Showing posts with label अमेरिकी डायरी के पन्ने. Show all posts
Showing posts with label अमेरिकी डायरी के पन्ने. Show all posts

Saturday, May 16, 2015

वाशिंगटन डीसी का दिलचस्प डक-टूर

अमेरिकी डायरी के पन्ने (6)


वाशिंगटन डीसी की यात्रा के दौरान डक-टूर अपने आप में दिलचस्प अनुभव रहा। करीब डेढ़ घंटे में यह टूर वाशिंगटन डीसी की आधी से ज्यादा प्रमुख जगहों की एक झलक दिखा देता है। वाशिंगटन डीसी की शानदार सड़कों से गुजरता हुआ यह वाहन एक स्थान पर जाकर वाशिंगटन डीसी के बीच से बहती हुई पोटोमेक नदी में उतर जाता है। जो वाहन सड़क पर होता है वहीं वाहन नदी की सैर भी कराता है। वास्तव में टू इन वन। 1942 में पर्ल हार्बर पर हुए ऐतिहासिक हमले के बाद ऐसे वाहनों का ईजाद  किया गया जो सड़क पर भी चले और पानी में भी।
 इन वाहनों को पानी में ले जाने के लिए किसी बंदरगाह की जरूरत नहीं, सिर्फ एक छोटी सी रपट ही काफी होती है। यह वाहन युद्ध के लिए तैयार किया गया था, इसलिए इसमें लग्जरी की आशा करना सही नहीं होगा। भारत की सरकारी बसों की सीटें जैसी सीटें काफी ऊंची लगाई जाती है। सड़क पर बस का मजा और नदी में नाव का। पोटोमेक नदी में चलते हुए यह बस एक ऐसे मुहाने पर ले जाती है जहां से वाशिंगटन डीसी का अंतर्राष्ट्रीय विमानतल नजर आता है। दिन के समय औसतन दो मिनिट में एक विमान यहां से उड़ान भरता है। नदी के मुहाने और एयरपोर्ट के बीच कोई बड़ी दीवार नहीं है। हमारे यहां एयरपोर्ट जिस तरह दीवारों से घिरे रहते है वैसा कुछ भी नहीं है। केवल एक छोटा सा बोर्ड नजर आया जिस पर लिखा था कि यह सुरक्षित क्षेत्र है यहां हर किसी को आने की अनुमति नहीं है।
यूनियन पार्क स्टेशन के करीब, कोलम्बस चौराहे पर जब हमने इस डक-टूर के बारे में पूछताछ की तो एक अधेड़ से गौरे अमेरिकी ने बहुत ही संयमित होकर हमें पूरी जानकारी दी। हमने टिकिट खरीदा तब उन्होंने बताया कि टूर में अभी करीब एक घंटा है, तब तक आप नेशनल पार्क तक घूम कर आ सकते हैं। जब हम लौटकर आए तब वहीं सज्जन कंडक्टर की तरह टिकिट चेक करते हुए नजर आए। हमने आखिर सबसे पीछे वाली सीट चुनी जहां से आगे और पीछे के नजारे खुलकर देखे जा सकते थे। हमें बहुत आश्चर्य हुआ जब उन्हीं सज्जन ने कहा कि अब हम डक-टूर के लिए रवाना होने वाले है और उन्होंने उस वाहन की सीढ़ी ऊपर कर दी। अचरज हुआ जब हमने देखा कि वही सज्जन सिर पर एक टोप पहनकर वाहन की ड्रायवर की सीट पर जाकर बैठ गए। वहां बैठे-बैठे ही उन्होंने कार्डलेस माइक्रोफोन लगा लिया। अरे, यह क्या? जो सज्जन टिकिट बेच रहे थे, वहीं कंडक्टर है और वे ही ड्रायवर भी। इतना तो ठीक था- हमारे टूर के गाइड भी वही सज्जन थे। उन्होंने घोषणा की कि जापानी फेस्टिवल सकूरा मत्सुरी के कारण आज यातायात बहुत अस्त-व्यस्त है, इस कारण हमें थोड़ा सा विलम्ब हो सकता है।

हमारे कंडक्टर- ड्रायवर - सह गाइड हमें बताते जा रहे थे कि हमारा वाहन किधर से जा रहा है और हमारे आसपास कौन-कौन से प्रमुख स्थान है। सबसे पहले उन्होंने यूनियन स्टेशन के पास जापानी अमेरिकन मेमोरियल के बारे में बताया। फिर हमें यूएस कोर्ट हाऊस दिखाया, जो वहां की सर्वोच्च अदालत का मुख्यालय है। नेशनल गैलेरी ऑफ आर्ट्स, नेशनल आर्काइव्स, यूएस नेवी मेमोरियल, ओल्ड पोस्ट ऑफिस पेवेलियन, व्हॉइट हाऊस, वाशिंगटन मोनुमेंट, लिंकन मेमोरियल और पेंटागॉन जेफरसन मेमोरियल होते हुए वह वाहन पोटोमेक नदी में उतर गया। नदी में से गुजरते हुए वहां के प्राकृतिक नजारे और वाशिंगटन डीसी की विशाल अट्टालिकाएं साफ नजर आ रही थी। यहां तक की रोनाल्ड रीगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे भी साफ नजर आ रहा था। डक-टूर के दौरान ही वाहन से हमें होलोकास्ट मेमोरियल, बॉटनिकल गार्डन, एयर एंड स्पेस म्यूजियम, अमेरिकन इंडियन म्यूजियम, स्मिथ सोनिअन म्यूजियम होते हुए वापस लाया गया।

मुझे यह बात बड़ी दिलचस्प लगी कि जो व्यक्ति सड़क पर वाहन चला रहा था वहीं व्यक्ति नदी में भी वाहन चला रहा था। इस दौरान उसने वाशिंगटन डीसी की जगहों से जुड़े तमाम ऐतिहासिक तथ्य हमें बताए और वह भी दिलचस्प अंदाज में। जब हमारा वाहन नदी में उतरा तब उसने हमें पीले रंग की एक व्हिसल दी, जिसमें फूंक मारने पर बतख की आवाज जैसी ध्वनि निकलती थी। गाइड ने हमें कहा कि हम उसे कितनी भी बार बजा सकते है। पोटोमेक नदी में डक-टूर के साथ-साथ हमें कई बतख भी पानी में तेरती मिली। अनेक लोग थे जो अपनी कारों के पीछे ट्रॉली में मोटर बोट लादकर लाए थे। हमारे वाहन के साथ-साथ वे लोग भी रिवर्स मोड में अपनी कार से मोटर बोट पानी में उतार रहे थे। वाहन में सवार बच्चों और किशोरों को एक-एक करके उस डक बोट को चलाने का अवसर भी उन्होंने दिया। इस दौरान वाहन चालक वहां मौजूद रहे। बोट पर सवार बच्चों और किशोरों का उत्साह देखते ही बनता था। इस यात्रा की सबसे बड़ी बात यह थी कि जब वह वाहन सड़क पर होता था तब हमारी सीट इतनी ऊंची थी कि कोई भी कार हमें साइड सिइंग से नहीं रोक सकती थी।
हमें बताया गया कि डक-टूर में उपयोग किया जाने वाला वाहन दूसरे विश्व युद्ध के दौरान लड़े जाने वाले वाहन जैसा ही है। पर्यटकों के लिहाज से उसमें थोड़े से परिवर्तन किए गए थे। विश्व युद्ध के दौरान इन वाहनों का उपयोग एम्बुलेंस के तौर पर भी होता था और आग या पानी में तबाह हो रहे वाहनों को बचाने के लिए भी। पोटोमेक नदी में हमें कई लग्जरी मोटर बोट भी दिखीं।उन वाहनों में बार और रेस्टोरेंट की सुविधाएं भी थी। उनमें से कुछ तो वातानुकूलित भी थे। उनका किराया हमारे डक-टूर की तुलना में निश्चित ही काफी ज्यादा था। डक-टूर वाले वाहन के बारे में हमें यह भी बताया गया कि यह वाहन सड़क और नदी के अलावा उबड़-खाबड़ रास्ते पर भी धीमी गति से चल सकता है और रेतीली जमीन पर तेजी से दौड़ सकता है। इसी कारण विश्व युद्ध के दौरान यह वाहन उन जहाजों की मदद कर पाता था जो पानी में होते थे और बंदरगाह पर आने के लिए उनके पास समय नहीं होता था। पर्यटकों के लिए इस वाहन में सुरक्षा के सारे इंतजाम मौजूद थे। सुरक्षा जैकेट, वायरलेस सम्पर्क तंत्र, ध्वनि विस्तारक यंत्र आदि चीजें मौजूद थी। फस्र्ट ऐड का सामान भी उपलब्ध था।
अगर आप वाशिंगटन डीसी की यात्रा पर जाएं और कम समय में तथा कम खर्च मेंं घूमने की इच्छा रखते हो तब यह आपका मनपसंद टूर हो सकता है। डेढ़ घंटे में आप प्रमुख-प्रमुख स्थान की झलकियां देख सकते है। इसके बाद भी आपके पास वाशिंगटन डीसी के पर्यटन केन्द्र घूमने का समय तो बचता ही है। इस टूर के माध्यम से आप चयन कर सकते है कि कौन-सी जगह जाना आप पसंद करेंगे। वाशिंगटन डीसी के म्यूजियम, स्मारक और बगीचे आपका मन मोह लेंगे और मजबूर करेंगे कि आप ज्यादा से ज्यादा समय इसी शहर को समर्पित करें। और हां, अगर आप सकुरा मत्सुरी उत्सव के दौरान यहां जाएं तो खुले बगीचे और मैदान छोड़कर जाने की इच्छा नहीं होगी।
कॉपीराइट © 2015 प्रकाश हिन्दुस्तानी

वाशिंगटन डीसी में चेरी ब्लॉसम और सकूरा मत्सुरी की मस्ती

अमेरिकी डायरी के पन्ने (5)


मार्च के आखिरी दिनों में पूरा वाशिंगटन डीसी ही एक बगीचे की तरह हो जाता है। शहर में लगे चेरी के हजारों पेड़ों पर फूल खिल आते है और फूलों से लदे ये पेड़ एक अलग ही छवि बनाते है। मध्य अप्रैल आते-आते ये पेड़ अलग रूप धारण कर लेते है और इन पर फल आना शुरू होते है। चेरी के ये हजारों पेड़ अलग-अलग रंगों के है। गुलाबी, लाल, सफेद, बैंगनी फूलों से लदे ये पेड़ दुनियाभर के पर्यटकों को अपनी तरफ खींच लेते है। इन्हीं दिनों यहां जापानी फेस्टिवल सकूरा मत्सुरी भी होता है। कई प्रमुख सड़कें बंद कर दी जाती है और उन सड़कों पर जापान के हजारों लोग जमा हो जाते है।
जापानी वस्त्रों का मेला लग जाता है। जापानी खान-पान के स्टॉल खुल जाते है, जापानी संगीत और नृत्य से माहौल त्यौहारमय हो जाता है। कहीं जापानी भाषा में भाषण होते रहते है तो कहीं जापानी युवक-युवतियों की परेड, कहीं फैशन शो, तो कहीं मार्शल आर्ट का प्रदर्शन। कहीं जापानी कला व संस्कृति को प्रदर्शित करती नुमाइशें, तो कहीं जापानी स्मृति चिन्हों के बाजार। जगह-जगह जापानी युवक-युवतियों के नृत्य के लिए मंच सजे होते है। वाशिंगटन डीसी के ठीक बीच से बहती हुई पोटोमेक नदी के किनारों पर चेरी के इन वृक्षों की खूबसूरती देखती ही बनती है। सबसे पहले चेरी के इन वृक्षों को रोपने का काम पोटोमेक नदी के किनारे ही किया गया। आज भी पोटोमेक के किनारे-किनारे चेरी के इन वृक्षों के साथ-साथ टहलना अद्भुत अनुभव देता है।
दूर-दूर से जापानी लोग इस समारोह में आते है। ऐसा लगता है मानो हम वाशिंगटन डीसी में न होकर जापान के किसी शहर में जश्न मना रहे हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन जापानी फैस्टिवल मनाया जाता है वह और उसके आसपास के दिन ‘पीक ब्लूम’ के दिन होते हैं। पीक ब्लूम के बाद चेरी के पेड़ों से फूल झड़ना शुरू हो जाते है।
वाशिंगटन डीसी में कहीं भी जाए, ऐसे शानदार चेरी के वृक्ष कतारबंद नजर आते है। पूरा माहौल रंगीन हो जाता है। हमारे देश में जैसे होली के पहले पलाश के फूल जंगल में नजर आते है। पलाश के पेड़ों पर लाल फूलों की मात्रा सीमित होती है, लेकिन चेरी के पेड़ पर पत्ते नजर नहीं आते केवल फूल, फूल और फूल। चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल और जापानी फेस्टिवल मिलकर वाशिंगटन डीसी को एक नया ही रूप दे देते है। 
वाशिंगटन डीसी के ये चेरी के पेड़ जापान और अमेरिका की दोस्ती के प्रतीक है। जापान ने करीब 50 हजार पौधे अमेरिका को समय-समय पर उपहार में दिए और उनकी देखरेख करने का तरीका भी बताया। करीब सवा सौ साल पहले इसकी अनौपचारिक शुरूआत हुई थी, लेकिन औपचारिक शुरूआत 1910 में हुई। जब 2000 पौधे जापान की तरफ से भेजे गए। 1912 में ऐसे तीन हजार पौधे और भेजे गए। धीरे-धीरे करके करीब 50 हजार पौधे अमेरिका को उपहार में दिए गए जो आज बढ़कर कई लाख हो गए। इसके बदले अमेरिका ने भी अपने देश के अनेक पेड़-पौधे और वनस्पतियां जापान को उपहार में दी। बरसों बरस वाशिंगटन में किसी भी प्रमुख समारोह में चेरी के पौधे रोपने का कार्य किया जाता रहा।
यूएसए की राजधानी होने के नाते वाशिंगटन डीसी में वैसे ही व्यवस्था बड़ी चाक-चौबंद होती है। चेरी ब्लॉसम और जापानी फेस्टिवल के दौरान तो यह और भी मजबूूत नजर आती है। किसी की क्या मजाल जो नियमों की अनदेखी कर दे। मेट्रो ट्रेन, बस और कारों में जापानी परिधानों में सजे जापानी नागरिक अलग ही नजर आते है। जापानी नागरिक आम अमेरिकियों से अलग है। वे आमतौर पर दुबले-पतले और कम ऊंचाई के होते है। बोलते इतना धीमे है कि आपको लगे कि वह फुस-फुसा रहे है। जापानी फेस्टिवल में सुबह आठ-साढ़े आठ बजे से ही भीड़ इकट्ठा होना शुरू होती है। मुख्य कार्यक्रम तीन बजे तक चलते है और उसके बाद भीड़ छंटने लगती है। वैसे ये कार्यक्रम शाम 6 बजे तक चलते है। इस दौरान लोग वाशिंगटन के प्रमुख स्थानों पर भी घूमने चले आते है। इसलिए हर जगह भीड़ ही भीड़ दिखाई देती है। वैसे भी वाशिंगटन डीसी संग्रहालयों, बगीचों और ऐतिहासिक इमारतों का शहर है। सभी प्रमुख सरकारी कार्यालय यहां है। व्हॉइट हाऊस भी इसी शहर में पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बना रहता है।
जापानी फेस्टिवल की विचित्र बात यह लगी कि स्ट्रीट फेस्टिवल होने के बावजूद सड़कें बंद करके इस कार्यक्रम के लिए टिकिट बेचे जाते है। 20 डॉलर का एक टिकिट। तीन बजे के बाद यहीं टिकिट 10 डॉलर का हो जाता है। मेले में खाने-पीने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के पैसे अलग। वाशिंगटन में पार्किंग खासी महंगी है और मेट्रो ट्रेन हमारी दिल्ली की मेट्रो की तुलना में कई गुना महंगी और सुविधाहीन है। मेट्रो के सामान्य स्टेशनों पर न तो बैठने के लिए बेंच है, न रेस्ट रूम की सुविधा। खाने-पीने की स्टॉल भी कुछ एक स्टेशनों पर एक सीमित क्षेत्र में है। दिल्ली मेट्रो में यात्रियों को जानकारी देने की जो व्यवस्था है वैसी व्यवस्था वहां नहीं है। न तो ढंग से इंडिकेटर लगाए गए है और ना ही प्रॉपर अनाउंसमेंट होता है। मेट्रो ट्रेन में कर्मचारी भी गिने-चुने ही होते है। टिकिट खरीदना हो तो ऑटोमेटेड वेंडिंग मशीन से खरीदो। उसी टिकिट को मशीन में डालो और स्टेशन पर जाने का दरवाजा खुल जाता है। जापानी फेस्टिवल जैसे मौके पर भी वहां यात्रियों के लिए कोई अतिरिक्त सुविधा नजर नहीं आई। बड़ी संख्या में यात्री मदद के लिए यहां-वहां भटकते नजर आते है। वाशिंगटन की मेट्रो देखने के बाद यह बात दावे से कही जा सकती है कि हमारी दिल्ली या कोलकाता की मेट्रो ट्रेन वाशिंगटन डीसी की मेट्रो की तुलना में बहुत सस्ती, सुविधाजनक और आधुनिक है।
वाशिंगटन डीसी में भी लोग घरों से बाहर निकलने के पहले मौसम की जानकारी लेना नहीं भूलते। आमतौर पर आकाश खुला नहीं होता और जिस दिन बादल न हो उस दिन वहां के लोग उत्सव के मूड में आ जाते है। भारत में तो केवल बरसात के दिनों में ही बादल होते है। वहां जिस दिन धूप खिल जाए, लोगों के चेहरे खिल उठते है। अगर लगातार धूप न खिले तो उससे लोगों में मानसिक अवसाद की स्थिति पैदा होने लगती है।
कॉपीराइट © 2015 प्रकाश हिन्दुस्तानी

लोम्बार्ड स्ट्रीट में भरी दोपहर का सफर

अमेरिकी डायरी के पन्ने (4)


सेन फ्रांसिस्को की मशहूर रशियन हिल के इलाके की वह चमकीली दोपहर यादगार रही। जब हमारे मेजबान रमेश भाम्ब्रा जी ने कहा कि आप गाड़ी से उतर जाइए। मुझे लगा कि वे कहीं गाड़ी पार्क करने जा रहे है। फिर उन्होंने कहा कि आप सीढ़ियों से आ जाइए। बात मेरी समझ में नहीं आई, लेकिन मैं सीढ़ियों की ओर बढ़ा।
मैंने देखा कि रमेश गाड़ी चला रहे है और एक चौराहे के आगे धीमी गति से पहाड़ी सड़क उतर रहे है। वहां स्पीड लिमिट का निशान लगा था, जिस पर लिखा था 5। सड़क के दोनों तरफ फूलों की खूबसूरत क्यारियां और शानदार मकान। सेन फ्रांसिस्को का बे एरिया और गोल्डन गेट ब्रिज तो मशहूर है ही, इस सड़क के बारे में मैंने पहले नहीं सुना था। सड़क के दोनों तरफ बने शानदार मकानों में अमेरिका के कई मशहूर लोग रहते है, यह जानकारी भी मेरे लिए नई थी। दिलचस्प बात यह थी कि ऐसी चढ़ाई वाले इलाके में भी लोगों ने शानदार बगीचे और गैराज बना रखे थे। निश्चित ही वह वन-वे था। मैंने मुंबई और दिल्ली में बहुत से शहरी पहाड़ी इलाके देखें है, जो अब पहाड़ी कम ही नजर आते है। मुंबई में मलाबार हिल, कम्बाला हिल जैसे इलाके देखें है और दिल्ली में रायसीना हिल उसके आगे कुछ भी नहीं। मुझे बताया गया कि अगर इस सड़क पर कोई वाहन चालक बगैर दुर्घटना के वाहन चला लें तो समझो वह बहुत ही कुशल ड्रायवर है। 


सर्पीली सड़क सीमेंट कांक्रीट की बजाय लाल रंग की इन्टरलाकिंग ईटों से बनी है। अमेरिका के सबसे महंगे शहरों में से एक है सेन फ्रांसिस्को और सेन फ्रांसिस्को की यह सड़क दुनिया की सबसे महंगी आवासीय बस्तियों वाले क्षेत्र में मानी जाती है। इतनी सर्पीली सड़क होने के बावजूद भी वहां दुर्घटनाएं नगण्य होती है। इसका कारण यह है कि यातायात के नियमों का सख्ती से पालन होता है और यातायात पुलिस इस इलाके पर विशेष ध्यान रखती है। कार से उतरते समय जब एक के बाद एक घुमाव आते है तो सांस ऊपर की ऊपर रह जाती है। यह सड़क पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केन्द्र है। 




इस घुमावदार सड़क के साथ ही सेन फ्रांसिस्को शहर की सुंदरता, पास का ही गोल्डन गेट ब्रिज, बे एरिया में बनी शानदार इमारतें, खाड़ी के तट पर खड़ी सुंदर नौकाएं और स्पीड बोट अनायास ही ध्यान खींच लेती है। दुनिया की सबसे घुमावदार इस सड़क के बारे में यह जानकारी दिलचस्प थी कि इससे भी खतरनाक सड़क वेर्मोण्ट 20वीं और 22वीं स्ट्रीट है, लेकिन वहां उतनी प्राकृतिक सुंदरता नजर नहीं आती, इसलिए उसकी प्रसिद्धि उतनी नहीं है। 




इस इलाके में रहने वालों ने 1920 से यहां बसना शुरू किया था। तब भी उन्हें लगता था कि यह जगह वाहन चलाने के लिए उपयुक्त नहीं होगी, लेकिन इसकी सुंदरता के आगे वे सब नतमस्तक हो गए। पूरी लोम्बार्ड स्ट्रीट को चौड़ा करके सीधी सड़क बनाने का स्थानीय निवासियों ने विरोध किया और पूरी सड़क को फूलों की क्यारियों से लाद दिया। इस सड़क पर फूलों के बीच से कारें रेंगती हुई धीरे-धीरे नीचे की तरफ आती है। वहां से सेनफ्रांसिस्को का सुंदर नजारा भी दिखता है। दर्जनों स्थानीय पर्यटक वहां कुछ इमारतों के आगे खड़े होकर फोटो खिंचाते नजर आते है। यह इमारतें वहां के प्रसिद्ध लोगों की है। हॉलीवुड की कई फिल्मों की शूटिंग यहां हुई है और होती भी रहती है। करीब 100 साल पुरानी इस बस्ती में कई भुतहा महलनुमा इमारतें भी है। अल्प्रेâड हिचकॉक की प्रसिद्ध फिल्म वर्टिगो इसी इलाके में फिल्माई गई थी। 
लोम्बार्ड स्ट्रीट के करीब खाड़ी तट पर अनेक बंदरगाह है। जिनमें पियर 39 सबसे लोकप्रिय पिकनिक स्थल है। यहां खाने-पीने की दर्जनों दुकानें है। दुनिया की सभी तरह की शराबें और खाद्य पदार्थ यहां उपलब्ध है। पर्यटकों को खरीददारी के लिए भी यह जगह मुफीद है। दुनियाभर की पर्यटक आपको यहां नजर आ जाएंगे। लोम्बार्ड स्ट्रीट अपने आप में अनूठी जगह है।
कॉपीराइट © 2015 प्रकाश हिन्दुस्तानी