Showing posts with label प्रकाश हिन्दुस्तानी कॉलम. Show all posts
Showing posts with label प्रकाश हिन्दुस्तानी कॉलम. Show all posts

Friday, December 20, 2013

हॉर्न प्लीज! ओ.के.? बिल्कुल नहीं !

वीकेंड पोस्ट के 14  दिसंबर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम



हमारे शहर की सड़कों पर जिस तरह वाहन चलाए जाते हैं और हॉर्न जिस तरह से बजाए जाते हैं, उससे लगता है इंदौर के लोग या तो बहरे हैं या पहले दर्जे के  निसडल्ले! हॉर्न बजाने वालों को पता ही नहीं कि बेवजह हॉर्न बजाना कितना बड़ा सामाजिक अपराध है। यह दूसरे वाहन के चालक की बेइज्जती भी है (अबे हट! मुझे जाने दे!)। आमतौर पर लोग यहां हॉर्न लगातार इस तरह बजाते हैं जैसे एकदम छोटे बच्चे मुंह से पीं-पीं की आवाज करते हुए  ट्राइसिकल चलाते हैं। कई युवा शायद इसलिए हॉर्न बार-बार बजाते हैं कि देखो हमारे बाप ने हमें ये गाड़ी दिल दी है। कई वाहन चालकों को लगता है कि जब गाड़ी में हॉर्न लगाया गया है, तो उसे बजाना जरूरी होता होगा!
   वास्तव में हॉर्न का उपयोग केवल चेतावनी के लिए होना चाहिए। किसी के भी घर के सामने अकारण हॉर्न बजाना अपराध है। चौकीदार को या किसी अन्य को बुलाने के लिए हॉर्न बजाना हम अपना हक समझते हैं। हॉर्न कोई एक्सीलेटर या गियर चेंजिंग डिवाइस नहीं है। उन्नत देशों में हॉर्न ऐसा उपकरण है, जिसका इस्तेमाल केवल इमर्जेंसी में ही होता है। वहां अकारण हॉर्न बजाने पर कड़ी सजा और दंड का प्रावधान है। कई देशों में रात के समय हॉर्न बजाना ही प्रतिबंधित है, (वहां रात में केवल डिपर का ही प्रयोग हो सकता है)। हम  हॉर्न को स्टीयरिंग की तरह समझते हैं, स्टीयरिंग घुमाना और हॉर्न बजाना समान  समझते हैं। वाहनों पर म्यूजिकल हॉर्न नहीं लगाए जा सकते, न ही प्रेशर हॉर्न लगाए जा सकते हैं। हमारे यहां तो कई दो पहिया वाहनों में भी प्रेशर हॉर्न और साइरन मिल जाएंगे। कई वाहनों में कुो के भौंकने की आवाज, कहीं बच्चे के रोने-चीखने की आवाज वाले हॉर्न भी लगे हैं, जो हमारी असभ्यता और बददिमागी के प्रतीक हैं। 'नो हॉर्न जोन' (अस्पताल शिक्षा संस्थान के दायरे) में भी लोग हॉर्न बजाने से बाज नहीं आते। 
मेरा बस चले और ऐसे हॉर्न बनने लगें तो मैं अपनी गाड़ी में इस तरह की आवाज के हॉर्न लगवाना चाहूंगा: 
 --'साले गधे, बिना बात के यों हॉर्न बजा रहा है!'
--'क्या तेरे बाप ने नई गाड़ी दिलाई है?'
--'क्या कभी हॉर्न बजाया नहीं?'
--'कमीने-बेवड़े, तू या हमें बहरा समझता है?'
--'क्या तेरे को मरने की जल्दी है हरामी के पिल्ले?'
--'क्या तेरी गर्ल फ्रेंड बुला रही है तो ऐसे बजा रहा है?'
--'बहुत रेंक रहा है तो क्या तू दुलत्ती भी मारेगा?'
--'बहुत जोर से बार-बार पाद यों रहा है बे?'
काश! इस तरह के हॉर्न बनाने लगें तो मैं भी अपनी भड़ास निकालूं। 

--प्रकाश हिन्दुस्तानी 
(वीकेंड पोस्ट के 14  दिसंबर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम)

Sunday, December 08, 2013

वीकेंड पोस्ट के 7 दिसंबर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम


बच के  रहना !

समाजवादी पार्टी के  सांसद नरेश अग्रवाल ने  कहा है कि लोग इस कदर  डर  गए हैं कि झूठे  प्रताड़ना मामलों से बचने  के लिए निजी संस्थानों में महिला कर्मचारी नियुक्त ही नहीं करना चाहते। उन्हें डर लगता है कि  क्या पता, कब कोई महिला झूठे मामले में फंसा दे।  प्रख्यात फेमिनिस्ट और एडिशनल सॉलिसिटर जनरल इंदिरा जयसिंह ने कहा   है कि सुप्रीम कोर्ट के कुछ न्यायमूर्तिगणों ने प्रमुख न्यायमूर्ति से प्रार्थना  की है कि सुप्रीम कोर्ट की तमाम महिला कर्मचारियों को कहीं और भेज दिया जाए और भविष्य में किसी भी महिला को इंटर्न न रखा जाए। हाल यह है कि लोगों ने महिलाओं की मदद करना ही बंद कर दिया है, कोई महिला कितने भी संकट में हो, उसकी मदद गले का फंदा बन सकती है, यह धारणा बनाने लगी है। इंदौर की एक जानलेवा घटना  याद है आपको ? चंचल राठौर नामक एक किराएदारिन ने मकान-मालिक रूपकिशोर अग्रवाल नामक व्यवसायी के खिलाफ़ बलात्कार की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी  थी, जिस पर  रूपकिशोर अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया।  बाद में जमानत पर छूटने के बाद रूपकिशोर अग्रवाल ने आत्महत्या कर ली, जिसके बाद झूठी शिकायत करनेवाली महिला पर मुक़दमा चला और कोर्ट ने उसे चार साल की कैद की सजा दी। पूरा अग्रवाल  परिवार लम्बे समय तक 'कानूनी आतंकवाद' झेलता रहा और न्याय से वंचित रहा क्योंकि कोई भी फैसला उन्हें जीवन नहीं लौटा सकता था। 
भारतीय कानून महिलाओं को सुरक्षा देने के नाम पर 'महिला आतंकवाद का आधिकारिक रूप' बनते जा रहे हैं।  कानून सभी के लिए समान  होना चाहिए, और अगर महिलाएं पीछे हैं तो उन्हें आगे लाने का प्रयास भी होना चाहिए।  लेकिन महिलाओं को आगे लाने  के नाम पर कुछ महिला संगठन जो रवैया अपनाये हुए हैं, उससे महिलाओं का सम्मान और न्याय तो शायद ही बढ़े, पर  महिलाओं का आतंक ज़रूर बढ़ेगा। तरुण तेजपाल के मामले में कई महिला संगठनों का दोहरा चरित्र सामने आ गया, जब कुछ महिला संगठनों की नेताओं ने तेजपाल का बचाव करने की कोशिश की।  'तहलका' की एमडी शोमा  चौधरी  के घर की नाम  पट्टिका  को  पोतने को लेकर ये महिला संगठन ऐसे  बिफरे, मानो शोमा का ही मुंह  काला कर दिया गया हो। ये संगठन तेजपाल को क्यों बचाते रहे? 

प्राइमरी स्कूल तक में झूठी चुगली करनेवाले बच्चे को शिक्षक अपने स्तर  पर समझाते हैं, लेकिन कोई महिला अगर झूठी शिकायत कर दे और यह साबित भी जाए कि शिकायत झूठी है तब भी उसके खिलाफ कोई प्रावधान नहीं ? इंदौर के रूपकिशोर अग्रवाल की  आत्महत्या के बाद भी उस महिला का कुछ नहीं हुआ, मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का बना, झूठे केस का नहीं। महिला द्वारा  शिकायत करने की समय सीमा का भी कोई बंधन नहीं है, शिकायत  कभी भी की जा सकती है और शिकायत सही पाई जाए तो महिला को एक लाख तुरंत? महिला का नाम गोपनीय रखने का क़ानून है, यानी अपराधी का चेहरा भी उजागर नहीं  होगा,लेकिन अगर वह पुरुष है तो सरे राह जूते तय !

अब हाल यह है कि भारत में  'फ्री मैन  क्लब' बनने शुरू हो गए हैं, इन्हें नाम दिया गया है --  'मैन गोइंग देयर ऑन वे' . इसकी वेबसाइट भी है -www.mgtow.com . इसके अनुसार घरेलू हिंसा के ८० फ़ीसदी मामले फ़र्ज़ी होते हैं ; बलात्कार के जाधिकतर मामलों में पीड़ित पुरुष होते हैं , न कि महिला ; इस वेबसाइट में झूठे मामलों में फसाये गए लोगों को कानूनी लड़ाई लड़ने का रास्ता भी बताया गया है। यह भी जानकारी दी गयी है महिलाओं को किस तरह से ''लाइफ चेंजिग लाइ'' यानी जीवन को बदलने वाले झूठ का प्रशिक्षण दिया जाता है। 

आज हमारे अपने जीवन मूल्यों की जगह क़ानून ने ले ली है।  माता बहनों को सम्मान की बात अब बकवास लगती है। अब आप किसी बच्चे या बच्ची को पीठ  शाबासी से नहीं थपथपा सकते --क्या पता, पाँच -दस साल बाद वह जाकर शिकायत कर दे तो आप गए आईपीसी की धारा 354 में। 
प्रकाश हिन्दुस्तानी 
(वीकेंड पोस्ट के 7 दिसंबर  2013 के अंक में  मेरा कॉलम)

Tuesday, November 15, 2011

देह और दिमाग़ के योग से शीर्ष पर

रविवासरीय हिन्दुस्तान (13/11/2011) के एडिट पेज पर मेरा कॉलम


देह और दिमाग़ के योग से शीर्ष पर
शकीरा भारत आ रही हैं. वे आल इन वन हैं -- बिजनेस वूमन, गायिका, डांसर, गीत लेखिका, संगीतकार, लाइव परफार्मर, रेकॉर्ड निर्माता, मॉडल, समाजसेवी, यूनिसेफ की प्रतिनिधि, अमेरिकी राष्ट्रपति की सलाहकार आदि. वे सुन्दर हैं, युवा हैं, धनवान हैं, शोहरतमंद हैं, लेकिन वे विनम्र हैं, मेहनती, दयालु, गरिमामय भी हैं. इससे बढ़कर वे बुद्धिमान हैं और सच बोलने की आदी. उनके आगे आइटम जैसा शब्द शायद छोटा है. नोबेल साहित्य विजेता गेब्रियल गेर्सिया मार्केज़ का दावा है कि शकीरा के शो में आप किसी और के बारे में सोच ही नहीं सकते. ग्रेमी, गोल्डन ग्लोब जैसे कई सम्मान वे पा चुकी हैं. शकीरा कोई ऐसे ही शकीरा नहीं बनीं; उनकी सफलता के कुछ सूत्र :
लोक से जुड़ाव ज़रूरी
लोक नर्तकी और बेली डांसर के रूप में शकीरा ने नाम और नामा कमाया है और अपने संगीत में मादक-सौन्दर्य का ऐसा बघार लगाया है कि वह सुनने से ज्यादा देखते ही बनता है. वे नंगे पैर नाचना पसंद करती हैं और आने साथ लोगों को नाचने के लिए प्रेरित करने में उन्हें मज़ा आता है. वे स्टेज शो के दौरान अपने से ज्यादा रोशनी दर्शकों पर देखना चाहती हैं और उनके मान के भाव को समझ कर अपनी प्रस्तुति को हर पल नया रूप देती रहती हैं. फूहड़ता के आरोपों के बावजूद उनके दीवानों की संख्या लाखों में हैं. उनकी लोकप्रियता का चार्ट तथाकथित शीला और मुन्नी की तरह टेम्परेरी नहीं है. उनकी पहुँच ग्लोबल है. वे जब भी मंच पर होती हैं, तब संगीत से नफ़रत करनेवाला भी थिरकने के मूड में आ जाता है. वे जब परफ़ॉर्म करने मंच पर जाती हैं, तब अपनी जुबान और दिमाग ही नहीं, पूरी देह की भाषा का इस्तेमाल करती हैं.
देह को एक मंदिर समझें
शकीरा की पूरी दिनचर्या का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण समय अपनी देह की तरफ ध्यान रखने और उसकी चाकरी में बीतता है. बात किस्म किस्म के एक्सरसाइज़ की हो या कड़ाई से पालन किये जाने वाले डायट प्लान को लागू करने की, शकीरा उसमें रत्तीभर भी हेरफेर नहीं होने देती.कभी भी कोई भी दिन ऐसा नहीं होता, जब शकीरा ने अपने डेली वर्क आउट को मिस किया हो. वे भरपूर सलाद खाती हैं, हरी पत्तेदार सब्जियां, वसामुक्त भोजन करती हैं. धूम्रपान, मिठाई-चोकलेट और मांसाहार से दूर रहती हैं. शाकाहार उनकी प्राथमिकता है. वे शराब नहीं पीतीं, यहाँ तक कि कैफीनयुक्त काफी से भी परहेज़ रखती हैं. हमेशा वक्त पर सोना (कार्यक्रमों के अलावा) उनकी आदत है. उनके वर्कआउट में शरीर के हर हिस्से की कसरत शामिल है.
काम के प्रति पूर्ण समर्पण
शकीरा अपने काम के प्रति पूरी तरह से समर्पित रहती हैं. इतना ही नहीं, वे अपनी कला के हर क्षण को जीती भी हैं. बात चाहे गीत लिखने की हो या गाने की, उसके वीडियो के डायरेक्शन की हो, या संपादन की, नृत्य संयोजन हो या पोस्ट प्रोडक्शन वे उसमें डूबकर काम करती हैं. उन्हें क्या पहनना है, क्या नहीं पहनना और कैसा मेकअप करना है, कब, कितनी, किस किस के साथ रिहर्सल करना है, जैसी हर बात में दखल और ध्यान रखती हैं. हर हर उनके बारे में मीडिया में अनेक सच्ची- झूठी कहानियां छपती हैं, लेकिन वे उनके प्रति अलग व्यवहार रखती है और कभी भी अपना आपा नहीं खोती.
पूर्णता में यकीन
34 साल की शकीरा 26 साल से गाना गा और डांस कर रही हैं. ईश्वर ने उन्हें फुरसत में बनाया होगा, पर अपने काम को अंजाम देने के लिए उन्हें वक़्त की कमी रहती है, वे जो भी काम करती हैं, पूरे मनोयोग और बिंदास तरीके से. आमिर खान की तरह वे भी परफैक्शन की दीवानी हैं. इसके लिए उन्हें डायरेक्टर के काम में हस्तक्षेप करना पड़े, तो भी करती है. खुद गाना लिखना हो, दूसरी भाषा सीखना हो, संगीतकार की मदद करनी हो, हर काम कर डालती हैं और पूरी मनोयोग से. उन्हें दिलजोई के लिए गाना गवारा नहीं, वे मासेस के लिए गाती और संगीत में ही जीती हैं. चाहे वे फोक डांस कर रही हों या बेली डांस, दुनिया के किसी भी कोने में गा रही हों, उनका परफेक्शन का प्रयास एक समान रहता है. कुछ साल पहले शकीरा को लगा कि वे कुछ मोटी हो गई हैं तो उन्होंने कड़ी मेहनत करके अपना वज़न काम करके ही दम लिया.
बेबाकी से अपनी राय रखें
दुनिया में बहुत से लोग हैं जो बातों को चाशनी में लपेटकर कहते हैं, लेकिन शकीरा ने जो भी कहा, बेबाकी से कहा. जो कुछ भी किया, बेख़ौफ़ किया. उन्होंने खुले आम कहा कि मैं बगैर मेकअप के कहीं भी नहीं निकलती, क्योंकि मैं एक औरत हूँ. उन्होंने कभी भी खुद को अमेरिकी बताने की कोशिश नहीं की, क्योंकि वे कोलंबियाई हैं. अपने स्पैनिश और अंग्रेज़ी के लहजे पर उन्होंने कभी कोई झिझक महसूस नहीं की. उनका कहना है कि सुन्दर झूठ की जगह कुरूप सच्चाई ज्यादा महत्वपूर्ण है. अपनी निजी ज़िन्दगी के बारे में भी उन्होंने कभी भी कुछ छिपाने की कोशिश नहीं की. वे कहती हैं कि मेरी ज़िन्दगी पानी से भरे कांच के गिलास जैसी है, पूरी तरह से पारदर्शी. एंटोनियो डे ला रुआ के साथ उनके संबंधों के बारे में भी उन्होंने नहीं छुपाया और जब वे उनसे अलग हुई, तब भी नहीं.
सिर्फ़ धन ही महत्वपूर्ण नहीं
शकीरा की आय के स्रोतों में लाइव शो, फ़िल्म, रेकोर्ड-अलबम की बिक्री और डाउन लोड, अपने नाम के उत्पादनों के कारोबार, विज्ञापन आदि तो हैं ही, वे निजी समारोहों में भी धन लेकर नाचती है. वे इससे कितना कमाती है, इसका अंदाज़ इसी से लगाया जा सकता है कि एक शादी में शो के लिए उन्होंने एक करोड़ यूरो फीस ली थी( तव एक यूरो 63 रुपये का था, यही भारतीय मुद्रा में 63 करोड़ रुपये के बराबर).इसके विपरीत वे अपने देश में लाखों लोगों के लिए होनेवाले शो में टिकिट नहीं लगाने देतीं, हर साल लाखों डॉलर का दान देती हैं कहीं स्कूल के लिए, तो कहीं स्वास्थ्य सेवा के लिए. शकीरा ने अपनी बुद्धि का भी लोहा मनवा रखा है. वे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में अतिथि वक्ता के रूप में भी भाषण दे चुकी हैं जहाँ मदर टेरेसा और दलाई लामा भाषण दे चुके हैं. भाषण के दौरान शकीरा ने कहा, "मैं चाहती हूं कि 2060 के युवा हमें किस प्रकार देखें: विश्व शांति स्थापित करने के हमारे मिशन में अफगानिस्तान में 30,000 सैनिकों के बदले 30,000 शिक्षकों को भेजा जाना निहित है ''.

प्रकाश हिन्दुस्तानी


(दैनिक हिन्दुस्तान 13/11/2011 को प्रकाशित)

Sunday, August 28, 2011

जीने की कला ने पहुंचाया शीर्ष पर


रविवासरीय हिन्दुस्तान (28 अगस्त 2011) के एडिट पेज पर मेरा कॉलम


जीने की कला ने पहुंचाया शीर्ष पर


रवि शंकर रत्नम अन्ना हजारे के समर्थक और सहयोगी हैं. वे महर्षि महेश योगी के शिष्य थे. उन्होंने २६ साल की उम्र में १९८२ में आर्ट ऑफ़ लिविंग की स्थापना की थी. आज इसकी शाखाएं १५२ देशों में है. २०१० में फ़ोर्ब्स ने उन्हें भारत का पांचवां सबसे प्रभावशाली व्यक्ति लिखा था. उन्होंने दलाईलामा के साथ जेनेवा में भी एक संस्था खोली है जो गरीबों की मदद करती है. सितार वादक रवि शंकर ने उन पर आरोप लगाया था कि योगी रवि शंकर उनकी ख्याति का लाभ उठा रहे हैं, तब उनके शिष्यों ने उन्हें 'श्री श्री रवि शंकर' नाम दिया. अपने शिष्यों में वे 'श्री श्री' नाम से ही पहचाने जाते हैं.लोग कहते हैं कि वे खुद बहुत बड़े 'ब्रांड' हैं. उनकी संस्थाएं करोड़ों रुपये सेवा कार्य पर खर्च करती हैं.गंगा और यमुना के सफाई अभियान में भी वे जुड़े हैं. योग क्रिया 'कपाल भांति' और 'सुदर्शन क्रिया' को आजमाकर उसके माध्यम से लाखों लोगों को प्रभावित करनेवाले 'श्री श्री' की सफलता के कुछ सूत्र :
बचपन मत भूलो
आप कितने भी बड़े हो जाएँ, बचपन को ना भूलें. बचपन की सहजता, मासूमियत और ईमानदारी को कलेजे से लगाये रखें, जिससे कि आप हमेशा तनावमुक्त और अपनत्व से भरे रह सकते हैं. श्री श्री अब भी अपने आप को बच्चा ही कहते हैं, ऐसा बच्चा जो शरीर से बड़ा हो चुका है लेकिन मन से पूरी तरह निश्छल है.अगर बचपन की कोई कटुता मन में है तो उसे निकाल देने में ही भलाई होती है. अपने बचपन को याद करने के अलावा आप अपने आसपास के बच्चों से भी बहुत कुछ सीख सकते हैं.
सहजता ही अध्यात्म
मैंने जीवन में कुछ भी ऐसा नहीं किया है जो सहज नहीं है या बनावटी है. बनावटीपन और दिखावा तो बोझ की तरह होते हैं जिन्हें ढोना पड़ता है. मेरे लिए सहज रहना अध्यात्म का ही एक अंग है. यही मेरी जीवनशैली है. मैं सहज और सरल जीवन जीता हूँ और इसी में खुश हूँ. मेरी सलाह पर हजारों लोगों ने जीवन जीने का यही मार्ग चुना है और वे सब इससे खुश है.
यथार्थ को स्वीकारो
सहज-सरल जीने का तरीका यह है कि 'एक्सेप्ट द सिचुएशन एज इट इज़'. इसका मतलब यह नहीं है कि आप गलत बातों का समर्थन करे, बल्कि इसका अर्थ यह है कि आप गलत बात की तह में जाने की कोशिश करें और उसे दूर करे. अगर आप किसी समस्या में फंस गए हैं तो वहीँ रहना यथार्थ नहीं है, बल्कि आप हालात को समझ कर समस्या से निजात पायें तो आप ज्यादा सहज जीवन जी सकते हैं.
हंसो, पर फंसो मत
हमेशा हंसने यानी खुश रहने की दशा तभी आ सकती है, जब आप कहीं भी फंसे ना हों. हमेशा विवादों से दूर रहने की कोशिश करो. अगर विवाद की दशा आ ही जाए तो जीतनी जल्दी हो सके, बाहर निकालने की कोशिश करो. अपनी ऊर्जा का हमेशा सकारात्मक उपयोग आप तभी कर सकते हैं, जब आप तनावरहित और प्रसन्नचित्त हों.
शाश्वत कुछ भी नहीं
जीवन का कोई भी नियम शाश्वत नहीं. दूध पीना अच्छा होता है, पर हमेशा अच्छा नहीं. कई रोगी दूध पीकर और बड़े रोगी हो सकते हैं. ज़हर किसी की जान ले सकता है, लेकिन ज़हर से ही कई जीवनरक्षक दवाइयाँ बनाती है. डीडीटी का आविष्कार करनेवाले वैज्ञानिक को नोबेल प्राइज़ दिया गया था, आज डीडीटी दुनिया के अधिकांश देशों में प्रतिबंधित है. कोई भी बात हर व्यक्ति और हर काल में अच्छी ही हो, ज़रूरी नहीं होता. इसलिए बात बात पर शोक मनाना अच्छी आदत नहीं.
मुफ्त कुछ भी नहीं
प्रकृति ने हमें हमारी सबसे बहुमूल्य वस्तु मुफ्त में दी है, ऑक्सीजन,लेकिन हम उसका मोल कहाँ समझ पाते हैं? कोई भी वस्तु मुफ्त में दो तो उसका महत्व लोग नहीं समझते, इसलिए शुल्क लेना ज़रूरी है, और उस आय से वही वस्तु उन लोगों को मुफ्त उपलब्ध कराना ज़रूरी है, जिसकी उसे सख्त ज़रुरत हो. यह व्यवसाय नहीं, समाज का हिट करने के लिए है. इसीलिये 'आर्ट ऑफ़ लिविग' के लिए शुल्क रखा गया है.
नयी तकनीक अपनाओ
नयी तकनीक केवल उपकरणों के मामले में ही नहीं, जीवन जीने के बारे में भी अपनानी चाहिए तभी बेहतर जीवन जी सकते हैं. हम नयी तकनीक कार और नयी तकनीक के फोन पर ही अटक जाते हैं और नयी तकनीक से सांस लेने के बारे में सोचने का वक़्त नहीं है. हम दूसरों की ख़ुशी में अपनी खुशी पाने की तकनीक भी खोते जा रहे हैं. जबकि हमें वैसी नयी तकनीक खोजते रहना चाहिए जो हमें सुख प्रदान करे.
संगीत की शक्ति
संगीत में हमें शक्ति देने और नयी ऊर्जा से भर देने की अपार ताकत मौजूद है, लेकिन हमने गाना, बजाना, नृत्य करना कम कर दिया है. मेरी ऊर्जा का एक खास स्रोत संगीत है, और कई तरह का संगीत मैं सुनाता हूँ,जिसमें से कई बार तो मुझे वह समझ में भी नहीं आता, लेकिन फिर भी आनंद देता है. संगीत में एक और शक्ति है, और वह शक्ति है एकात्मकता पैदा करने की.
हमारे जीवन का लक्ष्य है आनंद की प्राप्ति और अहिंसा तथा शांति के बिना वह संभव नहीं है. हमारे पास जो है उससे संतुष्ट हुए बिना हम हर तरीके से साधन जुटाने में लगे हैं. और यह हमारे दुःख का कारण बन जाता है. मैंने तय कर लिया है कि मैं खुश रहूंगा और मैं खुश हूँ. आप भी यह करके देखिये.
प्रकाश हिन्दुस्तानी

हिन्दुस्तान, 28 अगस्त 2011 (संपादकीय पेज)

Sunday, August 07, 2011

गरिमामय हास्य ने दिलाई पहचान

रविवासरीय हिन्दुस्तान के एडिट पेज पर मेरा कॉलम (06/08/2011)



गरिमामय हास्य ने दिलाई पहचान

एकपात्रीय मंचीय कॉमेडी की दुनिया में भारत का नाम रोशन करनेवाले कॉमेडियन पापा सी जे ने वैश्विक मंच पर कॉमेडी को स्थापित किया है. उनके आठ सौ से ज्यादा मंचीय शो को अमेरिका, अफ्रीका, एशिया और यूरोप में लाखों लोग देख चुके हैं. बीबीसी, एनबीसी,एम टीवी जैसे चैनलों पर वे अपनी कॉमेडी के शो से लोगों का ध्यान खींच चुके हैं. मुकेश अम्बानी से लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया तक उनके प्रशंसकों में से हैं. वे अपने कॉमेडी के शो नोकिया, ऑडी, ब्रिटिश कौंसिल जैसे संस्थानों में भी देते रहते हैं. कहा जाता है कि उन्होंने स्टैंड अप कॉमेडी को एक नया मुकाम दिया है और खुद एक कॉर्पोरेट हस्ती बन गए हैं. पापा सी जे नाम से प्रसिद्ध सफलता के शीर्ष पर पहुंचे इस ग्लोबल कॉमेडियन की कामयाबी के कुछ सूत्र :
असली नाम छुपाने का राज़
पापा सी जे उनका असली नाम नहीं है, लेकिन वे अपना असली नाम किसी को भी ना तो बताना चाहते हैं और ना ही बता सकते हैं. असली नाम की बात पर वे यही बात वे लोगों से कहते हैं कि खतरनाक हत्यारों द्वारा की गई एक हत्या के मामले में उन्होंने गवाही दी थी और वे हत्यारे उनके पीछे पड़ गए. ऐसे में इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस ने उन्हें विटनेस प्रोटेक्शन प्रोग्राम के तहत अपनी पहचान छुपाकर रखने का आदेश और अनुमति प्रदान की. और इसी कारण वे अपनी असली पहचान छुपाकर जी रहे हैं. वे एक ऐसे नागरिक हैं जो अपनी जान को जोखिम में डालकर भी क़ानून की मदद करने से नहीं चूकता हो.
नया करने का जुनून
ज़िंदगी में कुछ नया करने के जुनून ने पापा सी जे को भीड़ से अलग जाकर नया कुछ करने को मज़बूर किया. १९७७ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को जन्मे पापा ने शुरुआती २० साल भारत में बिताये. सनावर और कोलकाता में पढ़ाई के बाद वे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एमबीए की डिग्री लेने पहुंचे. उन्होंने पढ़ाई के साथ साथ बहुत से खेत्रों में काम किया और नाम (शोहरत) तथा नामा (दौलत) अर्जित किया. पापा इस बात से असहमत रहते कि जो कुछ चल रहा है, ठीक है. कुछ नया करने का जुनून उन पर सदा सवार रहता है और इसीलिये वे कुछ खास कर सके.
टीवी शो ने बदली दुनिया
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान ही उन्हें टीवी चैनल पर कॉमेडी के शो में प्रतियोगी के रूप में भाग लेने का मौका मिला. इस शो में ऑडिशन के लिए हजारों लोग आये थे. पापा सी जे ने भी इसमें भाग लिया और उनकी कॉमेडी को लोगों ने पसंद किया. वे इस शो में टॉप टेन प्रतियोगियों तक पहुंचे.लोगों की पसंद को देखते हुए उन्होंने कॉमेडी जारी रखी. लोगों ने उन्हें कार्यक्रमों में बुलाना शुरू कर दिया और धीरे धीरे उनके शो लोकप्रिय होते चले गए.
अश्लीलता से दूरी
पापा सी जे ने अपने शो को अश्लीलता, फूहड़पन और दो अर्थोंवाले संवादों से मुक्त रखा है. वे जानते हैं यह लोगों को हंसाने का सरल रास्ता है लेकिन यह एक घटिया काम है. उनका मानना है कि यही किसी कॉमेडियन की असली परीक्षा भी है कि वह किस तरीके से अपना काम करता है. पापा सी जे हर बार नए नए तरीके से लोगों को हंसाने की कोशिश करते हैं और इसमें कामयाब भी रहते हैं क्योंकि वे विषय का चयन बहुत सावधानी से करते हैं और तात्कालिक घटनाओं का भी उसमें समावेश करने से नहीं चूकते जो लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं.
मौलिक लेखन
पापा सी जे अपने हर शो में नयापन रखते हैं और हर बार अपनी स्क्रिप्ट खुद लिखते हैं. वे चाहें तो यह काम दूसरे लेखकों से भी लिखवा सकते हैं लेकिन उनका मानना है कि अगर शो की स्क्रिप्ट मेरी अपनी है तो मैं उस शो में अपने हावभाव बेहतर तरीके से व्यक्त कर सकता हूँ. दुनिया के कई देशों में घूम चुके होने से उन्हें लोगों के अलग अलग स्वाभाव का अंदाजा है और इसीलिये उनकी विषयवस्तु हर जगह अलग होती है.
बहुधन्धी व्यक्तित्व
पापा सी जे बहुधन्धी व्यक्तित्व के धनी हैं. वे जाने-पहचाने जाते हैं अपनी स्टैंडअप कॉमेडी की वजह से, जो उन्होंने २७ साल की उम्र में २००४ में शुरू की थी, लेकिन उनके कामों में लन्दन में मैनेजमेंट कंसल्टेंसी देना और प्रोफेशनल वर्कशॉप आयोजित करना भी शामिल रहा है. अब वे अपने काम को नए मुकाम तक पहुँचाना चाहते हैं जिसके तहत उनके शो के डीवीडी बनाकर बेचना और फिल्मों में काम करना शामिल है. वे भारत के सभी प्रमुख शहरों में अपने शो करने की योजना भी बना रहे हैं.
चैरिटी कार्य
पापा सी जे चैरिटी के काम को भी महत्व देते हैं. 'वन चाइल्ड' नाम की एक संस्था का खर्च वे अपने कार्यक्रम की पूरी कमाई देकर उठाते हैं. इस कार्यक्रम के टिकिट पंद्रह पौंड में बेचे जाते हैं और एक धेला भी वे नहीं लेते. इस संस्था द्वारा संसाधनहीन बच्चों की पूरी देखभाल की जाती है, उनकी पढ़ाई से लेकर निवास, भोजन और खेलकूद तक का खर्च यही संस्था उठाती है. इसके अलावा बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य, भारत के ग्रामीण इलाकों में लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के काम में भी वे मदद करते हैं. संस्था के कामों की यजन बनाने से लेकर उन योजनाओं पर अमल करने तक के काम में उनकी भूमिका रहती है.
सौ प्रतिशत भारतीय
पापा सी जे भले ही अंतर्राष्ट्रीय नाम हो गया हो, लेकिन वे अपने आप को सौ प्रतिशत भारतीय ही मानते हैं. वे कहते हैं कि मैं एक पतंग की तरह हो गया हू, जो उड़ती तो ऊपर आसमान में है, लेकिन एक डोर से जुडी होती है. भारतीय भोजन, भारतीय परिधान, हिन्दी और पंजाबी फ़िल्में और उनका संगीत उन्हें भाता है. भारत में वे नए कलाकारों को स्टैंड अप कॉमेडी के लिए प्रशिक्षित भी कराते हैं और उन्हें विविधतापूर्ण कामों के लिए प्रेरित भी करते हैं.
प्रकाश हिन्दुस्तानी

हिन्दुस्तान 6 auguest 2011

Sunday, July 10, 2011

प्रयोगधर्मी गालीबाज़ आमिर

रविवासरीय हिन्दुस्तान के एडिट पेज पर मेरा कॉलम
प्रयोगधर्मी गालीबाज़ आमिर




आमिर खान को मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहा जाता है. वे 'मेथड एक्टर' हैं. बॉलीवुड में वन मेन इंडस्ट्री हैं आमिर खान. उनके पुरखे हेरात, अफगानिस्तान से आये थे. वे मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और डॉ. जाकिर हुसैन के वंशजों में से हैं और नज्मा हेप्तुलाह उनके करीबी रिश्ते में हैं. 46 साल के आमिर 38 साल से फिल्मों में हैं. 1973 में रिलीज फ़िल्म यादों की बारात में आठ साल का रोल करनेवाले बाल कलाकार आमिर ग्यारह साल बाद केतन मेहता की फ़िल्म होली में आये. आमिर खान अभिनीत 39 फ़िल्में रिलीज़ हो चुकी हैं, और दो बड़ी फ़िल्में धूम-थ्री और धुंआ बन रही है. तारे ज़मीन पर उन्होंने निर्देशित भी की थी और सात फिल्मों के वे निर्माता हैं. दस साल पहले 2001 में उनकी कंपनी की पहली फ़िल्म लगान आई थी, जो सुपर हिट रही और अब आई है डेल्ही बेली, जिसके बारे में कहा जाता है कि इसने भाषा के कारण आमिर के दस साल के काम पर पानी फेर दिया है. आमिर को पहचान दिलानेवाली क़यामत से क़यामत तक थी और राख फ़िल्म को नेशनल फ़िल्म (स्पेशल जूरी) अवार्ड मिला था. उनको मिले सम्मानों की फेहरिश्त काफी लम्बी है. इस मुकाम तक आने के लिए आमिर खान ने कई तरह के पापड़ बेले और समझौते भी किये है. ज़रूरी नहीं कि आप उनसे इत्तफाक रखें पर ये हैं आमिर की सफलता के कुछ सूत्र :
परफेक्शन पर जोर
आमिर खान को बॉलीवुड में परफेक्शनिस्ट माना जाता है. जो भी करते हैं पूरी लगन और मेहनत से. अभिनय की बारीकी हो या निर्देशन की,फ़िल्म का प्रमोशन हो या विज्ञापन की शूटिंग.फ़िल्म के कलाकारों का एग्रीमेंट हो या फ़िल्म की बजटिंग, वे हर तरफ ध्यान रखते हैं. उनकी कोशिश रहती है कि हर काम पूरी परिपक्वता से हो हो और पूरी तरह से परिपूर्ण हो. थ्री इडियट फ़िल्म का एग्रीमेंट 25 पेज का था जिसमें हर तरह की बारीकी लिखी हुई थी.
बॉक्स ऑफिस पर निगाहें
बॉलीवुड समीक्षकों की नहीं, बॉक्स ऑफिस की ही भाषा जानता है. आमिर खान के लिए भी बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी ही सब कुछ है. इसके लिए वे सब कुछ करने को तैयार रहते हैं. हाल ही में समीक्षकों ने लिखा है कि लगान और तारे ज़मीन पर जैसी फ़िल्में बनानेवाले आमिर खान ने गालियों को अपनी यूएसपी बना लिया! इस फ़िल्म का काफी विरोध हुआ और एक वर्ग ने इसे पसंद भी किया. जो भी हुआ हो आमिर खान को इसका आर्थिक लाभ हुआ और फ़िल्म को अच्छी ओपनिंग मिली.खुद आमिर का कहना है कि यह फ़िल्म एक 'दुर्घटना' है. अपने ब्लॉग में उन्होंने चार मर्तबा सब हेड लिखा है -- शिट हेपंस !
प्रयोगधर्मिता आवश्यक
आमिर खान प्रयोगधर्मी कलाकार हैं. वे न केवल अपने अभिनय में नयापन खोजते रहते हैं, बल्कि अपने बालों और दाढ़ी मूंछों को लेकर भी प्रयोग करते रहते हैं. क़यामत से क़यामत तक वाले चिकने चुपड़े चाकलेटी आमिर ने गुलाम के लिए जबदस्त बॉडी बिल्डिंग की और फिर वापस छरहरे बदन के लिए जिम में वक़्त गुज़ारा. बरसों बाद वे फिर गजनी के लिए शरीर सौष्ठव में जुट गए. इसी तरह अपने बालों को लेकर भी प्रयोग करते रहते हैं. आमिर की भूमिकाओं में भी विविधता रही है. मंगल पांडे में क्रांतिकारी की भूमिका हो या इश्क का प्रेमी, लगान का किसान हो या फ़ना का आतंकवादी. सरफरोश का पुलिस अफसर, रंगीला का टपोरी, राजा हिन्दुस्तानी का गाइड,अकेले हम अकेले तुम का सिंगर, दिल, दिल चाहता है और क़यामत से क़यामत तक का आशिक, तारे ज़मीन पर का टीचर, रंग दे बसंती का विद्रोही, मन का कासानोवा जैसी अनेक भूमिका वे निभा चुके हैं. हर भूमिका में वे अपनी अलग छाप छोड़ते हैं.
व्यावसायिकता पर ध्यान
आमिर खान को इस बात का पूरा एहसास है कि फ़िल्म कलाकार फिल्मों से ज्यादा कमाई विज्ञापनों से करते हैं. उन्होंने परदे पर अपनी छवि से युवाओं को लुभाने पर ज्यादा जोर दिया इसी कारण उन्हें अच्छे विज्ञापन मिले. कोक, टाइटन, टाटा स्काय, अतिथि देवी भव, नमस्कार कोलकाता, टोयोटा इनोवा, मोनेको बिस्किट, सेमसंग मोबाइल, आदि मुख्य हैं. एक टेलीकाम कंपनी के विज्ञापन से उन्हें करीब ३५ करोड़ रुपये की आय हुई जो किसी मेगा बजट फ़िल्म की कमाई के बराबर मानी जा सकती है. आमिर खान अपनी एड फिल्मों की शूटिंग के लिए खासा वक़्त देते हैं, उस पर रिसर्च करते हैं और गंभीरता से उस पर काम करते हैं.
सही प्रमोशन, वक़्त पर
आमिर खान जानते हैं कि फिल्मों के प्रचार का दर्शकों पर असर पड़ता है लेकिन वह असर सबसे अच्छे नतीजे तभी दे सकता है जब वह सही वक़्त पर और अनोखे अंदाज़ में हो. उन्होंने नकारात्मक विज्ञापन शैली के फायदों को समझा और अपनाया. इसीलिये जिस तरह से लगान का प्रचार किया गया उसी तरह जाने तू.. का नहीं किया गया. पीपली लाइव का प्रचार अलग था और थ्री इडियट्स का अलग. पीपली लाइव की क्रेडिट उन्होंने अपनी पत्नी किरण राव को दी और धोबीघाट की भी. उन्होंने इन फिल्मों से बहुत रूपया नहीं बनाया लेकिन नाम कमाने के लिए ऐसी फ़िल्में कारण ज़रूरी था. डेल्ही बेली में उन्होंने एक विवादस्पद गाने के बहाने प्रचार पाया और पहले ही हफ्ते में अच्छी कमाई कर ली.
मीडिया मैनेजमेंट
आमिर का मीडिया मैनेजमेंट का तरीका अलग है. वे जानते हैं कि कब उन्हें मीडिया की ज़रुरत पड़ती है और कब मीडिया को उनकी. नेगेटिव पब्लिसिटी में उन्हें महारथ हासिल है और शाहरुख़ खान के बारे में बयान देकर उन्होंने काफी प्रचार पाया. पहली पत्नी रीना दत्ता से तलाक और किरण राव से ब्याह, भाई फैसल की बीमारी और कस्टडी जैसे मुद्दों पर वे मीडिया में कभी नहीं आये ना ही कुछ बोले. उन्हें यह कला भी आती है कि किन किन राजनेताओं से नजदीकियां मीडिया में सुर्खी बनाती है और किस शब्दावली पर मीडिया बहस पर आमादा हो जाता है.
पुरस्कारों से दूरी
नए कलाकार के लिए के लिए पुरस्कार प्रोत्साहन भी होता है और पब्लिसिटी का माध्यम भी. आमिर उससे ऊपर उठ चुके हैं. लगातार कई साल तक पुरस्कार नहीं मिलने से उनमें इन पुरस्कारों के प्रति उपेक्षा भाव आ गया. खासकर फिल्मफेयर पुरस्कार को लेकर. उन्हें 1989 में राख, 1990 में दिल, 1091 में दिल है कि मानता नहीं, 1992 में जो जीता वही सिकंदर, 1993 में हम हैं रही प्यार के, 1994 में अंदाज़ अपना अपना, 1995 में रंगीला के लिए बेस्ट हीरो के लिए नामिनेट किया गया था लेकिन अवार्ड मिला 1996 में राजा हिन्दुस्तानी के लिए. मंगल पांडे, गजनी और तारे जमीन पर के लिए भी उनका नामिनेशन हुआ, लेकिन तब तक उनका मोह इन पुरस्कारों से खत्म हो चुका था. अब वे अवार्ड के कार्यक्रम में नहीं जाते और इस कारण भी लोग उन्हें याद रखते हैं.
प्रकाश हिन्दुस्तानी

हिन्दुस्तान 10 june 2011

Sunday, May 29, 2011

लक्ष्य पर टिकी थी निगाहें

रविवासरीय हिन्दुस्तान के एडिट पेज पर मेरा कॉलम

सोलह साल के इम्मादी पृथ्वी तेज ने आईआईटी-जेईई में 4 लाख 68 हजार विद्यार्थियों में पहला स्थान पाया. यह पृथ्वी का पहला प्रयास था. पृथ्वी ने 1000 में से 970 अंकों का स्कोर अर्जित किया. अब पृथ्वी आईआईटी मुंबई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश चाहता है. विदेश जाकर डॉलर कमाने के बजाए यूपीएससी की परीक्षा देकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाना पृथ्वी का नया लक्ष्य है.

लक्ष्य पर टिकी थी निगाहें


केवल सोलह साल के इम्मादी पृथ्वी (तेलुगु उच्चारण पुरुध्वी) तेज ने आईआईटी-जेईई में 4 लाख 68 हजार विद्यार्थियों में पहला स्थान पाया. यह पृथ्वी का पहला प्रयास था. पृथ्वी ने 1000 में से 970 अंकों का स्कोर अर्जित किया. अब पृथ्वी आईआईटी मुंबई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश चाहता है. विदेश जाकर डॉलर कमाने के बजाए यूपीएससी की परीक्षा देकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाना पृथ्वी का नया लक्ष्य है. पृथ्वी आँध्रप्रदेश के तितुमाला का रहनेवाला है और विजयवाड़ा में श्री चैतन्य जूनियर कालेज का छात्र रहा है. पृथ्वी ने अपनी बुद्धि, मेहनत, योजनाबद्ध पढ़ाई और बगैर तनाव के वह मंजिल पा ली, जहाँ पहुंचना लाखों विद्यार्थियों का सपना होता है. पृथ्वी की इस बेमिसाल कामयाबी के कुछ सूत्र:

मज़बूत बुनियाद ज़रूरी

पृथ्वी के माता-पिता तिरुमाला में रहते हैं, जो एक छोटी सी जगह है और वहां आईआईटी में प्रवेश परीक्षा के लायक माहौल नहीं था. बेटे की पढ़ाई में रूचि देखते हुए उसके पिता ने उसे गुदिवाडा के विश्व भारती रेसिडेंसियल स्कूल में भारती करा दिया जहाँ उसने घर से दूर रहकर न केवल पढ़ाई की, बल्कि मैथ्स और साइंस के बुनियादी सिद्धांतों को कंठस्थ कर लिया. इन्हीं विषयों में गहरी समझ के कारण दसवीं की परीक्षा में उसे 96 प्रतिशत नंबर मिले और उसने आईआईटी-जेईई की तैयारी का लिए विजयवाड़ा में प्रवेश लिया. मूल विषयों की मज़बूत बुनियाद पृथ्वी की कामयाबी में महत्वपूर्ण रही.

लक्ष्य पर निगाहें
पृथ्वी की निगाहें छुटपन से ही आईआईटी पर थीं और उसे यह मालूम था कि वहां पहुँच पाना मज़ाक नहीं. उसके पिता इम्मादी नागेश्वर राव की तिरुमाला में ज्वेलरी की छोटी सी शॉप हैं और माँ रानी राव सामान्य गृहिणी हैं. पृथ्वी चाहता तो बचपन से ही ज्वेलरी शॉप का कामकाज संभालने का मन बना लेता, लेकिन उसका लक्ष्य शॉप नहीं थी. लक्ष्य को निगाह में रखते हुए स्कूलिंग के लिए पृथ्वी ने घर से दूर रहना मंजूर किया. निगाहे लक्ष्य पर, केवल लक्ष्य पर रखीं. छोटी-मोटी परेशानियों से विचलित हुए बिना पृथ्वी ने पढाई पर ध्यान दिया. परिवार का पूरा सपोर्ट तो था ही, पृथ्वी ने पूरी क्षमता लगा दी.

सही कोचिंग आवश्यक
पढ़ाई में बहुत अच्छा होने के बावजूद पृथ्वी को पता था कि बगैर सही कोचिंग के आईआईटी-जेईई क्रेक करना आसान नहीं. दसवीं के 96 प्रतिशत हासिल अंकों ने उसे हौसला दिलाया, लेकिन विजयवाड़ा में उसने जिस कोचिंग संस्थान में प्रवेश लिया वह इंजीनियरिंग का नहीं, मेडिकल में प्रवेश का अच्छा संस्थान माना जाता था. उस संस्थान के लिए भी यह चुनौती थी और उसके फैकल्टीज ने उस पर विशेष ध्यान दिया. पृथ्वी ने अपनी कामयाबी से साबित कर दिया कि जो सर्वश्रेष्ठ है वह किसी भी क्षेत्र में अपनी योग्यता साबित कर सकता है.

गाइडेंस पर पूरा अमल

पृथ्वी ने आईआईटी-जेईई के लिए अपने शिक्षको की सलाहों को हमेश ध्यान से सुना और उस पर अमल किया. अपनी कमजोरियों को जानने के लिए खुद नियमित रूप से अपने टेस्ट लिए. जो भी टेस्ट दिए वे इस गंभीरता से दिए मनो वही असली परीक्षा हो. सभी विषयों की तैयारी अच्छी तरह से की और यह भी ध्यान रखा कि उसकी अपनी दिलचस्पी और विशेष योग्यता किस में है और उसे किस सवाल का जवाब सबसे पहले देना है. दोस्तों के बजाए अपने टीचर्स से ही पढ़ाई के बारे में चर्चाएँ की और सभी विषयों के नोट्स परीक्षा के अनुसार ही बनाये.

सेल्फ स्टडी का सही तरीका
किसी भी परीक्षा में अव्वल आना हो तो टीचर्स केवल गाइड ही कर सकते हैं. पढ़ाई तो छात्र को खुद ही करनी होते है. पृथी ने अपनी पढाई का जो खाका बनाया था उस पर प्रतिदिन, प्रति सप्ताह और महीने भर के लक्ष्य निर्धारित थे. इसी तरह सेल्फ स्टडी के विषयवार लक्ष्य भी तय किये और उस पर अमल किया. हर विषय के हर प्रश्न को कई कई बार हाल किया. यह बार बार जांचा कि कहाँ कहाँ कोई कमी रह गयी है और उसे जल्दी दूर किया.

बगैर दबाव के पढ़ाई
पृथ्वी ने पढ़ाई और परीक्षा के दौरान दबाव के पढ़ने की कोशिश की. दबाव में नहीं आने का उसका फार्मूला यह रहा कि सारे बेसिक्स क्लियर कर पढ़ाई में जुटना चाहिए. पढ़ाई के दौरान दोस्तों, परिवारजनों और टीचर्स के दबाव में आये बिना पढ़ाई करना ही सफलता का रास्ता है. अगर आप दबाव में हैं तो पढ़ने में मन नहीं लग सकता और अगर दबाव झेलने की क्षमता नहीं हो तो परीक्षा में हड़बड़ी में गड़बड़ी हो सकती है.

टाइम मैनेजमेंट
परीक्षा की तैयारी ऐसे करें कि आपका टाइम मैनेजमेंट एकदम सटीक रहे. नींद पूरी हो और एक पल बर्बाद न हो. आपकी बॉडी क्लॉक इस तरह एडजस्ट हो जो आपको सपोर्ट करे. कई विद्यार्थी रात रात भर पढ़ते हैं और दिन में सोते हैं. जब दिन में परीक्षा का वक्त होता है तब उन्हें नींद आने लगती है. वक्त को बर्बाद किये बिना उसका सौ प्रतिशत सही इस्तेमाल करने की कला को समझना ज़रूरी है.

रिलेक्स होने की कला
पृथ्वी ने पढ़ाई के दौरान अपना क्रिकेट खेलना बंद नहीं किया. पढ़ाई और यहाँ तक कि परीक्षा के दौरान वह टीवी पर क्रिकेट देखने से नहीं चूका. हाँ, कुछ नयी फ़िल्में उसने परीक्षा के बाद देखने के इरादे से टाल दी थीं. पूरी पढ़ाई के दौरान उसने कभी भी आठ घंटे से कम की नींद नहीं ली. खेलते वक्त उसने यह ध्यान रखा कि कहीं वह थकान तो महसूस नहीं कर रहा. चौबीसों घंटे पढ़ाई करने की कोशिश उसने नहीं की क्योंकि वह जानता था कि यह संभव नहीं है.

अगला लक्ष्य भी निर्धारित

पृथ्वी ने आईआईटी मुंबई से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के डिग्री लेने के बाद का लक्ष्य भी निर्धारित कर लिया है. विदेश जाकर डॉलर कमाने के बजाए वह आईएएस बनकर अपने देश में ही लोगों की सेवा करना चाहता है. वह इस बात से इत्तेफाक नहीं रखता कि आईआईटी केवल छात्रों के कारण महान संस्थान बने हैं, इन्हें महान बनाने में दूसरे फैक्टर भी हैं. वह मानता है कि हमारे कई नेता बहुत पढ़े लिखे हैं, कई तो आईआईटी और आईआईएम से निकले हैं और कई हार्वर्ड, केम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड में भी पढ़े हैं. अच्छा टेक्नोक्रेट बनकर वह देश के लिए काम करना चाहता है.

प्रकाश हिन्दुस्तानी

हिन्दुस्तान 29 may 2011

Monday, January 17, 2011


अमेरिकी गवर्नर बनी अमृतसर की बेटी


उन्होंने पढाई तो की है अकाउंट्स के लेखन की, पारिवारिक धंधा है कचरे का प्रबंधन, उन्हें सम्मान मिला है 'फ्रेंड्स ऑफ़ टैक्स पेयर्स' का, रिकार्ड बनानेवाली टी पार्टी का आन्दोलन चलने में उनकी भूमिका भी रही है, वे हैं अमेरिका की मशहूर इंडियन, जिन्होंने साउथ कैरोलिना प्रान्त की 116वीं गवर्नर की शपथ ली हैं. उनके पहले भारतीय मूल के पीयूष अमृत जिंदल अमेरिकी गवर्नर बन चुके हैं, जो बॉबी जिंदल के नाम से मशहूर हैं. अब अमृतसर की बेटी ने नम्रता रंधावा गवर्नर बनी हैं, जो वहां शादी के बाद निक्की बेली बन गयी हैं. वे वर्तमान में अमेरिका की सबसे कम उम्र की गवर्नर भी हैं.

निक्की ने अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी की राजनीति में बहुत काम किया है. पार्टी में उन्होंने सक्रिय रहकर स्थानीय मेडिकल, सैन्य, म्युनिसिपल अफेयर्स कमेटियों में जूतियाँ घिसी हैं. टैक्स पेयर्स की समस्याओं की लड़ाइयाँ लड़ीं हैं, वहां के व्यावसायिक संगठनों में महत्वपूर्ण काम किया है लेकिन गवर्नर पद पर निक्की की उम्मीदवारी का वहां के मीडिया ने बहुत मजाक उड़ाया था. जब उनका चुनाव प्रचार अभियान ज़ोरों पर था तभी एक स्थानीय प्रमुख अखबार ने पहले पेज पर हेडिंग था -- निक्की? कौन ?? अब उन लोगोने को जवाब मिल गया है -- निक्की, द गवर्नर. और अब उन्हें यह भी इखाना पड़ रहा है कि आगामी प्रेसिडेंशियल इलेक्शन में भी निक्की का रोल बहुत ही महत्वपूर्ण रहनेवाला है क्योंकि एशियाई मूल के वोटर उनसे काफी प्रभावित हैं.

निक्की के लिए गवर्नर के पद तक की राह कोई आसान नहीं रही. अनिवासी और वह भी सिख होने के नाते रुकावटें बहुत ज़्यादा थी. माइकल हेली से शादी के कारण उन्होंने ईसाई धर्म अपनाया तो सिख नाराज़! ईसाइयों ने उन्हें अपने धर्म का नहीं माना. हर अनिवासी के प्रति जो नज़रिया वहाँ रहता है, वही निक्की से प्रति भी रहा. कभी उनके विवाहेतर संबंधों को लेकर तरह-तरह की अफवाहें उडाई गयी, तो कभी उनके दोनों भाई निशाने पर रहे जो पगड़ी नहीं बांधते. चरित्र हत्या और लांछन के विरोधियों के हथियार भी उनके सामने नाकाम रहे क्योंकि उनके पति उनके साथ थे, दोनों भाई और बहन भी चुनाव प्रचार में जुटे थे. उनके पिता और माँ ने भी चुनाव प्रचार में सक्रिय मदद की थी. चुनाव प्रचार के दौरान जब किसी ने पूछा कि क्या वे जीतने की आशा रखती हैं तो उन्होंने कहा था कि मैं कोई भी काम अधूरा नहीं छोड़ती. अगर मुझे जीतना है ती जीतना ही है. शपथ लेते ही उन्होंने कहा है कि वे चाहेंगी कि सरकार का कामकाज में मितव्ययिता बरती जाए.

निक्की तीन बार हाउस ऑफ़ रिप्रे. का चुनाव जीत चुकी थी.पिचले चुनाव में छः भारतवंशी उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमे से केवल निक्की ही जीत सकीं. लम्बी चुनाव प्रक्रिया के दौरान वहां कई उतार चढ़ाव आये और वे हरेक को पार करती गयी. अपनी जीत के बारे में वे शुरू से ही मुतमईन थीं. गवर्नर का चुनाव जीतने के बाद उन्होंने पंजाबी स्टाइल के भव्य आयोजन अपने खर्च से किये, जिनमें किसी भी प्रान्त का कोई भी शामिल हो सकता था. मतलब साफ़ है कि उनकी निगाहें आगे भी कुछ देख रही हैं.

इसी हफ्ते 20 जनवरी को निक्की अपना चालीसवाँ बर्थ डे मनाएँगी. उनके पिता केमेस्ट्री के प्रोफ़ेसर डॉ अजीत रंधावा अमृतसर से अमेरिका जाकर बसे गये थे. निक्की की माँ raaj रंधावा ने कारोबार शुरू किया था, जिसमें वे काफ़ी कामयाब रहीं. नम्रता कौर रंधावा ने मेथादिस्त चर्च और गुरुद्वारे, दोनो में शादी की और आज भी प्रार्थना के लिए दोनों में जाती हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर उन्होने अपना धर्म ईसाई घोषित किया है. वे एक बेटे और एक बेटी की माँ हैं. उनका एक भाई २० साल से अमेरिकी फौज में है.

-- प्रकाश हिन्दुस्तानी

(हिन्दुस्तान,
16 जनवरी 2011)