अमेरिकी डायरी के पन्ने
Showing posts with label Prakash Hindustani photo. Show all posts
Showing posts with label Prakash Hindustani photo. Show all posts
Wednesday, September 02, 2015
Tuesday, June 02, 2015
श्रीलंका में भारत के प्रति अदावत का रिश्ता
कोलंबो एयरपोर्ट पर उतरने के बाद ऐसा लगा नहीं कि किसी पराए देश की जमीन पर हैं। यह एहसास थोड़ी ही देर रहा। हमारे साथ ही उतरी दो महिला यात्रियों को कस्टम विभाग ने रोक लिया। वे दोनों महिलाएं तमिल भाषी थीं। हमारा वीसा और पासपोर्ट देखने के बाद हमें तो ग्रीन चैनल से जाने दिया गया, लेकिन हमारे ही एक साथी को कहा गया कि आपका वीसा नकली है। आपको फिर से आवेदन करना होगा और वीसा फीस भी देनी होगी। हमारे साथी अड़ गए और काफी हुज्जत के बाद एयरपोर्ट से बाहर आ सके। दरअसल वीसा की जांच कर रहे अधिकारी ने उनकी जन्मतिथि गलत फीड कर दी थी। जिससे उनकी यात्रा की पुष्टि नहीं हो पा रही थी। गलती सामने आने के बाद भी उस अधिकारी ने कोई खास विनम्रता नहीं दिखाई। कायदे से उसको माफी मांगनी चाहिए थी।
एयरपोर्ट के तमाम होर्डिंग्स और सूचनापट सिंहली में लिखे गए थे या अंग्रेजी में। हिन्दी का कहीं नामो निशान नहीं था। एयरपोर्ट पर बताया गया कि श्रीलंका में विदेशी यात्रियों से भुगतान या तो श्रीलंकाई रुपए में लिया जाता है या अमेरिकी डॉलर में। मेरे पास कुछ अमेरिकी डॉलर थे, तो मैंने उन्हें श्रीलंकाई रुपए में बदलने के लिए कहा। एक डॉलर के बदले 133 श्रीलंकाई रुपए मिले। भारत में एक डॉलर के 64 भारतीय रुपए मिल रहे थे। इस बात की राहत हुई कि श्रीलंका में भारतीय रुपये की कीमत दो गुने से भी ज्यादा है। कोलंबो एयरपोर्ट के रेस्तरां में भारतीय रुपया स्वीकार नहीं था। उन्हें डॉलर में भुगतान पसंद था। यहीं पता चला कि श्रीलंका के अंदर भारतीय रुपया दुकानदार स्वीकार कर लेते है और उनकी कीमत श्रीलंकाई रुपए की तुलना में दोगुनी है।

कोलंबो एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों में भारतीयों की तादाद अच्छी-खासी थी, लेकिन विदेशी उससे भी अधिक थे। चीनी, जापानी, जर्मन, फ्रेंच और यूरोपीय देशों के यात्री बड़ी संख्या में नजर आ रहे थे। मुझ जैसे व्यक्ति के लिए सिंहली और तमिल में अंतर करना मुश्किल था। मैं जिस आयोजन में जा रहा था उसके अतिथियों में भी श्रीलंकाई सरकार का कोई प्रतिनिधि नहीं था। मुझे बताया गया कि श्रीलंका में भारतीयों से सरकार काफी डरी हुई लगती है। उसकी निगाह में सभी भारतीय पृथकतावादी, तमिल ईलम के समर्थक है। श्रीलंका में गृह युद्ध खत्म हो चुका है और अब वहां विकास की बात हो रही है। नए राष्ट्रपति बनने के बाद मैत्रिपाल सिरिसेना ने पहली विदेश यात्रा भारत की ही की थी, लेकिन अभी भी भारतवासियों के प्रति उनके मन में कुछ शक तो है। पिछले तीस साल में श्रीलंका गृह युद्ध की स्थिति से निपटता रहा है और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति आतंकवाद की भेंट चढ़ चुके हैं। पिछले तीस साल में करीब 70 हजार तमिलों की हत्या आतंकवाद के नाम पर की गई। तमिलनाडु में जब से यह खुलेआम ऐलान हुआ है कि हम श्रीलंका में स्वतंत्र तमिल राष्ट्र बनाने में पूरा सहयोग करेंगे, श्रीलंका की सरकार लगातार भारत से दूरी बनाए हुए है। यह बात और है कि श्रीलंका कि एकता बनाए रखने के लिए भारत के अनेक सैनिकों ने अपना बलिदान किया था। जो पीस कीपिंग फोर्स का हिस्सा थे। श्रीलंका को लगता है कि भारत से आतंकी उनके देश में कभी भी प्रवेश कर सकते है और वहां की एकता को खतरा हो सकते है। श्रीलंका के पास कच्चा तिवु द्वीप के इलाके में खूब मछलियां मिलती है और भारतीय मछुआरे वहां मछलियां पकड़ने जाया करते है। लंबे समय तक यह द्वीप विवादों में रहा और आखिरकार भारत ने उस पर से अपना दावा छोड़ दिया। भारतीय मछुआरे यहां जाकर विश्राम कर सकते है, लेकिन यहां मछलियां नहीं पकड़ सकते।
श्रीलंका के पर्यटन केन्द्रों पर जाए तो ऐसा लगता है मानो यूरोप के किसी देश में आए हो। ऐसे देश में जहां के लोग भारत जैसे ही दिखते है, लेकिन वास्तव में है नहीं। श्रीलंका के तमाम होटल यूरोपीय पर्यटकों को लुभाने में कोई कमी नहीं छोड़ते है। उन्हें शायद डॉलर का ज्यादा मोह है। होटलों की सभी सेवाएं यूरोप के पर्यटकों को ध्यान में रखकर तय की गई है। बेहद महंगी और औसत दर्जे की। कैंडी के होटल में मैंने अपनी तीन कमीज ड्रायक्लीन के लिए दी। जिनका बिल आया 155 रुपए प्रति शर्ट। माना की श्रीलंका के रूपए की कीमत भारतीय रुपए से आधी है, लेकिन फिर भी यह एक डॉलर से अधिक ही होती है। पानी की आधा लीटर की बोतल सौ रुपए से कम की नहीं। एक कोल्डड्रिंक की बोतल 150 रुपए की। ऐसा लगा मानो उन्हें भारतीय पर्यटकों में कोई रुचि नहीं है।
इस बात की पुष्टि तब हुई जब हमने अपने गाइड से कहा कि हमें अशोक वाटिका और सीता वाटिका देखना है। गाइड महोदय लगे हीला हवाला करने। वो खुद ईसाई थे, लेकिन गाइड का यह काम नहीं है कि वह अपनी राय किसी पर थोपे। गाइड ने कहा कि वहां देखने लायक कुछ है नहीं। आप वहां जाओगे तो निराश ही होओगे। हमने कहा कि हमें जाना ही है, तब उसने कहा कि अगर आप अशोक वाटिका और सीता वाटिका देखने जाएंगे तो आप बहुत सी जगहें नहीं देख पाएंगे। हमने कहा कि हमें तो वहां जाना ही जाना है। बड़े हताश मन से वह हमें सीता वाटिका और अशोक वाटिका लेकर गए। वहां रामायण कालीन इन धार्मिक स्थानों की दशा बहुत ही खराब थी। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं। पर्यटकों के लिए कोई सूचना नहीं, पर्यटकों के लिए कोई सुविधा भी नहीं। सीधा सा ख्याल आया कि इन स्थानों को प्रचारित करके श्रीलंका करोड़ों पर्यटकों को बुलावा दे सकता है, लेकिन लगता है कि श्रीलंकाई सरकार के लिए हर भारतीय पृथकतावादी तमिल ही है।
श्रीलंका के भ्रमण में जगह-जगह चीन के सहयोग से बनी इमारतें नजर आ जाती है। भारत की रुचि श्रीलंका में दो बातों पर केन्द्रित है। पहली तो यह कि वहां रहने वाले भारतीय मूल तमिलों के अधिकारों की रक्षा हो और दूसरा भारत की सीमाओं पर कोई खतरा न मंडराए। श्रीलंका की सरकार ने भारत के साथ अपने संबंधों का उपयोग रणनीति के तौर पर किया। भारत के निवेश को कम प्राथमिकता दी और चीनी निवेश को बढ़ावा दिया। भारत श्रीलंका को बहुत बड़ी आर्थिक मदद देता आया है, लेकिन श्रीलंका चीन की गोदी में जाकर बैठ जाता है। भारत ने हमेशा अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी श्रीलंका का साथ दिया, लेकिन श्रीलंका इतना वफादार नहीं रहा। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी श्रीलंका का यहीं रवैया जारी है और इसी के चलते उसने श्रीलंका बंदरगाह पर चीनी परमाणु पनडुब्बी को ठहरने की अनुमति दे दी थी।
श्रीलंकाई सरकार का चाहे जो रवैया हो, वहां के नागरिकों को भारतीयों से कोई शिकायत नहीं है। वे अपने आप को भारतीयों के ज्यादा करीब पाते है। जिस होटल में हम रुके थे, वहां भारतीय रुपया स्वीकार नहीं था, लेकिन डिनर के वक्त वहां लाइव म्युजिक के दौरान चार गायकों ने डेढ़ घंटे तक हिन्दी फिल्मी गाने सुनाकर हमारा दिल जीत लिया। होटल के कर्मचारी हमसे हिन्दी में ही बात करते। जब हम पूछते कि क्या आप भी भारत से है तो सभी एक सुर में यह कहना था कि हमने हिन्दी दुबई में सीखी है। पता नहीं वे भारत आए भी होंगे या नहीं। अगर वे आए भी होंगे कि वे यह कहने में सकुचाते हैं कि उनके भारत से संबंध हैं।
नोगेम्बो समुद्र तट पर एक छोटी सी चाय की दुकान में जब मैं चाय पीने गया तब वहां भारतीय ढाबों की तरह चाय उपलब्ध थी। इतना ही नहीं आलू बड़े, इडली, समोसे आदि भी उपलब्ध थे। चाय बना रहे व्यक्ति से हमने पूछा कि आप कहां से है तो उसने कहा कि मैं नेपाल से हूं। उसके हाव-भाव शक्ल सूरत कहीं से भी यह नहीं लग रहा था कि वह नेपाल से श्रीलंका गया होगा। बाद में मुझे पता चला कि श्रीलंका मे बड़ी संख्या में पाकिस्तानी और बांग्लादेशी अवैध रूप से रह रहे हैं। कुछ इलाके तो भारत के बिहार और उत्तरप्रदेश के किसी गांव-कस्बे की तरह नजर आते है। थोड़ी-थोड़ी दूर पर मस्जिदें और दरगाह नजर आती है। बुर्का पहने महिलाएं काम पर जाती हुई नजर आ जाती हैं। श्रीलंका के स्थानीय सिंहली लोगों से बात की तो उनका कहना था कि वे इन मुस्लिम समुदाय के लोगों से घुलना-मिलना पसंद नहीं करते। इन लोगों से उन्हें असुरक्षा की भावना पैदा हो जाती है।
एक निकटवर्ती पड़ोसी देश होने के नाते श्रीलंका में हमें जितना अपनत्व लगता है उतना अपनत्व वहां जाकर महसूस नहीं हुआ। यह अपनत्व नेपाल और भूटान में साफ नजर आता है। श्रीलंका में लगता है कि हम किसी अजनबी देश में है, जहां के लोग हम जैसे नजर आते है, लेकिन हैं नहीं।
कॉपीराइट © 2015 प्रकाश हिन्दुस्तानी
श्रीलंका में डॉ. प्रकाश हिन्दुस्तानी सम्मानित
कोलम्बो (श्री लंका) के कॉनकॉर्ड ग्रैंड होटल में 25 मई को हुए कार्यक्रम में प्रकाश हिन्दुस्तानी को ब्लॉग पर श्रेष्ठ समसामयिक लेखन के लिए 11,000 रूपए, प्रशस्ति पत्र, अंग वस्त्रम् और श्रीफल से सम्मानित किया गया।प्रकाश हिन्दुस्तानी को सम्मानित करते हुए श्रीलंका के सीनियर ड्रामेटिस्ट सोमरत्न विठाना, उत्तरप्रदेश के पूर्व मंत्री नकुल दुबे और आयोजन समिति के के के यादव। प्रकाश हिन्दुस्तानी पांचवे इंटरनेशनल ब्लॉगर्स सम्मलेन के मुख्य सत्र के मुख्य वक्ता भी थे, उन्होंने सृजनात्मक साहित्य और ब्लॉग लेखन पर भाषण दिया
----------------------------------------------------------------------------------------------------
पांचवे इंटरनेशनल ब्लॉगर्स सम्मलेन में डॉ. प्रकाश हिन्दुस्तानी का भाषण
सृजनात्मक साहित्य में हिन्दी ब्लॉग का योगदान
मैथ्यू अर्नाल्ड ने कहा है पत्रकारिता जल्दबाजी में लिखा गया साहित्य है, लेकिन मेरा कहना है कि ब्लॉगिंग सुविचारित और समयबद्ध साहित्य है। एक ऐसा साहित्य जो हर जगह उपलब्ध है। इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अभिव्यक्त किया गया साहित्य ब्लॉग साहित्य के रूप में सामने आ गया है। अब साहित्य को पढ़ने के लिए छपी हुई किताबों की निर्भरता खत्म हो गई है। त्रैमासिक, मासिक, साप्ताहिक और दैनिक अखबारों में भी अब साहित्य पढ़ने के लिए इंतजार करने की जरूरत नहीं। किताबों का वह दौर लगभग खत्म हो गया है, जब किताबों में गुलाब के फूल रखकर प्रेमी-प्रेमिका को भेजे जाते थे। अब यह बात अब केवल रोमांटिक कल्पना ही बची है। जिसकी मौत कगार पर है, लेकिन साहित्य हमेशा से ही सामूहिक प्रेम, बंधुत्व, भाईचारा और नई दिशाएं तलाशने तथा अभिव्यक्ति का माध्यम रहा है। साहित्य के बिना जीवन सुना सा है।
साहित्यकारों और साहित्य के पाठकों के लिए ब्लॉग एक अनमोल तोहफा है। अभिव्यक्ति का बेजोड़ हथियार। यहां अभिव्यक्ति के बाद भरपूर आत्मसंतोष मिलता है। ब्लॉगिंग के माध्यम से बेहतर लेखन भी संभव हो पाया है, क्योंकि लेखक खुद अपने आप को बार-बार सुधार सकता है। इसके साथ ही लेखन के क्षेत्र में नेटवर्किंग भी आसान हो गई है।
किसी भी सृजनात्मक ब्लॉगर के लिए अपने पाठकों के सामने वैश्विक सौहाद्र्र को बढ़ाना एक प्रमुख लक्ष्य होता है। इसके साथ ही उसका लक्ष्य होता है साहित्य के लिए नई जमीन तलाशना। हिन्दी में ब्लॉगिंग अंग्रेजी की तुलना में देरी से शुरू हुई। 2003 में हिन्दी का पहला ब्लॉग 9-2-11 सामने आया। 2007 में यूनिकोड के आगमन के बाद हिन्दी की ब्लॉगिंग में तेजी आई। आज हिन्दी में करीब 50 हजार ब्लॉग मौजूद है। खुशी की बात यह है कि इसमें से एक चौथाई ब्लॉगर्स महिलाएं है।
ब्लॉगिंग की कुछ बेमिसाल खूबियां है, जिसके कारण सृजनात्मक साहित्यिक के सृजनकर्ता ब्लॉगिंग की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यहां विधा का चयन करने की पूरी छूट है। कहानी, कविता, व्यंग्य, निबंध, समीक्षा आदि में से रचनाकार कुछ भी चुन सकता है। यहां भाषा के बंधन से भी मुक्त साहित्य रचने की आजादी है। ब्लॉगर चाहे तो अपने ब्लॉग में एक से अधिक भाषा में सृजन कर सकता है।
ब्लॉगिंग के माध्यम से साहित्य के सृजन में सबसे बड़ी सुविधा यह है कि यह मुक्ति का मार्ग है। साहित्य के ठेकेदारों से मुक्ति यहीं संभव है। यहां विषय चयन की पूरी आजादी है और शब्द सीमाओं का भी कोई बंधन नहीं है। महात्मा गांधी ने कहा था कि अगर आपको गलतियां करने की आजादी नहीं है, तो ऐसी आजादी बेमानी है। ब्लॉगिंग की दुनिया में आपको गलतियां करने की पूरी आजादी है। ब्लॉगिंग मानसिक दबाव से मुक्ति दिलाती है। यह अपने पाठकों तक तत्काल पहुंच कराती है। भौगोलिक सीमाओं से बाहर ब्लॉगिंग के जरिये आप दुनियाभर में कहीं भी पहुंच सकते है।
ब्लॉगिंग के माध्यम से रचनाकार पूरी तरह आत्मनिर्भर होकर सृजन कर सकता है। क्योंकि वह यहां खुद ही लेखक, प्रकाशक और मुद्रक है। गूगल ऐडसेन्स से जोड़कर वह अपने ब्लॉग में धनोपार्जन भी कर सकता है। हालांकि अभी हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में विज्ञापनों का अच्छा प्रतिसाद नहीं मिल रहा है, लेकिन अनेक ब्लॉगर सीधे विज्ञापन दाताओं से संपर्क कर ठीक ठाक पारिश्रमिक पा रहे है। यह एक बहुत बड़ी शुरूआत है।
सृजनात्मक साहित्य जगत में महिला ब्लॉगर्स की प्रेरणादायक उपस्थिति पूरे समाज को उत्साहित करने वाली है। ब्लॉगिंग के क्षेत्र में करीब एक चौथाई महिलाएं है और अधिकांश सृजनात्मक साहित्य रच रही है। मुझे यह बताते हुए खुशी है कि इस सत्र के बाद का सत्र महिला ब्लॉगर्स के लिए विशेष तौर पर समर्पित है। यहां हम जिन विशिष्ठ महिला ब्लागर से मिलेंगे उनमें आकांक्षा यादव, सुनीता प्रेम यादव, डॉ. सर्जना शर्मा, डॉ. रचना श्रीवास्तव, डॉ. अनिता श्रीवास्तव और डॉ. उर्मिला शुक्ल सहित अनेक प्रमुख महिला ब्लागर मौजूद हैं। यहां सभी का नाम लेना संभव नहीं हैं, लेकिन उनकी उपस्थिति मात्र प्रेरित करने और आशा जगाने वाली है।
इस कार्यक्रम में हिन्दी साहित्य जगत के अनेक सितारें है जो ब्लॉगिंग के जरिए विश्व भर में अपनी पहचान बना चुके हैं। इसका काफी श्रेय श्री रवीन्द्र प्रभात को जाता है। हिन्दी ब्लॉगिंग के क्षेत्र में एक आंदोलन तैयार करने और ब्लागर्स के लिए नई जमीन खोजने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, वे भी बधाई के पात्र है।
हिन्दी के साहित्यिक ब्लागर्स को सादर नमन करते हुए मैं उनके योगदान को रेखांकित करना चाहता हूं। यहां पर उपस्थित सर्वश्री रवीन्द्र प्रभात, कृष्णकुमार यादव, जीतेन्द्र दीक्षित, ललित शर्मा, सुनीता प्रेम यादव, आकांक्षा यादव जैसे प्रमुख हिन्दी ब्लॉगर्स की उपस्थिति में मैं उन हिन्दी साहित्य के ब्लॉगर्स कोे याद करना चाहता हूं, जिन्होंने अपनी साहित्यिक कृतियों को ब्लॉग के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में अनूठा योगदान दिया है और साहित्य सृजन के लिए नई जमीन तोड़ी है। शायद ही कोई साहित्यकार हो, जो आज ब्लॉगिंग के क्षेत्र में न हो। कुछ ऐसे ब्लॉगर्स भी है, जिन्होंने साहित्यिक ब्लॉगिंग में विशेष कार्य किए है। उन सब के नाम यहां लेना संभव नहीं है। हो सकता है उनमें से कई नाम छूट गए हो और कई नाम इसलिए नहीं लिए जा सकते क्योंकि अगर वह सूची पढ़ी जाए तो उसमें घंटों बीत सकते है। मेरे ध्यान में उदय प्रकाश, अरुण आदित्य, मौलश्री, प्रभात रंजन, रमेश उपाध्याय, अशोक कुमार पाण्डेय, अरुण देव, देवेन्द्र कुमार देवेश, पंकज चतुर्वेदी, रचना, फिरदौस खान, शशांक द्विवेदी, अजय ब्रह्मात्मज, विभा रानी, शरद कोकास, कुमार अम्बुज, विवेक, अनुराग वत्स, महेश आलोक, गिरिश कुमार मौर्य, शशि भूषण, चन्दन, निलय उपाध्याय, अरविन्द श्रीवास्तव, कृष्णमोहन झा, प्रियंकर, शिखा वाष्र्णेय, अर्चना देव जैसे अनेकानेक नाम बिना विचारें सामने आ रहे है। कबाड़खाना, जानकी पुल, परिकल्पना, समालोचना, हम कलम, समवादी, कलम, भोज पत्र, जनशब्द, आवाहन, अनहद नाद आदि ब्लॉग साहित्य सृजन में अपनी विशेष पहचान बना चुके है। मुझे मालूम है कि मैंने कुछ नाम ही लिए हैं। सभी तक पहुंच पाना संभव नहीं है।
कोलंबो में आयोजित इस समारोह में आप सभी का हार्दिक धन्यवाद देते हुए शुभकामनाएं व्यक्त करना चाहता हूं कि साहित्य के क्षेत्र में आपका योगदान लगातार बना रहे। हिन्दी में ब्लॉगिंग भविष्य में और भी आसान और लोकप्रिय हो और ब्लॉगर्स के काले अक्सर दुधारू भैंस की तरह अर्थ प्राप्ति का माध्यम बने।
आप सभी का धन्यवाद।
Tuesday, May 19, 2015
फिलास्फी ऑफ ऐडक्वैट रिसोर्सेस
अमेरिकी डायरी के पन्ने (8)
ऐसा नहीं है कि अमेरिकी लोगों के सामने चुनौतियों नहीं हैं। हर अमेरिकी कर्ज से दबा है, हर अमेरिकी सरकारी करों के बोझ से दबा है, हर अमेरिकी को उसकी बीमें की किश्त परेशान करती है। आम अमेरिकियों की आय का बहुत बड़ा हिस्सा कर्ज की किश्तों, टैक्स और बीमे की किश्त देने में ही बीत जाती है। इसके बावजूद अमेरिकी शांत, संयत और अनुशासित नजर आते हैं।
भारत में हम समझते है कि हमारा काम केवल गंदगी फैलाना ही है और सफाई करना नगर निगम या ग्राम पंचायत का काम है। वहां की सफाई का माहौल देखकर भारत से जाने वाला शख्स भी सफाई के प्रति सजग हो जाता है। गंदगी फैलाने पर भारी जुर्माने का प्रावधान तो है ही, जुर्माना किया और वसूला भी जाता है। किसी को यह भ्रम नहीं है कि वह बड़ा आदमी है या ऊंची राजनीतिक पहुंच वाला शख्स है। कानून सबके लिए बराबर है, तो है। कानून की गिरफ्त में सब बराबर हैं। एक अमेरिकी ने भारतीय यातायात के बारे में कहा कि वहां कानून का पालन क्यों नहीं होता? अगर सलमान खान ने शराब पीकर गाड़ी चलाई और किसी को कुचला तो उसका केस 15 साल से क्यों लटका है? अगर उसने अपराध किया है तो सीधा जेल भेज दो और अगर अपराध नहीं किया है तो मुक्त करो ताकि वह भी चेन से जी सके।
कोई भी देश केवल वहां के बंदरगाहों, हवाईअड्डों, राज मार्गों, इमारतों, संग्राहलयों और वहां की सम्पन्नता से नहीं बनता। देश बनता है वहां के लोगों से। अमेरिका में अगर कुछ विशेष है, तो उसके पीछे वहां के नागरिक है। एक ऐसा देश जिसका इतिहास पांच सौ साल से पुराना नहीं है, जहां दुनिया की सभी जातियों-प्रजातियों के लोग बहुतायत से हैं, जहां मानव की गरिमा सर्वोच्च है और श्रम का पूरा सम्मान है। ये सब चीजें अमेरिका को विशिष्ट होने का दर्जा देती है, लेकिन इससे बढ़कर भी कुछ बातें है, जिसके कारण अमेरिका, अमेरिका कहलाता है। (यहां मेरा आशय यूएसए से है)
अमेरिका में आप कहीं भी जाए, कितने भी दिन रुके वह आपको चमत्कृत जरूर करता है। अमेरिकियों की कुछ बातें बेहद आकर्षित करती है कि वे बहुत मेहनती हैं। अमेरिकी श्रम की गरिमा को पहचानते है। वहां समानता का बर्ताव आमतौर पर नजर आता है। (कहीं-कहीं श्वेत-अश्वेत के बीच असमानता की बातें भी आती हैं, लेकिन अब यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं बचा है)। इंग्लैण्ड के गोरे अंग्रेजों के मुकाबले अमेरिका के गोरे ज्यादा संवेदनशील लगते है। आमतौर पर अमेरिकी भीतर और बाहर से एक जैसे ही नजर आते हैं। उनके नैतिकता के पैमाने अलग हो सकते है, लेकिन उनकी संवेदनाओं का स्तर भी वैसा ही है जैसा भारतीयों का है। आप कहीं भी जाएं अमेरिकी आपका स्वागत ही करेंगे । छोटी सी काफी शॉप में भी जाइए, आपका स्वागत उतने ही जोश से होता है जैसा किसी बड़े समारोह में जाने पर होता है।
अमेरिका में हर चीज विशाल है। राज मार्ग है तो बेहद विशाल, शिक्षा संस्थान है तो बड़े-बड़े, इमारतें गगनचुंबी, शॉपिंग मॉल विशाल क्षेत्र में, कारें महंगी और बड़ी-बड़ी, आमतौर पर वहां रहने वालों के घर भी बड़े और आधुनिक हैं। आमतौर पर कहीं भी कोई भीड़ नहीं टूट पड़ती। आखिर ऐसा क्या है कि वहां के लोग कभी भी आक्रामक तरीके से न बात करते हैं, न व्यवहार। सबकुछ शालीन नजर आता है। वहां रहने वाले एक अनिवासी भारतीय से पूछा कि यहां कैसा लगता है? तो उसने कहा- ऐसा लगता है कि हम भी इनसान हैं। भारत में लगता था कि शायद हम कीड़े-मकोड़े हैं। भारत में कहीं भी जाओ, भीड़-भाड़, धक्का-मुक्की और पहले पाने की तड़प। मैंने पूछा ऐसा क्यों है? जवाब मिला- शायद वहां संसाधन कम है और उस पर भी उन संसाधनों का वितरण समान नहीं है। जो पैसे वाला है और रसूखदार है वहीं सारे संसाधनों पर कब्जा जमाने की ताक में रहता है।
अनिवासी भारतीय की बात सही लगी। अमेरिका में फिलास्फी ऑफ ऐडक्वैट रिसोर्सेस चलता है। हर व्यक्ति को यह पता है कि वहां संसाधनों की कमी नहीं है। जब भी वह चाहेंगे वह संसाधन उसे मिल जाएगा। भारत में लोगों की प्रमुख जिम्मेदारियां हैं- अच्छा घर, ठीक-ठाक कार, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा की व्यवस्था, सेवा निवृत्ति पर गुजारे की व्यवस्था और सम्मानजनक जीवन। इन चीजों के लिए भारत में लोग गहरा संघर्ष करते है। करोड़ों भारतीयों के लिए घर एक सपना ही है। मध्यमवर्ग किसी तरह किश्तों पर गाड़ी लेता है और भुगतता रहता है। बच्चों की पढ़ाई की बात करें तो भारतीय महानगरों में स्कूल में प्रवेश एक बहुत बड़ी चुनौती है। बीमार होने पर लोगों के घर बिकना आम बात है और बुढ़ापे में भारतीयों को परजीवी बनकर रहना पड़ता है। सरकार नाम की चीज कहीं नजर नहीं आती।भारतीय हालात के विपरीत अमेरिका में मूलभूत चीजों के लिए संघर्ष बहुत कम है। घर और मकान पक्की नौकरी हो तो आराम से किश्तों पर मिल जाते हैं, बच्चों की पढ़ाई सरकार की जवाबदारी है। वृद्धों के लिए पेंशन की व्यवस्था है। चिकित्सा व्यवस्था सभी के लिए उपलब्ध है। खास बात यह है कि कागजों पर तो यह सभी सुविधाएं भारतीयों को भी है, लेकिन हालात ऐसे नहीं है। महानगरों में तो मध्यवर्गीय परिवार एक से अधिक बच्चे इसलिए पैदा नहीं कर पा रहे है, क्योंकि वे उनकी पढ़ाई का खर्च नहीं उठा सकते। केवल सरकारी नौकरियों से रिटायर होने वाले लोग ही ठीक-ठाक पेंशन पाते है। बाकी लोग 250-300 रुपए पेंशन के हकदार है और वह भी साल-साल, छह-छह महीने में मिलती है। अमेरिका में लोगों को लगता है कि वहां की सरकार के पास पर्याप्त संसाधन है और उन्हें जीने के लिए उतना संघर्ष नहीं करना पड़ेगा। अगर सरकार जरूरी समझेगी तो उन्हें पर्याप्त मदद मिल ही जाएगी। इस सिद्धांत के चलते अमेरिकी नागरिक व्यवहार रूप में संतोष का भाव रखते हैं, जबकि हमें ‘जब आवे संतोष धन’ जैसे सिद्धांतों पर चलकर जीवन गुजारना पड़ता है।
ऐसा नहीं है कि अमेरिकी लोगों के सामने चुनौतियों नहीं हैं। हर अमेरिकी कर्ज से दबा है, हर अमेरिकी सरकारी करों के बोझ से दबा है, हर अमेरिकी को उसकी बीमें की किश्त परेशान करती है। आम अमेरिकियों की आय का बहुत बड़ा हिस्सा कर्ज की किश्तों, टैक्स और बीमे की किश्त देने में ही बीत जाती है। इसके बावजूद अमेरिकी शांत, संयत और अनुशासित नजर आते हैं।
एक ऐसा देश जिसका क्षेत्रफल भारत से तीन गुना से भी अधिक हो और आबादी लगभग एक चौथाई। उस देश में हर जगह एक जैसा व्यवस्थित इन्फ्रास्ट्रक्चर खड़ा करना मजाक नहीं है। इस सबके पीछे अमेरिका के लोगों की कड़ी मेहनत साफ नजर आती है। 250-300 साल पहले जब भारत में राजा-महाराजा छोटी-छोटी बातों के लिए लड़ रहे थे, तब अमेरिका अपनी आधारभूत संरचना को तैयार करने के लिए काम कर रहा था। जब भारत जातिवाद और सांप्रदायिक उन्माद में उलझा था, अमेरिकियों के आगे अपने देश का विकास लक्ष्य रहा था। दूसरे विश्व युद्ध के बाद अमेरिका ने अपने देश के दरवाजे पूरी दुनिया के लिए खोल दिए थे और सारी दुनिया के लोग अमेरिका जाकर बसने लगे थे। बाद में अमेरिका को अपनी नीति से हाथ खींचना पड़ा, क्योंकि वहां की सरकार को लगा कि उन लोगों का बोझ वह नहीं उठा पाएगी, जो बड़ी संख्या में बाहर से आकर दायित्व बन रहे है।
अमेरिका के राज मार्गों पर मैंने देखा कि सुबह पांच बजे से भारी यातायात उमड़ पड़ता है। एक नागरिक ने बताया कि यहां ट्रैफिक के पीक ऑवर्स सुबह 5 से और शाम 3 से 7 होते है। 8 बजे तक अधिकांश कार्यालय पूरी तरह गतिशील हो जाते है। कई दफ्तर तो सुबह 7 बजे से ही काम करने लगते है। 11 बजते-बजते लंच ब्रैक हो जाता है और फिर काम शुरू। काम करने के लिए लोग 100-100, 150-150 किलोमीटर दूर से आते है। आमतौर पर वे देर रात तक रुकना पसंद नहीं करते और निर्धारित समय पर घर लौट जाते है। रात 10 बजे तक बड़े-बड़े शहरों में सन्नाटा पसर जाता है। सड़कों पर कोई हायतौबा नहीं, कोई हांकिंग नहीं, नियमों की अवहेलना नहीं, लोग एक-दूसरे को पूरा सम्मान देते हुए गाड़ियां चलाते है। घर जाने की हर एक को जल्दी होती है, लेकिन यातायात नियमों की अवहेलना कहीं नजर नहीं आती। तीन हफ्ते की यात्रा के दौरान अमेरिका में कहीं भी ऐसी दुर्घटना देखना को नहीं मिली, जिसमें किसी व्यक्ति की जान गई हो या कोई गंभीर घायल हुआ हो।
भारत में हम समझते है कि हमारा काम केवल गंदगी फैलाना ही है और सफाई करना नगर निगम या ग्राम पंचायत का काम है। वहां की सफाई का माहौल देखकर भारत से जाने वाला शख्स भी सफाई के प्रति सजग हो जाता है। गंदगी फैलाने पर भारी जुर्माने का प्रावधान तो है ही, जुर्माना किया और वसूला भी जाता है। किसी को यह भ्रम नहीं है कि वह बड़ा आदमी है या ऊंची राजनीतिक पहुंच वाला शख्स है। कानून सबके लिए बराबर है, तो है। कानून की गिरफ्त में सब बराबर हैं। एक अमेरिकी ने भारतीय यातायात के बारे में कहा कि वहां कानून का पालन क्यों नहीं होता? अगर सलमान खान ने शराब पीकर गाड़ी चलाई और किसी को कुचला तो उसका केस 15 साल से क्यों लटका है? अगर उसने अपराध किया है तो सीधा जेल भेज दो और अगर अपराध नहीं किया है तो मुक्त करो ताकि वह भी चेन से जी सके।
मानव श्रम की गरिमा अमेरिका में देखने को मिलती है, जब बड़े से बड़ा आदमी भी अपना काम खुद करता नजर आता है। घरेलू नौकर और ड्रायवर वहां दुर्लभ हैं। घरों में बड़े से बड़े लोग भी अपना काम खुद ही करते है और अपनी गाड़ी भी खुद ही चलाते है, वहां उनकी गाड़ी के दरवाजे खोलने के लिए कोई आगे नहीं आता। विशालतम पार्किंग लाट्स में गाड़ी खड़ी करके एक-एक मील तक लोग पैदल चलते हैं। इसके बावजूद आम अमेरिकी मोटापे के शिकार है और वहां पांच-पांच सौ लोग एक साथ कसरत कर सके इतने बड़े-बड़े जिम भी देखने को मिले। पर्याप्तता के सिद्धांत के कारण ही शायद वहां लोग खूब जी भरकर खाते है।
किसी भी चीज का व्यावसायीकरण करना अमेरिकी खूब जानते है। वहां कोई भी सुविधा नि:शुल्क नहीं है। पार्किंग हर जगह पैसे देने पर ही उपलब्ध होती है। टोल टैक्स अधिकांश मार्गों पर है। जनसुविधाओं की कीमत अच्छी खासी है। आमतौर पर पार्किंग शुल्क घंटों के आधार पर होता है और प्रमुख शहरों में वह 5 डॉलर प्रति घंटे से अधिक भी है। कहीं-कहीं तो 10 डॉलर घंटा भी देना पड़ता है। किसी होटल में जाकर रुके तो होटल कमरे के अलावा कार की पार्किंग का पैसा भी अलग देना पड़ता है। राज मार्गों पर टोल टैक्स के अलावा विशेष लेन भी हैं। जिन पर कम भीड़ होती है, क्योंकि वे ज्यादा पैसा वसूल करते है। भारत में आमतौर पर लोग साक-सब्जी की दुकानों पर मोल-भाव करते है वहां सीधा मोल-भाव तो नहीं होता, लेकिन डिस्काउंट का चलन काफी है। मंदी की मार से निपटने के लिए एक पर एक फ्री का फॉर्मूला वहां खूब आजमाया जाता है। जहां कई भी अमेरिकियों के हित पर आघात पहुंचता है वे तत्काल एक हो जाते हैं। यह खूबी वहां रहने वाले अनिवासी भारतीयों में नजर नहीं आई। भारतीय समुदाय के लोग वहां भी पंजाबी, मलियाली, तेलुगु, गुजराती, बिहारी जैसे खांचों में बंटे हैं। वहां भी ब्राह्मण, जाट और जैन जातियों के संगठन नजर आते हैं। हम भारतीय भारत में भी एक नहीं होते और वहां जाकर भी एक होने में हमें कष्ट होता है। इसी कारण वहां सम्पन्न भारतीयों की हत्या के मामले भी हुए है।
एकाकीपन महसूस करने वाले भारतीय मूल के लोग भी अमेरिका छोड़कर वापस आना नहीं चाहते। उनकी पीड़ा यह है कि वे अब भारत को अपना नहीं सकते क्योंकि उन्हें और उनके बच्चों को वहां की सुविधाओं की आदत पड़ चुकी है। दूसरी तरफ उनमें से अधिकांश लोग अमेरिकी मुख्यधारा में समाहित नहीं हुए है और वहां भी वे अपना अलग समुदाय बनाकर रहना पसंद करते हैं। इन कारणों से वे अमेरिकियों में लोकप्रिय नहीं है। उनमें से अधिकांश की दिक्कत यह भी नजर आई कि जो लोग 20-25 साल पहले भारत छोड़कर गए थे उन्हें लगता है कि भारत अब भी वैसा ही देश है। 20-25 साल की भारत की तरक्की उनमें से कुछ ही लोगों ने देखी है और जब वे भारत आकर देखते है कि दिल्ली और मुंबई का अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा किसी भी अमेरिकी हवाई अड्डे से ज्यादा आधुनिक और सुविधाजनक है और इसी तरह दिल्ली की मेट्रो ट्रेन न्यूयार्क की वाशिंगटन की मेट्रो की तुलना में ज्यादा अच्छी, सुविधाजनक और सस्ती है, तो उन्हें अचरज होता है। एक शख्स ने कहा कि अब हम भारत क्यों जाए, अब तो भारत ही अमेरिका हो चला है।
Saturday, May 16, 2015
वाशिंगटन डीसी का दिलचस्प डक-टूर
अमेरिकी डायरी के पन्ने (6)
यूनियन पार्क स्टेशन के करीब, कोलम्बस चौराहे पर जब हमने इस डक-टूर के बारे में पूछताछ की तो एक अधेड़ से गौरे अमेरिकी ने बहुत ही संयमित होकर हमें पूरी जानकारी दी। हमने टिकिट खरीदा तब उन्होंने बताया कि टूर में अभी करीब एक घंटा है, तब तक आप नेशनल पार्क तक घूम कर आ सकते हैं। जब हम लौटकर आए तब वहीं सज्जन कंडक्टर की तरह टिकिट चेक करते हुए नजर आए। हमने आखिर सबसे पीछे वाली सीट चुनी जहां से आगे और पीछे के नजारे खुलकर देखे जा सकते थे। हमें बहुत आश्चर्य हुआ जब उन्हीं सज्जन ने कहा कि अब हम डक-टूर के लिए रवाना होने वाले है और उन्होंने उस वाहन की सीढ़ी ऊपर कर दी। अचरज हुआ जब हमने देखा कि वही सज्जन सिर पर एक टोप पहनकर वाहन की ड्रायवर की सीट पर जाकर बैठ गए। वहां बैठे-बैठे ही उन्होंने कार्डलेस माइक्रोफोन लगा लिया। अरे, यह क्या? जो सज्जन टिकिट बेच रहे थे, वहीं कंडक्टर है और वे ही ड्रायवर भी। इतना तो ठीक था- हमारे टूर के गाइड भी वही सज्जन थे। उन्होंने घोषणा की कि जापानी फेस्टिवल सकूरा मत्सुरी के कारण आज यातायात बहुत अस्त-व्यस्त है, इस कारण हमें थोड़ा सा विलम्ब हो सकता है।
मुझे यह बात बड़ी दिलचस्प लगी कि जो व्यक्ति सड़क पर वाहन चला रहा था वहीं व्यक्ति नदी में भी वाहन चला रहा था। इस दौरान उसने वाशिंगटन डीसी की जगहों से जुड़े तमाम ऐतिहासिक तथ्य हमें बताए और वह भी दिलचस्प अंदाज में। जब हमारा वाहन नदी में उतरा तब उसने हमें पीले रंग की एक व्हिसल दी, जिसमें फूंक मारने पर बतख की आवाज जैसी ध्वनि निकलती थी। गाइड ने हमें कहा कि हम उसे कितनी भी बार बजा सकते है। पोटोमेक नदी में डक-टूर के साथ-साथ हमें कई बतख भी पानी में तेरती मिली। अनेक लोग थे जो अपनी कारों के पीछे ट्रॉली में मोटर बोट लादकर लाए थे। हमारे वाहन के साथ-साथ वे लोग भी रिवर्स मोड में अपनी कार से मोटर बोट पानी में उतार रहे थे। वाहन में सवार बच्चों और किशोरों को एक-एक करके उस डक बोट को चलाने का अवसर भी उन्होंने दिया। इस दौरान वाहन चालक वहां मौजूद रहे। बोट पर सवार बच्चों और किशोरों का उत्साह देखते ही बनता था। इस यात्रा की सबसे बड़ी बात यह थी कि जब वह वाहन सड़क पर होता था तब हमारी सीट इतनी ऊंची थी कि कोई भी कार हमें साइड सिइंग से नहीं रोक सकती थी।
वाशिंगटन डीसी की यात्रा के दौरान डक-टूर अपने आप में दिलचस्प अनुभव रहा। करीब डेढ़ घंटे में यह टूर वाशिंगटन डीसी की आधी से ज्यादा प्रमुख जगहों की एक झलक दिखा देता है। वाशिंगटन डीसी की शानदार सड़कों से गुजरता हुआ यह वाहन एक स्थान पर जाकर वाशिंगटन डीसी के बीच से बहती हुई पोटोमेक नदी में उतर जाता है। जो वाहन सड़क पर होता है वहीं वाहन नदी की सैर भी कराता है। वास्तव में टू इन वन। 1942 में पर्ल हार्बर पर हुए ऐतिहासिक हमले के बाद ऐसे वाहनों का ईजाद किया गया जो सड़क पर भी चले और पानी में भी।
इन वाहनों को पानी में ले जाने के लिए किसी बंदरगाह की जरूरत नहीं, सिर्फ एक छोटी सी रपट ही काफी होती है। यह वाहन युद्ध के लिए तैयार किया गया था, इसलिए इसमें लग्जरी की आशा करना सही नहीं होगा। भारत की सरकारी बसों की सीटें जैसी सीटें काफी ऊंची लगाई जाती है। सड़क पर बस का मजा और नदी में नाव का। पोटोमेक नदी में चलते हुए यह बस एक ऐसे मुहाने पर ले जाती है जहां से वाशिंगटन डीसी का अंतर्राष्ट्रीय विमानतल नजर आता है। दिन के समय औसतन दो मिनिट में एक विमान यहां से उड़ान भरता है। नदी के मुहाने और एयरपोर्ट के बीच कोई बड़ी दीवार नहीं है। हमारे यहां एयरपोर्ट जिस तरह दीवारों से घिरे रहते है वैसा कुछ भी नहीं है। केवल एक छोटा सा बोर्ड नजर आया जिस पर लिखा था कि यह सुरक्षित क्षेत्र है यहां हर किसी को आने की अनुमति नहीं है।
यूनियन पार्क स्टेशन के करीब, कोलम्बस चौराहे पर जब हमने इस डक-टूर के बारे में पूछताछ की तो एक अधेड़ से गौरे अमेरिकी ने बहुत ही संयमित होकर हमें पूरी जानकारी दी। हमने टिकिट खरीदा तब उन्होंने बताया कि टूर में अभी करीब एक घंटा है, तब तक आप नेशनल पार्क तक घूम कर आ सकते हैं। जब हम लौटकर आए तब वहीं सज्जन कंडक्टर की तरह टिकिट चेक करते हुए नजर आए। हमने आखिर सबसे पीछे वाली सीट चुनी जहां से आगे और पीछे के नजारे खुलकर देखे जा सकते थे। हमें बहुत आश्चर्य हुआ जब उन्हीं सज्जन ने कहा कि अब हम डक-टूर के लिए रवाना होने वाले है और उन्होंने उस वाहन की सीढ़ी ऊपर कर दी। अचरज हुआ जब हमने देखा कि वही सज्जन सिर पर एक टोप पहनकर वाहन की ड्रायवर की सीट पर जाकर बैठ गए। वहां बैठे-बैठे ही उन्होंने कार्डलेस माइक्रोफोन लगा लिया। अरे, यह क्या? जो सज्जन टिकिट बेच रहे थे, वहीं कंडक्टर है और वे ही ड्रायवर भी। इतना तो ठीक था- हमारे टूर के गाइड भी वही सज्जन थे। उन्होंने घोषणा की कि जापानी फेस्टिवल सकूरा मत्सुरी के कारण आज यातायात बहुत अस्त-व्यस्त है, इस कारण हमें थोड़ा सा विलम्ब हो सकता है।
हमारे कंडक्टर- ड्रायवर - सह गाइड हमें बताते जा रहे थे कि हमारा वाहन किधर से जा रहा है और हमारे आसपास कौन-कौन से प्रमुख स्थान है। सबसे पहले उन्होंने यूनियन स्टेशन के पास जापानी अमेरिकन मेमोरियल के बारे में बताया। फिर हमें यूएस कोर्ट हाऊस दिखाया, जो वहां की सर्वोच्च अदालत का मुख्यालय है। नेशनल गैलेरी ऑफ आर्ट्स, नेशनल आर्काइव्स, यूएस नेवी मेमोरियल, ओल्ड पोस्ट ऑफिस पेवेलियन, व्हॉइट हाऊस, वाशिंगटन मोनुमेंट, लिंकन मेमोरियल और पेंटागॉन जेफरसन मेमोरियल होते हुए वह वाहन पोटोमेक नदी में उतर गया। नदी में से गुजरते हुए वहां के प्राकृतिक नजारे और वाशिंगटन डीसी की विशाल अट्टालिकाएं साफ नजर आ रही थी। यहां तक की रोनाल्ड रीगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे भी साफ नजर आ रहा था। डक-टूर के दौरान ही वाहन से हमें होलोकास्ट मेमोरियल, बॉटनिकल गार्डन, एयर एंड स्पेस म्यूजियम, अमेरिकन इंडियन म्यूजियम, स्मिथ सोनिअन म्यूजियम होते हुए वापस लाया गया।
हमें बताया गया कि डक-टूर में उपयोग किया जाने वाला वाहन दूसरे विश्व युद्ध के दौरान लड़े जाने वाले वाहन जैसा ही है। पर्यटकों के लिहाज से उसमें थोड़े से परिवर्तन किए गए थे। विश्व युद्ध के दौरान इन वाहनों का उपयोग एम्बुलेंस के तौर पर भी होता था और आग या पानी में तबाह हो रहे वाहनों को बचाने के लिए भी। पोटोमेक नदी में हमें कई लग्जरी मोटर बोट भी दिखीं।उन वाहनों में बार और रेस्टोरेंट की सुविधाएं भी थी। उनमें से कुछ तो वातानुकूलित भी थे। उनका किराया हमारे डक-टूर की तुलना में निश्चित ही काफी ज्यादा था। डक-टूर वाले वाहन के बारे में हमें यह भी बताया गया कि यह वाहन सड़क और नदी के अलावा उबड़-खाबड़ रास्ते पर भी धीमी गति से चल सकता है और रेतीली जमीन पर तेजी से दौड़ सकता है। इसी कारण विश्व युद्ध के दौरान यह वाहन उन जहाजों की मदद कर पाता था जो पानी में होते थे और बंदरगाह पर आने के लिए उनके पास समय नहीं होता था। पर्यटकों के लिए इस वाहन में सुरक्षा के सारे इंतजाम मौजूद थे। सुरक्षा जैकेट, वायरलेस सम्पर्क तंत्र, ध्वनि विस्तारक यंत्र आदि चीजें मौजूद थी। फस्र्ट ऐड का सामान भी उपलब्ध था।
अगर आप वाशिंगटन डीसी की यात्रा पर जाएं और कम समय में तथा कम खर्च मेंं घूमने की इच्छा रखते हो तब यह आपका मनपसंद टूर हो सकता है। डेढ़ घंटे में आप प्रमुख-प्रमुख स्थान की झलकियां देख सकते है। इसके बाद भी आपके पास वाशिंगटन डीसी के पर्यटन केन्द्र घूमने का समय तो बचता ही है। इस टूर के माध्यम से आप चयन कर सकते है कि कौन-सी जगह जाना आप पसंद करेंगे। वाशिंगटन डीसी के म्यूजियम, स्मारक और बगीचे आपका मन मोह लेंगे और मजबूर करेंगे कि आप ज्यादा से ज्यादा समय इसी शहर को समर्पित करें। और हां, अगर आप सकुरा मत्सुरी उत्सव के दौरान यहां जाएं तो खुले बगीचे और मैदान छोड़कर जाने की इच्छा नहीं होगी।
कॉपीराइट © 2015 प्रकाश हिन्दुस्तानी
वाशिंगटन डीसी में चेरी ब्लॉसम और सकूरा मत्सुरी की मस्ती
अमेरिकी डायरी के पन्ने (5)
मार्च के आखिरी दिनों में पूरा वाशिंगटन डीसी ही एक बगीचे की तरह हो जाता है। शहर में लगे चेरी के हजारों पेड़ों पर फूल खिल आते है और फूलों से लदे ये पेड़ एक अलग ही छवि बनाते है। मध्य अप्रैल आते-आते ये पेड़ अलग रूप धारण कर लेते है और इन पर फल आना शुरू होते है। चेरी के ये हजारों पेड़ अलग-अलग रंगों के है। गुलाबी, लाल, सफेद, बैंगनी फूलों से लदे ये पेड़ दुनियाभर के पर्यटकों को अपनी तरफ खींच लेते है। इन्हीं दिनों यहां जापानी फेस्टिवल सकूरा मत्सुरी भी होता है। कई प्रमुख सड़कें बंद कर दी जाती है और उन सड़कों पर जापान के हजारों लोग जमा हो जाते है।
जापानी वस्त्रों का मेला लग जाता है। जापानी खान-पान के स्टॉल खुल जाते है, जापानी संगीत और नृत्य से माहौल त्यौहारमय हो जाता है। कहीं जापानी भाषा में भाषण होते रहते है तो कहीं जापानी युवक-युवतियों की परेड, कहीं फैशन शो, तो कहीं मार्शल आर्ट का प्रदर्शन। कहीं जापानी कला व संस्कृति को प्रदर्शित करती नुमाइशें, तो कहीं जापानी स्मृति चिन्हों के बाजार। जगह-जगह जापानी युवक-युवतियों के नृत्य के लिए मंच सजे होते है। वाशिंगटन डीसी के ठीक बीच से बहती हुई पोटोमेक नदी के किनारों पर चेरी के इन वृक्षों की खूबसूरती देखती ही बनती है। सबसे पहले चेरी के इन वृक्षों को रोपने का काम पोटोमेक नदी के किनारे ही किया गया। आज भी पोटोमेक के किनारे-किनारे चेरी के इन वृक्षों के साथ-साथ टहलना अद्भुत अनुभव देता है।
दूर-दूर से जापानी लोग इस समारोह में आते है। ऐसा लगता है मानो हम वाशिंगटन डीसी में न होकर जापान के किसी शहर में जश्न मना रहे हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन जापानी फैस्टिवल मनाया जाता है वह और उसके आसपास के दिन ‘पीक ब्लूम’ के दिन होते हैं। पीक ब्लूम के बाद चेरी के पेड़ों से फूल झड़ना शुरू हो जाते है।
वाशिंगटन डीसी में कहीं भी जाए, ऐसे शानदार चेरी के वृक्ष कतारबंद नजर आते है। पूरा माहौल रंगीन हो जाता है। हमारे देश में जैसे होली के पहले पलाश के फूल जंगल में नजर आते है। पलाश के पेड़ों पर लाल फूलों की मात्रा सीमित होती है, लेकिन चेरी के पेड़ पर पत्ते नजर नहीं आते केवल फूल, फूल और फूल। चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल और जापानी फेस्टिवल मिलकर वाशिंगटन डीसी को एक नया ही रूप दे देते है।
वाशिंगटन डीसी के ये चेरी के पेड़ जापान और अमेरिका की दोस्ती के प्रतीक है। जापान ने करीब 50 हजार पौधे अमेरिका को समय-समय पर उपहार में दिए और उनकी देखरेख करने का तरीका भी बताया। करीब सवा सौ साल पहले इसकी अनौपचारिक शुरूआत हुई थी, लेकिन औपचारिक शुरूआत 1910 में हुई। जब 2000 पौधे जापान की तरफ से भेजे गए। 1912 में ऐसे तीन हजार पौधे और भेजे गए। धीरे-धीरे करके करीब 50 हजार पौधे अमेरिका को उपहार में दिए गए जो आज बढ़कर कई लाख हो गए। इसके बदले अमेरिका ने भी अपने देश के अनेक पेड़-पौधे और वनस्पतियां जापान को उपहार में दी। बरसों बरस वाशिंगटन में किसी भी प्रमुख समारोह में चेरी के पौधे रोपने का कार्य किया जाता रहा।
यूएसए की राजधानी होने के नाते वाशिंगटन डीसी में वैसे ही व्यवस्था बड़ी चाक-चौबंद होती है। चेरी ब्लॉसम और जापानी फेस्टिवल के दौरान तो यह और भी मजबूूत नजर आती है। किसी की क्या मजाल जो नियमों की अनदेखी कर दे। मेट्रो ट्रेन, बस और कारों में जापानी परिधानों में सजे जापानी नागरिक अलग ही नजर आते है। जापानी नागरिक आम अमेरिकियों से अलग है। वे आमतौर पर दुबले-पतले और कम ऊंचाई के होते है। बोलते इतना धीमे है कि आपको लगे कि वह फुस-फुसा रहे है। जापानी फेस्टिवल में सुबह आठ-साढ़े आठ बजे से ही भीड़ इकट्ठा होना शुरू होती है। मुख्य कार्यक्रम तीन बजे तक चलते है और उसके बाद भीड़ छंटने लगती है। वैसे ये कार्यक्रम शाम 6 बजे तक चलते है। इस दौरान लोग वाशिंगटन के प्रमुख स्थानों पर भी घूमने चले आते है। इसलिए हर जगह भीड़ ही भीड़ दिखाई देती है। वैसे भी वाशिंगटन डीसी संग्रहालयों, बगीचों और ऐतिहासिक इमारतों का शहर है। सभी प्रमुख सरकारी कार्यालय यहां है। व्हॉइट हाऊस भी इसी शहर में पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बना रहता है।
जापानी फेस्टिवल की विचित्र बात यह लगी कि स्ट्रीट फेस्टिवल होने के बावजूद सड़कें बंद करके इस कार्यक्रम के लिए टिकिट बेचे जाते है। 20 डॉलर का एक टिकिट। तीन बजे के बाद यहीं टिकिट 10 डॉलर का हो जाता है। मेले में खाने-पीने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के पैसे अलग। वाशिंगटन में पार्किंग खासी महंगी है और मेट्रो ट्रेन हमारी दिल्ली की मेट्रो की तुलना में कई गुना महंगी और सुविधाहीन है। मेट्रो के सामान्य स्टेशनों पर न तो बैठने के लिए बेंच है, न रेस्ट रूम की सुविधा। खाने-पीने की स्टॉल भी कुछ एक स्टेशनों पर एक सीमित क्षेत्र में है। दिल्ली मेट्रो में यात्रियों को जानकारी देने की जो व्यवस्था है वैसी व्यवस्था वहां नहीं है। न तो ढंग से इंडिकेटर लगाए गए है और ना ही प्रॉपर अनाउंसमेंट होता है। मेट्रो ट्रेन में कर्मचारी भी गिने-चुने ही होते है। टिकिट खरीदना हो तो ऑटोमेटेड वेंडिंग मशीन से खरीदो। उसी टिकिट को मशीन में डालो और स्टेशन पर जाने का दरवाजा खुल जाता है। जापानी फेस्टिवल जैसे मौके पर भी वहां यात्रियों के लिए कोई अतिरिक्त सुविधा नजर नहीं आई। बड़ी संख्या में यात्री मदद के लिए यहां-वहां भटकते नजर आते है। वाशिंगटन की मेट्रो देखने के बाद यह बात दावे से कही जा सकती है कि हमारी दिल्ली या कोलकाता की मेट्रो ट्रेन वाशिंगटन डीसी की मेट्रो की तुलना में बहुत सस्ती, सुविधाजनक और आधुनिक है।
वाशिंगटन डीसी में भी लोग घरों से बाहर निकलने के पहले मौसम की जानकारी लेना नहीं भूलते। आमतौर पर आकाश खुला नहीं होता और जिस दिन बादल न हो उस दिन वहां के लोग उत्सव के मूड में आ जाते है। भारत में तो केवल बरसात के दिनों में ही बादल होते है। वहां जिस दिन धूप खिल जाए, लोगों के चेहरे खिल उठते है। अगर लगातार धूप न खिले तो उससे लोगों में मानसिक अवसाद की स्थिति पैदा होने लगती है।
कॉपीराइट © 2015 प्रकाश हिन्दुस्तानी
लोम्बार्ड स्ट्रीट में भरी दोपहर का सफर
अमेरिकी डायरी के पन्ने (4)
इस घुमावदार सड़क के साथ ही सेन फ्रांसिस्को शहर की सुंदरता, पास का ही गोल्डन गेट ब्रिज, बे एरिया में बनी शानदार इमारतें, खाड़ी के तट पर खड़ी सुंदर नौकाएं और स्पीड बोट अनायास ही ध्यान खींच लेती है। दुनिया की सबसे घुमावदार इस सड़क के बारे में यह जानकारी दिलचस्प थी कि इससे भी खतरनाक सड़क वेर्मोण्ट 20वीं और 22वीं स्ट्रीट है, लेकिन वहां उतनी प्राकृतिक सुंदरता नजर नहीं आती, इसलिए उसकी प्रसिद्धि उतनी नहीं है।
सेन फ्रांसिस्को की मशहूर रशियन हिल के इलाके की वह चमकीली दोपहर यादगार रही। जब हमारे मेजबान रमेश भाम्ब्रा जी ने कहा कि आप गाड़ी से उतर जाइए। मुझे लगा कि वे कहीं गाड़ी पार्क करने जा रहे है। फिर उन्होंने कहा कि आप सीढ़ियों से आ जाइए। बात मेरी समझ में नहीं आई, लेकिन मैं सीढ़ियों की ओर बढ़ा।
मैंने देखा कि रमेश गाड़ी चला रहे है और एक चौराहे के आगे धीमी गति से पहाड़ी सड़क उतर रहे है। वहां स्पीड लिमिट का निशान लगा था, जिस पर लिखा था 5। सड़क के दोनों तरफ फूलों की खूबसूरत क्यारियां और शानदार मकान। सेन फ्रांसिस्को का बे एरिया और गोल्डन गेट ब्रिज तो मशहूर है ही, इस सड़क के बारे में मैंने पहले नहीं सुना था। सड़क के दोनों तरफ बने शानदार मकानों में अमेरिका के कई मशहूर लोग रहते है, यह जानकारी भी मेरे लिए नई थी। दिलचस्प बात यह थी कि ऐसी चढ़ाई वाले इलाके में भी लोगों ने शानदार बगीचे और गैराज बना रखे थे। निश्चित ही वह वन-वे था। मैंने मुंबई और दिल्ली में बहुत से शहरी पहाड़ी इलाके देखें है, जो अब पहाड़ी कम ही नजर आते है। मुंबई में मलाबार हिल, कम्बाला हिल जैसे इलाके देखें है और दिल्ली में रायसीना हिल उसके आगे कुछ भी नहीं। मुझे बताया गया कि अगर इस सड़क पर कोई वाहन चालक बगैर दुर्घटना के वाहन चला लें तो समझो वह बहुत ही कुशल ड्रायवर है।
सर्पीली सड़क सीमेंट कांक्रीट की बजाय लाल रंग की इन्टरलाकिंग ईटों से बनी है। अमेरिका के सबसे महंगे शहरों में से एक है सेन फ्रांसिस्को और सेन फ्रांसिस्को की यह सड़क दुनिया की सबसे महंगी आवासीय बस्तियों वाले क्षेत्र में मानी जाती है। इतनी सर्पीली सड़क होने के बावजूद भी वहां दुर्घटनाएं नगण्य होती है। इसका कारण यह है कि यातायात के नियमों का सख्ती से पालन होता है और यातायात पुलिस इस इलाके पर विशेष ध्यान रखती है। कार से उतरते समय जब एक के बाद एक घुमाव आते है तो सांस ऊपर की ऊपर रह जाती है। यह सड़क पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केन्द्र है।
इस घुमावदार सड़क के साथ ही सेन फ्रांसिस्को शहर की सुंदरता, पास का ही गोल्डन गेट ब्रिज, बे एरिया में बनी शानदार इमारतें, खाड़ी के तट पर खड़ी सुंदर नौकाएं और स्पीड बोट अनायास ही ध्यान खींच लेती है। दुनिया की सबसे घुमावदार इस सड़क के बारे में यह जानकारी दिलचस्प थी कि इससे भी खतरनाक सड़क वेर्मोण्ट 20वीं और 22वीं स्ट्रीट है, लेकिन वहां उतनी प्राकृतिक सुंदरता नजर नहीं आती, इसलिए उसकी प्रसिद्धि उतनी नहीं है।
इस इलाके में रहने वालों ने 1920 से यहां बसना शुरू किया था। तब भी उन्हें लगता था कि यह जगह वाहन चलाने के लिए उपयुक्त नहीं होगी, लेकिन इसकी सुंदरता के आगे वे सब नतमस्तक हो गए। पूरी लोम्बार्ड स्ट्रीट को चौड़ा करके सीधी सड़क बनाने का स्थानीय निवासियों ने विरोध किया और पूरी सड़क को फूलों की क्यारियों से लाद दिया। इस सड़क पर फूलों के बीच से कारें रेंगती हुई धीरे-धीरे नीचे की तरफ आती है। वहां से सेनफ्रांसिस्को का सुंदर नजारा भी दिखता है। दर्जनों स्थानीय पर्यटक वहां कुछ इमारतों के आगे खड़े होकर फोटो खिंचाते नजर आते है। यह इमारतें वहां के प्रसिद्ध लोगों की है। हॉलीवुड की कई फिल्मों की शूटिंग यहां हुई है और होती भी रहती है। करीब 100 साल पुरानी इस बस्ती में कई भुतहा महलनुमा इमारतें भी है। अल्प्रेâड हिचकॉक की प्रसिद्ध फिल्म वर्टिगो इसी इलाके में फिल्माई गई थी।
लोम्बार्ड स्ट्रीट के करीब खाड़ी तट पर अनेक बंदरगाह है। जिनमें पियर 39 सबसे लोकप्रिय पिकनिक स्थल है। यहां खाने-पीने की दर्जनों दुकानें है। दुनिया की सभी तरह की शराबें और खाद्य पदार्थ यहां उपलब्ध है। पर्यटकों को खरीददारी के लिए भी यह जगह मुफीद है। दुनियाभर की पर्यटक आपको यहां नजर आ जाएंगे। लोम्बार्ड स्ट्रीट अपने आप में अनूठी जगह है।
कॉपीराइट © 2015 प्रकाश हिन्दुस्तानी
Subscribe to:
Posts (Atom)












































