Showing posts with label कालम. Show all posts
Showing posts with label कालम. Show all posts

Friday, March 25, 2011

तुरुप का पत्ता युवराज सिंह





तुरुप का पत्ता युवराज सिंह



युवराज की क्रिकेट से पहली कमाई 500 रुपये थी जो पंजाब क्रिकेट असोसिएशन ने उन्हें दिया था. आजकल कमाई के मामले में धोनी और सचिन के बाद युवराज ही हैं. 2009 में उनकी विज्ञापनों से आय करीब 25करोड़ थी



कहाँ तो युवराज सिंह पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की सोच रहे थे, जब उन्हें एशिया कप और आस्ट्रेलिया के खिलाफ
वनडे टीम से बाहर कर दिया गया था, वहां चयनकर्ताओं उन्हें तुरुप का पत्ता कह रहे हैं. कहा जा रहा है अगर युवराज और अन्य फार्म में रहे तो भारत वर्ल्ड कप जीत सकता है. अब निगाहें मोहाली में होनेवाले सेमी फायनल पर होगी जो पाकिस्तान के खिलाफ खेला जाना है. टीम को यहाँ तक लाने का श्रेय युवराज को है, जो क्वार्टर फायनल में 'मैन ऑफ़ दी मैच' थे.

एक लाईन में उनका परिचय है,ये वही युवराज सिंह हैं, जिन्होंने 10दिसंबर 2007 को टी-20 मैच में इंग्लैण्ड के खिलाफ स्टुअर्ड ब्राट के
एक ओवर में 6 छक्के मारकर इतिहास बनाया था. पहला सिक्सर टी-20 के इतिहास का सबसे लम्बा सिक्सर था, दूसरा स्क्वेयर, तीसरा लांग ऑफ, चौथा ओवर प्वाइंट, पांचवां मिडविकेट पर मिस हिट और छठा लांग.
युवराज सिंह यानी भारतीय क्रिकेट टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज़, लेफ्ट आर्म स्पिनर, टीम इण्डिया, एशिया इलेवन, किंग्स इलेवन पंजाब, पंजाब योर्कशायर आदि टीम के स्टार खिलाड़ी. जिन्होंने पहला गोल्ड मैडल स्केटिंग में जीता था, और उसे उनके पिता योगराज सिंह ने चलती कार से बाहर फैंक दिया था और कहा था कि तुम्हें तो क्रिकेट, सिर्फ और सिर्फ क्रिकेट ही खेलना है. चंडीगढ़ में ऐशो आराम से रहनेवाले युवराज के पिता ने 14 साल के बेटे को मुंबई की क्रिकेट अकेडमी में भर्ती करा दिया. युवराज अंधेरी में रहते थे और भीड़भरी लोकल ट्रेन से रोज़ चर्चगेट आते और ओवल मैदान में प्रेक्टिस करते. बरसों उन्होंने मुंबई की लोकल ट्रेन में अपना किटबैग ढोया. पंजाब की अंडर 19 टीम के कप्तान के रूप में वे सबसे पहले लाइम लाईट में आये जब उन्होंने 358 रन बनाये थे. सन 2000 में उन्हें श्रीलंका के खिलाफ अंडर 19 टीम में मौका मिला और फिर नेशनल क्रिकेट अकेडमी में उनकी जगह पक्की हो गई. उसके बाद तो उन्होंने केवल इतिहास ही बनाया है. उनका बल्ला, गेंदबाजी और फुर्तीली फील्डिंग टीम को जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ती.

युवराज की क्रिकेट से पहली कमाई 500 रुपये थी जो पंजाब क्रिकेट असोसिएशन ने उन्हें दिया था. आजकल कमाई के मामले में धोनी और सचिन के बाद युवराज ही हैं. 2009 में उनकी विज्ञापनों से आय करीब 25करोड़ थी जो 2010 में घटकर करीब 16 करोड़ हो गई थी. इनकम टैक्स के अलावा सर्विस टैक्स के रूप में भी करोड़ों रुपये चुकाते हैं. वर्ल्ड कप जीत गए तो टीम को 18 करोड़ रुपये इनाम में मिलेंगे यानी हर खिलाड़ी को एक करोड़ से भी ज्यादा. 1983 में वर्ल्ड कप जीतने पर टीम इण्डिया को केवल पंद्रह लाख के करीब मिले थे.

विवादों का युवराज से पुराना दोस्ताना है. कभी उन पर टैक्स कम देने का इलजाम लगता है तो कभी लन्दन का आब्जर्वर उन्हें टॉप टेन घमंडी लोगों में शुमार करता है. कभी अभिनेत्री अनुषा दांडेकर से उनका नाम जुड़ता है तो कभी किम शर्मा से, कभी वे दीपिका पादुकोण के साथ बर्थडे मनाते है तो कभी मिनीषा लाम्बा के साथ उनके लिप लाक की चर्चा होती है. कभी माडल शमिता सिन्हा, कभी साउथ की करिश्मा कोटक और कभी कन्नड़ हीरोइन जेनिफर कोतवाल से उनके संबंधों की खबरें आती हैं. वे कई के साथ दोस्ती मानते हैं और यह भी कहते हैं कि दीपिका पादुकोण ने मेरा दिल तोड़ दिया.

सचिन युवराज के प्रिय खिलाड़ी हैं और अपनी जिन्दगी में पहला आटोग्राफ उन्होंने सचिन का ही लिया था. उनका कहना है कि मैं वर्ल्ड कप जीतने के लिए कुछ भी कर सकता हूँ. मैं वर्ल्ड कप जीतकर सचिन के हाथों में देखना चाहता हूँ. यह मेरे लिए एक सपने जैसा है.
प्रकाश हिन्दुस्तानी


हिन्दुस्तान
27 march 2011

Friday, February 25, 2011





योग साम्राज्य का संन्यासी बाबा रामदेव


आज बाबा के समर्थक करोड़ों में हैं और उनके विरोधी भी बड़ी संख्या में हैं. उनकी हस्ती ही ऐसी है कि लोग उन्हें पसंद कर सकते हैं, नफरत कर सकते हैं या ईर्ष्या कर सकते हैं, पर नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते.




नाम : रामकृष्ण यादव उर्फ़ बाबा रामदेव.
उम्र : ४६ साल.
शिक्षा : आठवीं पास लेकिन गुरुकुल में संस्कृत और योग की पढ़ाई, तीन मानद डॉक्टरेट.
पेशा : टीवी पर प्रोग्राम देना व योग के 'इवेंट' करना.
व्यवसाय : योग के कैसेट,ऑडियो सीडी, वीसीडी, डीवीडी, एमपी थ्री, रिंग टोन का विक्रय, योग चिकित्सा व शिक्षा के अलावा जुकाम से लेकर शिश्न बड़ा करने से वक्ष सुडौल करने तक की दवाएं बेचना.
खुद की संपत्ति : शून्य.
ट्रस्टों की संपत्ति : कोई हिसाब नहीं. खुद का बैंक खाता नहीं है.
ट्रस्टों का कारोबार 1100 करोड़ से ज्यादा.
उपलब्धि : दुनिया में योग का डंका बजाना, स्वास्थ्य चेतना जगाना,
अन्य कार्य : भारत स्वाभिमान पार्टी के जनक.
दावा : मैं प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं.
पता : पतंजलि योग पीठ, हरिद्वार.


लालू यादव की बात मान बाबा रामदेव राजनीति से दूर ही रहते तो इतने विवादों में नहीं पड़ते. यों भी दूसरे संन्यासियों, नेताओं, टीवी कलाकारों को उनसे कोई कम ईर्ष्या नहीं थी. आये दिन उनकी योग चिकित्सा को चुनौतियाँ मिलती ही रहती थीं, दिव्य योग मंदिर में कम वेतन, दवा में हड्डी का अंश, कैंसर और एड्स के इलाज के दावे पर सवाल, समलैंगिकता को मानसिक बीमारी कहने पर विरोध, वन्दे मातरम विवाद पर उनकी टीका, उड़ान फेम कविता चौधरी की योग यात्रा नामक फ़िल्म में एक्टिंग, स्कॉटलैंड में दान में मिला द्वीप,...ऐसे मुद्दे हैं, जिनके कारण बाबा सुर्ख़ियों के शहंशाह बनते रहे हैं. अब सबसे बड़ा मुद्दा उन्होंने काले धन को लेकर उछाला है. वे जिस भारत स्वाभिमान पार्टी के नेता हैं, उसमें एक से दस नंबर तक वे ही सर्वेसर्वा हैं.

बाबा अन्नत्यागी हैं. दो साल से केवल फल और दूध सेवन कर रहे हैं. फिलवक्त देश में घूम-घूम कर काले धन के खिलाफ अभियान चला रहे हैं. दो साल का कार्यक्रम फिक्स है. बाबा का ही कमाल था कि लोग कोल्ड ड्रिंक्स पीने के बजाय उससे टायलेट्स साफ़ करने लगे थे जिससे गर्मी में भी कोल्ड ड्रिंक्स की खपत कम हुई और लाखों वेतन पानेवालों को नौकरी के लाले पड़ गए. करोड़ों लोगों ने योग को अपनाया और लाभान्वित हुए. अब उनका पांच सूत्री अभियान है भ्रष्टाचार मिटाना,स्वास्थ्य सेवा दिलाना, मुफ्त शिक्षा, स्वच्छता आन्दोलन और भाषाई एकता.

लिबरलाइजेशन, ग्लोबलाइजेशन और प्राईवेटाइजेशन जैसे शब्दों से बाबा को नफ़रत है और नेहरू खानदान को छोड़ सभी महान नेता उनके आदर्श हैं, चाहे विवेकानंद हों या सुभाष, भगतसिंह हों या विनोबा, गांधी हों या सुभाष. उनका फलसफा है कि 99 फीसद लोग ईमानदार हैं, 100 फीसद लोग परोक्ष रूप से टैक्स देते हैं, भ्रष्टाचार ज़हर है जो देश को खा रहा है, विकास के लिए विदेशी पूंजी गैरज़रूरी है. बाबा के समर्थक मानते हैं कि काले धन वाले नेता, विदेशी पूंजी के दलाल और पेस्टिसाइड लॉबी उनके खिलाफ अभियान चला रही हैं.

कभी साइकिल से गली-गली जाकर आयुर्वेदिक दवा बेचनेवाले रामकृष्ण यादव की कहानी फ़िल्मी लगती है. 1995 में उन्होंने कर्मवीर महाराज और आचार्य बालकृष्ण के साथ ट्रस्ट बनाया था और पीछे नहीं देखा. 6 अगस्त 2006 को पतंजलि योगपीठ की स्थापना की. उसके बाद उन्होंने अपनी भूमिका बार बार बदली. आज बाबा के समर्थक करोड़ों में हैं और उनके विरोधी भी बड़ी संख्या में हैं. उनकी हस्ती ही ऐसी है कि लोग उन्हें पसंद कर सकते हैं, नफरत कर सकते हैं या ईर्ष्या कर सकते हैं, पर नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते.
प्रकाश हिन्दुस्तानी

हिन्दुस्तान
27 फ़रवरी 2011

Friday, February 18, 2011






नकद राग का बंदी ख़याल


''मैं तो केवल पांचवीं तक पढ़ा हूँ, मुझे भारतीय कानूनों का क्या पता?'' यह बात कही थी पाकिस्तानी गायक राहत फ़तेह अली खान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़े जाने के बाद. जयपुर में एडमैन अजय चोपड़ा के बेटे विरल कि शादी में गाना बजाना करके वे दुबई होकर कराची जानेवाले विमान में जाने को थे कि वे गैरकानूनी रूप से 124000 डॉलर नकद और 18600 डॉलर के डीडी के साथ पकड़े गए थे. ज्यादा पूछताछ की गयी तो रोने लगे. उन्हें कोर्ट में पेश किया जाता इसके पहले ही पकिस्तान का विदेश मंत्रालय सक्रिय हो गया और उन्हें छोड़ दिया गया. इसी चक्कर में उनकी वीसा की मियाद बढ़ा दी गयी.

बेशक, राहत बहुत बड़े गायक हैं. एक परफार्मेंस का कम से कम 30 लाख लेते हैं, वह भी भारतीय रुपये, चेक या डीडी में नहीं, अमेरिकी डॉलर में. तीन दर्ज़न से ज्यादा बॉलीवुड फिल्मों में संगीत दे चुके हैं, हॉलीवुड में भी संगीत देते हैं. एडी वेद्डर (Eddie Veddar) के साथ हॉलीवुड की 'डेड मेन वाकिंग' में गा चुके हैं और पश्चिम के पॉप ग्रुप के साथ अनेक अलबम आ चुके हैं. भारत और ब्रिटेन में कई सम्मान पा चुके हैं और एशियाई संगीत के स्टार हैं. पकिस्तान में उनका 'धरती-धरती' और 'हम पकिस्तान' बच्चे बच्चे की जुबां पर है और हमारे संगीतप्रेमियों के हरदिल-अज़ीज़ हैं. उनकी कव्वाली, गज़लें, शास्त्रीय गायन और सूफी संगीत की तूती बोलती है. वे छोटे उस्ताद-टू और जुनून-कुछ कर दिखाना है नामक टीवी शो के जज भी रहे हैं, जिनका मेहनताना करोड़ों में था. उनकी हरकतों पर पकिस्तान के कानून मंत्री बाबर अवान ने कहा है कि जो लोग सीमा पर प्यार के नग्मे गाते हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि पकिस्तान का वजूद और गरिमा दो राष्ट्रों के सिद्धांत में ही है और मोहब्बत के तराने केवल मनोरंजन के लिए !

तेरे मस्त मस्त दो नैन(दबंग), जिया धड़क धड़क(कलयुग), नैना(ओंकारा), बोल ना हल्के हल्के(झूम बराबर), जग सूना सूना लागे(ओम शांति ओम), सजदा (माय नेम इज़ खान), ख़्वाब जो(लन्दन ड्रीम्स), मैं जहाँ रहूँ (नमस्ते लन्दन), सुरीली अंखियोंवाले (वीर), दिल ओ बच्चा है जी (इश्किया), आस पास खुदा (अंजाना अंजानी) जैसे अनेक गाने उन्होंने गाये हैं और इनमे से कई को अवार्ड मिल चुके हैं आजा नचले में गाये ओ रे पिया को तो मलयेशिया कि फ़िल्म में भी लिया गया था.

राहत का खानदान बीते 600 साल से संगीत सेवा में जुटा है. पकिस्तान के पंजाब में लायलपुर ( अब फैसलाबाद) में 1974 को जन्मे राहत के पिता फारुख अली हैं. और नुसरत अली उनके चाचा और गुरु दोनों ही थे. उनके दादा उस्ताद फ़तेह अली खान जाने माने ख़याल गायक थे (फ़तेह अली की अपने बड़े भाई अमानत अली के साथ मशहूर जोड़ी थी जो 1974 में अमानत अली के इंतकाल से टूट गयी) और परदादा अख्तर हुसैन खान भी. अख्तर हुसैन के पिता अलीबख्श जरनैल अविभाजित भारत में पटियाला घराने के गायक थे. छह साल की उम्र से राहत ने संगीत की तालीम लेना शुरू की थी और 11 साल की उम्र में उन्होंने पहला सोलो परफार्म किया था. ऐसे में राहत जैसे गायक के लिए कूटनीति तो बीच में आनी ही थी वरना उन्हें भी तिहाड़ में जग सूना सूना लागे जैसे गीत गाने पड़ते.
प्रकाश हिन्दुस्तानी

हिन्दुस्तान
20 फ़रवरी 2011

Sunday, December 19, 2010



संक्रामक 'फेसबुक' के जनक मार्क जुकेरबर्ग
टाइम पत्रिका ने इस बार 'पर्सन ऑफ दी ईयर' ऐसे व्यक्ति को माना है, जो केवल 26 साल का है. खरबपति है. जिसने डिग्री नहीं ली और बीच में पढ़ाई छोड़ दी. जिसके जीवन से प्रेरित हॉलीवुड फीचर फिल्म बना चुका है. जिसका बचपन कंप्यूटर गेम खेलने में नहीं, बनाने में बीता. जो १६ की उम्र में अंगेजी के साथ फ्रेंच, हीब्रू, लेटिन, ग्रीक भी बोल-पढ़ लेता था. हार्वर्ड में पढ़ाई के दौरान उसने लोगों को जोड़नेवाली सोशल नेटवर्क वेबसाइट बनाई, जिसके 55 करोड़ सदस्य हैं. अगर इन सदस्यों का कोई देश होता तो चीन और भारत के बाद तीसरा सबसे बड़ा देश होता. आज अमेरिका के 70 प्रतिशत लोग उससे जुड़े हैं. कई देशों में इस साइट पर रोक है. जी हाँ, हम फेसबुक के जनक मार्क जुकेरबर्ग की बात कर रहे हैं.

हार्वर्ड में पढ़ाई के दौरान कुछ छात्रों ने डेटिंग वेबसाइट की योजना बनाई थी. कनेक्टयू, डेटमेश, फेसस्मेश, मेशेबल नाम पर भी चिंतन हुआ. फाइनल हुआ कनेक्टयू. कैमरून विन्कलेवास और टेलर विन्कलेवास नामक दो भाई और भारतीय मूल के दिव्य नरेंद्र ने भी इसमें साथ दिया था. छात्रों में साइट खूब पसंद की गई. हाल ये हो गया कि लोड के कारण सर्वर जवाब देने लग जाता. आख़िर मार्क ने पढ़ाई छोड़कर 2 फ़रवरी 2004 को साइट लांच कर दी. नाम दिया गया फेसबुक. 6 साल में ही इस सोशल नेटवर्किंग साइट ने संक्रामक प्रसिद्धी पा ली. 55 करोड़ सदस्य, 75 भाषाएँ, 1600 कर्मचारी, वेल्युएशन में अरबों का मूल्यांकन. (जो हर रोज़ बढ़ता जाता है). फेसबुक को इसी साल 'बेस्ट इम्प्लायर' का सम्मान भी मिला है और फ़ोर्ब्स पत्रिका ने उन्हें दुनिया के सबसे धनी लोगों के साथ ही सबसे पावरफुल व्यक्तियों में शुमार किया है.

फेसबुक की लोकप्रियता के बाद मार्क पर कई आरोप लगे. कॉलेज के साथी विन्कलेवास बंधुओं ने आइडिया चुराने का मुकद्दमा लगा दिया, जिसमें कोर्ट के बाहर समझौता कर के 12 लाख शेयर और दो करोड़ डॉलर का भुगतान करना पड़ा. ये भी आरोप लगे कि इस साइट से गोपनीयता का हनन होता है. हैकर्स ने भी साइट पर डाका डाला. उन पर अनुचित आचार व्यवहार का इलज़ाम भी लगा. कुछ लोगों ने मार्क की तुलना बिल गेट्स से की तो किसी ने कहा कि कहा बिल गेट्स और कहाँ मार्क? किसी ने उन्हें स्टाइल आयकॉन माना तो किसी ने पूर्व प्रेमिका को बिच कहे जाने पर मार्क की धज्जियाँ बिखेरी. किसी ने कहा कि मार्क ने डोनेशन के नाम पर बड़ी धनराशि इधर-उधर की है. हालत ये हो गयी कि मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही उनकी एशियन मूल की प्रेमिका पर भी लोग तंज़ करने से बाज़ नहीं आए जो चार माह से उन्हीं के साथ, उन्हीं के घर में रह रही हैं. एक अक्तूबर को रिलीज़ होनेवाली हॉलीवुड फिल्म 'दी सोशल नेटवर्क' ने भी उनकी छवि को धक्का लगाया जिसमें इंगित किया गया था कि युवतियों की चाह में सोशल नेटवर्क साइट शुरू की गयी थी. मार्क को इस बारे में सफाई देनी पड़ी. 2009 में फेसबुक ने अपना नया डिज़ाइन किया गया होम पेज लांच किया था जिसका शीर्षक था ''आपके मन में क्या है?'' कहा जाता है कि यह स्टाइल ''ट्विटर से उड़ाया गया था.
बिल गेट्स और रिचर्ड ब्रोन्सन की तरह मार्क जुकेरबर्ग भी मानते हैं कि मालदार होने का पढ़ाई या डिग्री से कोई ताल्लुक नहीं. यहूदी परिवार में 14 मई 1984 को जन्मे मार्क ने फेसबुक पर अपने प्रोफाइल में लिखा है कि उनकी दिलचस्पी लोगों को आपस में जोड़ने में है. वे खुलेपन के हिमायती हैं और यही खुलापन लोगों को जोड़ता है. मार्क की तीन बहनों में से सबसे बड़ी बहन उन्हीं की कंपनी में कंज़्यूमर मार्केटिंग हेड हैं. फ़ोर्ब्स की अरबपतियों की सूची में मार्क का नाम 212 नंबर पर है और उनकी संपत्ति चार अरब डॉलर से ज़्यादा की आँकी गयी है.
- प्रकाश हिन्दुस्तानी-
Daily hindustan
19.12.2010

Friday, November 12, 2010







महाराष्ट्र के ट्रबलशूटर पृथ्वीराज चव्हाण


वे एयरोस्पेस इंजीनियर हैं और ज्योतिष को नहीं मानते. मैकेनिकल इंजीनियरिग की पढ़ाई बिट्स, पिलानी और केलिफोर्निया में की हैं, लेकिन हैं राजनीतिज्ञ. किसान-नेता के बेटे हैं और जीएम (जेनेटिकली मोडिफाइड) फूड्स के समर्थक. राजीव गाँधी की डिस्कवरी हैं और उन्हीं के आग्रह पर अमेरिका में मोटी तनख्वाह की नौकरी छोड़ वापस भारत आये और जुट गए कंप्यूटर के जरिये इक्कीसवीं सदी का भारत बनाने के मिशन में. भारतीय भाषाओँ में कंप्यूटर डाटा बेस तैयार कराना उनका मकसद था. लोक सभा में कराड़ से खड़ा कर दिया गया जो शरद पवार के आभामंडल का इलाका है. 1991, 1996 और 1998 में वे कराड़ से जीते और 1999 में हारे. 2002 में राज्यसभा के लिए चुने गए. मंत्री सहित अनेक बड़े पदों पर रहे. लोग कहते हैं कि वे मनमोहन सिंह के ट्रबलशूटर रहे हैं. अब वे महाराष्ट्र के ट्रबलशूटर हैं.

पीएमओ की बैक-बेंच से मुंबई की हॉट सीट तक का उनका सफ़र व्यक्तिगत निष्ठा, बेचूक वफादारी और राजनैतिक सूझबूझ का पुरस्कार है. वे कभी जननेता नहीं रहे. लेकिन वे केंद्र में एकमात्र ऐसे मंत्री थे, जिनके पास ५ महत्वपूर्ण विभाग एक साथ रहे. वे कांग्रेस के महासचिव रहे और जम्मू-कश्मीर, गुजरात और हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रभारी भी रहे. महाराष्ट्र के २५वे मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण पार्टी के प्रवक्ता भी रहे, लेकिन लोग कहते हैं कि वे पार्टी से ज्यादा प्रधानमंत्री के प्रवक्ता थे और दस जनपथ और सात आरसीआर के बीच के भरोसेमंद पुल भी. जब यूपीए की सरकार बनी तब उन्हें विश्वास था कि उन्हें वित्त मंत्रालय में पद मिलेगा, लेकिन मिला प्रधानमंत्री के सहायक मंत्री के रूप में. बहुत कम नेताओं को यह पद फलीभूत हुआ है, लेकिन चव्हाण ने यहाँ महती भूमिका निभाई. वे लो प्रोफाइल में रहे. पीएमओ सेक्रेटरी पुलोका चटर्जी थे, मीडिया एडवाइज़र संजय बारू, न्यूक्लियर डील पर चर्चा और फैसले जेएन दीक्षित और एमके नारायणन करते थे. इसके साथ ही कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा और अश्विनी कुमार की पीएमओ में उनसे ज्यादा चलती थी. उन्हें महत्वपूर्ण मौका मिला, जब न्यूक्लिअर डील जैसे संवेदनशील मामले में उन्होंने सरकार का पक्ष मज़बूती से रखा.

महाराष्ट्र के मराठा हार्टलैंड में शरद पवार की राजनीतिक हस्ती को वे चुनौती दे रहे हैं. कभी वे खुद और उनका परिवार शुगर लॉबी के करीबी थे. उनके पिता दाजीसाहेब आनंदराव चव्हाण इंदौर महाराजा के दीवान थे और बाद में कराड़ जाकर बस गए. 1957 से 1971 तक उनके पिता लगातार लोकसभा जीतते रहे. पं. नेहरू, लालबहादुर शास्त्री और इंदिराजी के मंत्रिमंडल में रहे. 1974 में उनके निधन के बाद पृथ्वीराज की माँ श्रीमती प्रेमलता ताई 1977, 1984 और 1989 में उसी सीट से लोकसभा जीतीं. 1999 में उन्हें यहाँ से चुनाव में मात मिली. 1969 और 1978 में उनके परिवार ने इंदिरा गाँधी का साथ दिया था. 1996 में जब शरद पवार ने पार्टी में सोनिया का विरोध किया था, तब पृथ्वीराज चव्हाण ने केवल और केवल सोनिया गाँधी में ही भविष्य देखा था.

पृथ्वीराज चव्हाण को पवार समर्थक माना जाता था और इसी कारण उन्हें नरसिंहराव की सरकार में जगह नहीं. मिली थी. आज वे उन्हीं पवार के सबसे प्रबल राजनैतिक प्रतिस्पर्धी हैं. दिल्ली के सहारे वे कितने दिन राज कर पायेंगे और क्या आदर्श कायम करेंगे, वक़्त बतायेगा. मराठी कहावत है -- सतरा लुगड़ी आणि धापूबाई उघडी. यानी सत्रह साड़ियों के बावजूद नारी का शरीर खुला हुआ है--ये हाल है महाराष्ट्र के किसानों का. महाराष्ट्र में सत्ता की असली चाभी तो किसानों के पास ही है. मुंबई के मंत्रालय का असल रास्ता तो महाराष्ट्र के ग्रामीण अंचलों से ही होकर गुज़रता है.

--प्रकाश हिन्दुस्तानी


(दैनिक हिन्दुस्तान 14 nov.2010)