते हैं कि फिल्मों के प्रचार का दर्शकों पर असर पड़ता है लेकिन वह असर सबसे अच्छे नतीजे तभी दे सकता है जब वह सही वक़्त पर और अनोखे अंदाज़ में हो. उन्होंने नकारात्मक विज्ञापन शैली के फायदों को समझा और अपनाया. इसीलिये जिस तरह से लगान का प्रचार किया गया उसी तरह जाने तू.. का नहीं किया गया. पीपली लाइव का प्रचार अलग था और थ्री इडियट्स का अलग. पीपली लाइव की क्रेडिट उन्होंने अपनी पत्नी किरण राव को दी और धोबीघाट की भी. उन्होंने इन फिल्मों से बहुत रूपया नहीं बनाया लेकिन नाम कमाने के लिए ऐसी फ़िल्में कारण ज़रूरी था. डेल्ही बेली में उन्होंने एक विवादस्पद गाने के बहाने प्रचार पाया और पहले ही हफ्ते में अच्छी कमाई कर ली.
मीडिया मैनेजमेंट
आमिर का मीडिया मैनेजमेंट का तरीका अलग है. वे जानते हैं कि कब उन्हें मीडिया की ज़रुरत पड़ती है और कब मीडिया को उनकी. नेगेटिव पब्लिसिटी में उन्हें महारथ हासिल है और शाहरुख़ खान के बारे में बयान देकर उन्होंने काफी प्रचार पाया. पहली पत्नी रीना दत्ता से तलाक और किरण राव से ब्याह, भाई फैसल की बीमारी और कस्टडी जैसे मुद्दों पर वे मीडिया में कभी नहीं आये ना ही कुछ बोले. उन्हें यह कला भी आती है कि किन किन राजनेताओं से नजदीकियां मीडिया में सुर्खी बनाती है और किस शब्दावली पर मीडिया बहस पर आमादा हो जाता है.
पुरस्कारों से दूरी
नए कलाकार के लिए के लिए पुरस्कार प्रोत्साहन भी होता है और पब्लिसिटी का माध्यम भी. आमिर उससे ऊपर उठ चुके हैं. लगातार कई साल तक पुरस्कार नहीं मिलने से उनमें इन पुरस्कारों के प्रति उपेक्षा भाव आ गया. खासकर फिल्मफेयर पुरस्कार को लेकर. उन्हें 1989 में राख, 1990 में दिल, 1091 में दिल है कि मानता नहीं, 1992 में जो जीता वही सिकंदर, 1993 में हम हैं रही प्यार के, 1994 में अंदाज़ अपना अपना, 1995 में रंगीला के लिए बेस्ट हीरो के लिए नामिनेट किया गया था लेकिन अवार्ड मिला 1996 में राजा हिन्दुस्तानी के लिए. मंगल पांडे, गजनी और तारे जमीन पर के लिए भी उनका नामिनेशन हुआ, लेकिन तब तक उनका मोह इन पुरस्कारों से खत्म हो चुका था. अब वे अवार्ड के कार्यक्रम में नहीं जाते और इस कारण भी लोग उन्हें याद रखते हैं.
प्रकाश हिन्दुस्तानी

हिन्दुस्तान 10 june 2011