Showing posts with label Ujjain. Show all posts
Showing posts with label Ujjain. Show all posts

Monday, June 22, 2015

विचारों का महाकुंभ भी


सिंहस्थ 2016 (3)                          

 मानव सभ्यता से जुड़े लगभग हर क्षेत्र के विषय पर इस विचार कुंभ में चर्चा होगी। धर्म का हो या राजनीतिक का हो या मानवीय सभ्यता  के विकास का। मानव सभ्यता से जुड़े लगभग हर क्षेत्र के विषय पर इस विचार कुंभ में चर्चा होगी।                                           
..............................................................................................................................................

सिंहस्थ 2016 एक तरह से अनूठा होने जा रहा है। यह सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं एक वैचारिक आयोजन भी होगा। इतिहास में कभी भी सिंहस्थ पर इस तरह वैचारिक आयोजन नहीं हुए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंहस्थ के मौके पर होने वाले वैचारिक कुंभ की चर्चाओं को अंतिम रूप दे दिया है। 


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का मानना है कि 12 साल में एक बार होने वाले विश्व के इस सबसे बड़े मेले का उपयोग केवल धार्मिक पर्यटन के लिए नहीं, वैचारिक क्रांति के लिए भी होना चाहिए। दुनिया में होने वाले हर परिवर्तन की शुरुआत विचारों से ही होती है और सिंहस्थ के मौके पर जब करोड़ों लोग एक ही जगह आ रहे हो तब उन करोड़ों दिमागों को उद्वेलित कर जनजागृति का शंखनाद करना एक अच्छी शुरुआत कहीं जा सकती है। 

सिंहस्थ पर होने वाले वैचारिक कुंभ में जिन विषयों पर चर्चा होगी, उनके बारे में धर्मगुरुओं, साधुु-महात्माओं, बुद्धिजीवियों आदि से चर्चा हो चुकी है। इस सिंहस्थ पर कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के परिसंवाद, चर्चाएं, गोष्ठियां आदि होंगी। दुनियाभर से आए श्रद्धालु इन बौद्धिक चर्चाओं का लाभ ले सकेंगे। इस तरह विचारों की यह गंगोत्री पूरी दुनिया में फैलेगी। मानव सभ्यता से जुड़े लगभग हर क्षेत्र के विषय पर इस विचार कुंभ में चर्चा होगी। चाहे वह विषय धर्म का हो या राजनीतिक विज्ञान का हो या मानवीय सभ्यता के विकास का। समाज शास्त्र से संबंधित विषय हो या बाजार की अर्थव्यवस्था से जुड़ा, समाज के बदलते मूल्यों की चर्चा भी होगी और अतीत के शासत मूल्यों पर भी चिंतन होगा। 

सिंहस्थ पर होने वाले इस वैचारिक कुंभ में मानवीय मूल्यों की महत्ता बार-बार परिभाषित की जाएगी। चाहे यह वैचारिक मूल्य प्रशासन के क्षेत्र से जुड़े हो या बाजार से। शिक्षा में मूल्यों के महत्व पर और स्वास्थ्य चेतना के क्षेत्र में मूल्य आधारित सिद्धांतों पर भी चर्चा होगी। मीडिया में मूल्यों पर भी आयोजन किए जाएंगे। पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर भी अलग-अलग चर्चा सत्र होंगे, जिनमें धरती को सुरक्षित और संरक्षित करने, महिला शक्ति की महत्ता को प्रतिपादित करने, शासन चलाने में मूलत: मालवीय सिद्धांतों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी चर्चा सत्र होंगे। पूरी दुनिया के विद्वतजन इन चर्चाओं में शिरकत करेंगे। 

सिंहस्थ 2016 तो उज्जैन में आयोजित होगा, लेकिन यह विचार कुंभ केवल उज्जैन तक सीमित नहीं रहेगा। इसके चर्चा सत्र ओंकारेश्वर, महेश्वर, इंदौर, भोपाल और अन्य निकटवर्ती क्षेत्रों में भी आयोजित किए जाएंगे। इनका मूल उद्देश्य यह है कि विचारों का लाभ उन लोगों को भी मिले, जो उज्जैन के अलावा दूसरे शहरों में भी रहते है। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस आयोजन के लिए अनेक शक्तिपीठ और आश्रमों में भी चर्चा कर चुके है। अनेक धर्मगुरुओं ने सिंहस्थ पर होने वाले इस वैचारिक महायज्ञ में आने की स्वीकृति दी है। इस कारण सिंहस्थ 2016 केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि संपूर्ण जीवनशैली का आयोजन बन जाएगा। 
--प्रकाश हिन्दुस्तानी

Monday, June 15, 2015

इस सिंहस्थ में प्रवाहमान रहेगी क्षिप्रा

सिंहस्थ 2016 (2)



नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना से 16 साल पुराना एक सपना साकार हुआ है। कालिदास ने मेघदूत में  सुंदर क्षिप्रा तट का उल्लेख किया था, उसी कल्पना को साकार करने में इससे मदद मिलेगी।



सिंहस्थ 2016 में जब करोड़ों श्रद्धालु उज्जैन में क्षिप्रा में स्नान करने के लिए आएंगे, तब उन्हें प्रवाहमान क्षिप्रा नदी का निर्मल जल मिलेगा। विगत कई दशकों से जल स्तर में भारी गिरावट के कारण क्षिप्रा सतत् प्रवाहमान नहीं रही। भू-जल स्तर भी नीचे गिरकर करीब एक हजार फीट तक हो गया था, लेकिन अब हालात बदल रहे है। नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना के कारण अब क्षिप्रा नदी में पानी सतत् प्रवाहमान है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को लाभ होगा, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र में कृषि क्रांति एक नए रूप में जन्म ले रही है। मालव भूमि गहन गंभीर पग-पग रोटी, डग-डग नीर वाली कहावत वापस चरितार्थ होने जा रही है। क्योंकि नर्मदा क्षिप्रा का मिलन सिर्फ दो नदियों का मिलन नहीं, बल्कि एक अनूठी जल क्रांति है। 

नर्मदा क्षिप्रा मिलन का लाभ वनीकरण के क्षेत्र में होगा। इससे पर्यावरण का संतुलन सुधरेगा। वनों के कारण अच्छी वर्षा की संभावनाएं बढ़ेगी। स्टॉप डेम की संख्या बढ़ जाएगी। जिससे जल स्तर ऊंचा रखने में मदद मिलेगी। पिछले साल तक क्षिप्रा केवल 4-5 महीने ही प्रवाहित रहती थी। अब बारह महीने पानी रहने से क्षिप्रा नदी के पानी का स्तर भी ज्यादा होगा और पानी की शुद्धता भी बेहतर होगी। अब क्षिप्रा नदी में त्रिवेणी से लेकर सिद्धवट साफ पानी उपलब्ध है। श्रद्धालु यहां जल का आचमन भी कर सकते है। इससे उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के उत्साह में वृद्धि होगी। उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इससे बढ़ेगी और उज्जैन तीर्थ का महत्व वैश्विक स्तर पर वापस स्थापित होने में मदद मिलेगी। 

नर्मदा क्षिप्रा मिलन से केवल तीर्थयात्री ही लाभांवित नहीं होंगे, बल्कि उज्जैन क्षेत्र में खेती और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। उज्जैन इलाके में रबी की फसल का रकबा 4 लाख 32 हजार हेक्टेयर है, लेकिन पानी की कमी के कारण करीब सवा लाख हेक्टेयर में ही खेती हो पाती थी। अब इस संपूर्ण क्षेत्र में खेती करना आसान होगा। खाद्यान और तेलहनों के अलावा सब्जी और फूलों का उत्पादन भी बढ़ेगा। इस पानी का उपयोग उज्जैन का नगर निगम भी कर सकेगा। इसके अलावा करीब 300 गांव के लोग इससे लाभांवित होंगे और देवास जिले को भी इसका हर तरह से लाभ मिलेगा। 

नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना से 16 साल पुराना एक सपना साकार हुआ है। कवि कालिदास ने मेघदूत में जितने सुंदर क्षिप्रा तट का उल्लेख किया था, उसी कल्पना को साकार करने में इससे मदद मिलेगी। अगले चरण में काली सिंध, पार्वती और गंभीर नदी को भी जोड़ने की योजनाएं है। तीनों चरण पूरे होने के बाद मध्यप्रदेश के सम्पूर्ण मालवा क्षेत्र की स्थिति अलग होगी। पर्यावरण संबंधी चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी। बेहतर पर्यावरण संतुलन का असर यह होगा कि हरा-भरा मध्यप्रदेश सम्पन्न मध्यप्रदेश के रूप में विकास करेगा। 
--प्रकाश हिन्दुस्तानी