रविवासरीय हिन्दुस्तान के एडिट पेज (6नवंबर 2011) पर मेरा कॉलम
अर्जुन की आँखोंवाले अभिनव बिंद्रा
लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद से सम्मानित अभिनव बिंद्रा प्रथम भारतीय हैं जिन्होंने 112 साल के ओलिम्पिक इतिहास में व्यक्तिगत श्रेणी में पहला स्वर्ण पदक जीता. वे अब तक तीन ओलिम्पिक में निशानेबाजी आजमा चुके हैं और अब लन्दन में होनेवाले ओलिम्पिक की तैयारी में जुटे हैं. उन्हें अपनी 'तथाकथित प्रतिभा' का दंभ नहीं है और वे सहजता से कह देते हैं हैं कि मैं साधारण खिलाड़ी हूँ, लेकिन मैंने अपनी लगन, मेहनत, निष्ठा और योजनाबद्ध प्रयासों से लक्ष्य को पा लिया है. अगर मैं यह कर सकता हूँ तो आप भी अपने लक्ष्य पा सकते हैं. वे 18 की उम्र में अर्जुन अवार्ड पा चुके हैं, १९ की उम्र में राजीव गाँधी खेल रत्न पा चुके हैं. वे 29 के हैं और उन्हें पद्मभूषण मिल चुका है, उनकी आत्मकथा बाज़ार में छपकर आ चुकी है और वे लाखों युवकों के लिए प्रेरणा के केंद्र हैं. बचपन में 11 साल की उम्र तक खेलों से नफ़रत करनेवाले और फिर निशानेबाजी में स्वर्पदक पानेवाले अभिनव बिंद्रा की सफलता के कुछ सूत्र :
खेल से नफ़रत मत करो
अभिनव ने 11 साल की उम्र तक कोई खेल नहीं खेला. यहाँ तक कि उन्हें खेलों से नफ़रत थी, लेकिन दून स्कूल के होस्टल में उन्हें हर दूसरे दिन पिता मंजीत सिंह की चिट्ठी मिलती, जिसमें लिखा होता कि बेटा, अगर पढ़ाई में मन न लगे तो कोई बात नहीं, लेकिन खेलों की अनदेखी मत करना. अभिनव ने टेनिस में आजमाइश की, पर जमा नहीं, गोल्फ पर भी हाथ आजमाया, लेकिन वहां भी मज़ा नहीं आया. अभिनव के पिता की घर के पिछवाड़े में इंडोर शूटिंग रेंज थी, जहाँ उनके पिता के दोस्त लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस ढिल्लों ने उनकी संभावनाओं को खोजा. वे ही उनके पहले कोच बने और फिर उनकी प्रतिभा को संवारा डॉ अमित भट्टाचार्य ने, वे आज भी अभिनव के साथ पूरी दुनिया में जाते हैं. केवल 16 साल से भी कम की उम्र में वे कामनवेल्थ गेम्स में अपना निशाना आजमा चुके थे. 2000 के ओलिम्पिक में उन्हें 590 अंक मिले थे और वे ग्यारहवे नंबर पर थे. वे क्वालिफाय नहीं कर पाए क्योंकि शुरू के आठ में नहीं थे, लेकिन बाद में उन्होंने जो कुछ पाया, वह इतिहास है.
उतार-चढ़ाव में रखें हिम्मत
ओलिम्पिक में क्वालिफाय न कर पाना दिल तोड़ने वाली घड़ी थी, लेकिन अभिनव ने अगले ही साल विभिन्न अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में छह स्वर्ण पदक बटोरे. उन्हें इसी साल देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान राजीव गाँधी खेल रत्न मिला. 2002 के कामनवेल्थ खेलों में युगल श्रेणी में स्वर्ण और सिंगल्स में रजत पदक जीता. 2004 के एथेंस ओलिम्पिक के लिए उन्होंने जी-जान लगा दी थी, और क्वालिफाइंग राउंड में 597 का स्कोर लाकर वे तीसरे स्थान पर पहुंचे थे, लेकिन फायनल में वे पिछड़कर सातवें पायदान पर जा पहुंचे. एथेंस ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने के बाद पदक नहीं मिलने पर वे टूट गए थे। निराशा में उन्होंने यहां तक कहा कि वह कभी टेलेंटेड शूटर नहीं रहे। लेकिन फिर अपने आप को सहेजा और हिम्मत के साथ जुट गए. उनके अभिभावक, मित्र, कोच सभी उनके साथ थे ही.
कड़ी मेहनत भी प्रतिभा है
अभिनव बिंद्रा का विचार है कि कड़ी मेहनत करना भी प्रतिभाशाली होने का लक्षण है. कड़ी मेहनत कोई भी कर सकता है और कामयाबी पा सकता है. सफल होने का सबसे सरल फार्मूला है कड़ी मेहनत करना. लेकिन योजना बनाकर कड़ी मेहनत करने के और भी अच्छे परिणाम हो सकते हैं. अभिनव बिंद्रा ने अपनी कामयाबी का ब्ल्यू प्रिंट बनाया, उसमें निशाना था बीजिंग में होनेवाले ओलिम्पिक खेल. लक्ष्य आसान नहीं था, और इसी बीच वे चोटग्रस्त हो गए. लेकिन हिम्मत नहीं हारी. लक्ष्य पर निगाहें ऐसे ही थीं जैसी अर्जुन की रही होंगी. उन्होंने फिजीकल और मेंटल ट्रेनिंग सहित सभी पहलुओं को चुनौती के रूप में लिया। कभी वे खुद सोचते कि खेल में आप हमेशा नहीं जीत सकते, लेकिन अगले ही पल मन में संकल्प करते कि हर खेल जीतने के लिए ही होता है, हर स्वर्ण पदक पर किसी न किसी का नाम लिखा ही होता है, तो मेरा नाम क्यों नहीं? उन्हें यह बात कचोटती कि ओलिम्पिक खेलों में भारत को कोई भी स्वर्ण पदक क्यों नहीं मिला? उन्होंने खेल और जीवन में संतुलन बनाये रखा और वह हर तरीका अपनाया जिससे उनकी जीत की संभावना प्रबल होती.
पराजय से नफ़रत
अभिनव बिंद्रा को पराजय से नफ़रत हो गयी थी और इसने उन्हें स्वर्ण पदक दिलाने में प्रमुख भूमिका निभायी थी. बीजिंग ओलिम्पिक में भाग लेते वक़्त यह बात उन्हें बिलकुल नहीं जम रही थी कि हमें खेलने में विश्वास करना है, जीत-हार तो लगी रहती है. जीतें या हारें, खेलना लक्ष्य रहे, यह तर्क उन्हें बेमानी लग रहा था, खेल में सर्वोच्च शिखर को छूना ही लक्ष्य होना चाहिए. ओलिम्पिक में दस मीटर एयर रायफल शूटिंग में क्वालिफाइंग राउंड में चौथे स्थान पर थे, लेकिन अंतिम राउंड के बाद वे सबसे आगे थे. 1980 में मास्को ओलिम्पिक के बाद भारत ने यह पहला गोल्ड मैडल जीता था और ओलिम्पिक इतिहास में यह किसी एक भारतीय खिलाड़ी का जीता पहला स्वर्ण पदक. उन्हें पुरस्कार के रूप में तीन करोड़ से भी ज्यादा नकद मिले थे.
सही मार्गदर्शन का महत्व
बिना उचित मार्गदर्शन के सफलता आसान नहीं होती. हालाँकि अभिनव संपन्न परिवार के हैं और पंजाब में उनके अपने घर में ही निजी शूटिंग रेंज भी है, लेकिन उनके पहले कोच लेफ्टिनेंट कर्नल ढिल्लों और डॉ अमित भट्टाचार्य के सहयोग के बिना वे आज यह मुकाम नहीं पा सकते थे. वे हमेशा अपने कोच और परिवार का आभार मानते हैं और उनके लिए दुआएं करते हैं. डॉ भट्टाचार्य साए की तरह उनके साथ हर टूर्नामेंट में जाते हैं चाहे सिडनी हो या एथेंस, बीजिंग हो या मोंट्रियल. वास्तव में भट्टाचार्य उनके मेंटल ट्रेनर हैं और जब अभिनव 13 साल के थे, तब से ही वे हर वक्त उनके साथ जाते हैं और उन्हें समझाइश देते रहते हैं कि वे अपने मनोबल को कैसे बनाये रखें. अभिनव बिंद्रा की वर्तमान कोच स्विट्ज़रलैंड की गेब्रियला बुह्लमन हैं जो 1988 से 2004 के पाँच ओलिम्पिक खेलों में शूटिंग स्पर्धाओं में जा चुकी हैं.
प्रतिस्पर्धी का सम्मान करें
श्रीमती इंदिरा गाँधी ने कहा था कि विजयी को विनयी रहना चाहिए. इसे अभिनव नारंग ने पूरी तरह आत्मसात कर लिया है. वे शूटिंग रेंज में भी अपने स्पर्धी को पूरा सम्मान देते हैं और उसका मनोबल बनाये रखने का प्रयास करते हैं. यहाँ तक कि ओलिम्पिक खेलों में भी वे अपने प्रतिस्पर्धियों का हौसला बढ़ते नज़र आये. उनका मानना है कि हर खिलाड़ी हमेशा ही जीते, यह संभव नहीं, लेकिन अगर उसका हौसला बरकरार रहे हो उसके लिए अगली जीत का मार्ग आसान हो सकता है.
समाज को वापस लौटाएं
आप इस समाज के अंग हैं और अगर आप इससे केवल लेते ही रहेंगे तो कम कैसे चलेगा? अभिनव बिंद्रा की कोशिश रहती है कि इस समाज से उन्हें जो कुछ भी मिल रहा हैं, वह वापस लौटाते जाएँ. वे नए खिलाड़ियों को सिखाते हैं कि अभ्यास, निरंतर अभ्यास और कड़ा अभ्यास ही सबसे बड़ी प्रतिभा है. इसके लिए वे युवा खिलाड़ियों को संसाधन मुहैया करा रहे हैं. वे खुद अगले साल होनेवाले लन्दन ओलिम्पिक की तैयारी में जुटे हैं और अपने से युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन भी दे रहे हैं. खेल संगठनों के कामकाज को वे सुधारना चाहते हैं और इस बारे में निडर होकर अपनी बात भी कहते हैं. मैंने व्यक्तिगत रूप से पहला स्वर्ण पदक जीता है, लेकिन और भी स्वर्ण पदक हमें जीतने हैं.
प्रकाश हिन्दुस्तानी
दैनिक हिन्दुस्तान (6 नवंबर 2011) के अंक में प्रकाशित
Showing posts with label प्रकाश हिन्दुस्तानी का कालम. Show all posts
Showing posts with label प्रकाश हिन्दुस्तानी का कालम. Show all posts
Sunday, November 06, 2011
Sunday, September 04, 2011
कलात्मक खेल ने बनाया स्टार
रविवासरीय हिन्दुस्तान, ४ सितंबर २०११ के एडिट पेज पर मेरा कॉलम
कलात्मक खेल ने बनाया स्टार
लियोनेल आंद्रेस मेसी अर्जेंटीना फ़ुटबाल टीम के स्टार स्ट्राइकर हैं, जर्सी नबर टेन. उम्र 24 साल, लेकिन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ियों में नाम शुमार है. 21 की उम्र में ही वे 'फीफा वर्ल्ड प्लेयर ऑफ़ ईयर' का ख़िताब पा चुके हैं. डिएगो मेराडोना उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित कर चुके हैं. फुटबालप्रेमियों का एक बड़ा वर्ग उन्हें पेले से बेहतर खिलाड़ी मानता है.फुटबाल के दीवाने कहते हैं कि मेसी खिलाड़ी नहीं,कलाकार हैं; क्योंकि वे फुटबाल खेलते नहीं, बल्कि मैदान में फ़ुटबाल से कविता लिखते हैं, चित्रकारी करते हैं, या संगीत की तान छेड़ते लगते हैं. उनके खेल में नशा पैदा करने की ताकत है. वे फ़ुटबाल मैदान के जादूगर हैं और वे मैदान में दर्शकों और साथी खिलाड़ियों को भी अपने खेल से विस्मित कर देते है.भारत भी उनके दीवानों का बड़ा वर्ग है. फेसबुक पर जब उनके नाम का अधिकारिक पेज बनाया गया तो केवल एक दिन में सत्तर लाख लोग उस से जुड़े, जो एक रिकार्ड है. मैसी के जादू और उनकी सफलता के कुछ सूत्र :
तकदीर से मुकाबला
मेसी अपनी तकदीर से मुकाबला करके इस मुकाम पर पहुंचे हैं. अर्जेंटीना के स्टील मिल मजदूर और सफाईकर्मी मां की चार संतानों में से एक मेसी ने पाँच साल के होते ही फुटबाल का खेल सीखना शुरू कर दिया था. 11 की उम्र में वे ग्रंडोली क्लब की तरफ से खेलने लगे थे लेकिन उनके पिता को पता चला कि मेसी को ग्रोथ हार्मोन डिफिशियंसी है और इलाज का खर्च है करीब 900 डॉलर हर माह. एक फुटबाल क्लब के संचालक मैसी की प्रतिभा से वाकिफ थे, उन्होंने मदद के पहले मैसी का खेल देखा और कलब की तरफ से एक एग्रीमेंट तैयार किया. उस एग्रीमेंट का महत्व इसी से समझा जा सकता है कि वह टॉयलेट पेपर पर लिखा गया था. इस तरह अपनी तकदीर से मैसी की पहले जंग शुरू हुई.
फुटबाल ही इबादत है
मेसी के रोम रोम में फुटबाल है. लगभग सभी महान खिलाड़ी केवल अपने पैरों से नहीं, अपने रोम रोम से फुटबाल खेलते हैं. पैर, टखना, घुटना, सिर सब फुटबाल के लिए होता है, लेकिन मेसी के खेल में खास बात होती है बिजली की तेज़ी से कौंधता उनका दिमाग और उससे संचालित उनका शरीर जो अनपेक्षित को अपेक्षित कर दिखता है और मैदान में मौजूद हजारों लोग बार बार जोश और जुनून से भर जाते हैं. फुटबाल के प्रति ऐसी प्रतिबद्धता देखने के मौके बिरले ही मिल पाते है.
ख़ास ट्रिक्स का इस्तेमाल
हर खिलाड़ी की अपनी ख़ास ट्रिक्स होती है, इसमें रचनात्मकता, अलग अंदाज़ और मनोरंजन का पुट भी होता है और सबसे अहम् बात है यह खेल की जीत में बड़ा योगदान देती हैं. दूसरे खिलाड़ियों की ट्रिक्स को समझकर उन्हें उलझाना और अपनी खास ट्रिक्स के जरिये संकट के दौर में बाहर आ जाने की यह कला ही फ़ुटबाल को कलात्मक बना देती है. होपिंग, अल्टरनेटिव होपिंग, नी लेमंस, नी होपिंग, फ्लिप, नो टच बेक, नी अल्टरनेटिव जैसी ट्रिक्स की भी दर्ज़नों शैलियाँ मैसी ने विकसित कर ली हैं, जिन्हें केवल देखकर मज़ा लिया जा सकता है, लिखा नहीं जा सकता.
परिपूर्णता के साथ खेलें
मैसी की जर्सी का नंबर दस है और वे खेल में भी परफैक्ट टेन हैं. किसी भी खिलाड़ी के लिए यह ग्रेड पाना आसान नहीं होता. मैदान में उनका फुटबाल पास करने का तरीका बहुत तेज़ होता है. वे आम तौर पर इतनी तेजी से पास देते हैं कि सामनेवाली टीम का खिलाड़ी उसे रोक ही नहीं पाता. विरोधी टीम का खिलाड़ी फुटबाल को लेकर किस किस तरफ जा सकता है, इसका अंदाज़ वे लगा लेते हैं और आगे की रणनीति बना लेते हैं, यह सब इतनी तेज़ी से होता है कि सामनेवाला खिलाड़ी भौंचक रह जाता है. उन्हें अपनी प्रतिभा पर तो भरोसा होता ही है, स्पर्धी खिलाड़ी की गलतियों का लाभ लेने की कला पर भी विश्वास रहता है.
छोटा कद, बड़े इरादे
मैसी केवल पांच फुट सात इंच ऊँचे है. जापान की फुटबाल टीम में भी इस कद से लम्बे खिलाड़ी हैं. छोटे कद को उन्होंने अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया और अपनी बिजली की गति और खेल कौशल से इस प्राकृतिक कमी को छुपा लिया. वे हमेश इसी कोशिश में रहते हैं कि भले ही उनका रिकार्ड ना बने, लेकिन टीम जीतना चाहिए. गोल के पास जाने के बाद भी वे खुद गोल मारने का लालच नहीं करते और निर्णायक गोल बनने के लिए पास देने से नहीं चूकते. बीते साल फीफा वर्ल्ड कप के चार मैचों में वे खुद एक भी गोल नहीं मार सके, लेकिन उनके निर्णायक पास के कारण उनकी टीम के दूसरे खिलाड़ियों को गोल बनाने के मौके मिले.
अच्छा खेलकर जीतें
मैसी का लक्ष्य केवल जीतना नहीं, अच्छा खेलना और अच्छा जीतना होता है. वे जानते है कि फ़ुटबाल टीम का खेल है और इसीलिये वे अपनी टीम के सदस्यों को पूरा तवज्जो देते हैं. अर्जेन्टीना की टीम में मैसी के अलावा जेवियर मैस्केरानो, एजेंलो डी मारिया, कार्लोस तेवेज भी अच्छे खिलाड़ी माने जाते हैं और ये चरों खिलाड़ी किसी भी टीम की नक् में दम करने के लिए बड़ी शक्ति हैं. इंटरपासिंग के मामले में अर्जेंटीना दुनिया की नंबर एक टीम है। टीम का मिडफील्ड ताकतवर है और मैसी सबसे जानदार खिलाड़ी
नेतृत्व क्षमता विकसित करें
मैसी ने अपने भीतर नेतृत्व के ऐसे गुण विकसित कर लिए हैं कि कई बार टीम के कोच की बजाय उनकी बातें सुनने को ज्यादा पसंद करती है. उनके साथी खिलाड़ियों को विश्वास में लेने की कला उनमें खूब है. मैसी को ड्रिब्लिंग में उस्तादी है जो उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों को भी सिखाने में सफलता पाई है. स्ट्राइकर के वे रूप में बेहद आक्रामक खिलाड़ी हैं और उनका गज़ब का फुटवर्क है. वे पास लेने और देने में माहिर हैं और निशाने पर गोल साधने में चुस्त. वे अपना हर हुनर साथी खिलाड़ियों के साथ शेयर करना टीम के हित में मानते हैं.
सामाजिक कार्य भी ज़रूरी
मैसी ने 2007 में लियो मैसी फाउंडेशन की स्थापना की थी जिसका मकसद है जरूरतमंद बच्चों को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना.उनका कहना है कि अगर आप मशहूर हैं तो दूसरों की मदद करना आसान हो जाता है. यह एक जरिया है जिससे आप उपकार का बदला चुकाने की कोशिश करते हैं. मैसी यूनीसेफ के सद्भावना राजदूत के रूप में भी कार्य कर रहे हैं. प्रो इव्योल्युशन सॉकर के वीडियो गेम में उनकी तस्वीर कवर पर ली गयी है और उनके खेलतर कार्यों में फुटबाल का खेल प्रोत्साहित करना शामिल है. अपने आभामंडल से उन्होंने साबित कर दिया कि भारत में क्रिकेट ही नहीं, फुटबाल का जादू भी चलता है.
प्रकाश हिन्दुस्तानी
(हिन्दुस्तान, ४ सितंबर २०११ को प्रकाशित)
Saturday, July 16, 2011
कामयाबी के लिए मौलिकता ज़रूरी
रविवासरीय हिन्दुस्तान के एडिट पेज पर मेरा कॉलम
अब सोनू निगम और ब्रिटनी स्पिअर्स की जोड़ी 'आई वान्ना गो' के रिमिक्स में देखने को मिलेगी. पार्श्व गायक, अभिनेता, रेडियो और टीवी कार्यक्रम प्रस्तोता, स्टेज आर्टिस्ट और संगीतकार सोनू निगम इसके पहले माइकल जेक्सन के भाई के साथ आइफा के आयोजन में प्रस्तुति दे चुके हैं. 38 साल के सोनू 35 साल से गाने गा रहे हैं. तीन साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता श्री अगम निगम के साथ एक मंच पर फ़िल्म 'हम किसी से कम नहीं' का मो. रफ़ी का गाना 'क्या हुआ तेरा वादा...' गया था और उसके बाद गायन से उनका रिश्ता अटूट हो गया. 35 साल के गायन में उन्होंने हिंदी के साथ ही अंग्रेज़ी,नेपाली, मराठी, पंजाबी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, बांग्ला, कन्नड़, भोजपुरी और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में भी गाने गाये हैं और दुनिया के लगभग सभी प्रमुख शहरों में स्टेज शो किये हैं. ब्याह-शादी के आयोजनों और होटलों में गायन से शुरुआत करनेवाले सोनू निगम को कामयाबी आसानी से नहीं मिली. सोनू निगम की सफलता के कुछ सूत्र :
कोई मजबूरी स्थायी नहीं
सोनू निगम के घर के हालात बुरे नहीं थे लेकिन आगे बढ़ने की जिद ने सोनू निगम से कई तरह के काम करवाए. सोनू निगम के पिता मंच के कलाकार थे और तीन साल की उम्र में ही उन्होंने पिता के साथ मंच पर आमद दर्ज करा ली थी. उनका लक्ष्य गायन के क्षेत्र में नाम कमाना था वे उनके स्कूल जाने और खेलने के दिन थे लेकिन उन्हें होटलों और शादी ब्याह में मंच की शोभा बढ़ाना पड़ रही थी. उनके पिता और वे जानते थे कि मज़बूरी का यह दौर ख़त्म होगा और हुआ भी. वे हर दिन कुछ न कुछ नया करने के लिए जुटे रहे और असफलताओं को पार करते हुए खुद का मुकाम बनने में कामयाब रहे. उनका संकल्प यही था कि कोई भी काम अगर मज़बूरी में किया जा रहा है या करना पड़ रहा है तो वह दौर कभी भी स्थायी नहीं हो सकता.
हर भूमिका में सर्वश्रेष्ठ
सोनू निगम ने हर तरह की भूमिकाओं को अपने सर्वश्रेष्ठ के साथ जीया है. बाल गायक के रूप में जब उन्होंने गायन स्पर्धाओं में जाना शुरू किया तब लगभग हर बार उन्हें ही पुरस्कार मिलता. स्पर्धा आयोजकों ने उन्हें बाल गायक कलाकार की सूची से ही बाहर कर दिया और उन्हें वयस्क गायकों की सूची में दाल दिया. वहां भी वे जीतते गए तो उन पर रोक लगाने के लिए उन्हें ही स्पर्धाओं का जज बनाया जाने लगा. जब वे अपने पिता के साथ मुंबई शिफ्ट हुए और फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में काम मिला तो उन्होंने पांच फिल्मों में भूमिकाएं की. जब उन्होंने टी सीरीज के लिए कवर वर्जन गाये तब वे भी बेहतरीन थे और पार्श्व गायन में 'संदेसे आते हैं', 'साथिया...', कल हो न हो'. 'पंछी नदिया..', 'सूरज हुआ मद्धम..'के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष गायक का फ़िल्मफेयर अवार्ड मिल चुका है. राष्ट्रीय फ़िल्म अवार्ड, जी सिने, आईफा, स्टार स्क्रीन आदि अनेक देशी-विदेशी अवार्ड उनकी झोली में हैं. उन्होंने जो भी किया अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश के साथ.
नकलची ना बनें
सोनू निगम के पिता मो. रफ़ी के भक्त होने की हद तक प्रशंसक थे. वे रफ़ी साहब के नग्मे खूब गाते थे. सोनू ने भी गायन की शुरुआत रफ़ी के नग्मे से ही की थी. हर जगह सोनू रफ़ी के नग्मे गाते. लोग उन्हें दूसरा रफ़ी कहने लगे. 31 जुलाई 1980 को रफ़ी साहब का इंतकाल हो गया और उस दौर में कवर वर्जन खूब चल पड़े थे, जो असली अलबम से काफी सस्ते और सर्वसुलभ थे. टी सीरीज के लिए सोनू ने दर्जनों कवर वर्जन प्रति अलबम पाँच पाँच हजार रुपये में रिकार्ड करवाए. आज पुरानी राहों से...,टूटे हुए ख्वाबों ने..., ये आंसू मेरे दिल की जुबान हैं..., सौ बार जनम लेंगे..., तकदीर का फ़साना...,भरी दुनिया में आखिर दिल...., मिली खाक में मोहब्बत..., रहा गर्दिशों में हरदम मेरे इश्क का सितारा...,अकेले हैं चले आओ..., आपके पहलू में आकर रो दिए...., जैसे दर्जनों गाने सोनू ने गाये जो हू ब हू रफ़ी का स्वर लगते थे. ऐसा लगता था कि अब सोनू का करीयर ख़त्म क्योंकि रफ़ी के डुप्लीकेट की मार्केट में कितनी दिन मांग रहती. सोनू इस स्थिति को समझ चुके थे और अपनी आवाज़ में पार्श्व गायन करने लगे थे.
अलग पहचान की ज़रुरत
सोनू निगम ने संगीत निर्देशिका उषा खन्ना के आशीर्वाद से अमर उत्पल के संगीत निर्देशन में फ़िल्म 'आजा मेरी जान' के लिए पहला गाना रिकार्ड कराया था. लेकिन फ़िल्म में यह गाना नहीं लिया गया. इसे फिर से बाला सुब्रमण्यम से गवाया गया. इस फ़िल्म में उनके पाँच गाने रिकार्ड कराये गए लेकिन एक गाना ही लिया गया. 1995 में टी सीरीज के गुलशन कुमार की फ़िल्म बेवफा सनम के एक गाने 'अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का' ने उन्हें एक पहचान दिलवाई. 1 मई 1995 से ही टीवी पर 'सा रे गा मा' शो शुरू हुआ और वे इसके होस्ट थे. यह कार्यक्रम बेहद लोकप्रिय हुआ और अब तक इसके २०० से ज्यादा एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं. 1997 में बॉर्डर फ़िल्म में संदेसे आते हैं गीत ने उन्हें डुप्लीकेट रफ़ी की छवि से अलग पहचान को मज़बूत किया.
सही तालीम, सही लक्ष्य अनिवार्य
सोनू केवल बारहवीं कक्षा तक ही स्कूल गए. स्नातक की डिग्री उन्होंने दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पाई, लेकिन शास्त्रीय संगीत की तालीम भी ली है जिस कारण वे अपने गायन को परिपूर्णता देने में काफी हद तक सफल रहे हैं. सही तालीम के कारण ही वे अपने लिए सही भूमिका चुन सके. बाल कलाकार के रूप में बेताब, कामचोर, तकदीर, हम से है ज़माना, प्यारा दुश्मन, उस्तादी उस्ताद से जैसी फिल्मों में काम करने के बाद वे जानी दुश्मन, काश आप हमारे होते, लव इन नेपाल और मराठी फ़िल्म नवरा माझा नवसाचा में भी काम कर चुके हैं और शांतनु-निखिल के फैशन शो में रैम्प पर भी कदमताल कर चुके हैं, लेकिन वे जानते हैं कि उनका भविष्य एक्टिंग में नहीं, गायन में है. उन्होंने अपने गायन को पार्श्व गायन तक ही सीमित रखने के बजाय लाइव शो, टीवी कार्यक्रम, प्राइवेट अलबम और देश विदेश के कलाकारों के साथ मिलकर काम कर रहे है.
सेहत और सेवा
xसोनू निगम अपने शरीर और लुक्स का ध्यान रखनेवाले शख्स हैं. सेहत के लिए रोज योगासन भी करते हैं. वे ताइक्वान्डो के प्रशिक्षित खिलाड़ी हैं. शादीशुदा, एक बेटे के पिता सोनू अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा दान भी करते हैं.यह राशि वे उजागर नहीं करते लेकिन कैंसर, दृष्टिबाधित, लेप्रोसी, एड्स जैसी बीमारियों से लड़नेवाले संगठनों की मदद करते रहते हैं. वे आसराहीन बच्चों को अपने बूते पढ़ाते भी हैं. नकद दान के अलावा मुफ्त में शो भी करते हैं. वे कहते हैं कि कामयाबी तभी कामयाबी है, जब उसका फायदा सब को मिले.
प्रकाश हिन्दुस्तानी
हिन्दुस्तान 17 july 2011

Saturday, June 18, 2011
कामयाबी इंतज़ार भी कराती है
रविवासरीय हिन्दुस्तान के एडिट पेज पर मेरा कॉलम
| 2002 में भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किये जाने के बाद भी अमित मिश्रा को खेलने के उतने अच्छे मौके नहीं मिले और बरसों तक टीम इण्डिया में उनका उपयोग केवल एक स्टेपनी की तरह ही किया गया. इस पूरी प्रक्रिया का उस खिलाड़ी पर क्या असर पड़ सकता है, यह शायद ही हमारे क्रिकेट प्रशासन ने सोचा हो, लेकिन अमित मिश्रा ने मौका आने पर अपनी काबीलियत साबित कर दी. |
|---|
कामयाबी इंतज़ार भी कराती है
क्रिकेट को टीम का खेल माना जाता है, लेकिन सच्चाई यही है कि मैदान में हर खिलाड़ी एकाकीपन से जूझता रहता है. लेग ब्रेक बॉलर और दाहिने हाथ के लोअर ऑर्डर बेट्समैन अमित मिश्रा से ज्यादा अच्छी तरह इस बात को और कौन समझ सकता है? यह बात भी सच है कि क्रिकेट जेंटलमेंस गेम है और यहाँ की सभ्यता के पैमाने अलग ही हैं. 2002 में भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किये जाने के बाद भी अमित मिश्रा को खेलने के उतने अच्छे मौके नहीं मिले और बरसों तक टीम इण्डिया में उनका उपयोग केवल एक स्टेपनी की तरह ही किया गया. इस पूरी प्रक्रिया का उस खिलाड़ी पर क्या असर पड़ सकता है, यह शायद ही हमारे क्रिकेट प्रशासन ने सोचा हो, लेकिन अमित मिश्रा ने मौका आने पर अपनी काबीलियत साबित कर दी. हाल ही में वेस्ट इंडीज़ से हुई वन दे सीरिज में भारत की तीन दो से जीत में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है.
24 नवम्बर 1982 को जन्मे अमित मिश्रा दिल्ली के हैं और क्रिकेट में उनका कोई गोडफादर नहीं रहा. उन्होंने जो कुछ भी अर्जित किया अपने खेल से. अनेक झंझावातों को पार करके उन्होंने अपनी मुकाम हासिल कार ही लिया. अमित मिश्रा की सफलता के कुछ सूत्र :
सही वक्त आने दें
अमित मिश्रा ने अंडर -19 में जिस तरह का क्रिकेट खेला था उससे भारतीय टीम में जगह पाने का रास्ता तो मिल गया था. 2000 -2001 में उन्हें फर्स्ट क्लास क्रिकेट में जगह मिली और वे 2002 में वेस्ट इंडीज़ के सामने खेलेनेवाली टीम इण्डिया में शामिल भी कर लिए गए थे लेकिन लेकिन उन्हें टीम इण्डिया में खेलने का मौका ही नहीं मिला. वे टीम में एक स्टेपनी की तरह साल भर तक रहे लेकिन मैदान में जौहर दिखाने के मौके से वंचित रहे. 2003 में उन्हें ढाका में टीवीएस कप में खेलने का मौका मिला और फिर वे मैदान के बाहर कर दिए गए. फिर दुबारा टीम इण्डिया के साथ खेलने का मौका उन्हें 2009 में ही मिल पाया जब दक्षिण अफ्रीका में आईसीसी चैम्पियंस ट्रोफी के लिए मैच हुए. इतने साल तक वे अपने खेल की तैयारियां करते रहे. खेल को और बेहतर बनाने की कोशिशों में लगे रहे.
निराशा से बचना ज़रूरी
अगर लम्बे समय तक किसी योग्य व्यक्ति को अवसर ना मिले तो इस बात का खतरा पैदा हो जाता है कि वह व्यक्ति किसी ना किसी तरह की निराशा या अवसाद का शिकार न हो जाए. अमित मिश्रा के साथ भी ऐसे मौके बहुत सी बार आये जब यह लगने लगा कि उन्हें कहीं बलि का बकरा या क्रिकेट की राजनीति का मोहरा तो नहीं बनाया जा रहा? निराशा के दौर में उनका मन क्रिकेट से संन्यास लेने का भी होने लगा था लेकिन जल्द ही उन्होंने अपने आप को संभाला और और मैदान में डटे रहने का प्रयास करते रहे. अगर वे बीच के इन छह सालों में कभी भी संन्यास ले लेते तो फिर टीम इण्डिया में लौटने का तो सवाल ही नहीं था. घनघोर निराशा के दौर में भी वे मैदान में डटे रहे.
तकनीकी पक्ष को जानें
टीम इण्डिया से अलग होने के बाद अमित मिश्रा क्रिकेट गुरुओं और विशेषज्ञों से सलाह मशविरा करते रहे और अपने खेल की बारीकियों को उन विशेषज्ञों के नज़रिए से समझ कर सुधार करते रहे. विशेषज्ञ उन्हें बताते रहे कि उनकी आदर्श स्थिति क्या होनी चाहिए. उन्हें स्पिन करने के दौरान विविधता लानी चाहिए, सेकण्ड लाइन पर खेलना और कितना,कब स्पिन करना चाहिए, एक्स्ट्रा ओवर को कैसे कवर करना चाहिए आदि आदि बातों पर ध्यान देते और खेल को सुधारते रहे. उनके खेल का अपना स्टाइल रहा है लेकिन जब उन्हें लगा कि शायद वे कहीं कमज़ोर पद रहे हैं तो उन्होंने तत्काल उसमें सुधार का अभियान छेड़ दिया.
अवसर को मत चूको
टीम इण्डिया से किनारे किये जाने के बाद भी अमित मिश्रा अपने खेल में जुटे रहे. उन्होंने आईपीएल में डेल्ही डेयर डेविल्स और गत आईपीएल सीजन चार में डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेला. डेक्कन चार्जर्स की तरफ से उन्होंने कुल 19 ओवर लिए थे और फायनल में चार ओवर में 17 रन देकर पांच विकेट चटकाए. वे अपने आगाज़ के साथ ही एक झटके में पांच विकेट लेनेवाले छठे क्रिकेटर बन गए. आईपीएल को उन्होंने केवल शौक या मिलनेवाले करीब डेढ़ करोड़ रुपयों के लिए ही नहीं, अपनी प्रतिष्ठा की वापसी के लिए भी खेला था और वे अपने मकसद में कामयाब हो गए. यह शानदार पारी ही उनकी हाल ही की वेस्ट इंडीज सीरिज में जाने का माध्यम बनी.
प्रतीक्षा अपमान नहीं होता
अमित मिश्रा ने साबित कर दिया कि सही मौके के लिए प्रतीक्षा करने को नाक का सवाल नहीं बनाना चाहिए. एक दौर में उन्हें अनिल कुम्बले का विकल्प मानकर मौका दिया जा रहा था और उन्होंने इसका लाभ उठाया. अनिल कुम्बले के पूर्ण स्वस्थ होकर लौटने के बाद वे हरभजन सिंह के विकल्प बने. उन्होंने इस बात को समझा कि कोई भी मौका छोटा नहीं होता और अगर सही भूमिका के लिए इंतज़ार भी करना पड़े तो कर लेना ही ठीक होता है. क्या पता कल को उससे भी बेहतर कोई मौका आनेवाला हो?
राजनीति से दूर रहो
अमित मिश्रा ने कभी भी अपने साथ घटी घटनाओं को लेकर बयानबाजी नहीं की. क्रिकेट के पंडितों का कहना है कि अगर अमित जैसे खिलाड़ियों को आगे लाना हो तो टीम इण्डिया के कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए. अमित ने हर बार केवल अपने खेल के बूते यह विश्वास हासिल किया कि खेल में राजनीति नहीं आनी चाहिए. उन्होंने कभी मीडिया को बयान नहीं दिया और फिर भी कलात्मक स्पिन गेंदबाजी को उसका पुराना सम्मान लौटा दिया. अब वे यही कहते हैं कि मैं चयनकर्ताओं और सीनियर खिलाड़ियों का आभारी हूँ कि उन्होंने मुझे यह मौका दिया.
प्रकाश हिन्दुस्तानी
हिन्दुस्तान, 19 june 2011
Subscribe to:
Posts (Atom)